प्रथम साहित्यिक कृति पुरस्कार प्राप्त
लघु उपन्यास
गुलमोहर के नीचे
———————-
अनिता रश्मि
3
पारुल की माँ को नीलिमा मासी माँ कहती। मासी माँ भी नीलिमा का खूब ख्याल रखती। मछली-भात बना हो, या संदेश-बंगाली रसगुल्ले, नीलिमा के लिए रसोई की एक पीढ़ी खाली ही रहती।
और वाचाल नीलिमा का आगमन भूचाल ला देता ।
“ओह! मासी माँ आज सड़ा माथ खिलायेगा?”
“हूँ! थोड़ा-थोड़ा।”
मासी माँ माथे पर चपत जड़ती।
“जा, पहले मुह-हाथ धो लें। हाथ गंदी होगी।”
मासी माँ की स्त्रीलिंग-पुलिंगविहीन बातों पर वह खिलखिला उठती।
“हम बूढ़ा तोता है, क्या सीखेगा। पाँच-जमात तक पढ़ा, सिर्फ पाँच जमात तक। हम क्या जानेगा।”
“पर तुम पाँच जमातवाले हम अंग्रेजी पढ़नेवालों से ज्यादा अंग्रेजी जानते हो।”
पारुल के पिता हिन्दी के ज्ञाता थे, अतः पारुल, बापा और बहन अच्छी हिन्दी बोलते पर माँ कभी भी न सीख सकी। मासी माँ के भीतर कलकत्ता का संस्कार, बोली-बानी, वेशभूषा, ठसक अलग से ही पहचानी जा सकती थी।
गोल चिबुकवाली दरमियाने कद की मासी माँ तांत की कड़क साड़ी, माथे पर बड़ी सी गोल बिंदी, होंठों पर पान की लाली। कई बार उनके पनबट्टे से सुपारी निकालकर नीलिमा ने भी सुपारी सरौते से काटी है।
मासी माँ लंबे केशों को समेट जूड़े में बदल देतीं तो नीलिमा को वह आधे सर को ढंकता उनका जूड़ा इतना अच्छा लगता कि वह बाग से सुर्ख गुलाब तोड़कर उनके जूड़े में सजा देती।
पारुल और नीलिमा मिडिल स्कूल में ही थी कि दोनों की पढ़ाई छूट गई। पारुल के पिता गुजर गए। मासी माँ ने सिलाई सीखी, बर्तन मांजे, फिर भी पारूल को स्कूल में पढ़ाने नहीं भेज सकीं।
स्कूल क्या था? बाँस की खप्पचियों पर खपरैल की छत, चार पार्यों को घेरकर बनी दीवार। बैठने के लिए टूटी बेंच, एक कुर्सी, उजला पड़ता हुआ ब्लैक-बोर्ड…राजकीय प्राइमरी स्कूल। पारुल को तो वहीं पढ़ना था। लेकिन नीलिमा के पिता की मजबूरी, हॉस्टल में छोटी बच्ची को रखना नहीं चाहते हुए भी रखना पड़ा था।
पहले के समय को याद करते हुए नीलिमा की नाक लाल हो जाती है।
नीलिमा ने कुछ दिन यहीं पढ़ाई की। फिर अच्छे स्कूल में। अपनी पहचान के बल दाखिला दिलवा देने की कारीगरी पिताजी को आती थी।
कुछ दिनों बाद उनका ट्रांसफर बड़े शहर में होना ही था।
नीलिमा की माँ अचानक बीमार पड़ी, बहुत बीमार। उनकी बीमारी ने सब-कुछ अस्त-व्यस्त कर दिया। छोटी नीलिमा ऐसे में मासी माँ के पास भी रहना नहीं चाहती थी। उसे तो बस हर-पल माँ के पास रहने की धुन थी। जहाँ-जहाँ माँ, वहीं वह।
