अजय कुमार का उपन्यास ‘तुम्हारे लिए ‘ भाग – 35

तुम्हारे लिए
************
भाग पैंतीस
*************
मेघा जब ऐबनेजर स्कूल के अहाते में पहुंची तो लगभग तीन बज चुके थे,अपने पापा मम्मी से वो शॉपिंग का बहाना करके घर से बाहर निकली थी।
रास्ते भर वो अपनी कार ड्राईव करते हुए सोचती आई थी ,शायद तन्मय के बारे में उसके पापा ठीक ही कहते
हैं,यह लड़का बिना सोचे समझे कहीं भी कूद पड़ता है और
बहुत बाद में महसूस करता है अपनी गलतियां,और आखिर
में जब महसूस करता है, तब तक बहुत देर हो गयी होती है।
उसका यह नया किस्सा तो जैसे एक अजूबा ही है, वैसे तो दुनिया जहान से इस शख्स का कोई लेना देना नहीं
है, जब भी बोलता है लगता है जैसे वो जबर्दस्ती इस दुनिया
में रह रहा है, और आज यही जनाब एक ऐसी लड़की जिस
के बारे में वो खुद कुछ भी नहीं जानते ,उसे अपना दिल ही दे बैठा है , मान लिया कि कोई सूरत बहुत अच्छी लग जाती है, मन में उसके लिए एक भाव भी जग जाता है , पर पूरे तीन साल उस लड़की से नाउम्मीद चिपके बैठे रहना , यही नहीं
उसे ढूंढने की कोशिश करते रहना ,और जब वह संयोग से
मिल गयी और यह पता भी लग गया कि उस लड़की ने क्या गुल खिलाया है, तो बजाय उस लड़की को एक तरफ करने
के उसके लिए ही चिन्ता करने लगना, बिना सोचे उसके लिए इतना फिक्रमंद हो जाना कि लगे सबसे खास हमदर्द आज
वह ही बन गया है, उसकी तकलीफ से इस कदर जुड़ गया
है कि अब उसका तारणहार बनने की कोशिश में है,यह क्या है,और वो भी दुनिया भर के सामाजिक अवरोधों के बावजूद, कोई भी सुनेगा तो क्या कहेगा,इन सब बातों पर गौर किए बिना और मजे कि बात तो यह है कि वो अपने भाई तन्मय
को बेवकूफ भी नहीं कह सकती , अभी जिस तरह से उसने इतना बड़ा एग्जाम क्रैक किया है,इस बात ने तो उसे अचंभित ही कर दिया है, उसे अपने भाई पर गर्व हो आया था,पर अब यह प्रेम प्रकरण, इस बात ने फिर से उसकी समझदारी पर
एक नया प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। सोचते हुए मेघा को पता ही
नहीं लगा वो ऐबनेजर स्कूल कब पहुंच गयी।
ऐबनेजर स्कूल में पहुंचते ही पहले मेघा को एक बड़े
से विजटिंग हॉल में बैठा दिया गया था ,और वो बहुत उत्सु
कता से अपर्णा का इंतजार करने लगी थी, और कुछ देर बाद वो जब अपर्णा उसके सामने आई तो मेघा की नजर जैसे उस पर ही टिकी ही रह गयी ,सच कहा था तन्मय ने, अपर्णा के
बारे में, उसकी शक्ल पर खूबसूसरती के साथ जो मासूमियत दिखाई दे रही थी ,वो सच में कुछ और ही कहानी कह रही
थी।उसका चेहरा एक पारदर्शी चेहरा था ,जिस पर उसके
भीतर का दर्द और द्वन्द्व जैसे स्पष्ट दिखाई देता था,उसके इस भाव की सरलता ने मेघा का दिल आरंभ में ही छू लिया था।
पास आते ही अपर्णा ने नेहा को थोड़ा झुक कर अभि वादन किया..” क्षमा कीजिए ,मैं आपको पहिचान नहीं पाई..” मेघा अपर्णा की इस बात पर किंचित मुस्कुरा उठी…” पर मैं
तो तुम्हें अच्छे से पहचानती हूं.,मैं डॉक्टर नेहा उपाध्याय हूं,
तन्मय की बड़ी बहिन,तुम मुझे दीदी भी कह सकती हो ,मुझे बस तुमसे थोड़ी देर बात करनी है , क्या हम कहीं और चल
कर बैठ सकते हैं…”
मेघा के परिचय को सुन कर, एक बार अपर्णा के चेहरे पर अचरज और झेंपने का सा मिला जुला भाव तिर आया था ,पर वो उसने जल्दी ही खुद पर काबू पा लिया…” हां ,हां चलिए , मेरे क्वार्टर में चल कर बैठ हम बैठ सकते हैं..” संयोग से अपर्णा का अब कोई पीरियड बाकी नहीं था।
मेघा ने अपर्णा के क्वार्टर में पहुंचते ही एक गृहिणी
की दृष्टि से उसे जांचा,अपर्णा का क्वार्टर एकदम साफ सूफ था , हर चीज व्यवस्थित ढंग से रखी थी ,क्वार्टर में हालांकि बस जरूरत भर का सामान था ,पर जो भी था बहुत तरतीब
से रखा गया था..” बहुत अच्छा बोर्डिंग स्कूल लग रहा है यह, काफी अच्छा एस्टब्लिशमैंट है इस स्कूल का….”
” जी ,सही कहा ,क्या लेंगी आप,चाय या कॉफी…” अपर्णा को अंदाजा था ,तन्मय की दीदी के आने का मकसद का और वो मन ही मन खुद को तैयार करने में जुटी थी..” मुझे अभी कुछ नहीं चाहिए,तुम आराम से बैठ जाओ, वैसे तो तुम समझ ही चुकी होगी ,मेरे यहां आने का मकसद ,पर मैं तन्मय की तरफदारी या वकालत के लिए यहां नहीं आई हूं ,मुझे तो तुमसे तुम्हारी बात सुननी है , तुम क्या चाहती हो…”
एकदम सीधा सवाल दाग दिया था ,मेघा ने,पर उस सवाल ने जैसे अपर्णा को हर दुविधा और संकोच से निकाल कर उसे मानसिक रूप से अब पूरी तरह तैयार कर दिया था।
” जी ,मैं कुछ भी नहीं चाहती ,सच कहूं तो चाह भी नहीं सकती ,आपको जब तन्मय जी के ने भेजा है तो जाहिर
है आप मेरे बारे में भी सब कुछ जानती हैं,और वो सब जानने के बाद तो आप यह समझ ही सकती हैं कि मुझ जैसी एक साधारण लड़की इस सबके बाद बस यही चाहेगी कि अब उसे उसके हाल पर छोड़ दिया जाए और मेरी अब यही कोशिश है
कि मैं आगे की अपनी जिंदगी में, सिर्फ अपने से ही उम्मीद
रख कर किसी तरह से अपने इस हाल को और बेहतर बनाने की कोशिश करती रहूं….”
अपने सीधे सवाल के सवाल के जवाब में मेघा ने अपर्णा से इतने सटीक जवाब की अपेक्षा नहीं की थी, यह लड़की चाहे जो हो पर बोलती साफ दिल से है ,मेघा अब प्रभावित होने लगी थी अपर्णा से…” मैं तुम्हारी बात समझ सकती ह़ू ,पर एक बात मुझे फिर भी जाननी है,तुम अन्यथा
मत लेना, बात है भी कुछ कठिन, पर पूछनी तो है ही, अपनी शादी के बारें में कुछ सोचा है तुमने ,या यही सोच लिया है
अब शादी करनी ही नहीं है…”
” यह तो अभी कहना मुश्किल है क्योंकि इस तरह
से अभी सोचने का मेरे पास कोई कारण ही नहीं है ,और यह सवाल अभी मेरी प्रायोरिटी भी नहीं है…आप भी यह अच्छी
तरह समझ सकती है…”
” ओ.के. बस एक आखिरी सवाल और,जिसे सुन
कर शायद तुम्हें लगे कि मैं कुछ ज्यादा ही पर्सनल हो रही हूं ,
न बताना चाहो तो भी कोई बात नहीं ,समझ लो ऐसे ही, मैं
यह पूछना चाह रही हूं कि आज क्या सोचती हो, क्या तुम्हारे हिसाब से तुमने मुहब्बत में फंस कर गलती की थी ,क्या आज तुम मुहब्बत करके पछता रही हो..”
इस सवाल ने अपर्णा को एकदम विचलित कर दिया , मेघा को स्पष्ट रूप से उसकी आंखों में एक नमी को उतरते
हुए देखा… “नहीं ,ऐसा तो मैं नहीं कह सकती ,मुहब्बत को उसके अंजाम के बाद दोष देना, मेरे ख्याल से गलत बात है , अंजाम जो भी हो हमारी किस्मत है पर उसका होना तो किसी
के लिए भी एक नियामत है…”
मुश्किल से अपने होंठो पर मेघा ने मुस्कुराहट को आने
से रोका और अपने चेहरे पर तनिक गंभीरता लाते हुए कहा ” सही कहा तुमने, सच मानो तुमसे मिल कर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है ,मैं बस इतना ही कह सकती हूं, मैं यहां तन्मय के कहने से और अनिच्छा से आई थी,पर तुमने मेरी सोच को गलत साबित कर दिया है, ठीक है ,मैं चलती हूं,फिर मिलते
हैं कभी….”
” पर आप चाय कॉफी तो कुछ तो पी कर जाइये…” मेघा ने बहुत प्यार से अपर्णा के सिर पर अपना हाथ रख दिया..”आगए बहुत अवसर मिलेंगे मुझे, तुम्हारे हाथ की
बनी चाय कॉफी पीने के….”
****************************
(शेष आगे )

अजय कुमार
 

 

 

 

WhatsApp Image 2026-06-03 at 13.23.29 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment