राघवेंद्र सैनी का उपन्यास भलोल भाग -24

भलोल

भाग -24

 

इस दौरान सेना का एक और महत्वपूर्ण कार्य रहता था, आस-पास के गांवों से मेल-मिलाप। उसके लिए टीमें डिटेल रहती थी। वे संपर्क करके उनमें सेना के प्रति विश्वास पैदा करने का काम करती थीं। यूनिटें इस बात का ख्याल रखती थी कि गाँव वालों की फसलों का नुकसान न हो।

जनवरी में गए हम मार्च में एक्सरसाइज करके लौटे। फिर पूरा स्टोर सेट करने में एक हफ्ता लग गया था। जनवरी-फरवरी में वार्षिक छुट्टी जाने वालों को एक्सरसाइज पर नहीं ले गए थे। उन्हें समय पर छुट्टी भेज दिया गया था। मार्च में छुट्टी जाने वाले अपनी तैयारी कर रहे थे।

मुझे तीन महीने एक्सरसाइज के दौरान सैलरी तो मिली लेकिन भेजने का प्रबंध ठीक नहीं था। बाऊजी को लिख दिया था कि मार्च में पैसा भेजूंगा। मैंने मार्च में सैलरी लेकर अपने खर्चे के लिए रखकर बाकी सारा माँ को मनीआर्डर कर दिया। माँ उन पैसों का क्या करती थी, मैंने कभी नहीं पूछा था।

हम क्लर्क और स्टोरकीपरों की रात को टेलीफोन ड्यूटी लगा करती थी।

अंग्रेजी में मैं शुरू से ही पैदल था। मैसेज लिखने में मुश्किल होती थी। पीछे के मैसेज देखकर किसी तरह गुजारा कर रहा था। मई महीने में एक बहुत बुरी खबर आई। वह 27 मई का दिन था। प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। यूनिट में छुट्टी कर दी गई थी।

मुझ पर इतना फर्क नहीं पड़ा था। इतनी समझ भी नहीं थी। लोग मरते रहते हैं। युवा उमंगें थीं। शाम को मैं बाऊजी के दिलाए कपड़े पहन कर मेस जाता। बहुत से जवान मुझे देखकर खुश होते और बहुत से नहीं भी होते। एक रोज रात डिनर करके बैरक में आया तो टूलस्टोर के इंचार्ज हवलदार हरिदद्याल सिंह जी ने मुझे डाँटा। दो लड़के और भी मेरे साथ थे, “क्या पीपनी पैटें पहन कर घूमते रहते हो। टेलिफोन-ड्यूटी पर अंग्रेजी में मैसेज लिखना हो तो नानी मर जाती है।”

और भी बहुत बुरा-भला कहा, जिसका मतलब इधर-उधर घूमने की बजाय आगे पढ़ो, अपनी जिंदगी बनाओ। उन दिनों छोटी मोरी की पैंटें बहुत चली थी। पहनी अच्छी भी लगती थी। फौज में उसे लेफ्टिनेंट-कट पैंटें बोलते थे।

औरों का तो पता नहीं लेकिन हवलदार हरिदयाल सिंह जी की डाँट मेरे मन पर लग गई थी। मैं उनके पास गया, पूछा, “सर, आपकी बात सही है। मुझे क्या करना चाहिए?”

सबसे पहले उन्होंने मेरे फैशन पर प्रहार किया लेकिन प्यार से, “अच्छे कपड़े पहनना और फैशन करना अच्छी बात है लेकिन पढ़ाई करना उससे भी अच्छी बात है। पंजाब यूनिवर्सिटी और पंजाबी यूनिवर्सिटी दोनों ही फौजियों को प्राइवेट केंडिडेट मानती हैं। सिर्फ कमांडिंग अफसर से फार्म साइन करवा कर भेजने होते हैं। मैं भी बी.ए. कर रहा हूँ। तुम भी पढ़ो।” मैंने हामी भर ली कि मैं आगे पढूँगा।

मन में कालेज न जाने की पीड़ा तो थी ही। मैंने बाऊजी से किताबें भी मंगवा ली लेकिन गुजरात के रन-ऑफ-कछ में और जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान ने हरकत की और यूनिट 1964 के अंत में ही पूरे डिव के साथ पंजाब को मूव कर गई। पढ़ने की इच्छा मन में ही रह गई। हरिदयाल सिंह जी ने कहा, “कौन-सी उम्र हो गई है, लड़ाई के बाद पढ़ लेना।”

पंजाब में पहले बाबा बकाला के पास लोकेशन मिली। वहाँ टैंक रिपेयर के लिए आने से फसलों का नुकसान ज्यादा होना था। डिव की सारी यूनिटें खुले में पड़ी थी। फिर हमारी वर्कशॉप को अमृतसर के 14 किलोमीटर पहले जंडियाला-गुरु में सड़क के किनारे लोकेशन मिली। बाकी डिव को शायद जालंधर में एडजस्ट किया गया था।

चूंकि मैं अमृतसर का रहने वाला था। मुझे घर जाने के लिए हर सप्ताह नाइट पास दिया जाने लगा था। मेरे मन से यह बात कभी नहीं गई कि मुझे घर में पैसों के कारण अच्छा समझा जा रहा है। यह सत्य भी था।

जुलाई, 1965 के मध्य में सबसे बड़े भाई की शादी हुई और मैं जंडियाला से शादी अटैंड करने गया था। उसके बाद वर्कशॉप को कपूरथला शिफ्ट कर दिया गया। अभी हमने बिनज अनलोड करके स्टोर को सेट ही किया था कि 1 सितंबर 1965 को फिर मूव करने का आदेश आया। इस बार लक्ष्य जम्मू-कश्मीर में सांबा बताया गया था। फिर सब बिनज फिट की गई और सांबा के लिए मूव कर गए।

ब्रेकफास्ट लंच और शायद डिनर के लिए भी हमें शक्कर पारे दिए गए। रास्ते में रुकना नहीं था इसलिए खाने का भी प्रबंध नहीं था। मेरी ‘स्टोर गाड़ी’ में केवल मेरा ड्राइवर था। रूट जाना-पहचाना था। मैं अपने पुश्तैनी गाँव इसी रूट से जाया करता था। भूख बहुत तेज लगी थी लेकिन कोई चारा नहीं था। जब मेरी गाड़ी बटाला, गुरदासपुर, होते हुए दीनानगर पहुँची तो मैंने ड्राइवर से पूछा, “क्यों राजू, भूख लगी है?”

राजू मेरी स्टोर-गाड़ी का ड्राइवर था और मद्रास का रहने वाला था। उसने कहा, “सर जी, भूख बहुत तेज लगी है। गाड़ी चलाना मुश्किल हो रहा है।”

“तो ऐसा करना कि आगे झाकोलाड़ी गाँव आएगा। जहां मैं कहूँगा, गाड़ी रोक देना। वहाँ मेरी मौसियाँ रहती हैं। खाने का कोई-न-कोई प्रबंध हो जाएगा। पीछे से वर्कशॉप की रिपेयर टीम आएगी तो कहना, फोर्ड गाड़ी है, गर्म हो गई है, थोड़ी देर में चलेगी।”

“ठीक है, सर।”

मैंने झाकोलाड़ी के पास गाड़ी रूकवा दी। राजू ने फटाफट रेडिएटर से पानी निकाल दिया। मिलिट्री की इतनी बड़ी मूवमेंट देखकर गांव के बहुत से लोग सड़क किनारे खड़े थे। मैंने उनसे कहा, “मैं निंदी हूँ। कोई भी गाँव में जाकर श्री ठेस राज जी को कहें कि जो कुछ भी खाने के लिए घर में बना है, वे ले आएँ। वे मेरे मौसा है। हम भूखे हैं।”

थोड़ी देर में मौसा जी बहुत सारे पूड़े और खीर लेकर आए। न केवल मौसा जी के घर से खाना आया बल्कि और घरों में भी जो कुछ बना था, हमें दे दिया गया था। पीछे से रिपेयर टीम आई। उन्हें भी खाना खिलाया। हमारे स्टोर के जो अफसर इंचार्ज थे। उन्हें भी खाना खिलाया गया था। गाँव वालों की यह सेवा मुझे हमेशा याद रही थी।

मैंने मौसा जी से कहा, “मेरे गाँव में दादा जी को मैजेज भिजवा देना कि मैं ठीक हूँ और सांबा की तरफ गया हूँ। अमृतसर में बाऊजी को खबर पहुँच जाएगी।”

उन्होंने हामी भरी। हम रात को कोई एक बजे सांबा पहुँचे। सांबा से आगे विजयनगर से हम बाईं ओर मुड़े। रामगढ़ के पास हमारी वर्कशॉप को वृक्षों के झुरमुट में जगह मिली। यह तीन सितंबर सुबह की बात थी। हमें अगले दो दिन मोर्चा-बंदी करने में लगे। दो स्टोर गाड़ियाँ पहले ही तैयार कर दी गई थी। अगर एडवांस वर्कशॉप डिटैचमेंट जाए तो उसमें मैं और सिपाही अमल कुमार दत्ता जाएगा। आस-पास के सारे गाँव खाली करवा लिए गए थे।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment