मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग – 12

वहां कौन है?( भाग 12)

सभी सामान के साथ एक बार फिर वे निकल पड़े जंगल में उस छुपे मंदिर का सुराग खोजने। जितना सोचा था जंगल उससे भी अधिक रहस्मयी निकला।

” वैसे आज बात बताइए सर, आप लोग इस जंगल में क्या खोजने के लिए आए हैं?”, वनरक्षक ने जंगल की ओर बढ़ते हुए उदय से पूछ लिया।

“असल में हम लोग प्रकृति और लोककथाओं पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। अलग-अलग जंगलों में जाकर वहाँ की भौगोलिक विशेषताएँ, दुर्लभ वनस्पतियाँ, जीव-जंतु और उनसे जुड़ी स्थानीय मान्यताओं का दस्तावेज़ तैयार करते हैं। इसी सिलसिले में यहाँ आए हैं।”, उदय ने उत्तर दिया।

अच्छा! इसलिए इतने सारे उपकरण लेकर घूम रहे थे। हमें तो लगा कोई वैज्ञानिक सर्वे चल रहा है।”, वनरक्षक ने हँस कर कहा।

उदय मुस्कुराकर बोला, “वैज्ञानिक सर्वे तो नहीं, लेकिन जो भी जानकारी मिले, उसे प्रमाण के साथ दर्ज करना हमारी आदत है।”

” अच्छा है, यह सब कुछ भी देश दुनिया के लिए जानना महत्वपूर्ण है।”, वनरक्षक ने बहुत सामान्य रूप से बोला और पेड़ों पर बैठी एक चिड़िया को ध्यान से देखने लगा। ” अजीब है, उस दिन वह साँप और आज यह अलग सी दिखने वाली चिड़िया…पहले तो कभी जंगल में नहीं देखी।” वह ड्राइवर के कंधे पर हाथ का दबाव देकर रुकने के लिए बोलता है।

सभी उसकी दृष्टि का पीछा करते हुए ऊपर देखने लगते हैं। पेड़ की सबसे नीचे वाली डाल पर लंबी गुलाबी लाल परों से युक्त पूंछ वाली एक चिड़िया बैठी थी। उसकी पूंछ जितनी लंबी थी ,चोंच उतनी ही छोटी मगर सुर्ख लाल। उसका बाकी शरीर भी छोटा और गुलाबी रंग का था। तभी उसने अपने पंख फैलाए। उसकी सुंदरता देखकर एक पल के लिए सभी सम्मोहित रह गए। गुलाबी पंख ऐसे लग रहे थे जैसे रुई से बने हुए हों। उनके कटाव बेहद आकर्षक थे।

“इस चिड़िया का तो नाम भी नहीं पता, सर आप लोगों के साथ हम जंगल में विचित्र प्राणी देख रहे हैं। ऐसा लग रहा आहे कैसे ये भी आपसे मिलने के लिए ही यहाँ आए हों। “, अलग–अलग एंगिल से वह और कुमार उसकी तस्वीर ले रहे थे। ताज्जुब की बात थी कि आम पक्षियों की भांति वह चिड़िया इन सबकी उपस्थिति के बावजूद भी उड़ी नहीं बल्कि वहीं बैठी रही और उन सभी को शांति से देखती रही।

कई तस्वीरें लेने के बाद वे जंगल के और अंदर बढ़ गए। ” अरे सर, आपने उस चिड़िया की तस्वीर ली थी न, मुझे भेज दीजिएगा। पता नहीं कैसे ,उसकी एक भी तस्वीर सेव नहीं है जबकि मैने कई फोटो ली थीं।”, वनरक्षक ने हैरानी से मोबाइल देखते हुए बोला।

यह सुनकर किसी को आश्चर्य नहीं हुआ क्योंकि उनके साथ पहले भी ऐसा हो चुका था। “अगर उनके पास भी तस्वीर नहीं हुई तो …ये लोग क्या सोचेंगे?”, इस सवाल को आँखों में लिये उन्होंने एक दूसरे को देखा।

” क्या सोच रहे हैं सर? आपके पास भी फोटो नहीं है क्या?”, वनरक्षक ने हल्के अंदाज में बोला।

कुमार ने जल्दी से अपना कैमरा खोल कर चेक किया,” उफ्फ, ये सब ब्लर हैं।”

” क्या यार, लेंस की सेटिंग करना भूल गए थे तुम?”, सुक्खी ने झिड़का जबकि सच वह भी समझ रहा था कि यह सब किसी रहस्य का हिस्सा है।

” लो, आप लोग तो रिसर्च करने निकले हो फिर भी चूक गए।”, वनरक्षक ने ताना मारा। फिर बोला, ” सच बताओ, कहीं आपने भी किसी छिपे मंदिर के ख़ज़ाने की कोई कहानी तो नहीं सुन लीं और उसे ही खोजने आ गए?”,वह हँस पड़ा।

बात तो सच थी लेकिन उन लोगों ने ऐसे दिखाया जैसे वे पहली बार यह सब सुन रहे हों।
” छिपा मंदिर…खजाना!”, प्रभा ने दिलचस्पी दिखाते हुए बोला।” ऐसा भी कुछ है क्या? हमें बताइए न इस बारे में!”

” आप लोग नहीं जानते कुछ! अच्छा…चलिए बताता हूं।”, वनरक्षक ने पीछे मुड़ कर प्रभा को देखा और फिर सीधा होकर बैठ गया।” यहां के स्थानीय लोग कहते हैं कि यहां कोई मंदिर है जो किसी को नहीं दिखता सिवाय उनके जिनको मंदिर खुद बुलाता है। आने वालों ने कभी कुछ बताया नहीं इसलिए यह कहानी भी बन गई कि वहां खजाना है।”

” आपने कभी इस मंदिर को देखा?”, प्रभा ने पूछा।

” मैडम ये सब केवल कहानियां हैं। सालों से इन जंगलों में रोज भटकते हैं। आज तक मंदिर तो छोड़िये कोई अंजान रास्ता तक नहीं देखा।”, वनरक्षक ने बताया।

,” अच्छा, झरने से कुछ दूर एक जलाशय तक भी गए हैं क्या आप?’, न जाने क्यों मायरा ने पूछ लिया।

” जलाशय?”,वनरक्षक हैरान हो गया। ” झरने के पास तो कोई जलाशय नहीं। वह नदी आगे जाकर बरसाती नदियों में मिल जाती है। जंगली जानवर भी पानी पीने वहीं आते हैं। आपने जलाशय कहां देख लिया?”

“कोई कंफ्यूजन हो गया होगा शायद किसी और जगह की याद आ गई होगी।”,मायरा ने बात पलट दी जब उदय ने उसे घूर कर देखा।

तब तक वे लोग ऊँची-ऊँची चट्टानों के बीच पहुँच चुके थे। दोनों ओर विशाल शिलाखंड दीवारों की तरह खड़े थे। उनके बीच से होकर एक सँकरा रास्ता आगे जंगल में उतर रहा था।

“आज आप लोग इस हिस्से को देखिए। हम लोग ठीक चार बजे यहीं मिलेंगे।”, वनरक्षक ने कहा।

“ठीक है।”, उदय ने सिर हिलाया।

जीप वहाँ से आगे बढ़ गई।

कुछ क्षण तक सभी चुपचाप उस स्थान का निरीक्षण करते रहे।

“आज बिना योजना के नहीं। हर चीज़ व्यवस्थित तरीके से करेंगे।”, उदय ने अपना बैग नीचे रखते हुए कहा। उसने टैबलेट निकालकर उसमें पहले से सेव सैटेलाइट मैप खोला।

“हम इस पूरे क्षेत्र को चार सेक्टर में बाँटते हैं।” उसने स्क्रीन पर डिजिटल ग्रिड बना दिया।

“मैं और मायरा उत्तर दिशा की चट्टानों को देखेंगे। कुमार और प्रभात पश्चिम की तरफ़। सुक्खी और प्रभा पूर्वी ढलान की तरफ़ जाओ। हर पंद्रह मिनट में वॉकी-टॉकी पर अपनी लोकेशन अपडेट करना।”

“ओके सर।”

सभी ने अपने-अपने उपकरण निकाल लिए।

कुमार ने जीपीएस रिसीवर चालू किया। स्क्रीन पर उनकी वर्तमान स्थिति दर्ज हो गई।

सुक्खी ने लेज़र डिस्टेंस मीटर से सामने की चट्टानों की ऊँचाई और दूरी मापनी शुरू कर दी।

“अगर कहीं कृत्रिम सुरंग या बंद प्रवेश द्वार होगा तो चट्टानों की मोटाई में असामान्य अंतर मिल सकता है।”

उधर प्रभात अपने हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे से हर बड़ी चट्टान की अलग-अलग कोणों से तस्वीरें लेने लगा।

“बाद में फोटो जोड़कर थ्री-डी मॉडल बनाया जा सकता है।”

मायरा ने टैबलेट से डिजिटल कम्पास और टोपोग्राफिक मैप मिलाना शुरू किया।

“सर… इस हिस्से की ढलान मैप से पूरी तरह मेल नहीं खा रही।”

उदय तुरंत उसके पास आ गया।, “कितना अंतर है?”

“करीब सात से आठ डिग्री।”

उदय ने स्वयं भी कम्पास मिलाया।रीडिंग सही थी। “अजीब है…”

उसी समय कुमार ने वॉकी-टॉकी पर आवाज़ दी,”सर… एक मिनट इधर आइए।”

सभी उसके पास पहुँच गए।कुमार अपने हाथ में चुंबकीय कम्पास पकड़े खड़ा था।कम्पास की सुई उत्तर दिशा पर स्थिर होने के बजाय धीरे-धीरे गोल-गोल घूम रही थी।

“ये देखिए।”

“बैटरी तो खत्म नहीं?” प्रभात ने पूछा।

“यह मैग्नेटिक कम्पास है। इसमें बैटरी ही नहीं होती।”

सुक्खी ने अपना कम्पास निकालकर देखा।उसकी सुई भी बिल्कुल वैसा ही व्यवहार कर रही थी।

“हम्म…”सुक्खी नीचे बैठ गया।उसने चट्टान पर छोटा-सा पोर्टेबल मैग्नेटोमीटर रख दिया।कुछ सेकंड बाद स्क्रीन पर रीडिंग उभर आई। “यहाँ सामान्य से कई गुना अधिक चुंबकीय विचलन (Magnetic Anomaly) है।”

“मतलब?” प्रभा ने पूछा।

“हो सकता है नीचे लौह अयस्क की बड़ी परत हो… या फिर कोई ऐसा खनिज जिसकी वजह से पृथ्वी का स्थानीय चुंबकीय क्षेत्र असामान्य हो गया हो।”

उदय कुछ सोचने लगा। , “इसी वजह से कम्पास दिशा नहीं पकड़ पा रहा।”

“और इसी वजह से…” कुमार ने धीरे से कहा, “…अगर कोई यहाँ केवल कम्पास के भरोसे आया होगा तो रास्ता भी भटक सकता है।”

कुछ क्षण के लिए सब एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे। यह पहली बार था जब जंगल की किसी विचित्र घटना का एक संभावित वैज्ञानिक कारण उनके सामने था।

लेकिन उसी समय…उदय के हाथ में पकड़ा ईएमएफ मीटर बिना किसी स्पष्ट कारण के एक बार हल्का-सा ‘बीप’ करके फिर शांत हो गया।

सभी की नज़र एक साथ उसकी स्क्रीन पर चली गई।रीडिंग फिर सामान्य थी।

“क्या किसी ने देखा?” प्रभात ने धीमे स्वर में पूछा।

“हाँ…”, उदय ने स्क्रीन से नज़र हटाए बिना कहा, “…और यही बात मुझे सबसे ज़्यादा परेशान कर रही है।”
Megha
( ऊई माँ, हर बात में रहस्य नहीं होता बाबा, कुछ साइंस भी होती है पर फिर ईएमएफ मीटर को क्या परेशानी हो गई थी? आपको अजीब नहीं लग रहा है क्या या फिर यह भी साइंस की ही कोई गुत्थी है? अरे बता भी दो, क्या महसूस हो रहा है। कमेंट्स करेंगे, बात करेंगे तभी तो कहानी लिखने पढ़ने में भी आनंद आएगा।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment