भलोल
भाग -19
मैं कोतवाली के सरकारी स्कूल से बाएँ मुड़ कर मल्ल्किा के बुत के चौक की ओर चल पड़ा। मल्लिका के बुत से फव्वारा चौक और सीधे जलियांवाला बाग। वहाँ से दरबार साहिब की ओर मुड़ गया। जूते जमा करके मैंने दरबार साहिब की परिक्रमा की और गुरुग्रंथ साहिब के दर्शनों के लिए लाइन में लग गया। काफी देर बाद नंबर आया। मैं भी देर से दर्शन करना चाहता था। लंबा दिन गुजारना भी कहाँ था।
दर्शन करके लंगर में आया तो वहाँ गर्दिश के दिनों के एक बुजुर्ग सेवादार मिल गए। उन्होंने मुझे पहचान लिया था। कहा, “ओह, पुत्तर जी, बहुत दिनों बाद दिखाई दित्ते?”
मैंने कहा, “बाबाजी, मैं फौज में भरती हो गया था। दो महीने की छुट्टी आया हूँ।”
“ओह, पुत्तर जी, तुसीं देश दे रखवाले बन गए हो। जम-जम लंगर छको। रोज-रोज आकर छको।”
मैं लंगर हॉल में जाकर लंगर छकने लगा। मन को एक बात सुख दे रही
थी कि वाहेगुरु ने रोज मेरे दोपहर के खाने का प्रबंध कर दिया था। लंगर खाते हुए मन के भीतर ग्लानि जरुर थी. चाहे मैं कमाने लगा था लेकिन घर में मेरी हालत किसी ‘फाडी’ आदमी से कम नहीं थी।
बाऊजी को एक हफ्ते बाद पता चला। शायद छोटे भाइयों ने बता दिया था। उन्होने सबके सामने बैठाकर मुझसे बात की, कहा, “मैंने सुना है तुम घर में खाना नहीं खा रहे हो। क्यों?”
मैंने कहा, “उस रोज माँ की आपके बीच हुई सारी बात मैंने सुन ली थी जिस रोज आपने मुझे घड़ी और कपड़े लेकर दिए थे। मैं माँ को अपने लिए खाना बनाने की तकलीफ नहीं देना चाहता हूँ।”
“मुझे खाना बनाने में कोई तकलीफ नहीं होती, निंदी। तुम खुशी से घर में खाना खाया करो। वह तो जाने किस का गुस्सा उस समय निकला था।” माँ ने जाने बाऊजी के प्रभाव में ऐसा कह दिया था या अपने मन से कहा था, मैं उनके चेहरे के भावों से जान नहीं पाया था।
बाऊजी ने सख्ती से घर में खाना खाने के लिए कहा। मैंने उनके आदेश को मान लिया। मैं नाश्ता करके आराम करने लगा और सो जाता जिसकी मुझे जरूरत थी। मेरी सेहत फिर बनने लगी थी। मैं शाम को घूमने के लिए निकलता। घर वालों से मेरी बहुत कम बात होती। एक बार धागा टूट जाए तो दोबारा जुड़ने पर गाँठ पड़ जाती है। यह गाँठ हमेशा रही। मेरे भीतर के सूनेपन ने मुझे हमेशा आहत किया था।
शाम के समय मैं आवारागर्दी करने रोज निकलता, अमृतसर की गलियाँ और सड़कें नापने।
दूसरे रोज नाश्ता करके निकला तो मन में एक जिज्ञासा थी कि दसवीं में पढ़ने वाले मेरे बहुत से क्लासफेलो हुसैनपुरा की गलियों में रहते हैं। वे क्या कर रहे हैं, जानूँ। जीवन में उन्हें थाह मिली या नहीं? या यूँ ही मेरी तरह आवारागर्दी कर रहे हैं?
मेरी क्लास का एक बहुत होशियार लड़का जोगिंदर प्रताप हुसैनपुरा की इन्हीं गलियों में रहता था। मैं गली का नाम तो नहीं जानता लेकिन उस गली को जानता था, पहचानता था। मैं कई बार उस गली से निकला था। कमेटी से उसके पिता को घर का नक्शा पास करवाना था तब उसके पिता जी ने मुझे कहा था और बाऊजी ने एक दिन में ही नक्शा पास करवा दिया था। वे महीनों से इसे पास करवाने के लिए कमेटी के चक्कर काट रहे थे।
गोलमसीत से मैं जोगिंदर की गली की ओर हो लिया। उसका घर आया तो मैंने ‘डोर बेल’ बजाई। एक लड़की ने घर का दरवाजा खोला। मैंने उसे जोगिंदर के बारे पूछा। उसने कहा, “वे इंजीनियरिंग कर रहे थे लेकिन उनका बहुत बड़ा एक्सीडेंट हो गया। अब घर आ गए हैं।”
“मैं दसवीं में उसका क्लासफैलो था। बस मैं उसे देखना चाहता हूँ।”
“ठहरें, आप अपना नाम बताएँ। मैं पूछ कर आती हूँ। सो रहे होंगे तो आपको बाद में आना होगा।”
थोड़ी देर बाद आकर बोली, “भैया आपको बुला रहे हैं।”
देख कर बहुत अफसोस हुआ, पूछा, “यह ऐक्सीडेंट कैसे हुआ? बहुत दुख हुआ।”
“बस ट्रकवाला मार कर चला गया। जान बच गई। पढ़ाई का यह साल मारा गया।”
“मैं समझ सकता हूँ, जोगिंदर! पढ़ाई तो अगले साल भी हो जाएगी। यह शुक्र करो कि आपको कुछ नहीं हुआ। टाँग के फ्रैक्चर ने तो जल्दी ठीक हो जाना है। कोई कर्म था, कट गया।”
उसके पिताजी भी आकर बैठ गए थे, “यही तो मैं भी कह रहा हूँ, कौन सी उम्र हो गई है,” थोड़ी देर के लिए वे रुके। फिर बोले, “और निंदी, आजकल तुम कहाँ हो? क्या कर रहे हो? आपके बाऊजी ठीक हैं?”
