24-
उससे मूर्खता हुई, जो भावनाओं में बह कर वह विवाह के लिए तैयार हो गई। यदि उस समय ही मना कर देती, तो आज अपना सम्मान बचाए रखते हुए वह नई मंजिलों की ओर कदम बढ़ा रही होती. एक सुनहरा भविष्य उसका इंतजार कर रहा था। उसने स्वयं अपनी किस्मत के दरवाजे बंद कर दिए। सचमुच लड़कियाँ परले दर्जे की मूर्ख होती हैं। कभी समाज के भय से, तो कभी परिवार का सोचकर, अपनी हर इच्छा का गला घोंट देती हैं, तो कभी प्रेम के वशीभूत होकर अपना जीवन स्वाहा कर देती हैं। ऐसी मूर्ख लड़कियों को सज़ा मिलनी ही चाहिए, तभी दूसरी लड़कियों को अक्ल आएगी। मैं भी अपनी मूर्खता के लिए सज़ा की हक़दार हूँ. मुझे अपनी गलती की क़ीमत चुकानी ही पड़ेगी.
सुबह नाश्ता उसके कमरे में ही आ गया था। यह अच्छा हुआ कि किसी ने भी उससे बात करने की कोशिश नहीं की। शायद शिखर ने इसके विषय में सबको आवश्यक निर्देश दिए थे। यह देखकर उसने चैन की साँस ली। अगर कोई उससे बात करने, या मनाने आ जाता, तो वह धर्मसंकट में पड़ जाती। बड़ों की बात को टालना उसे असभ्यता लगती, और वहाँ ये सब होने के बाद रुकना अपना अपमान। शौर्य ने उसके स्व का, उसके नारीत्व का अपमान किया था। ऐसे व्यक्ति के साथ रहना बहुत लज्जाजनक बात है। वह अपना स्वाभिमान कुचलकर नहीं रह सकती।
इससे पहले शिखर कभी अपनी छुट्टियाँ स्थगित करके वापस नहीं लौटे थे। परंतु इस बार मुंबई की ब्रांच में, श्रमिकों ने अपनी कुछ माँगें लेकर हड़ताल कर दी थी। यूनियन लीडर ने माँग की थी कि अब समझौता, मालिक से बात करने के बाद ही होगा। वह किसी के समझाने पर नहीं मान रहा था, इसीलिए उन्हें वापस लौटना पड़ रहा था। बाकी परिवार अभी वहीं रुकने वाला था। उन्होंने शौर्य के विषय में पड़ताल करने के निर्देश भी दे दिए थे। माँ को उर्वशी व शौर्य के झगड़े के विषय में बताया। सुनकर उन्होंने दोनो से बात करने और समझाने के लिए कहा , पर शिखर ने उन्हें रोक दिया, यह कहकर की अब कोई फ़ायदा नहीं, उर्वशी बहुत बुरी तरह आहत हुई है , अब वह नहीं मानेगी । माँ ने शौर्य को बुलाकर बहुत बुरा भला कहा, वह चुपचाप सब सुनता रहा। शिखर ने उससे कुछ भी न कहा, और बिन बोले अपनी नाराजगी जता दी।
झगड़ा होने के थोड़ी देर बाद ही, शौर्य को अहसास हो गया था कि उसने क्या कर दिया है। वह पश्चाताप कर रहा था, परन्तु तीर कमान से निकल चुका था, और जो सर्वनाश करना था, कर चुका था। दूसरे दिन उसने उर्वशी को क्षमायाचना का संदेश भेजा। थोड़ी देर तक इंतजार करने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी तो उसने फोन लगाया, पर एक घण्टी जाकर बन्द हो गई। उसने बाद में भी कई बार प्रयास किये पर हर बार यही हुआ। उर्वशी ने जब उसका सन्देश देखा तो तुरंत उसे मिटा दिया। इसके बाद उसने शौर्य का नम्बर भी ब्लॉक करके, मोबाइल से मिटा दिया।
उसके चलने से पहले माँ सा उसके कमरे में आयीं, उन्हें देखकर वह खड़ी हो गई
” बैठो बेटा ” उन्होंने कहा तो वह चुपचाप बैठ गई। माँ सा थोड़ी देर पेशोपेश में रहीं, जैसे कहने के लिए शब्द ढूँढ रही हों
” शौर्य ने जो कुछ भी किया या कहा, उसके लिए हम बेहद शर्मिंदा हैं बेटा। हमें समझ नहीं आ रहा कि आपसे किस तरह माफ़ी माँगे। ” कहते हुए उन्होंने हाथ जोड़ दिए। यह देखकर वह एकदम से अचकचा गई
” आप ऐसे मत कहिये माँ सा, ये सब कहकर आप मुझे शर्मिंदा कर रही हैं। “
” नहीं बेटा, आपके साथ गलत तो हुआ है। हमारी गलती ये है कि हमनें शौर्य पर दबाव डालकर आपदोनों की शादी करवाई। इसके लिए तो हम गुनहगार अवश्य हैं। इतनी बड़ी बात होने के बाद, आपसे यह भी नहीं कह सकते कि रुक जाइये, परन्तु शौर्य को पछताना पड़ेगा। उनके इस गुनाह की कोई माफ़ी नहीं। “
” आशा है आप मुझे गलत नहीं समझेंगी। अब यहाँ रुकना मेरे पापा का अपमान होगा। “
” आप गलत नहीं हैं, इसीलिए आपसे माफ़ी माँगने के सिवा कुछ नहीं कह सकते। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको सही निर्णय करने की क्षमता दे. ” उन्होंने उसके सर पर हाथ फेरा और वहाँ से चली गईं। उनके शब्दों ने उसे बहुत राहत दी, कि वह गलत नहीं है।
जब उन लोगों के मुम्बई जाने का समय आया तो स्वस्ति, सौम्य, ऐश्वर्या और माँ सा विदा देने के लिए आये। बच्चे हैरान थे कि चाची अचानक वापस क्यों लौट रही हैं ? ऐश्वर्या सहज थी, मानो यही अपेक्षा किये बैठी थी कि एक दिन यही होगा। माँ सा तनाव में दिखीं। उन्होंने उर्वशी को गले लगा लिया और उसके मस्तक पर स्नेहचिन्ह अंकित करके ढेर सारे आशीर्वाद दिए। गाड़ी चली तो ऐश्वर्या ने हाथ हिला दिया। उधर एक जोड़ी आँखें भी चुपके से विदाई का यह बोझिल दृश्य देख रही थीं। अब उनमें सूनापन और गहरी उदासी थी।
* * * * *
कुछ माह पुराना सम्बन्ध अब समाप्त हो चुका था। प्रतीत हो रहा था जैसे सारी दुनिया ही बदल गई है। एक रिश्ता, जिसे उसने पूरे मन से स्वीकारने का प्रयास किया, अपना सौ फ़ीसदी दिया, वह इतना कमजोर निकला ! जो एक मामूली धक्का भी न सह पाया। इस रिश्ते के लिए उसने सब कुछ भुला दिया ? उस व्यक्ति को जबरन अपने हृदय से निकाला, जिसे वह बेहद प्रेम करती थी। थियेटर, जो उसके जीने के लिए ऑक्सीजन का काम करता था, उसे भी तिलांजलि दी, उस व्यक्ति के लिए ? जिसकी दृष्टि में उसकी कोई अहमियत नहीं ? उसने उसे इंसान भी न समझा। उस संवेदनहीन व्यक्ति के साथ, वह जीवन गुज़ारने का यत्न कर रही थी। जिसकी कोई निष्ठा नहीं, कोई सिद्धांत नहीं। जिसने उसके रिश्ते को गाली दी। दरअसल वह इस लायक ही नहीं था, कि उसे पूरे मन से समर्पण किया जाए। खूबसूरत चेहरे के पीछे एक बदसूरत दिल। ऊँचे खानदान के साये में पलने वाला, एक ओछा व्यक्तित्व। उर्वशी को अफ़सोस हो रहा था कि उसने अपना इतना समय, उस व्यक्ति के लिए व्यय किया, जो कदापि उसके लायक नहीं था।
अब वह उसे और अवसर नहीं दे सकती। वाकई रिश्ते सोच समझकर अपने बराबरी वालों में करने चाहिए। ज्यादा ऊँची उड़ान भरोगे, तो मुँह के बल गिरोगे। सोच- सोच कर उसका मस्तिष्क फटा जा रहा था। मन में बेहद क्लेश था। उसे अपनी मूर्खता पर क्रोध आ रहा था, अच्छी भली ज़िन्दगी गुज़र रही थी, पर उसने स्वयं अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारी। वह क्यों इस विवाह के लिए तैयार हुई ?
क्रमशः