ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -19

भाग – 19

कई बार वह सोचता कि वह किस झंझट में पड़ गया है। काश ग्रेसी न होती तो जीवन में कोई उलझन न थी।
उसकी जिद से विवश होकर शौर्य ने अपने एक मित्र के रिसॉर्ट में दो दिन ग्रेसी के साथ गुज़ारने की योजना बनाई। हुआ यह कि उसका मित्र अभय, अपने रिसॉर्ट में एक पार्टी कर रहा था। पार्टी की सूचना सुनकर उसके दिमाग में ग्रेसी के साथ, समय गुज़ारने का आईडिया आया। उसने अभय को विश्वास में लिया और पार्टी के बाद अगले दो दिन अपने वहाँ रहने की बात की। अभय मान गया। इसके पश्चात शौर्य ने भाई और माँ के कान तक यह खबर पहुँचाई की वह अभय की पार्टी में जा रहा है। इसके बाद दो दिन अभय के साथ वहीं रुकेगा । अभय किसी समस्या में है और उसका भावात्मक सहयोग चाहता है। किसी ने कोई ऐतराज़ नहीं किया।
आखिर वह समय आ ही गया और शौर्य अपना बैग पैक करके अभय के रिसॉर्ट में पहुँच गया। पार्टी बहुत शानदार रही थी। रात में ग्रेसी भी वहाँ आ गई। अब पूरे दो दिन उनके थे, जो बहुत क़वायद के बाद आये थे। ग्रेसी का उत्साह छलका पड़ रहा था, पर शौर्य के चेहरे पर कोई भाव नहीं थे और मुस्कान नकली लग रही थी। कई बार वह गुमसुम हो जाता। अक्सर न चाहते हुए भी एकांत पलों में, उसका शरीर ग्रेसी के पास होता, पर मन उर्वशी के पास भटक रहा होता।
अब ग्रेसी उसे बहुत साधारण लगने लगी थी। उसे स्वयं पर हैरानी हो रही थी, कि वह क्या देखकर, उसका इतना दीवाना हो गया था ? उसे धीरे धीरे यह भी महसूस होने लगा था कि ग्रेसी ईर्ष्यालु व लालची है। वह उससे सिर्फ उसकी अतुल सम्पत्ति देखकर जुड़ी है। अपने इस बदलाव पर वह स्वयं भी आश्चर्य चकित रह गया। उसने कल्पना भी न की थी, की कभी ग्रेसी के साथ होते हुए, वह उसकी कमियाँ ढूँढ रहा होगा। न ही कभी यह सोचा था, कि वह दूसरे नज़रिए से सारी वस्तुस्थिति पर गौर करेगा। सच तो यह था कि अब वह दोहरी उलझन में फ़ँस गया था। न वह ग्रेसी को छोड़ पा रहा था, और न ही उर्वशी से दूर रह पा रहा था।

* * * * *

वह लौटकर आया, तो भी उसे वह खुशी महसूस नही हुई, जो होनी चाहिए थी। भीतर ही भीतर वह उदास था। उसके भीतर का अपराधी मन उसे ताड़ना दे रहा था, उसे लग रहा था कि उसने बहुत गलत किया है। उर्वशी जैसे हुलसकर उसके पास आयी और लिपट गई, उसने सैकड़ों बार खुद को कोसा। उसका बन्धन क्षीण ही रहा। उर्वशी ने सवालिया निगाह से उसे देखा, तो वह नज़र चुराता हुआ बाथरूम में चला गया। आईने के सामने खड़ा हुआ, स्वयं को वह देर तक देखता रहा, फिर गहरे सोच में डूब गया।
” तबियत तो ठीक है आपकी ? ” उसे बाथरूम से निकलता देखकर उर्वशी ने पूछा।
” थोड़ी गड़बड़ लग रही है, सरदर्द भी है। ” उसने सवाल जवाब से बचने के लिए कह दिया।
” लेट जाइए , मैं सर दबा देती हूँ। “
” रहने दीजिए, हम थोड़ा सोना चाहते हैं। ” उसका स्वर रूखा हो गया था। उर्वशी हैरानी से उसे देखती रही फिर दूसरे कमरे में जाकर बैठ गई। उसे वह बदला हुआ लग रहा था। ऐसा क्या हो गया, जो इतना बदलाव आ गया उसमें ? वह देर तक सोचती रही। इसके बाद दो तीन दिन तक वह उससे नज़र बचाता रहा। कई बार फोन आने पर उठकर बाहर भी चला जाता। उर्वशी हैरान थी, कि यह सब क्या हो रहा है। पहले तो वह कभी यह छुपाने की कोशिश नहीं करता था कि किससे और क्या बात हो रही है। अब वह अक्सर क्रोध में भी दिख जाता। बहुत बार देरी से भी लौटता। जब भी उसने उसकी परेशानी का कारण पूछा तो वह बात बदल देता।
उस दिन उर्वशी का जन्मदिन था। माँ सा ने उसे आदेश दिया था, कि वह उस दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करके तैयार हो जाए। क्योंकि माँ सा ने उसकी मंगल कामना हेतु कालका माता की विशेष पूजा ,उनके मंदिर में रखवाई है और शाम को शिखर के द्वारा, घर में एक शानदार पार्टी का आयोजन किया गया था । उससे पहली रात शौर्य देर से घर लौटा और काफ़ी परेशान दिख रहा था। उसने कोई बात न की और कपड़े बदलकर सोने लगा। उर्वशी बस उसे देखती रही। उस समय उसने मौन रहना ही उचित समझा । वह काफ़ी देर तक करवटें बदलता रहा। जब उससे न रहा गया तो पूछ ही बैठी।
” क्या बात है, आजकल काफी परेशान दिखते हैं ? अक्सर देर से भी लौटते हैं । “
” कुछ खास नहीं । “
” जबसे आप अभय की पार्टी से लौटे हैं, तबसे ही आप में बदलाव दिख रहा है। “
” नहीं, बस थोड़ी ऑफिस की परेशानी है। सब ठीक हो जाएगा, आप परेशान न हों । ” कहते हुए उसने बात टालने की कोशिश की।
” किस तरह की परेशानी है ? ” वह अब भी उलझन में थी।
” घर में ऑफिस की बातें करना मना है, और ये समय, इन बेकार बातों में बर्बाद करने का नहीं है। ” कहकर उसने उसे बाहों में जकड़ लिया और उसके हाथ उसकी देह पर फिसलने लगे। वह समझ गई कि कुछ ऐसा है जिसे वह उससे छुपाना चाह रहा है । इसके पश्चात वह कुछ न कह सकी, मन की उलझन मन में ही रह गई। उसने तय किया कि जब तक शौर्य स्वयं नहीं बताना चाहेगा, अब वह उससे जानने की कोशिश नहीं करेगी। जब वह इतना राज रख रहा है, तो उर्वशी क्या ही कर सकती है। शायद वह वक़्त भी कभी आएगा जब वह अपने मन की तहों में छुपी वह बात उससे साझा करेगा. उसने यह दिलासा देकर अपने मन को समझा लिया।
सुबह वह जल्दी उठी और स्नान करके तैयार हो गई। देखा शौर्य अभी गहरी नींद में है। उसकी नींद गहरी देखकर, उसे उठाने का दिल नहीं किया। वह अकेली ही माँ सा के पास आ गई। देखा वह तैयार हो चुकी हैं। उसने उनके चरणस्पर्श करके उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने इधर उधर देखा और फिर उसकी ओर मुड़ीं
” शौर्य कहाँ हैं ?”
” जी वो तो सो रहे हैं माँ सा। “
” पर उन्हें आपके साथ आना चाहिए था उर्वशी, पत्नी के जन्मदिन की विशेष पूजा में कम से कम पति को तो अवश्य शामिल होना चाहिए। “
” जी, रात में काफी लेट आये थे, फिर किसी परेशानी में लग रहे थे। इस वजह से बहुत देर से सोए। यही वजह है कि उन्हें जल्दी उठाने का दिल नहीं हुआ। “
” हूँ, चलिये फिर हम लोग चलते हैं। ” कहकर वह बाहर की ओर चल दीं। उर्वशी भी उनके पीछे चलने लगी। तभी शिखर भी आते हुए नज़र आये। वह भी तैयार दिख रहे थे। उन्होंने भी माँ के चरणस्पर्श किये।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment