तुम्हारे लिए
************
भाग छत्तीस
**************
मेघा अपर्णा से मिलने के बाद तन्मय के सामने बैठी हुई थी और उससे बातें कर रही थी.. “सच कहूं तो मुझे बहुत पसन्द आई है तेरी यह अपर्णा ,साफ सुथरे मन की , सच में बहुत खूबसूरत और अपने हालातों की शिकार,सच ही कहा
था तूने ,उसे विमलेश से अधिक खुद के किए पर अफसोस है,और इसीलिए उसने फिलहाल खुद को अपने ही भीतर बंद कर लिया है,वो अभी किसी भी रिलेशनशिप के लिए तैयार
नहीं है ,जो भी नुकसान हुआ है उसने अपने दिल पर लिया है , और जहां तक मेरा ख्याल है वो तेरे बारे में तो सोच ही नहीं
रही बल्कि यह कहना ज्यादा उचित होगा कि वो चाहे तब भी नहीं सोच सकती और इसकी वजह भी साफ है ,उसने खुद
को अपनी ही.नजर में गिरा लिया है,और उसके ख्याल में
तेरा और उसकी कोई तुलना ही नहीं है,न ही सामाजिक दृष्टि
से और न ही मानसिक दृष्टि से, उसे तो यही लगेगा न कि चाहे तू एक बार उसे अपना भी ले , पर उसकी बदनामी तो उसके साथ ही रहने वाली है ,वो प्यार को तो गलत नहीं समझती पर उसके प्यार के परिणाम ने उसे जरूर गलत साबित कर दिया है ,और इसलिए अब वो किसी प्यार व्यार के झमेले में नहीं
पड़ना चाहती ,और उसका सोचना एकदम सही है कोई भी सेंसेबुल आदमी ऐसे ही सोचेगा….”
“क्या दीदी ,आप तो बात को गोल गोल घुमा रही हैं , एकदम जलेबी की तरह ,अगर यही सच है तो बात खत्म, इस का मतलब मुझे फिर से एक और लंबा इंतजार करना होगा, जब तक उसका मन न बदले या उसे मेरे इंतजार का सही से अहसास न हो..” मेघा अपने भाई के भीतर छुपे हुए एक प्रेमी और एक पुरूष को पहली दफह देख रही थी, इतना सरल
और खामोश दिखने वाला यह व्यक्ति भीतर से किसी के लिए कितना सुलग रहा है।
“वाह , मतलब तुम और कुछ साल तक अनमैरिड
ही रहने वाले हो ,मुझे अब पता चल रहा है तेरे हर वक्त उदास उदास रहने का मतलब.,पर नहीं ऐसा कुछ करने की जरूरत नहीं है , मैंने कुछ सोचा है ,अपर्णा से बात तो मैंने कर ली ,
प्यार व्यार का रास्ता तो बंद है फिलहाल के लिए पर हां,दूसरा
रास्ता एक जरूर है,पहले उसने मन की करके देख ली और मात भी खा ली और अब वो लौट आई है घर की दहलीज में
तो हमें भी अब उसी तरफ से प्रवेश करना होगा,पहले हम
मैडम फ्रांसिस से बात करते हैं फिर उसके पिता से ,उस तरफ का दबाव मेरा ख्याल है जरुर काम कर जायेगा.और अगर
ऐसा हुआ तो हम आखिर में पापा मम्मी से बात करेंगे..और
मेरा ख्याल है मम्मी तो हमारी तरफ हैं ही,थोड़ी मुश्किल तो
होगी पर मुझे लगता है तेरी डगमगाती नैया किनारे लग ही जायेगी….”
अपनी दीदी की बात सुन कर खिल उठा था तन्मय
का चेहरा , कितना सही सोचा है दीदी ने,इस तरह तो अपर्णा को भी लगेगा कि वो अब कोई और गलत कदम उठाने नहीं
जा रही।तन्मय को अपने में गुम हुआ देख कर मेघा ने ही अपनी बात को और आगे बढ़ाया.. ” पर अब एक बात मेरी
और सुन ले…अब जो सन्डे आयेगा न ,उस दिन जाऊंगी मैं
अजमेर ,तेरे जाने की जरूरत नहीं है पर मैं अपने साथ दिवा
कर को ले जाऊंगी, और इसके लिए मुझे उन्हें भी सब कुछ बताना होगा.,नहीं ,चौंक मत.,कुछ नहीं होगा ,वो तेरे हक में
ही हैं,तुझे विश्वास नहीं होगा पर जब तू ट्रांसफर हो कर यहां आया था न,तभी उन्होंने तेरी उदासीनता देख कर भांप लिया
था कि जरूर तू किसी प्रेम प्रसंग में पड़ा है ,और मुझसे कहा भी था कि तेरे लिए रिश्ता तलाशने से पहले तेरा मन टटोलूं , याद है ,तभी मैं रात में तेरे कमरे में आई थी और तुझसे पूछा
भी था..याद है न उस दिन की बात….”
तन्मय यह सुन कर सकुचा गया था ,मतलब उसकी खामोशी ने भी राज फ़ाश कर दिया था ,सच ही कहा जाता है ,इश्क और मुश्क छुपाए नहीं छुपते…” ठीक है दीदी ,आप जैसा चाहें वैसा करें ,अब सब आप पर छोड़ दिया है मैंने….”
” अगर यह बात है तो समझ ले कि तेरा काम हो गया , पर हां, पापा को मनाना टेड़ी खीर जरूर साबित हो सकता है ,पर पहले यह बात तो वहां तक पहुंचे…खैर , अब मैं चलूंगी
तू भी नीचे आ जा ,जाने से पहले एक बार पापा मम्मी से और मिल लूं….”
मेघा तो थोड़ी देर बाद ,पापा मम्मी से बात करके वापस रवाना हो गयी थी,और तन्मय भी अपनी दीदी की इस छोटी सी यात्रा के बाद संतुष्ट था ,नाम मात्र की ही सही पर
कुछ तो रौशनी नजर आने लगी थी,वो घर से बाहर निकल ही
रहा था कि जाह्नवी का फोन आ गया था….
” क्या कर रहे हो….” थोड़ी अनिच्छा से फोन उठाया था तन्मय ने ,वो इस समय कम से कम जाह्नवी से मिलना नहीं चाहता था ,बल्कि सच तो यह है कि जब से अपर्णा जयपुर लौट आई थी ,उसके बाद तो उसके मन में एक डर सा बना रहता था कि कहीं जाह्नवी उसे अकेले मिलने के लिए न बुला ले ,और फिर से वो कोई ऐसी बात न कह दे जिसका जवाब देना ही उसे मुहाल हो जाए,उसने जाह्नवी के सवाल पर तुरंत कहा…”मैं अपने दोस्त से मिलने निकला हूं …आप बताइये , आपने कैसे याद किया…”
“एक बार तुमसे मिलना चाह रही थी, इफ इट इज पॉसिबल..आ सकते हो क्या…”एक दफह तो तन्मय इस
समय आने से मना करना चाहता था पर फिर उसने कहा … “ठीक है, मैं दस मिनिट में पहुंचता हूं आपके पास,रीजेन्ट मॉल में ही आना है न मुझे…”
*******************
(शेष आगे )
अजय कुमार