उसके पिता श्री गणपत लाल ने इलाज के लिए कहाँ-कहाँ दौड़ न लगाई। एक शहर से दूसरे शहर, पीर-फकीर, दिल्ली-बम्बई हर जगह। जिसकी साँस की अव्यवस्थित गति रुकनी थी ही, उसके साथ बेटी हो या पति या फिर डॉक्टरों के प्रेस्क्रिप्शन का पुलिंदा, क्या फर्क पड़ता है।
माँ की मृत्यु के बाद ही नीलिमा फिर अपने छोटे से शहर में लौट आई थी। दिल्ली गई थी, अस्वस्थ माँ को लेकर। लौटी यादें, आँसू और अकेलापन लिए हुए। तब मासी माँ के कंधों ने ही असमय बूढे हो चुके कुछ कंधों को थाम लिया था। कुछ व्यवस्थित होते ही पापा ने पारुल और नीलिमा का फिर से उसी स्कूल में नाम लिखा दिया था।
दो साल माँ की बीमारी की भेंट चढ़ गए थे। उधर पारुल की पढ़ाई भी मासी माँ जारी न रख सकी थी। पापा लौटे थे तो,
“भाईसाहब न रहे, तो क्या हुआ, उनकी संतान मेरे रहते अनपढ़ नहीं रह सकती। बच्चे जरूर पढ़ेंगे।”
पारुल के छोटे भाई-बहन पहली और दूसरी कक्षा में पढ़ रहे थे। बड़े दिन की छुट्टियो में मासी माँ उसे अपने साथ पारुल के ननिहाल लेती गई थी। क्रिसमस की छुट्टियों का आनंद लेकर जब नीलिमा मासी माँ, पारुल और उसके छोटे भाई-बहन के साथ घर लौटी था, पापा ने एक लाल गठरी की ओर इशारा कर दिया था।
“तेरी नई माँ।”
दरवाजे पर ठिठके नन्हें पैरों में अपार उत्सुकता जाग उठी थी। तब वह सातवीं कक्षा में थी। उसे कुछ भी अनुभव नहीं हुआ। न, गम, न खुशी।
यूँ तो गणपत लाल ने पूरी सावधानी बरती थी,
“नहीं!…नहीं, ब्याह सिर्फ अपने लिए नहीं करनी है।”
गणपत लाल ने दबी जुबान से हँसी उड़ानेवालों को खुलकर जवाब दिया था,
“सब कहते रहें, मर्द दो साल भी रुक नहीं सकता। लेकिन उस सच्चाई से मुँह मोड़ सकते हैं क्या, बच्चे की देखभाल कैसे होगी? समय कितना दे पाएँगे कोई पापा, इस पर ध्यान क्यों नहीं जाता? घर-गृहस्थी किसी मर्द के बूते की बात है?”
“सीधी-सादी साधारण लड़की ले आया हूँ ताकि नीलिमा को माँ का प्यार मिल सके।”
उस सीधी-सादी माँ को नीलिमा नकार न सकी, तो अपना भी न सकी। क्योंकि मम्मी ने लाल चुनरी की लालिमावाली अवधि के खत्म होते ही अपने रंग-ढंग दिखाने शुरू कर दिए थे। कोने में उपेक्षित पड़ी नीलिमा मम्मी को बेकार वस्तु ही लगती। तब बाँहों का सहारा लेने और कंधे को थामने नीलिमा मासी माँ तक दौड़ जाती थी। खूब शरारतें करती। शरारतों में डुबो देती अपने दर्द को।
कितने वर्ष बीत गए। उम्र ने यौवन की दहलीज पर कदम रखा। चुहुलबाजी तब भी खत्म नहीं हुई उसकी।
“मासी माँ! सड़ा माछा खिलाएगा?”
वैसे उनके हाथों बना इलिश मछली ही उसे सबसे अधिक प्रिय।
अक्सर मासी माँ को चिढ़ाती,
“मासी माँ आमी तोमा के खाबो।”
पारुल, बापा या निवेदिता भी कभी नहीं चिढ़तीं। वे सब जानती हैं, माँ और नीलिमा का रिश्ता। गणपत और पारुल के घरवालों का भी।
हाई स्कूल में पढ़ने के पारुल चल दी बड़े शहर। साथ ही तबादला हो गया नीलिमा के पिता का। फिर भी उसका फीस भरते थे।
सोचती पारुल,
‘नीलिमा कहाँ होगी? अब वह जरूर कहीं अच्छी जगह पढ़ती होगी।’
पर साल भर बीतते, न बीतते नीलिमा भी आ गई उसी स्कूल के उसी हॉस्टल में।
“इघर पापा, उधर मम्मी, बीच में मैं। पापा चिंतित रहते कि वे किघर जाएँ।”
नीलिमा हँसी थी…विचित्र हँसी।
“मम्मी ने कर दिया ट्रांसफर। पापा ने जिस बेटी के लिए ब्याह किया था, उसे ही देश निकाला… हा… हा! न जाने, ऐसे कितने पापा कितने मजबूर हैं न पारुली?”
और तब से दोनों साथ ही हैं। साथ उठना-बैठना, खाना-पीना, बदमाशियाँ करना ।
बी. ए. करने के बाद दोनो
ने एम. ए. में एडमिशन ले लिया। यह आखिरी साल है। पढ़ाई खत्म हो ही गई है, बस परीक्षा देनी है। हॉस्टल नं, तीन में कुछ लड़कियाँ वार्डन की परमिशन से पढ़ाई की तैयारी के लिए रुक गई हैं। ये दोनों भी। यूँ भी सेशन लेट हो जाने के कारण एक-डेढ़ साल बर्बाद चला गया। अक्सर सेशन लेट ही रहता है।
पारुल को झटके दे रही थी नीलिमा।
“कहाँ खो जाती है भई? तब से देख रही हूँ, कुछ सोचे ही चली जा रही है।”
“यूँ ही। जिन्दगी के गणित में उलझ गई थी। अच्छा एक बात बता, दिवा तो तेरी सौतेली बहन है। उसके लिए इतना मोह?”
“मम्मी और दिवा में बहुत फर्क है पारुली।”
“तू तो अपनी माताश्री को खुश ही कर डालेगी नीलिमा। अचानक विमाता के प्रति कर्तव्य याद आ गए क्या?”
एक तिनके को उठाकर मुँह में डालते हुए पूछा।
“पारुली! दिवा और मम्मी में बहुत फर्क है, कहा न। “
नीलिमा गौर से पारुल को देख रही थी, देखे ही जा रही थी। पारुल ने मुँह बिचकाकर जब पुरानी बातें याद दिला ही दीं, उसने कहा,
“विमाता के व्यवाहारजनित अरुचि हम दोनों के स्नेह को नहीं बदल सकती। हममें कोई फर्क कभी नहीं रहा। उसकी माँ ने मेरे साथ, जो भी किया, उसमें उसका योगदान नहीं। दिवा तो एकदम भोली है।”
और न चाहते हुए भी नीलिमा अपने हाथ की केहुनी को सहला उठी।
“यहीं जलाया था न, तेरी माँ ने बचपन में तुझे? याद आ गया।”
“अच्छा अब उठो। जितना जिसके हिस्से का रहता है, मिलता है। दिवा के लिए बात करूँगी।”
नंगे पैरों दूब पर चलते हुए नीलिमा ने कहा।
“देख लूँगी, तेरा विश्वास उसे अपना ही लेगा जैसे।”
पारुल नहीं उठना चाहती थी। पुरानी बातें उसे याद आ गईं, मन का बोझ बन गईं। हाथों से दूब को तोड़ते हुए पारुल उन्हीं ख्यालों में उलझे रहना चाहती थी शायद।
“देख लेना। अब अपनी तश्तरी उठाओ भी यहाँ से।”
लौटते हुए दोनों अपने-अपने हिस्से की सोच के वशीभूत।
तोड़ा नीलिमा ने,
“विश्वास से आज की मुलाकात, विदाई, नीलू के रूप में आखिरी विदाई है। अब उससे दिवा की बड़ी बहन के नाते मिलूँगी।”
रात में चाँदनी खिड़की से आकर, नीलिमा के कमरे में मदमस्त पड़ी रही। निर्णय करने के बाद वह रात को शांति से सो गई।
******