कहानी -ऐ दिल -ए नादाँ
लेखिका -प्रियंका ओम
एक अजीब सी ऊब से बेकल रहता है मन आजकल। अलग सी निःसंगता, अलहदा सा वैराग जीवन के प्रत्येक जुंबिश के प्रति जुदा सी विरक्ति तामीर हुई है इन दिनों मेरे भीतर। मन एक ऐसा ठूंठ होता जा रहा है जिसमें जीवन के प्रति कोई उत्कंठा शेष नहीं बच गई है और ना ही कोई चाव बाक़ी रहा। उजाड़ से आकाश का विस्तार हो गया है मन जिसका दामन सितारों की चाह से ख़ाली है। शामें उदासी के ज़हर में घुलकर ऐसी विषाक्त हो गई है कि सुबह के अलार्म के साथ जिस कॉफ़ी की तलबज़ोर ऐसी कि आँख भँसे में ही खुलती अब उसी कॉफ़ी की ख़ुशबू, कि जिसके ख़याल मात्र से वेवक्त की चाह जाग जाया करती थी दस्तूरी हो आई है!
यों एक साँचे में ढली सुबह से शाम नियमों के अधीन जीवन बिधिबद्ध हो गई है, दैनिक रीतियों को यंत्रवत निबटाती मशीन बन गई हूँ. कोई दुख, दर्द नहीं देता, ख़ुशी नहीं देती कि कल पुर्जों में एहसास नहीं होता।
मिनिस्ट्री की नौकरी में प्रत्येक तीन वर्ष बाद ठिकाना तो बदल जाता है किंतु जीवन का ढब वही-वही रहता है ख़ामोश बेआवाज़, ना कोई शोर ना आहट और ना कोई बुलाहट।
जब तक माँ थी एक पुकार बनी हुई थी, अबके कब आओगी की खखोर चलती रहती थी हर दफ़ा हर मर्तबा.
कभी झिड़क देती कभी तुम ही क्यों नहीं आ रहती मेरे पास? कह देती.
बेटी का घर पराया होता है, माँ के पास जवाब पहले से तैयार होता.
अबतक तुम्हारी ही बेटी हूँ।
इस बात पर माँ एक निःश्वास लेती। कहती कुछ नहीं, कह-कह थक गई थी या यूँ कहूँ मेरी जिद्द से आजिज गोंद लगा गई थी ज़ुबान पर, होंठों पर। कभी-कभी थकी आवाज़ में कहती तुम अपने पापा जैसी हो, अपने मन की दुराग्रही, सुरयाही, किसी को कान नहीं देती।
मेरी प्रतिमान माँ थी। खूब जुझारू, पापा की असमय मृत्यु के बाद अपने सही के लिए समाज से लड़ी, सरकार से लड़ी और हम चारों भाई बहनों को वह सब दिलवाया हम जिसके हकदार थे।
माँ मुझमें पापा को देखती है। मैंने माँ में ही पापा को भी देखा!
रीतिनुसार गर्म पानी के लिए कैटल का स्विच ऑन कर कैबिनेट से सुनहले अक्षरों में “गुड मॉर्निंग स्मिता” लिखा गुलाबी कॉफ़ी मग निकाला। मेरे कॉफ़ी प्रेम से अनुरक्त हो पिछले जन्मदिन दफ़्तरी सहायिका ने यह मग जोड़े में पर्सनलाइज करवा उपहार दिया था। दूसरे पर “गुड इवनिंग स्मिता” लिखा है। दोपहर का भूल गई, मैंने हास में कहा तो उसने चिढ़ने का उपक्रम करते हुए कहा “रगों में ख़ून ही बहे तो बेहतर” और मैं हँस पड़ी थी मगर ना जाने कैसी दुरांख लगी उस कशिश को कि इन दिनों खिंचाव के सभी तंतु दरकने लगे हैं!
कॉफ़ी का चस्का अनिर्वाण की संगत में चढ़ा। वह चला गया उसकी लत मुझसे लगी रह गई, अब वह भी जाती जा रही हैं एक उसाँस के साथ। वह मेरे जीवन का वह अध्याय है जिसमें कुछ सब्ज़ नहीं है, केवल ज़र्द धब्बे हैं. मैं उन धब्बों को अपने दामन से मिटाने की जितनी भी कोशिश करती हूँ ये और मटमैला होता जाता है!
‘मैं ब्लैक कॉफ़ी लुंगी’ जानबूझ ऊँची आवाज़ में कहा था मैंने, वह किलका था ‘कोई तो मेरे जैसा मिला’ इस बात से नितांत अनजान कि उस वक्त कॉफ़ी की एक-एक घूँठ मुझे जहर प्रतीत हो रही थी और भीतर एक प्रश्न लगातार उठक-बैठक कर रही थी “कोई इतनी कड़वाहट कैसे झेल सकता है?”
उसने कहा कॉफ़ी की लत उसे हेलसिंकी में लगी, वहाँ के लोग कॉफ़ी और पुल्ला ठीक वैसे ही खाते हैं जैसे अपने उधर कलकत्ता में रस्क और चाय। जानती हो दुनिया में सबसे अधिक कॉफ़ी फिनलैंड में पी जाती है, फिन्स एक दिन में सामान्यतः चार से पाँच कप कॉफ़ी पी लेते हैं!
(पुल्ला – एक हल्की मीठी ब्रेड जिसमें इलायची के बीज और कभी कभी किशमिश या कतरे बादाम का स्वाद होता है)
तुम भी फ़िन्स जैसे हो गए हो और मुझे यकीन है एक दिन तुम्हारी आँखें कॉफ़ी की रंगत धर फिंस जैसी ही कुम्मैत हो जाएगी और फिर तुम्हें नीला भी भूरा दिखेगा!
इस बाबत वह ठ-ठा कर हँसा था यह कहते हुए कि ‘तुम छोटी बच्ची जैसा कहती हो”!
उससे मेरी मुलाक़ात पहली पोस्टिंग पर तुर्किए में हुई थी। वहाँ की आबहवा में रूमानियत की नमक घुली थी हल्के गुलाबी रंग की, मैं उड़ने लगी थी फ़्लमिंगो सी।नील सा चढ़ आया था मुझपर चाहना का, मेरे भीतर एक सफेद बिल्ली की नीली आँखें जागती थी।
फिर एक दिन तुर्किश डिलाइट की बाँटखोरी कि इस छुट्टी ज़िन्दगी की किताब से नया अध्याय जुड़ रहा है।
और हमारी कहानी? तीन शब्द कहते गला रूँध गया था मेरा।
यह कोई कहानी नहीं, मात्र क़िस्सा है स्मिता। ऑफिस क्रश को इतना सीरियसली कौन लेता है?। उसे माँ ने पसंद किया है!
अक्सर किस्से ही कहानी में ढलते हैं, मैंने मन ही मन कहा था!
रात महकी-गमकी थी, कमल खिला था
एक दीवार गिरी थी, भीतर कुछ पिघला था
वो तुम नहीं थे, तुम्हारी परछाई थी.
कुछ धुंधला- धुँधला था.
‘कट’ की तेज आवाज़ पर तंद्रा टूटी पानी गर्म हो गया है. लंबी पकड़ वाले चम्मच से दो चमच्च कॉफ़ी में गर्म पानी उड़ेलते ही भूजात गंध उठने लगी। यह वही महक है जो खींच कर मुझे आगोश में भर लिया करती थी, मेरे थके कंधों को हल्के-हल्के दबाती और बालों में उँगलियाँ फिराती सुकून थी। अब वह दिलनशीं जाती जा रही है, थाम लेने की मेरी कुल कोशिशें चूकती जा रही है कि जैसे कभी कोई राग ना रहा हो। पिछले दिनों सौदे से हेज़ल नट जायके की ले आई कि क्या ही मालूम एकसरता ऐसी उदासीनता रचता हो किंतु कुछ दिनों में ही सब व्यर्थ गया, नये रस की नई जोशिश मेरी ज़िंदगी के उचाटपन में फ़ना हो गई!
यूँ बात मात्र कॉफ़ी की नहीं बल्कि हरेक शय को लेकर है। मेरे भीतर से वह उत्साह वह उमंग गुम होती जा रही है जो ताउम्र घुली रही मुझमें ख़ुशनुमा गंध सी पैवस्त रहा हमेशा ही। अब उसके उलट एक नितांत अजनबी, अनजानी निराशा मेरे भीतर पालथी मार बैठ गई है जैसे कोई संतापी मुँह पर मातम ओढ़े आपकी बग़ल आ बैठता है किसी उमंगी यात्रा के दौरान और तमाम वक़्त आपसे बना रहता है बेगाना!
यह बेगानापन यह अजनबीपन मुझमें यूँ रच बस गई है मानों बहुत वर्षों से मेरी अपनी है। घर की दीवारें, पर्दे बैठक में रखी कुर्सियाँ हरेक शय से एक अजनबी बू आती है. अलमारी में रखी साड़ियाँ, इनसे आती अपरिचित गंध मुझे बदहवास करती हैं ऐसा लगता है ये मेरी नहीं है कोई रख गया है चुपके से इन्हें मेरा बताकर। मैं बौराई सी ढूंढ़ती हूँ खोई हुई अपनी गंध और वह साड़ी जो उस महकी रात खिली थी बदन पर गुलाब सी, अब दबी हुई है “नथिंग लास्ट फॉरएवर के” बीच, सूख रही है, बेसुगंध हो रही है!
माँ कहती थी एक उम्र के बाद परछाई भी साथ छोड़ देती है। मैं पलट कर देखती हूँ दूर-दूर तक कहीं कोई नहीं है, सुन्न -सपाट, तन्हाई में भायं- भायं करता घर, चीर कर रख देने वाली चुप्पी और मन की दीवारों को घुन की तरह खाता एकाकी, खालीपन का वितान होती ज़िंदगी। यह ज़िन्दगी मैंने आप ही चुना है, पीछे छूट गया सारा शोर शराबा, होहल्ला जिससे मुझे चिढ़ हुआ करती थी, खीजती थी मैं अब उसी शोरगुल की याद बेचैन करती हैं, बेतरह करती हैं मैं बिना सलवटों वाली कलप लगी झक्क चद्दर सी बिछी रहती हूँ सूनी कोच पर!
ना कुछ गिरने की आवाज़ ना टूटने की, चीज़ें वहीं की वहीं रखी, महीनों मोबाइल में कोई चिहुंक नहीं होती, कोई खैर नहीं पूछता। मैं बालकनी में कॉफ़ी का मग थामे तन्हातर बाग़ीचे में अकेली टहलती स्त्री हूँ!
उस दिन औचक ही बड़की दी का संदेश “मेरे लल्ला की शादी है, जानती हूँ तुमको नहीं रुचता लेकिन आ सको तो आना” गिर पड़ा था मेसेज बॉक्स में अनचाहे ही, ना विशेष आग्रह, ना कोई जिद्द और ना कोई ज़ोर बस एक औपचारिक न्योता मानों नीरव में कोई चीख, शांत तालाब में फेंका गया एक ढेला। मेरे भीतर खूब हलचल हुई थी, बवंडर उठा था अन्तस मे।
वे पूछेंगे “तुम क्यों नहीं आई” तो हम क्या कहेंगे?
यही कि जलसों में मेरा मन नहीं रमता.
“अकेली रह जाओगी” ढेर सारी चिंता होती माँ की आवाज़ में।
सोशल मीडिया पर टांकी शादी की तस्वीरों में मैं अलग-थलग, सकुचाई बेतरह अकेली थी। माँ कहती थी तुम चारों भाई बहन मेरे स्क्वायर के चार ट्रायंगल हो लेकिन पता नहीं कैसे धीरे -धीरे मैं उस स्क्वायर से बाहर अपनी दुनिया में सर्कल होती चली गई और रह गया उन तीनों का एक ट्रेंगल, मैं उनसे इतर आवांछित सी दुनिया के मैप में कहीं अपने एकाकी से लड़ती झगड़ती रहती हूँ और खोजती हूँ अपना कार्नर्स!
मैंने देखा स्याह रंग की एक गदबदी आकृति तेजी से अपने आकार में बढ़कर दैत्याकार होती जा रही हैं, मालूम होता है पीछे से कोई उसमें हवा भर रहा है गुब्बारे के जैसे। देखते ही देखते समूचे शय को एक गहरा अंधकार अपने जबड़े में जकड़ चुका है। मैंने घुटनों को बाहों में बाँध आँखें भींच ली, मुझे ऐसा लग रहा था मानों अँधेरे की वह सर्पिली रस्सी मुझे कसती जा रही हैं, तंग बतंग, भीतर ऐंठ होने लगी, पिंडलियों में खुबती जाती नख कि तर की भयंकर तलब से गला सूखकर इनारा हुआ जा रहा था. और अंदर कुछ पिघल रहा था गर्म पारे सा, चेहरे पर रिस आती बूँदें कि जैसे नसों में दौड़ता है पिघला हुआ शीशा, धीरे-धीरे उतरती है कनपट्टियों से होकर गले से गुज़रती हुई बारीक धाराएँ खामोशी से भीतरी कपड़ों में जज़्ब हो जाती है!
कॉफ़ी में गर्म पानी घोलते हुए ध्यान मग के ऊपरी वर्तुल किनारे पर पतली सुनहली रेखा पर गई, यह चमकती चूड़ी इसकी मग की ख़ूबसूरती के कसीदे गढ़ती है। टूट जाने के डर से इस मग का इस्तेमाल मैं कम ही करती थी,लेकिन आजकल बेफिक्र होती जा रही हूँ। कुछ भी खोने-पाने के भय से मुक्त और बेपरवाह, मेरा रवैया कतई बेपर्वा हो गया है हाल के महीनों में।
हाल के महीनों में मैं ख़ुद में हुए बदलाव के प्रति आतंकित रहने लगी हूँ, मोहभंग की यह विकट स्थिति मेरे भीतर रिक्तता का ऐसा विस्तार रचता है जिसमें कहीं मैं लापता होती जा रही हूँ. ऐसा लगता है सब छूटता जा रहा है मुझसे और उसे पकड़ रखने की चाह भी रिहा होती जा रही है। कई-कई बार जी में आता है इस सबसे दूर किसी अँधेरी कोठरी में बंद हो जाऊँ जहाँ रोशनी की एक किरण भी मुमकिन न हो, ना आवाज़ का कोई रेशा किसी राह पहुचता हो, वहाँ मात्र मैं रहूँ और रहे संग मेरी परछाई खूब सारी बहनापे के साथ, एक दूसरे का हाथ थामे और कंधे लगे!
तब भी यह उदासी, यह अकेलापन चिपका रहेगा जोंक की तरह, भीतर से आवाज़ आती है. ये तुम्हारी ज़िन्दगी से जोश की बूँद -बूँद चूस लेंगे, तुम छटपटाती रहोगी तड़पती रहोगी ये तुम्हें बेबस छोड़ देंगे!
मैंने देखा मलिन कपड़ों में वह स्त्री कराह की टीस से उकड़ूँ बैठी है और उसकी देह से एक अनगिनत जोंक लटके हैं, उसके जूड़े में मोगरा टाँका है और केश पिन में बड़ा सा हीरा जिससे टकरा कर आती रश्मियों से मेरी आँखें चुंधिया चुंधिया जाती है। मैं उस तक पहुँचना चाहती हूँ किंतु मेरे सामने कैक्टस का सब्ज़ खेत फैला है और देखते ही देखते वह सारे कैक्टस कँटीली झाड़ियों में बदल गए, उनके काँटे अविश्वसनीय रूप से बढ़ते लगे, अब वे सारे काँटे शूल की शक्ल में मेरी ओर बढ़ रहे हैं। मैंने भागना चाहा तो देखा मेरे पैरों को बिना देह वाले कई-कई हाथों ने जकड़ा हुआ है, उन हाथों की बीच की उँगली में केश पिन वाले हीरे जड़ित अंगूठी है!
अस्सी के गीतों की शृंखला लगाकर मैं बालकनी में आ गई. बाहर की ओर झूलते गमलों के पौधे बीते महीनों की बर्फवारी और मेरी बेमूरव्वती की भेंट चढ़ गए यों सारा शहर परी कथाओं के परिदृश्य ढल गया है।
तेईशवें माले की बालकनी से देखने पर लाल, सफेद और पीले डैफ़ोडिल्स के फुलैल से समूचा शहर नफीस पश्मीना के दोशाले में लिपटा लगता है. रूई के फाहों सा फुनगी पर झूलता चेरी ब्लॉसम और मैगनोलिया से लदा-फ़दा अहाता। कालीन सा बिछा पीतवर्णी फ़ोर्सिथिया, ऐसा दिलफ़रेब नज़ारा, मई माह के शुरुआती दिनों की यह दिलनशीं तत्काल मुझमें ऐसी रूमानियत का संचार करता है कि कुछ देर के लिए मैं सब भूल-भाल जाती हूँ।
यह भी भूल जाती हूँ कि एक बेचैनी आठों पहर दम ब दम किए रहती है। सीने पर कुछ भारी-भारी सा लगता है, दम घुटता रहता है। चीखना चाहती हूँ चिल्लाना चाहती हूँ,चाहती हूँ वह जो भीतर अटका हुआ है निकल आए। किंतु भीतर कुछ नहीं है सिवाय खालीपन के, ऐसा खालीपन जो अपनी शून्यता में किलसता है, कपसता है और पलट -पलट कर देखता है विगत को। उस कल को, जो बीत चुका है।अब लौट कर नहीं आयेगा। मैंने कॉफ़ी की एक बड़ी घूँट हलक में उतार सिगरेट का गहरा कश लिया!
खार के ऊपर और खार। रितेश को हैरत हुई थी, चाय के साथ सिगरेट तो बहुत देखा सुना है।वह कहता है तुम हमेशा से अनोखी रही हो!
पता नहीं सिगरेट और कॉफ़ी का संयोग मुझे इतना प्रिय क्यों है, बहुत मर्तबा सोचकर भी कुछ नतीजा नहीं निकला तब मैंने इस बाबत रंज करना बंद कर दिया!
रितेश मेरे अनोखेपन पर जाँ वार-ता, अक्सर कहता – तुम बेहद हो, बेतरह हो, कभी कहता “तुम असीमित हो, अबाध हो” ।
उससे उसका कहना अच्छा लगता, मुग्ध होती किंतु जवाब में कहती “तुम बस तुम हो”।
क्या मेरे जैसा कोई और है? एक दफ़ा किसी उम्मीद से पूछा था उसने और मैंने झट से कह दिया “तुम भीड़ हो और मुझे भीड़ से ऊब होती है”!
मुझे अपने अनोखेपन पर खीज होती है। मेरे पेट में बेचैनियों की छोटी छोटी रंग बिरंगी मछलियाँ दौड़ भाग रही हैं, लाल, नीले और हरे रंग की किंतु एक साँवली मछली सबसे अलग, अकेली किसी शोक में डूबी कुछ उदास तनहा एक किनारे लगी है। मैं अपने होंठ और गाल के भीतरी परत चबाने लगती हूँ!
प्राग में यह मेरा दूसरा वर्ष है, मालूम हुआ है इसके बाद अस्थाना का बन रहा है। यहाँ आने से पहले बेस पोस्टिंग थी। रितेश से एक इतवार औचक ही मुलाक़ात हो गई थी,अगर उसने पुकारा ना होता तो शायद मैं उस इत्तेफ़ाक से बाल-बाल बच जाती और ज़िंदगी अपनी चाक पर लयबद्ध रहती।
कई देर तक बीते कई वर्षों का खिस्सा टटोलने के बाद भी कोई लेश नहीं मिला कि पिछली मर्तबा मैंने रितेश को कब याद किया था, ज़ेहन में उसके याद की परछाई भी नहीं थी, उस मुलाकात से पहले किंचित भी नहीं!
माँ ने बताया था उसकी शादी का कार्ड आया है.
मेरी शुभकानाएं देना उसे.
तुम ? माँ ने आगे कुछ नहीं कहा.
मैं ख़ुश हूँ, मेरे पास वक्त नहीं है।
एक साथी की दरकार तमाम उम्र होती है। कितना तो टूटन था माँ की आवाज़ में, दर्द की चुभन और बेज़ारी।
तब मैंने कहाँ समझा था, बिफर पड़ी थी “कितनी घिसी पिटी बात है यह”।
जीवन जीना भी घिसी-पिटी बात है ख़ासकर ऐसा जीवन जिसका कोई मक़सद नहीं हो, बेमकसद जीवन जीना वास्तव में ढोना होता है अपने कंधों पर अपनी लाश की तरह, माँ ने जैसे कहीं पढ़ी कंठस्थ पंक्ति दोहरा दी।
कभी-कभी लगता है किसी दिन सोकर ना उठूँ तो कौन पढ़ सकेगा मेरी तन्हाई का आख्यान, किसे मालूम होगा मेरे अकेलपन की त्रासदी। मेरी ज़िन्दगी जो विरह गीत है कौन गुनगुनाएगा अपने एकांत में रेड वाइन गटकते हुए?!
माँ की आवाज़ में खिन्नता आजकल पीछा करती है उस एकाकी में जिसमें सूनापन सुई सा बिंधता हैं मन और आत्मा।
रितेश से मिलने को सुयोग नहीं कहूँगी, कुसंयोग भी नहीं कहना चाहती, वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ था.
रितेश ने कहा मैं उसकी दोस्त हूँ।
सच दोस्त ही तो थे, बालपन के दोस्त। जवानी आते -आते इस दोस्ती में प्रेम का घालमेल हो गया जिसे मैं निष्ठुरता से नज़रअन्दाज़ करती रही वह एहसास करवाता रहा मैं देख कर अनदेखा करती रही!
मुझे बहुत आगे जाना है रितेश।
कहते हैं मनपसंद हमसफ़र हो तो सफ़र दिलकश हो जाता है।
ये लाईनें फ़िल्मों में ही अच्छी लगती है, मैंने उसके हाथ से अपना हाथ खींच लिया था!
आँखों का गीलापन, हथेलियों की नमी तर -बतर करती है मुझे आजकल, मन सिक्त रहता है हरदम।
इस मोड़ से जाते हैं …भीतर प्लेयर पर बज़ रहे गीत के बोल से मैं अपनी आवाज़ मिलाती हूँ।
कुछ सुस्त कदम रस्ते, कुछ तेज कदम राहें…
अचानक यह गीत नश्तर सा चुभने लगा, हरेक पंक्ति के एक-एक शब्द मुझे बोटी बोटी कर रहे थे, मैं अपने ही लहू में नहाई मांस का एक लोथड़ा भर थी, तड़पती। कराहती। बिलबिलाती!
रितेश का ख़ुशहाल परिवार देख भीतर का ख़ालीपन और गहरा गया था, जिसे लाख कोशिशों बाद भी छुपाना मुमकिन नहीं हुआ।
तुम ठीक हो? रितेश हमेशा की तरह मेरी बेचैनी समझ गया था।
मुझे तुमसे जलन हो रही है, वेसोचे कह गई।
बुलंदियों लुभाती है, पहुँच कर हम अकेले रह जाते हैं. उसने व्यंग में कहा!
उस दिन भी जलसे में मैं खिड़की के पास अकेली खड़ी बाहर गिरता बर्फ देख रही थी जब पीछे से हुमैरा की आवाज़ आई थी “कितना नाज़नीं मंजर हैं ना”.
मैं पलटी, क्या खूब हिंदी बोलती हैं आप.
उर्दू का शौक है मुझे, कोई अपने वतन का मिल जाता है तो ज़ुबान साफ़ कर लेती हूँ, कहकर खिलखियाई थी बेलौस। अलहदा क़िस्म की स्त्री, भीड़ से जुदा, मुझे अपनी ओर खींचती, किसी जादुई ज़ोर से।
इसी बहाने आपसे पहचान हुई। इस औपचारिक मुलाकात ने जुड़ाव का दूसरा दरवाजा खोला, मन का। जिसपर बरसों से ताला जड़ा था!
शिकायतों की पोटली खोल मैं हुमैरा के सामने बैठी थी। यहाँ कोई बात नहीं करता, चुप की दीवार सबके होंठों पर खिंची होती है। बसों में स्वेटर बुनने में तल्लीन स्त्रियाँ मनगढ़ंत कहानियों की नायिका सदृश मुझमें खिन्नता भरती है और किताबों में डूबे पुरुषों से ऊब होती है!
भाई-बहन तंज करते कि किताब के बाहर दुनिया बहुत सुंदर और दिलकश है.
मैं कहती यह किताब ही मुझे दुनिया दिखाएगी।
जानती हैं ख़मोशी अपने आप में एक बीमारी है, एडिथ एगर कहती हैं ख़ामोशी आपके कमरे की खिड़की है जिसका बंद होना निराशा है, जबकि खुली होना मानसिक स्वतंत्रता, मुझे गुजिस्ता में डूबा देख उसने कहा। यहाँ, प्राग में एक-एक महीने तक अपनी बारी का इंतज़ार करते हैं मुहताज, कहकर हुमैरा चुप हो गई.
मैंने देखा ठीक उसकी कुर्सी के पीछे दीवार पर कई सारे मानसिक रुग्णता से आज़ादी संबंधित कोट्स फ्रेम में टंगे थे, टेबल टॉप स्टैंडी पर एडिथ एगर का कोट “डिप्रेशन इज द अपोजिट ऑफ़ एक्सप्रेशन” जरूरतमंद से मुखातिब है!
मानसिक व्याधियाँ केवल एक रासायनिक दुर्घटना नहीं है, अक्सर लंबे समय तक बिना भाषा के बहुत कुछ ढोते रहने की क़ीमत है, सच तो यह ‘चुप्पी मर्ज है, कि बोलिए, बोलना ही शिफा है”।
एक नावाक़िब सी उदासी देह-मन पर यूँ छाई रहती है मानों मेरा ही अंगरखा हो, अकेलेपन की निरीहता में यह नामुराद और भी गदबदी हो आती है। बाज दफ़ा लगता है किसी जे जादू टोना किया है मुझपर या कोई बहरूपिया उदासी का रूप धर कर छल से मेरे भीतर घुस बैठा है, मैं अपने इस मतान्ध मन को काले पानी के कुएँ में फेंक आना चाहती हूँ, चाहती हूँ यह वहीं सड़ गल जाए। ऐसा मन रखकर कोई करे भी क्या भला? जिसपर कोई अंकुश नहीं!
पिछले दिनों “ओ मेरे दिल के चैन…” गीत के बोल बिखरे तो आँखे अनायास ही बहने लगी जैसे कोई पुराना ज़ख्म सलहा दिया हो. किसी भीतरी धक्के से एकबारगी कह गई।
मैं एक शांत कमरे में साफ़ सुथरे बिस्तर पर लेटी हूँ, कोई मद्धम संगीत बज रहा है जिसकी धुन मेरी समझ में परे हैं। रोशनी का एक बारीक कतरा कमरे में तैर रहा है, उसकी हाथ से नीले धागे के सहारे अस्फटिक का विषमकोन झूल रहा है ठीक मेरी आँखों के ऊपर। मैंने देखा मैं हवा में तैर रही हूँ, बादल के एक टुकड़े सी, गुजरे हुए कल का रंध्र है मैं उतर रही हूँ धीरे-धीरे.
भावुक रिसाव का संबंध रितेश से जुड़ा मिला, वह अक्सर गुनगुनाया करता था यह गीत उन दिनों। मैंने जाना उन दिनों की याद मेरे भीतर एक फाँस की तरह अटकी है, चुभती रहती है हर हमेशा!
मैं किसी बंधन में नहीं बंधना चाहती रितेश.
संबंध बंधन नहीं होता।
मुझे शब्दों के जाल में मत उलझाओ, मैं सुलझा जीवन जीना चाहती हूँ!
बीते हुए वक्त का कतरा किसी विद्युतीय झटका सा समूची देह झनझना गई, आँखें बारिश में खर पतवार सी बह चली। मैंने जाना विह्वल आँसुओं को जब्त करना सीने पर पत्थर ढोने जैसा वजनी है,धड़कन मंद पड़ गई, साँस तेज चलने लगी। गले की नालियाँ सूज सी गई, थूक घोंटना भी मुहाल हो गया!
मैं बेहोश हूँ। मैं होश में हूँ। वह मेरा माथा सहला रही है, उसके कोमल हाथ मुझे माँ की याद दिलाते हैं, मैं उसका हाथ पकड़ लेती हूँ “मुझे छोड़कर मत जाओ माँ, तुम्हारे बिना मेरा कोई नहीं”!
उन दिनों मैं फ्रांस में थी और माँ… सब त्याग गई। मैं नहीं देख पाई उसको आख़िर बार, वह पुकारती कि आ जाओ देख लूँ आख़िरी बार।
वह टिश्यू से मेरे आँसू पोछ रही हैं,उसकी देह गंध मुझे खींच रही हैं मैं अनायास ही उससे लिपट गई,
माफ करना। अपनी अशिष्टता पर लज्जित मेरी नज़रे नीचे थी, फर्श को भेदती हुई,
शर्मिंदा ना हो, दफ़े -दफ़े भावनाओं के आवेग में बह जाना स्वाभाविक मानवी प्रक्रिया है!
कोने वाली कुर्सी पर मैं विस्मित बैठी हूँ, होंठ चबाती हुई नाखून से रंग खुरचती हुई असमंजस की स्थिति में। कितना कुछ ओझल था भीतरी ओट में, दरवाजा खुलते ही भड़भड़ा का गिर आया, छोटी -छोटी गाँठ, कई सारी, अनगिनत गांठे।
कॉफ़ी पीकर बेहतर महसूस करेंगी, हुमैरा फ्रेंच प्रेस से कॉफ़ी उड़ेल पारदर्शी मग मेरी ओर बढ़ाती है।
मुझे इलायची की महक आ रही है। मैं इलायची कूट रही हूँ, घंटी की आवाज़, जल्दी-जल्दी मंत्रों का उच्चारण साथ में तेज पुकार “चाय बन गई मेरी”? ज़ेहन में माँ की आवाज़ गूँजती है।
मैं अनायास ही कहती हूँ “मुझे इलायची वाली चाय की तलब हो रही है”!
मैंने देखा हुमैरा मुस्कुरा रही है।
कथाकार प्रियंका ओम तंज़ानिया में रहती हैं। कहानी संग्रह : वो अजीब लड़की (2016), मुझे तुम्हारे जाने से नफ़रत है (2018), दिन हुए दिवंगत (2023)। उपन्यास : साज़-बाज़ (2025)।
ईमेल : pree.om@gmail.com