भाग -22
उसे महसूस हुआ कि भाई सा ने सही कहा था कि वह लड़की बिल्कुल भी डिज़र्व नहीं करती है, कि उनके खानदान की बहू बने। उस वक़्त तो उसे भाई सा पर बहुत क्रोध आया था । उसे लगा था कि वे हर चीज़ को पैसे के तराजू पर तोलते हैं। उनकी सोच उसे बहुत घटिया लगी थी, पर अब लग रहा था कि वह कहीं भी गलत नहीं थे। उनकी पसन्द लाजवाब थी। आज तक उन्होंने, जीवन में सर्वश्रेष्ठ का ही चुनाव किया था। मामूली चीजें तो वह देखते भी नहीं थे। जबकि वह हर स्तर पर उनसे हीन ही साबित हुआ। वे पूरे परिवार का हित सोचते थे जबकि वह केवल स्वहित ही सोचता है। वह बेमतलब के पचड़ों में उलझकर रह गया है। ग्रेसी उसके जीवन को नरक बनाने को तुली हुई है। वह उर्वशी की खुशियाँ भी सोखती जा रही है। पुराने दिनों की खातिर वह ग्रेसी के साथ कुछ गलत नहीं करना चाहता था। उसे लगता था कि उसके साथ बहुत सारा वक्त अच्छा गुज़ारा है, तो उसकी भावनाओं को चोट न पहुंचाए, पर वह कुछ समझने को तैयार ही न दिखती थी।
* * * * *
शिखर का यह नियम था, कि वर्ष में दो बार वह हर काम से छुट्टी लेकर पूरे परिवार के साथ भृमण पर निकल जाते थे। यही समय होता था, अपनों के बीच क्वालिटी टाइम बिताने का, गिले शिकवे दूर करके, जीवन रूपी एल्बम में कुछ अविस्मरणीय पल संजोने का। इन दिनों वह व्यवसाय की कोई बात नहीं करते थे । ये दिन उन सबके जीवन में आयी नीरसता को मिटाकर नए रंग घोल देते थे, मन मस्तिष्क को तरोताजा कर देते थे। इस बार वे सभी, दस दिन की छुट्टी पर स्विट्जरलैंड घूमने आये हुए थे। आज वे लोग ग्लेशियर ग्रोटो में बनी बर्फ की गुफ़ाओं का खूबसूरत नज़ारा देखकर लौटे थे। थकान बहुत हो गई थी, ज्यूरिख में दूसरा दिन व्यतीत हो चला था। सब कुछ अच्छा चल रहा था। शौर्य भी इस समय तनावमुक्त लग रहा था। उसका व्यवहार इस समय सामान्य लग रहा था। उर्वशी भी उसके साथ ढेर सारा समय गुज़ार कर, प्रसन्न नज़र आ रही थी। पूरा समय साथ रहना, घूमना फिरना, मनोरंजन, सब कुछ कितना मोहक था।
ज्यूरिख स्थित होटल के अपने कमरे में शौर्य टीवी पर समाचार देख रहा था और वह बैठी मोबाइल चैक कर रही थी कि कहीं कोई आवश्यक सन्देश तो नहीं । तभी उसने अनजान नम्बर से आया एक व्हाट्सएप सन्देश खोला और उसमें निहित सन्देश पढ़ते ही वह आगबबूला हो गई। उसमें लिखा था –
अपने प्यारे पति की रासलीला के कुछ अनमोल क्षण, विशेष रूप से आपके लिए, बतौर सौगात। आशा है बहुत पसंद आएंगे।
एक शुभचिंतक
उसके साथ अटैचमेंट में शौर्य और ग्रेसी की ढेर सारी तस्वीरें थीं, अभय के रिसॉर्ट में गुज़ारे गए रूमानी पलों की। उन तस्वीरों की तिथि व समय के साथ। जैसे जैसे वह तस्वीरें देखती जा रही उसका क्रोध बढ़ता जा रहा था। ठीक उसी समय शौर्य ने उसे अपने करीब खींचा
” अरे यार , क्या मोबाइल लेकर बैठी हो। यहाँ आओ न ।” उसकी बाँह झटककर उर्वशी ने आग्नेय दृष्टि से उसे घूरा।
” मुझे लगा था कि हमारे बीच सब ठीक हो चुका है, आप बदल गए हैं। “
” मतलब ?” शौर्य को समझ ही न आया कि अचानक उर्वशी यह बात किस सन्दर्भ में कहने लगी।
” आप मेरे साथ धोखा कर रहे थे ?”
” आप क्या कह रही हैं, हमें कुछ समझ नहीं आ रहा। ” वह हैरान हो गया पत्नी के अचानक बदले मिजाज को देखकर। तब उर्वशी ने अपना मोबाइल उसके सामने रखा।
” शादी से पहले कौन आपकी ज़िंदगी में था, उसके साथ आपकी कितनी नजदीकियाँ थीं, इस बात से मुझे कोई मतलब नहीं। शादी के बाद भी, जब तक आप मुझसे दूर रहे, तब क्या किया, मैं उसे भी भूलने को तैयार हूँ, पर हमारे बीच सब कुछ ठीक होने के बाद, आप दूसरी औरतों से सम्बन्ध रखें, यह काबिले बर्दाश्त नहीं। मुझे आपसे यह उम्मीद बिल्कुल नहीं थी शौर्य। ” वह बेहद नाराज़ थी। जबकि शौर्य हैरानी व क्रोध के साथ उन तस्वीरों को देख रहा था, आवेश से उसका चेहरा लाल हो गया
‘ यू ब्लडी बिच , आ गई अपनी औकात पर , जान से मार दूँगा तुझे ‘ उसने मन ही मन में ग्रेसी को सौ गालियाँ दे डाली।
” अब क्या एक्सक्यूज़ देने वाले हैं आप ? “
वह कुछ नहीं बोला
” शौर्य, मैं आपसे ही पूछ रही हूँ “
” हम उसकी बातों में आ गए थे , उसने हमें इमोशनली ब्लैकमेल किया । ” वह धीमे स्वर में बोला।
” अब मुझे क्या करना चाहिए ?”
” हम शर्मिंदा हैं , आप भूल जाइये इस बात को ।”
” अब मेरे टूटे हुए विश्वास को आप वापस कैसे जोड़ सकेंगे शौर्य ? “
” उर्वशी, फॉरगेट इट “
” अगर आपकी जगह मैं होती, तब भी क्या आप इतनी आसानी से यह सोच पाते ?”
” देखिये हमारा दिमाग खराब मत करिये ।”
” दिमाग तो मेरा ख़राब हो गया है शौर्य, आखिर कौन सी ऐसी पत्नी होगी जो अपने पति की इन हरकतों को इग्नोर कर पाएगी। ?”
जवाब में वह कुछ न बोल पाया।
” अब इतनी खामोशी क्यों ? कोई एक्सप्लेनेशन नहीं देंगे ?”
” हमें किसी को कोई एक्सप्लेनेशन देने की ज़रूरत नहीं। ” वह कड़वे स्वर में बोला।
” ज़रूरत है मिस्टर शौर्य प्रताप सिंह , मैं पत्नी हूँ आपकी, यह पूछना अधिकार है मेरा। “
” हमारा दिल जो चाहेगा हम वो करेंगे , हमने किसी को इतना हक़ नही दिया ,की वह हमें कंट्रोल करे। “
” मुझे कानून ये हक़ देता है, समाज ये हक़ देता है। “
” तो ले लीजिये कानून और समाज से अपना हक़ , हम आपको अपनी ज़िंदगी से बेदखल करते हैं। “
” शौर्य, ये रिश्ते हैं, कोई मजाक नहीं कि जब जी चाहा अपना लिया और जब जी चाहा ठुकरा दिया। “
” उर्वशी , मत भूलिए की आप किससे बात कर रही हैं । आपकी औकात नहीं हमसे सवाल जवाब करने की। अगर आप इस घर में आ गईं, तो किसी गलतफहमी में मत रहिएगा। आपके घरवाले आकर सौ बार नाक रगड़ते, तब भी आप राणा पैलेस में घुसने की औकात नहीं रखतीं. वह तो भाई सा को आदत है खूबसूरत चीजें लाकर घर सजाने की। आप भी यहाँ बस एक डेकोरेटिव पीस से ज्यादा हैसियत नहीं रखतीं।अहसान मानिये हमलोगों का, जो आपको लाकर इस घर में सजा दिया, वरना आप हमारे तो क्या हमारे यहाँ काम करने वालों के भी आसपास भी ख़डी होने की हैसियत नहीं रखती हैं .” वह क्रोध में उटपटांग बोलता जा रहा था और उर्वशी अवाक होकर सब सुनती रह गई. शौर्य के शब्द उसके कानों में पिघले हुए लावे की तरह उतरते चले गए. इतना अपमान, इतना घमंड, क्या वह जमीन में रेंगते कीड़े मकौड़े से भी गई गुजरी हो गई? वह शौर्य की पत्नी है या उसकी खरीदी हुई कोई गुलाम?
क्रमशः