नीना अंदोत्रा का उपन्यास सरोरुह – भाग -7

सरोरुह

भाग -7

बेचैन करती गंध

मौसम इश्क़िया हो रहा है। एक अजीब-सी ख़ुशी चंदों को इस गुलाबी मौसम में सहला रही है। बदलते मौसम के साथ कितना कुछ बदल गया, जो चंदों ख़ुद को सिगरेट के धुएं में जलाती थी, अब वह किसी के प्रेम में है।
बढ़ती हुई ठंड, पहाड़ी क्षेत्र में हुई बर्फबारी की ओर इशारा कर रही है। चारों ओर कोहरा का राज है। खेतों में अंकुरित हो रही गेहूँ की हरियाली ओस से तर है। पौष माह का आगमन हो गया, पर चंदर के एहसास की गर्माहट है उसके पास। मोहब्बत में इंसान अकेला होता ही नहीं है, महबूब साये की तरह हरदम साथ होता है। हर समय चंदर उसके ख़यालों की कनखियों से झांकता हुआ उसे छेड़ जाता, पुचकार देता, सहला देता…। ख़ूबसूरत ख़यालों से ही तो मिलती है जीने के लिए ज़रूरी ऊर्जा।
रास्ते के एक तरफ़ ट्रैक्टर पलटा हुआ देख चंदों घबराते हुए ख़यालों की दुनिया से बाहर आ गयी। धुंध की वजह से आस-पास देखना मुश्किल हो रहा है। पास जाकर देखा तो ट्रैक्टर रणधीर का था। देखते ही घबराहट से वह कांपने लगी। ख़ून से लथपथ रणधीर को जैसे-तैसे खींचकर उसने एक किनारे पर किया। देखा तो सांस बहुत मध्यम थी। घबराई हुई चंदों ने जानकी को फोन कर सब बताया। फिर रणधीर को संभालने लगी। उसका शरीर ठंड के कारण बिलकुल अकड़ गया था। उसने अपनी काली शॉल में रणधीर को लपेट लिया… कभी उसके हाथ रगड़ती, तो कभी पाँव। कोई भी रास्ते में आता जाता नहीं दिखा। वह घबराई ज़रूर, पर उसने अपनी कोशिश एक पल को भी न छोड़ी।

108 पर चंदों ने फोन कर दिया , पर एम्बुलेंस नहीं अभी तक नहीं आई थी। समय भागने को उतारू था, रणधीर की साँस डूबती महसूस हुई तो चंदों ने तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया।
जब जानकी वहाँ पहुँची तो उसने देखा कि चंदों का अंगूरी रंग का गर्म सूट ख़ून से भर गया है और उसके होंठ रणधीर के होंठों पर है…।
‘चंदो… चंदो।’ जानकी ने उसका कंधा पकड़ कर हिलाया।
‘जानकी, देख रणधीर को साँस नहीं आ रही।’ बोलते हुए चंदों जानकी के गले लिपट कर रो पड़ी। जानकी की सफ़ेद शॉल पर ख़ून के धब्बे उभर आये और उसकी आँखों में ख़ौफ़ के। जानकी पत्थर की बुत बनी सब एकटक देखती रही, नए हादसे पुराने हादसों की याद दिला देते हैं। पीछे खड़े जैलदार साहब दोनों के दुख से परिचित थे।
कुछ देर में एम्बुलेंस आ गई। रणधीर का परिवार भी पहुँच गया।
प्राथमिक उपचार के दौरान एम्बुलेंस रणधीर को ले गई। जानकी और चंदों जैसे एक जगह पर जम गई हों, उनकी आँखों के सामने उनके हिस्से के दुख तैर रहे हैं।
चंदों वर्षों से मृत बनी जी रही थी। वर्षों पहले उसकी हँसती-खिलखिलाती ज़िंदगी ऐसे ही एक हादसे ने बदल दी थी। जाने वाला तो चला जाता है, पर उसके साथ जुड़े लोग हर पल तिल-तिल कर मरते हैं। चंदों भी बरसों से तिल-तिल मर रही थी, चंदर ने इस सिलसिले को थाम लिया , लेकिन जानकी के घाव अभी हरे हैं। आज रणधीर को देख कर उसको अपने पति का एक्सीडेंट याद आ गया। कुछ महीने पहले ऐसे ही ख़ून से सना चेहरा उसके हाथों में था। कितनी कोशिश की थी उसको उठाने की, रोई थी, चिल्लाई थी, पर शरीर से जान निकल जाने के बाद कहाँ कोई उठता है, कब जाने वाला पीछे वाले को मुड़कर देखता है।
कुछ देर बाद बड़े जैलदारजी उन दोनों को लेकर घर पहुँचे। सभी लोग चंदों से बार-बार सवाल-जवाब करने लगे। ‘तुमने जब देखा तो, सांस आ रही थी?’
‘सिर पर ज़्यादा चोट है क्या? तुमने देखा था अच्छे से?’
चंदों कभी चुप रहती, तो कभी सोच कर जवाब देती।
‘तेरे सारे कपड़े खून से रंगे हुए हैं। इनको बदल और चाय पी ले।’ बड़ी जैलदारनी ने उसे अपने कपड़े देते हुए कहा। आज फिर चंदों को गुलाल याद आई I याद आया ममताभरा स्नेह I
‘कुछ नहीं होगा। सब ठीक हो जायेगा, जल्दी उठ, सर्दी बहुत है।’ चंदों को जवाब न देते देख बड़ी जैलदारनी ने उसका सिर सहलाते हुए कहा।
जात-बिरादरी में यक़ीन रखने वाली बड़ी जैलदारनी आज चंदों के ख़ून से भरे कपड़े देखकर कुछ पल के लिए उसकी जात भूल गई। उन्हें बस इतना पता रहा कि उसकी हालत ठीक नहीं है, ठंड भी ज्यादा हो रही है। उसे एक कप गर्म चाय की ज़रूरत है।
चंदों ने बाहर के नल पर मुँह हाथ धोया, ख़ून से भरे हाथों को कितनी बार साबुन लगाया पर अजीब-सी गंध अभी भी उसको बेचैन कर रही है।
गंध… उस आदमी की गंध, जिससे वह हमेशा भागती थी, जिसके कारण वह कई-कई दिनों तक परेशान रहती थी, उसको आज सिर्फ़ छुया ही नहीं, बल्कि उसको बचाने की जी जान से कोशिश भी की।
जानकी चंदों की बेचैनी को समझ रही है। ‘मेरे कमरे के बाथरूम में गर्म पानी से नहा ले, फिर दोनों चाय पीते हैं।’ बोलते हुए जानकी ने चंदों के लिए निकाले हुए कपड़े उठा लिए और अपने कमरे की ओर चली गयी। चंदों बोलना चाहती थी कि बाक़ी घर के लोग क्या कहेंगे, जो वर्ग बड़े घरों के ग़ुसलख़ाने साफ़ करने के लिए हैं, उनको इस्तेमाल का हक़ किसी ने नहीं दिया। जानकी उसके चेहरे के भाव समझ गयी , मगर उसने समझकर भी न समझना ही बेहतर समझा।
चंदों ने नहाकर बड़ी जैलदारनी का मरून रंग का कश्मीरी कढ़ाई वाला सूट पहन लिया। लम्बी कुर्ती, छोटे पोंचे वाली सलवार… अब इसे लौटाया नहीं जा सकेगा।
‘क्या सोच रही है? इधर बैठ कांगड़ी के पास I’ कांगड़ी पर जानकी का हाथ लगते ही उसकी घुंघरुओं की झालर छनक उठी।
कुछ राहत जानकी के अपनेपन ने दी, कुछ कांगड़ी ने। इतने में चंदो का फोन बज उठा। वह जानती है कि चंदर का फोन होगा, पर इस वक्‍़त रणधीर के अलावा वह कुछ सोच ही नहीं पा रही। बस एक ही बात उसके जेहन में आ रही- ‘रणधीर बच तो जाएगा न!’
जो चंदों रणधीर को देखकर ही रास्ता बदल लेती थी, वो आज उसके सलामत लौट आने की प्रार्थना कर रही है। एक हमदर्दी जगी है दिल में। मृत्यु के आगे सब रंजिशें नाममात्र हैं। मृत्यु अपने साथ सारे भेद मिटा देती है। बिंदास, निडर चंदों मौत के दृश्य से कुछ भयभीत थी I
‘भगवान पर भरोसा रख।’ जानकी ने तसल्ली देते हुए कहा।
चंदों ने भी अपने आप को समझाया। जानकी की बेटियां भी उसे घेरे रहीं। बच्चों का हँसता चेहरा देख हर इंसान अपना दुख भूल जाता है। कुछ देर बाद जब वह घर लौटने को हुई तो बड़े जैलदार जी उसे देख कहा, ‘अज तू बड्डी जैलदारनी की ही बेटी लग रही है।’ चंदों ने जैसे खुद पर ध्यान देने की कोशिश की, फिर बड़े जैलदार जी की ओर देखकर मुस्कुरा दी।
‘सुन, सब ठीक ही होगा इसलिए कोई भी बात दिल से मत लगाना।’ ढांढस बंधाते हुए बड़े जैलदार ने कहा।
‘होश आ गया रणधीर को।’ सम्राट किसी से फ़ोन पर बात करते हुए अपने पिता के पास बैठ गया। भाई की बात सुन जानकी भी अपनी छोटी बेटी को उठाये बाहर बरामदे में आ गयी।
‘हीरानगर वालों ने जम्मू रैफर कर दिया था, होश आ गया है। वक़्त पर हॉस्पिटल पहुँच गया, तो बच गया, नहीं तो कुछ भी हो सकता था।’ सम्राट ने फोन रखते हुए चंदों को कहा।
चंदों के मन की नाव जो सुबह से हिचकोले खा रही थी, अब स्थिर हो गई। अपने छोटे से प्रयास के कारण किसी की जान बचती देख उसके मन में राहत थी। इस राहत के लिए उसने मन ही मन कितनी ही बार भगवान से प्रार्थना की थी। भगवान ने उसकी सुन ली थी, रणधीर बच गया था, पर अब अपने लिए चंदों का मन खिन्नता से भर गया। रह-रह कर वो अजीब-सी गंध उसके मन को छू रही है… इस गंध को पीछे छोड़ देना चाहती है वो। जिसे देखना न चाहा हो उसे छु लिया जाये तो मन में खिन्नता आ ही जाती है बेशक जो भी हुआ वो सब समय की मांग थी पर इस मांग को स्वीकार कर उसने अपने मन में उथल – पुथल मचा दी, बार – बार उसे अपने आस-पास रणधीर का चेहरा नज़र आ रहा था और नजर आ रहे थे बेसुध शरीर के अधखुले होंठ I आज वर्षों बाद उस का जी अपने वश में नहीं है I

क्रमशः
नीना अंदोत्रा

WhatsApp Image 2026-06-17 at 10.53.15 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment