भाग -20
” जी, रात में काफी लेट आये थे, फिर किसी परेशानी में लग रहे थे। इस वजह से बहुत देर से सोए। यही वजह है कि उन्हें जल्दी उठाने का दिल नहीं हुआ। “
” हूँ, चलिये फिर हम लोग चलते हैं। ” कहकर वह बाहर की ओर चल दीं। उर्वशी भी उनके पीछे चलने लगी। तभी शिखर भी आते हुए नज़र आये। वह भी तैयार दिख रहे थे। उन्होंने भी माँ के चरणस्पर्श किये।
” खुश रहिये, आप भी जल्दी उठ गए ?” माँ सा ने उनसे प्रश्न किया।
” जी माँ सा, हमारे यहाँ उर्वशी के पहले जन्मदिन की पूजा है। जल्दी उठना तो बनता था।” फिर उन्होंने शौर्य को न देखकर उसके विषय में पूछा। उर्वशी ने उसके न होने का कारण पुनः बताया, पर माँ सा व शिखर के चेहरे के भाव देखकर लगा, कि उनदोनो को शौर्य का सोते रहना अच्छा नहीं लगा है।
अब वे लोग कालका माता के मंदिर की ओर चल दिये। वहाँ जाकर विशेष पूजा करवाई गई। पूजा के उपरांत उर्वशी का हाथ लगवाकर गरीबों को भोजन बाँटा जाने लगा। इन सब में काफी समय हो गया। जब वे लोग घर लौटे तो सुबह के दस बज गए थे। वह प्रसाद देने के लिये शौर्य को ढूँढने लगी, तो मालूम हुआ कि वह ऑफिस जा चुका है। यह देखकर उर्वशी ने स्वयं को बहुत आहत महसूस किया। यह क्या बात हुई, उसका पहला जन्मदिन और उन्होंने उसे बधाई भी नहीं दी ! न उसकी वापसी की प्रतीक्षा की और न ही कुछ ऐसा किया कि वह कुछ खास महसूस करे। अगर आज ऑफिस न जाते, उसके साथ पूरा दिन गुज़ारते, तो उसे कितना अच्छा लगता ! अगर रुक नहीं सकते थे, तो कम से कम उसके घर आने के बाद ही ऑफिस चले जाते, कौन सी आफ़त आ जाती। यह सोचकर उसकी आँखें गीली हो गईं। आहट होने पर पलटकर देखा तो शिखर खड़े थे। उन्होंने गौर से उसे देखा
” शौर्य ….”
” ऑफिस चले गए। ” उसने स्वयं को संयत करके कहा।
वह उसे देखते रहे फिर वहाँ से चले गए। थोड़ी देर में शिखर का एक नौकर आया और बोला कि बड़ी बहू उसे बुला रही हैं। वह हैरान रह गई, कि भाभी को उससे क्या काम पड़ गया ? उनके पोर्शन में गई तो देखा ऐश्वर्या व शिखर नाश्ता करने बैठे हैं।
” आइये जी छोटी बहुरानी , जन्मदिन की ढेर सारी बधाइयाँ, आप खूब खुश रहें। दूधों नहाएं, पूतों फलें। ऐसे ही कहा जाता है न ? ऐश्वर्या ने यह कहते हुए शिखर की ओर देखा।
” आइए उर्वशी, आज हमारे साथ नाश्ता लीजिये। ” शिखर ने उसे बैठने का इशारा किया।
” थैंक्स ए लॉट, पर मुझे भूख नहीं। ” बैठते हुए उसने खिन्न मन से कहा।
” क्यों भई, भूख क्यों नहीं ? आज तो आपको और ज्यादा खाना चाहिए।” कहते हुए ऐश्वर्या ने एक प्लेट में उत्तपम और सांभर डालकर उसकी ओर बढ़ा दिया। शिखर ने प्रशंसा के भाव से पत्नी को देखा।
उसने विवशता में प्लेट लेकर रख ली और थोड़ा -थोड़ा कुतरने लगी। शिखर बार- बार उसकी ओर देखकर, उसके आंतरिक भाव पढ़ने की कोशिश करने लगे। नाश्ता समाप्त होने के थोड़ी देर बाद, वह अपने कमरे में आकर लेट गई। आज उसका मूड बहुत खराब हो गया था। कुछ देर वह सोच विचार में लगी रही, तभी थोड़ी देर बाद सुर्ख गुलाब का एक बड़ा सा गुलदस्ता आ गया, जिसमें लगे कार्ड में जन्मदिवस की शुभकामनाओं दी गई थीं और नीचे शौर्य का नाम लिखा था। उसने गुलदस्ता देखा और और उसकी आँखें सोचने वाले अंदाज में सिकुड़ गयीं । फिर उसने कार्ड निकाल कर एक ओर रख दिया।
* * * * *
शाम को पार्टी के लिए जब वह तैयार हो गई तो माँ सा के बुलाने पर बाहर आयी। सबने उसे पुनः शुभकामनाएं दीं ।
” उर्वशी बेटा, आपके लिए हम सबकी तरफ़ से जन्मदिन का तोहफ़ा है , आपकी अपनी गाड़ी । ” कहते हुए उन्होंने एक ओर इशारा किया। उसने देखा सिल्वर कलर की चमचमाती ऑडी खड़ी है।
” अहा, आपको जन्मदिन का क्या जबरदस्त गिफ़्ट मिला है, बहुत किस्मत वाली हैं देवरानी सा। ” ऐश्वर्या ने आश्चर्य व ईर्ष्या मिश्रित स्वर में कहा।
उसने माँ सा का आभार व्यक्त किया तो उन्होंने कहा कि यह सब तो शिखर ने किया है। जवाब में उसने शिखर की ओर देखा, तो उन्होंने एक प्यारी सी मुस्कान दी। उसने एक निगाह उनपर डाली, फिर स्वयं में ही खो गई। क्यों करते हैं आप इतना कुछ मेरे लिए ? क्या रिश्ता है मुझसे आपका ? कितनी कोशिश करती हूँ, की आपको न सोचूँ, पर आप एक भी अवसर नहीं छोड़ते मेरे लिए कुछ करने का। मुझे हर खुशी देने की कोशिश करते हैं, पर किस नाते से ? क्या हक़ है आपका मुझपर ? मैं आपसे कुछ नहीं चाहती। प्लीज़ मेरे लिए कुछ भी करना छोड़ दीजिए । मेरी अपेक्षा सिर्फ शौर्य से है। जिसने आज मेरे लिए इंतजार करना भी मुनासिब नहीं समझा। काश, की ये सब मेरे लिए शौर्य करता, तो मुझे कहीं ज्यादा अच्छा लगता । मैं आपको सोचना नहीं चाहती। आपसे दूर रहना चाहती हूँ, पर आप बार बार मेरे ख्यालों में जगह बनाने की चाही अनचाही कोशिश कर ही जाते हैं। सुबह भी आपने ही मेरे लिए फूल भेजे थे न, बेशक कार्ड पर नाम शौर्य का था, पर मैं जानती हूँ, कि वह शौर्य नहीं बल्कि आप थे। आपके हर स्टाइल को जानती हूँ। वही सुर्ख गुलाब, वही कार्ड, बस नाम अलग था। उससे क्या फ़र्क पड़ता है ?
पार्टी शुरू हुए थोड़ी देर हो चुकी थी, पर शौर्य का पता न था। वह बेसब्री से इंतजार कर रही थी, मुस्कुरा रही थी, बात कर रही थी। परंतु चेहरे पर बार बार मायूसी के बादल छा जा रहे थे। दो तीन बार उसकी शिखर पर दृष्टि पड़ी, हर बार उनकी निगाह उस पर ही थी। तभी वह उसके पास आये और अपना मोबाइल उसकी ओर बढ़ा दिया, उसने देखा शौर्य की कॉल थी। अपना मोबाइल वह अपने कमरे में ही छोड़ आयी थी।
” हैलो “
” उर्वशी, रूम में आइए। “
” अभी थोड़ा बिज़ी हूँ। ” उसने नाराज़गी से कहा
” प्लीज़ तुरंत आइए। “
जब जोर देकर कहा गया तो उसने फोन काटकर शिखर को पकड़ा दिया और जाने को विवश हो गई। अब उसे लग रहा था कि सुबह का दबाया हुआ गुबार फट पड़ेगा। कमरे में आयी तो देखा वह पार्टी के लिए तैयार हो रहा है
” हैप्पी बर्थडे । ” उसे देखकर वह मुस्कुराया
” बहुत बहुत शुक्रिया, की आपने आज ही विश कर दिया । ” उसने नाराज़गी से कहा।
” जन्मदिन आज है तो विश भी आज ही तो करना पड़ेगा। “
” जी, मैं सदैव आपकी आभारी रहूँगी। “
” यह फूल किसने भेजे ? बड़े सुन्दर हैं। ” उसने सुबह आये हुए गुलदस्ते की ओर इशारा किया।
” जिसे हमारी सबसे ज्यादा परवाह है। “
क्रमशः