वहां कौन है?( भाग 16)
किसी ने ध्यान नहीं दिया कि जंगल में प्रवेश करते हुए उन्होंने जिस सुन्दर सी चिड़िया को देखा था वह अपने गुलाबी पंखों को फैलाये वहीं एक चट्टान पर बैठी ,शांति से कुमार को देख रही थी।
जीप आने के बाद सभी बैठकर चले गए। वह चिड़िया उन्हें तब तक देखती रही जब तक जीप उसकी आंखों से पूरी तरह ओझल नहीं हो गई। उसके बाद चिड़िया भी उड़कर न जाने कहाँ चली गई।
उस रात नीला कंगन फिर चमका मगर उदय ने उसे अलमारी के लॉकर में रख दिया था। कंगन बाहर आ सकता था। उसे कोई कैद रोक नहीं सकती थी। उसने आना भी चाहा मगर फिर न जाने क्यों वह रुक गया था।
मायरा बेख़बर सो गई थी पर न जाने क्यों उसे नींद में भी महसूस हो रहा था जैसे वह जल में हो। नीला गुलाबी प्रकाश उसके नेत्रों में शीतलता भर रहा है। पूरे दिन की थकान के बाद यह उसे आराम दे रहा था।
सभी आराम से सो रहे थे लेकिन आज की रात कुमार के लिए बहुत अलग थी। उसे नींद नहीं आ रही थी इसलिए वह गेस्ट हाउस के कॉमन रूम में जाकर बैठ गया और आज घटी सभी घटनाओं पर विचार करने लगा।
“आखिर मुझे ही कैसे पता चला उस गुफा के प्रवेश द्वार के बारे में? मेरी आंखों में जलन क्यों नहीं हुई? और वे सुनहरे रुपहले कण…क्या थे वे?”
” चाय या कॉफी बना दूं साहब?”, तभी रामसेवक की आवाज से कुमार चौंक गया।
” तुम जगे हुए हो?”
” बुढ़ा शरीर है, नींद आसान नहीं हमारे लिए। सोने जाता हूं तो लगता है जैसे कुछ काम छूट जाएगा।”, रामसेवक ने यूं कहा जैसे कोई बहुत मजेदार बात हो।
कुमार उसका मन रखने के लिए मुस्कुरा दिया। ” हां यह तो है, मेरे दादा जी और दादीजी भी देर रात तक जागते थे और तेज आवाज में टीवी देखते थे। उनसे आवाज कम करने के लिए कहते तो बोलते हमको सुनाई कम देता है और रात में नींद नहीं आती तो क्या करें फिर!”
कुमार को इस समय राम सेवक से बात करना भला लग रहा था क्योंकि इस बहाने वह उन विचारों से भटक गया था जिनका कोई उत्तर नहीं था।
” फिर तेज आवाज से आप लोगों को परेशानी होती होगी? कैसे सोते थे?”, रामसेवक ने उत्सुकता से पूछा।
” हाँ, दिक्कत तो होती थी पर कर भी क्या सकते थे! आदत पड़ गई थी बाद में.. पर उन लोगों के जाने के बाद उसी शोर की कमी खलने लगी थी।”,कुमार थोड़ा उदास हो गया।
राम सेवक ने उसे गहरी दृष्टि से देखा और फिर पूछा, ” चाय या कॉफी, कुछ लेंगे आप?”
” चाय।”, कुमार ने छोटी सी मुस्कान से कहा।
कुछ ही देर में रामसेवक चाय ले आया। वह अपने लिए भी चाय ले आया था इसलिए वहीं एक कुर्सी पर बैठकर वो भी चाय पीने लगा।
” साहब, आप लोग जंगल में सिर्फ घूमने तो नहीं आए, कुछ खोजने आए हैं क्या? वरना इतने दिन लोग यहां नहीं रुकते।”, चाय का घूंट लेते हुए रामसेवक ने सवाल किया।
इस बार कुमार ने उसे गहरी दृष्टि से देखा और फिर वही सब कुछ दोहरा दिया जो वन रक्षक को बताया गया था। यह सुनकर रामसेवक के चेहरे पर एक भेद भरी मुस्कान आ गई।
” क्या हुआ? तुम मुस्कुरा क्यों रहे हो।”, कुमार ने पूछा।
रामसेवक ने ‘ कुछ नहीं ‘ के अंदाज में सिर हिला दिया।
“बस साहब… जंगल में इतने साल रह लो तो लोगों के चेहरे पढ़ना आ जाता है।”
“चेहरे पढ़ना?” कुमार मुस्कुरा दिया।
“हाँ। कोई यहाँ घूमने आता है, कोई तस्वीरें लेने, कोई शिकार करने… और कुछ लोग ऐसे भी आते हैं जिनकी आँखें हर वक्त कुछ खोजती रहती हैं। आपकी आँखें भी वैसी ही हैं।”
कुमार ने चाय का घूँट लिया।, “अगर कोई कुछ खोज रहा हो तो इसमें मुस्कुराने वाली क्या बात है?”
“मुस्कुरा इसलिए रहा हूँ कि जंगल कभी किसी को उसकी इच्छा से कुछ नहीं देता। जब उसे ठीक लगता है, तभी अपना राज़ खोलता है।”
“लगता है तुम्हें इस जंगल के बारे में बहुत कुछ पता है।”
रामसेवक हल्का-सा हँस दिया।,”जितना एक बूढ़े चौकीदार को पता होना चाहिए… उतना ही।”
“तुमने पूरी ज़िंदगी यहीं बिताई है?”
“हाँ… मेरे बाप-दादा भी यहीं थे। बचपन से इसी जंगल को देखा है।”
“फिर तो तुम्हें यहाँ की हर पगडंडी याद होगी।”
“रास्ते तो याद हैं साहब…” उसने खिड़की से बाहर अँधेरे की ओर देखते हुए कहा, “…लेकिन जंगल रोज़ एक जैसा नहीं रहता।”
“मतलब?”,कुमार की भौंहों पर बल पड़ गए।
“कभी-कभी आदमी सोचता है कि वह उसी रास्ते से जा रहा है… पर जंगल उसे कहीं और ले जाता है।”
कुमार को अनायास जलाशय के गायब हो जाने की घटना याद आ गई।, “तुम्हारे साथ भी ऐसा हुआ है कभी?”
रामसेवक कुछ पल चुप रहा।, “हम गाँव वाले ऐसी बातों पर ज़्यादा चर्चा नहीं करते। यह नियम है हमारा। जंगल का सम्मान करते हैं… सवाल कम पूछते हैं।”
“तुम अजीब बातें करते हो।”, कुमार ने बोला।
“जंगल भी तो अजीब है न साहब।”
दोनों हल्का-सा मुस्कुरा दिए। कुछ देर बाद रामसेवक उठ खड़ा हुआ।
“अब सो जाइए आप । रात बहुत हो गई है। सुबह फिर जल्दी निकलना होगा।”
“हाँ… शायद।”
रामसेवक जाने लगा, लेकिन दरवाज़े तक पहुँचकर बिना पीछे देखे बोला, “एक बात याद रखिएगा साहब…”
“क्या?”
“चलने से पहले आदमी सोचता है कि वह रास्ता चुन रहा है, लेकिन कई बार रास्ते भी अपना मुसाफ़िर चुन लेते हैं। हर कदम हमारी मर्ज़ी से नहीं पड़ता।”
इतना कहकर वह चला गया पर कुमार देर तक उसी वाक्य के बारे में सोचता रहा।
Megha
( ओहो, यह रामसेवक भी न ,कितनी गोल गोल बातें करता हैं। शायद इसलिए क्योंकि आप लोग भी आपके कमेंट्स गोल कर जाते हो। उत्सुकता है न उस गुफा के बारे में जानने की तो गुलाबी चिड़िया को याद कर कमेंट्स लिख भेजिए।)