भाग – 21
” हैप्पी बर्थडे । ” उसे देखकर वह मुस्कुराया
” बहुत बहुत शुक्रिया, की आपने आज ही विश कर दिया । ” उसने नाराज़गी से कहा।
” जन्मदिन आज है तो विश भी आज ही तो करना पड़ेगा। “
” जी, मैं सदैव आपकी आभारी रहूँगी। “
” यह फूल किसने भेजे ? बड़े सुन्दर हैं। ” उसने सुबह आये हुए गुलदस्ते की ओर इशारा किया।
” जिसे हमारी सबसे ज्यादा परवाह है। “
” अच्छा ! जानकर हैरानी हुई कि किसी को आपकी हमसे भी ज्यादा परवाह है।”
” और हमें यह जानकर हैरानी हुई कि आप हमारी परवाह भी करते हैं। ” वह व्यंग्य से बोली।
” इतनी नाराज़गी ? ” शौर्य ने दोनो हाथों में उसका चेहरा थाम लिया और उसकी आँखों मे देखने लगा। उसने दूसरी ओर चेहरा घुमा लिया।
” हमें माफ कर दीजिए, सुबह चाहकर भी हम रुक नहीं पाए। ” उसने मनाने की कोशिश की।
” उसके बाद पूरे दिन आपको इतना समय नहीं मिला कि एक कॉल भी कर सकें ? शाम को भी इतनी देर में आये, सब आपके विषय में पूछ रहे थे। ” न चाहते हुए भी उसका स्वर भीग गया।
” तौबा, आप तो बेहद नाराज हो गईं।” उर्वशी ने अपने चेहरे से उसके हाथ हटा दिए और कमरे से बाहर निकल आयी। उसे बहुत नाराज देखकर शौर्य घबरा गया और उसके पीछे भागा। बाहर आकर उसका हाथ पकड़ लिया और बाहों में भर लिया।
” रियली वेरी सॉरी। ” उसने मनाने कोशिश की तो वह कसमसाई। बन्धन अब और दृढ़ हो गया। उसके चेहरे की ओर झुका ही था कि उसने झट से मुँह दूसरी ओर कर लिया
” रहने दीजिए, मेकअप बिगड़ जाएगा। बहुत समय लगाकर नैन्सी ने तैयार किया है। ” एक पल को वह अचकचा गया , फिर पूरी बात समझकर जोर से हँस पड़ा।
” बिगड़ने दीजिये, आप बिना मेकअप के भी बहुत खूबसूरत लगती हैं। ” कहकर उसने उर्वशी की पलकों पर अपने अधर रख दिये। इसके बाद उसके मस्तक, कपोल पर चुम्बन लेता हुआ होंठो पर झुक गया।
तभी किसी के वहाँ होने का अहसास हुआ, तो उन दोनों ने चौंक कर देखा। सामने शिखर खड़े दिखाई दिए। उर्वशी ने एक झटके से स्वयं को उसकी गिरफ्त से छुड़ा लिया, और तेजी से कमरे में चली गई, शौर्य सकपका गया।
” आप सुबह से कहाँ गायब हैं शौर्य ? जब आपने उठकर देखा की, वह घर पर नहीं थी, तो क्या रुकना आपका फ़र्ज़ नहीं था ?” शिखर ने कुछ नाराज़गी से पूछा।
” वो, भाई सा …. एक ज़रूरी … क .. काम आ गया था। ” वह हड़बड़ा गया।
” ऐसा कौन सा ज़रूरी काम था, जो आप थोड़ा इंतज़ार नहीं कर सकते थे ? आपकी पत्नी का जन्मदिन था। क्या आपने उन्हें सुबह विश किया ?” जवाब में शौर्य ने सर झुका लिया।
” वह अपना घर परिवार छोड़कर यहाँ आपके लिए आई हैं, अगर आप ही उनका ख्याल नहीं रखेंगे तो वो किससे शिकायत करेंगी ?”
” हमसे गलती हो गई भाई सा। ” उसने सर झुकाते हुए कहा।
” मनाइए उन्हें, और जल्दी से तैयार होकर आ जाइये। ” शिखर ने कहा तो शौर्य अपने कमरे की ओर चल दिया। शिखर पलट कर गार्डन की ओर चल दिये।
थोड़ी देर पहले जो प्रफुल्लता उनके चेहरे पर थी , अब वह गायब हो गई थी। उनकी आँखों के सामने एक ही दृश्य चल रहा था। शौर्य की बाहों में जकड़ी हुई उर्वशी का। उन्होंने हृदय में अजीब सी जलन महसूस की । कितने प्रसन्न थे, वह उर्वशी के जन्मदिन के लिए पार्टी का आयोजन करते हुए ! कितना सोच समझकर उसके लिए शानदार गाड़ी खरीदी थी। वह उसके कदमों में दुनिया की एक से एक बेहतरीन चीजें, लाकर डाल देना चाहते थे। उनका वश चलता तो उसके आगे हर नायाब वस्तु का ढेर लगा डालते , पर किस अधिकार से ? उनका उसपर हक़ ही क्या है। वह उनके छोटे भाई की पत्नी है, उसे सोचने का उन्हें अधिकार नहीं।.समाज की दृष्टि में यह अपराध है, पाप है।
यह ख़्याल अक्सर उनके मन में आता और वह उसके लिए कुछ करने से पहले रुक जाते। सुबह भी कितनी जल्दी उठकर उसके लिए भागे थे। पूजा से लौटकर जब देखा, कि शौर्य घर मे नहीं है, तो समझ गए कि वह उदास हो गई होगी, अब शायद कुछ खाए भी नहीं । तो ऐश्वर्या से कहकर उसे नाश्ता करने के लिए बुलवाया। वह नहीं चाहते थे, कि आज के दिन वह उदास रहे। उसका चेहरा देखकर वह समझ गए, कि वह इस समय बहुत आहत है। फिर उसके लिए, शौर्य के नाम से फूल भी भेजे।
कितनी खुश हुई होगी वह, फूल देखकर, पर शौर्य ने सब किया धरा बेकार कर दिया। पार्टी शुरू हो गई और उसका पता ही न था। उनकी दृष्टि बार बार उर्वशी के चेहरे पर जा रही थी। वह बेशक मुस्कुरा रही थी, पर उस मुस्कुराहट में घुली हुई उदासी वह महसूस कर पा रहे थे। जब काफ़ी देर हो गई, तब उन्होंने शौर्य को फोन करके अपनी नाराज़गी जताई और उसे तुरंत आने को कहा। जब घर आने के बाद शौर्य ने उनके मोबाइल पर फोन करके, उर्वशी से बात करवाने को कहा, तो उर्वशी का मूड देखकर उन्हें डर लगा, की कहीं दोनो में झगड़ा न हो जाए। इसीलिए वह उन लोगों के पीछे आ गए थे, पर जब उन दोनों को प्रणय बन्धन में देखा, तो बर्दाश्त करना मुश्किल लगा। वह समझ नहीं पाए कि उन्हें ईर्ष्या क्यों होनी चाहिए। वह दोनों पति पत्नी हैं, अगर उनके मध्य अंतरंगता होती है, तो इसमें गलत क्या है ? उन्हें क्यों बुरा लग रहा है ?
* * * * *
आजकल ग्रेसी शौर्य को बहुत परेशान कर रही थी। जब देखो तब उनका झगड़ा हो जाता। उसकी चाहतें पूरी करने के चक्कर में वह अपने काम पर भी ज्यादा ध्यान नहीं दे पा रहा था। अब ग्रेसी का दबाव उस पर बढ़ता जा रहा था । वह हमेशा कहती कि वह बिल्कुल बदल गया है। वह उससे प्रेम करके पछता रही है, आखिर उसे हासिल क्या हुआ ? न तो उसने ग्रेसी से विवाह किया और न ही अब प्रेमी रहा। वह तो हर तरह से घाटे में रही। कई बार वह उर्वशी को बहुत बुरा भला कहती, जिसे शौर्य बर्दाश्त न कर पाता। जबसे उसे पता लगा कि उर्वशी को जन्मदिन पर उपहार में ऑडी मिली है तबसे वह भी किसी कीमती उपहार की अपेक्षा करने लगी थी।
अब शौर्य को कोफ़्त होने लगी थी कि किस बुरी घड़ी में वह ग्रेसी के सम्पर्क में आया। उसे महसूस हुआ कि भाई सा ने सही कहा था कि वह लड़की बिल्कुल भी डिज़र्व नहीं करती है, कि उनके खानदान की बहू बने। उस वक़्त तो उसे भाई सा पर बहुत क्रोध आया था । उसे लगा था कि वे हर चीज़ को पैसे के तराजू पर तोलते हैं। उनकी सोच उसे बहुत घटिया लगी थी, पर अब लग रहा था कि वह कहीं भी गलत नहीं थे। उनकी पसन्द लाजवाब थी। आज तक उन्होंने, जीवन में सर्वश्रेष्ठ का ही चुनाव किया था। मामूली चीजें तो वह देखते भी नहीं थे। जबकि वह हर स्तर पर उनसे हीन ही साबित हुआ।
क्रमशः