“सब ठीक है, अंकल। बाऊजी ऑफिस जाते हैं। उनका प्रोमोशन हो गया है। वे औक्टरॉय सुपरिटेंडेंट बन गए हैं। अमृतसर की सारी चुगियाँ उनके अंडर हैं और मैं तो अंकल जी शुरू से फाडी था। पढ़ने में भी अच्छा नहीं था। आगे पढ़ नहीं पाया, फौज में चला गया। ट्रेनिंग करके पहली पोस्टिंग से दो महीने की छुट्टी आया हूँ।”
“फौज में? बहुत अच्छा है। मैं भी एम.ई.एस. से रिटायर हुआ हूँ। किस रेजिमेंट में भरती हुए हो?”
“रेजिमेंट में नहीं, अंकल। मैं आर्मी औरडनेंस कोर में स्टोरकीपर हूँ।” “वाह, निंदी। यह तो कमाल हो गया। जानते हो, निंदी, यह फौज का सबसे शानदार विभाग है। सारी जिंदगी स्टोरों में काम करना है। तुम्हारी कोई सिफारिश थी?”
“नहीं अंकल। सिर्फ मैथ और अंग्रेजी के नंबर देखे थे। इन दोनों सब्जेक्ट में जिनके 45 प्रतिशत और इससे ज्यादा नंबर थे उन्हें क्लर्क भरती किया जा रहा था। मेरे इन दोनों में बहुत अच्छे नंबर थे। मुझे क्लर्क भरती कर लिया गया। यहाँ से सब रंगरूट क्लर्क भरती किए गए थे। ए.ओ.सी. स्कूल जबलपुर में मेरा ट्रेड स्टोरकीपर सिग्नल हो गया।”
“तुम्हारी तो जिंदगी बन गई। भई, बहुत-बहुत बधाई।”
“थैंक्स, अंकल।”
तभी चाय आई और हम सब पीने लगे।
“और जोगिंदर, अपने साथियों का कुछ पता है?”
“वो अपना जतिंदर कश्यप होता था न।”
“जतिंदर कश्यप?”
“वे छोटे-से कद का, गोरा-सा लड़का। घुंघराले बालों वाला जिसे हम जिंदी कहा करते थे।”
“हाँ हाँ, जिंदी।”
“उसकी डैथ हो गई।”
“हैं! कैसे?”
मैं दुख से भर गया था। “वह तो शायद माँ-बाप का अकेला लड़का था। बहुत दुख हुआ।”
“हाँ, दो बहनों का एक ही भाई था। बस घर से निकला और कोई ट्रकवाला मारकर चला गया। पुलिस ने ट्रक वाले को पकड़ा भी और हरजाना भी दिलवाया लेकिन जिंदी चला गया। उसके माँ-बाप और बहनें एक तरह से पागल हो गई हैं।”
“पागल तो होना ही है। यह सारी जिंदगी का दुख है। मैं खुशी-खुशी तुम्हारा पता लेने आया था। तुम्हारा ऐक्सीडेंट और जिंदी की मौत। मैं इसके लिए तैयार नहीं था।”
जोगिंदर ने मेरी बात का कोई जवाब नहीं दिया। कहा, “यहीं हुसैनपुरा में गुरुद्वारे वाली गली में घुसते ही तीसरा घर उसी का है। अफसोस कर आना। वे रोएँगे जरूर। रोज रोते हैं लेकिन हम अफसोस करने के अलावा और कर भी क्या सकते हैं? कुछ हौंसला मिलेगा।”
“हाँ जोगिंदर, मैं यहाँ से निकलते ही उनके पास जाऊँगा लेकिन मैं
उनका सामना कैसे कर पाऊँगा? मुझे तो अभी से रोना आ रहा है। इतना खूबसूरत बच्चा यूँ ही चला गया।”
जोगिंदर कुछ नहीं बोला, केवल इतना कहा, “मैं ठीक होता तो तुम्हारे साथ चलता।”
मैं जोगिंदर के घर से जल्दी निकल आया। यह ईश्वर का कैसा जुल्म है! माँ-बाप तो जीते-जी मर गए। पर मौत उनका सामना कैसे कर पाऊँगा? मुझे तो अभी से रोना आ रहा है। इतना खूबसूरत बच्चा यूँ ही चला गया।”
जोगिंदर कुछ नहीं बोला, केवल इतना कहा, “मैं ठीक होता तो तुम्हारे साथ चलता।”
मैं जोगिंदर के घर से जल्दी निकल आया। यह ईश्वर का कैसा जुल्म है! माँ-बाप तो जीते-जी मर गए। पर मौत के आगे किसी का जोर नहीं था, किसी का जोर नहीं है।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी