तुम्हारे लिए
**********
भाग उनतालीस
****************
इससे पहले भी जाह्नवी और अपर्णा ने मिल कर बहुत सारी बातें की थी, पर अपर्णा को आज लग रहा था कि जाह्नवी कुछ बदली हुई सी है ,वो बिना बात ही हंस रही है,
और असंबद्ध बातों को भी लंबा खेंच रही है जैसे उसे दिखाना हो कि.वो आज उसके घर आ जाने से कितनी ज्यादा खुश है, पर वो चाह कर भी जाह्नवी के ऐसे व्यवहार का कारण नहींं ढूंढ पा रही थी और एक तरफ उसके मन में यह भी चल रहा था कि उसे जल्दी से ही तन्मय से अब मिलना भी पड़ेगा और वो कभी भी इसके लिए उसे फोन कर सकता है, उस पर इस बात का असर बढ़ता ही जा रहा था, मगर वह खुद को बराबर समझा रही थी कि उसे हर हालत में सामान्य बना रहना है और साथ ही तन्मय को समझाना है कि उससे जुड़ने की उसकी कोशिश उसके लिए ही अच्छी नहीं है,सुबह जब वो अपने स्कूल पहुंची तब तक भी उसका दिमाग यही सब सोच रहा था।
अगले दो दिन में मगर कुछ भी नहीं हुआ था , तन्मय
का कोई फोन ही नहीं आया था,हां अपर्णा जरूर एक बार
और आकाशवाणी में अपनी रिकॉर्डिंग करा आई थी,और इस
से वो अपने भीतर एक नया आत्म विश्वास महसूस कर रही
थी। कितने लंबे समय बाद उसकी जिंदगी में कुछ अच्छा घट रहा था,जीवन में एक स्थिरता सी आने लगी थी।
ऐबनेजर स्कूल के फादर जॉन भी उससे बहुत खुश थे..और अजमेर के बाद उसे यह नया माहौल भी बहुत अच्छा लग रहा था। जब तक वो अजमेर में थी तब उसे रह रह कर विमलेश का डर सताता रहता था, और जयपुर तो उसे अपना घर लगता था।
आखिर तन्मय के बजाय उसकी दीदी का फोन पहले आया था…” हैलो अपर्णा ,मैंने तुझे बस इसलिए फोन किया
था कि मदर फ्रांसिस से तो तेरी बात हो ही गयी है, तो मुझे यह जानना था कि कहीं तुझे बुरा तो नहीं लग गया कि मैंने तुझे
ज्यादा कुछ न बता कर सीधे अजमेर जा कर मदर फ्रांसिस
से बात कर ली….”
“नहीं दीदी ,ऐसा बिल्कुल नहीं है बल्कि बिना मदर को पता लगे तो मैं वैसे ही कुछ भी नहीं कर पाती….”
” बता नहीं पा रही हूं कि तेरे मुंह से अपने लिए दीदी सुनना मुझे कितना अच्छा लग रहा है,हम लड़कियां ऐसी ही होती हैं ,बहुत जल्दी एक रिश्ता बांध लेती हैं एक दूसरे से,
ठीक है ,जल्दी हम लोग फिर मिलते हैं….”
तन्मय का फोन भी आया,पर वो फोन आया था शनिवार को,सुबह सुबह…बहुत झिझकते हुए शुरू की थी उसने अपनी बात..” हैलो , मैं तन्मय,क्या आज हम लोग मिल सकते हैं…अगर आपको कोई दिक्कत न हो तो…”
तन्मय की इस बात से अपर्णा को अपने भीतर एक अजीब सी सिहरन महसूस हुई ,जान पहिचान के लिहाज से लगभग एक अजनबी है तन्मय ,पर जिसके बारे में आपको
यह मालूम है कि वो आपसे प्यार करता है और सबके सामने उसने यह जाहिर भी कर दिया है , और आज आपसे मिलने
के लिए आपकी रजा मांग रहा है,क्या जवाब दे अपर्णा ,पर फिर भी उसने यही कहा..” बताइये कब मिलना चाह रहे हैं..
मैं तैयार हूं…” एक क्षण लाईन पर खामोशी झूलती रही ..
” अगर आपको बुरा न लगे,तो मैं स्कूल से पिक कर लूं आपको…आने से एक घंटे पहले फोन कर दूंगा..” अर्पणा ने सोचा फिर कहा ,” ठीक है ,आप कीजिए फोन…”
स्कूल बंद हो जाने के बाद ,दोपहर ढले, तन्मय आया था अपर्णा को पिक करने , फुल स्लीव्ज पिंक फ्लोरल लेस
ड्रैस में कंधे पर एक तरफ लंबा दुपट्टा लिए स्कूल के बाहर
खड़ी मिली थी अपर्णा,उसे देखते ही कलेजा मुंह को आ गया था तन्मय.का ,आखिर वह दिन आ ही गया जब वह पहली
बार ठीक से बात कर पायेगा अपर्णा से।
कार को ठीक अपर्णा के पास रोक दिया था तन्मय ने ,और अपर्णा गेट खोल कर उसके बगल की सीट पर बैठ गयी थी,तन्मय ने गाड़ी को तुरंत आगे सरका दिया था..” हम कहां चल रहे हैं,रीजेन्ट मॉल तो इधर नहीं है…”
” वहां नहीं ,हम आज कहीं और जा रहे है ,एक रिसोर्ट है हाइवे पर ,उसके रूफ टॉप रैस्टोरैंट में ,वहां डिस्टर
बैंस नहीं होगा..दिक्कत तो नहीं है न कोई… ” तन्मय को
लगा रीजेन्ट मॉल ने उसे कितने साल से भटका कर रखा है आज.वो वहां नहीं जाने वाला,और अपर्णा सोच रही थी वो तन्मय के साथ इतनी आसानी से बात कैसे कर पा रही है , शायद यह उसके बारे में बहुत दिनों तक सुनते रहने का परि णाम है।
अपर्णा जब निश्चित जगह पर पहुंची तो उसे लगा सचमुच तन्मय ने बहुत अच्छी जगह चुनी थी,आज की इस
मुलाकात के लिए। ऊपर लिफ्ट से रूफ टॉप रैस्टोरेंट पहुंचते ही सामने पहाड़ियों तक का एक खुला दृष्य उनके सामने था, अभी शाम ही होने को थी तो ऊपर रैस्टोरैंट लगभग खाली ही सा पड़ा था ,पास वाले पहाड़ पर बने मंदिर की ध्वजा हवा में रह रह कर फहरा रही थी ,तन्मय का दिल खुश हो गया था
इस जगह पहुंच कर ,वो भी पहली बार ही यहां आया था।
तन्मय ने उस दृष्य के सम्मुख ही एक मन पसन्द टेबुल चुन ली थी…” कैसा लगा आपको यह रैस्टोरैंट ,यह जगह…”
” बहुत अच्छी है..आपको शायद यह नैचुरल स्पॉट्स बहुत अच्छे लगते हैं ,वहां अजमेर में भी आपको हमारा स्कूल काफी पसन्द आ रहा था…”
तन्मय तो पहले से ही किसी बात के लिए सूत्र ढूंढ
रहा था , उसको तो जैसे इस बात से एक सही मौका ही मिल
गया…” तो आपने भी यह बात नोट कर ली ,आपने सच ही कहा, बहुत भाती हैं मुझे ऐसी जगहें …”
” और शायद प्रकृति हमें इसलिए इतनी सुंदर दिखाई देती है क्यूंकि उसमें सब कुछ दूसरों के हित के लिए होता है, और हमारी तुलना में वह बहुत अनुशासित होती है ,और मुझे लगता है प्रकृति कितनी दृढ़ और स्थिर होती है… जबकि हम लोग कितने कमजोर होते हैं आधे अधूरे, अपने मन और और अपनी इच्छाओं के कारण,अपनी भावनाओं के आवेगों में
कभी भी ,किसी तरफ भी मुड़ जाते हैं….”
अपर्णा ने जैसे प्रकृति के बारे में बात करते खुद को उससे जोड़ दिया था और तन्मय तो उसकी वाक्पटुता पर मुग्ध हो गया था..” आपका मतलब है प्रकृति चूंकि अनुशासित है, दूसरों के लिए हितकर है और नियमबद्ध है तो इसीलिए सुंदर है ,पर आपने थोड़ा और गौर नहीं किया ,प्रकृति अनुशासित है पर साथ में बेहद कठोर भी है और निर्दयी भी है ,वह कभी भी रहम करना नहीं जानती, आप यदि उसमें कहीं भटक जाएं,
या फंस जाएं तो आपको उसकी पूरी कीमत चुकानी पड़ती है आदमी कमजोर है ,गलतियां भी करता है,भावनाओं में बह भी सकता है ,पर उसमें सहायता करने की ,साथ रहने की ,हाथ बंटाने की भावना भी हमेशा मौजूद रहती है,हम खुद कमजोर
हैं तो दूसरे की मजबूरियां भी समझते है ,हममें पिछला भूल
कर आगे बढ़ने की क्षमता है और यही.वजह है कि हम यहां तक आ पाए हैं ,हमने खुद को प्रकृति से भी सुरक्षित किया है और अपने लिए कितनी सारी और चीजें भी जुटाई हैं ,मानता हूं कभी कभी हम अविवेकी हो जाते हैं ,अपनी क्षमता और अपनी स्वतंत्रता का दुरूपयोग कर बैठते हैं पर हमारे भीतर विवेक भी है , सीखने की सृजन करने की क्षमता भी है ,हम
हर दिन और बेहतर होना जानते हैं, हर बात से नया सीखते
हैं, आप बताइये मैं सच कह रहा हूं न…”
अपर्णा ने तन्मय की बात का कोई उत्तर नहीं दिया और दूर पहाड़ों पर ही अपनी निगाहें जमाए रखीं, और तभी एक वेटर उनकी मेज तक आ गया था।
******************************
(शेष आगे…)
अजय कुमार