सरोरुह
भाग -8
जहाँ प्रेम, वहाँ डर
कुछ चीज़ें विचलित कर देती हैं। भीतर तक हिला देती हैं। ऐसा ही कुछ आज चंदों के साथ हुआ था। चलता-फिरता इंसान अपने भीतर कितना कुछ समेट कर चल रहा होता है, ये देखने वाला कभी नहीं समझ सकता। क्या चंदर समझ पाएगा कभी!!
चंदर के साथ हल्की-फुल्की वार्तालाप कब प्रेम में तब्दील हो गयी, उसको पता भी नहीं चला। प्रेम के क़दमों की आहट नहीं होती। प्रेम अपनी चहलक़दमी से मन में प्रवेश कर जाता है। जब तक एहसास होता है, तब तक प्रेमी इतने आगे निकल चुके होते हैं कि पीछे मुड़ना आसान नहीं रहता। वह भी तो पिछले कुछ वर्षों के अकेलेपन को भूल गयी है। किसके लिए आज तक वह अकेली जी रही थी, इस बात को कभी समझ नहीं पाई, पर आज रणधीर के एक्सीडेंट ने उसे विचलित कर दिया।
केशो दास ने बहुत वर्षों बाद अपनी बेटी को इतना व्याकुल देखा। बरामदे में लगी चारपाई पर बैठे अपनी बेटी के हाव-भाव देखते रहे और चंदों शांत होने की कोशिश करती रही। अपने भीतर अतीत के ज्वार भाटे को समेटे हुए घर के काम करती रही। केशो दास अपनी बेटी को जानते हैं, उन्हें पता हैं कि चंदों को जब कोई बात अंदर तक तोड़ती है, तो वह मौन हो जाती है।
ठिठुरती हुई रात गहरी होती जा रही है… पर चंदों की आँखों तक नींद पहुँची ही नहीं। वह सोचती जा रही है, जिस इंसान के लिए मन में सदा भय रहा था I जिसकी फूहड़ता से उसे चिढ़ थी, आज कैसे उसके होंठों पर अपने होंठ रख दिये ?
ख़ुद से खफ़ा थी चंदों पर क्यों यह समझ पाना उसके वश में नहीं था I वह रजाई से बाहर निकली और भरी ठंड में ठंडे पानी से मुँह धोने लगी। शाम से कितनी बार उसने मुँह धो लिया है, उसे पता भी नहीं। उसे तो यह भी नहीं पता कि आख़िर कौनसी बात उसे बुरी लगी ? रणधीर को सांस देना या उसके छह फुट के शरीर को ख़ून से सना देखना या उसके रूप में अतीत से रूबरू होना!
बेटी को बेचैन होते देख केशो दास ने बात करने का बहाना तलाशा, ‘चंदो मेरी रजाई पर कम्बल डाल देना, ठंड बहुत हो गयी है।’ केशो दास बेटी से बात करना चाहते थे, पर वह कुछ बोले बिना कंबल लेने भीतर के कमरे में चली गई।
दूसरी ओर चंदर भी परेशान है। सुबह से एक बार भी बात नहीं हुई थी उसकी चंदों से। सारा दिन ऑफिस में वह भी व्यस्त ही था, फिर भी समय निकाल कर उसने मैसेंजर पर तीन बार वॉइस कॉल की थी। शाम तक तो वह यही समझता रहा कि चंदों ज़रूर किसी काम में व्यस्त होगी, पर अब तो रात हो गई!! चंदों को अब तक आ जाना चाहिए था उसके पास…। तय वक़्त पर जब कोई काम नहीं होता, तो मन में उल्टे-सीधे विचार आते ही हैं, चंदर का भी ऐसा ही हाल है। मन ही मन उसने तय किया कि जैसे ही बात होगी, वह सबसे पहले चंदों का फोन नंबर लेगा। ख़ुद बड़बड़ाते हुए कितनी बार उसने पीने के लिए सिगरेट निकाली पर प्रेम भरी हिदायतों ने उसे रोक लिया। उसके कानों में चंदों की आवाज़ गूंज रही है, हँसी खनक रही है, वह बेकरार हो उठा।
उधर केशो दास उठकर बैठ गए, जैसे ही चंदों कंबल लेकर आई, उसे अपने पास बिठा लिया और बोले, ‘किसी ने कुछ कहा तुझे ?’
‘कितनी बार आपको बोला बाऊजी कि कमरे में सोया करें, पर आप सुनते नहीं हैं।’ चंदों ने बात पलटने की कोशिश करते हुए कहा।
‘बैठ मेरे पास, दस के गल।’ केशो दास ने बेटी का हाथ अपने हाथ में लेते हुए कहा।
पिता के स्नेह ने बेटी के भीतर पल रही तनाव की बर्फ़ पिघला दी। कुछ देर रोने के बाद चंदों ने सुबह के हादसे के बारे में केशो दास को बताया।
केशो दास ने बेटी के सिर पर हाथ रखा और शाबाशी देते हुए कहा, ‘मेरी बेटी है ही बहादुर, दिलेर। तुझे भगवान ने भेजा और तू रणधीर के पास पहुँची इसलिए ज़्यादा मत सोच। सब तय होता है।’
‘मुझे ऐसा लगा मैंने उसका सिर अपनी गोद में रखा है। वर्षों बाद मैंने उसको महसूस किया।’ बोलते हुए चंदों को शोक ने घेर लिया, बिलकुल वैसे जैसे वर्षों पहले शोक उसके जीवन में ठहरने के लिए आ गया था I केशो दास बेटी का सिर सहलाते हुए अपनी झुर्रियों से ढकी आँखों को एक परने (सूती कपड़ा) से साफ़ करने लगे। कुछ देर बाप-बेटी एक-दूसरे के पास ख़ामोश बैठे रहे। आज बहुत महीनों के बाद दोनों बाप-बेटी साथ थे।
‘सो जा, बहुत टैम हो गया है।’
चंदों कुछ देर चुपचाप छोटी बच्ची की तरह पिता की चारपाई पर दीवार की टेक लगाकर बैठी रही फिर अचानक से महसूस हुआ कि उसके बूढ़े पिता भी ऐसे बैठे रहने से थक जायेंगे।
‘ठंड बहुत है और आपने तो पूरी सर्दियां इसी बरामदे में गुज़ारनी है।’ पिता की रजाई पर अच्छे से कम्बल देते हुए उसने कहा ।
‘मोई…ऐ… ठंड देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं और तू मुझे कमरे में बन्द करना चाहती है।’ पिता की बात सुन चंदों की उदासी हल्की मुस्कान में ज़रूर बदल गयी।
केशो दास का सबसे बड़ा चैन है उनकी बेटी है । जब उसकी आँखों में आँसू आते तो वह तड़प जाते और उसको हँसते हुए देख हँस लेते। बस यही है उनका जीवन। हालात के हाथों लुट चुकी बेटियों के पिता का जीवन शायद ऐसा ही होता है। चंदों का अकेलापन केशो दास को सदा काटने को दौड़ता पर अपनी मर्जी से बेटी को मजबूर कर उसपर किसी भी तरह का दवाब भी नहीं चाहते थे जबकि सही समय का इंतज़ार करते – करते उनकी कमर वक़्त ने ज्यादा झुका दी थी फिर भी एक उम्मीद थी कि जैसे गाँव के सरोवर में कम पानी होने के वाबजूद भी सफ़ेद और गुलाबी कमल उसकी रूह बनकर खिलते हैं वैसे ही एक दिन उनकी बेटी का जीवन भी खिल जायेगा और वह सरोरूह बन जायेगी I खिला हुआ गुलाबी सरोरूह I
चंदों का मन आज फ़ेसबुक पर कुछ लिखने का है। जब भी मन भारी होता तो अनजान लड़की अपना भारीपन आभासी दुनिया में ही हल्का करती है, पर इस आभासी दुनिया में अब उसका कोई अपना बन चुका है या फिर अपने से भी बहुत ज़्यादा अपना। जिसका उसको आज ख़याल तो था, पर अपने दुख में उसको शरीक नहीं कर पाई थी। लिखने से पहले एहसास हुआ कि चंदर उसके लिए परेशान होगा। सोचने लगी-बिना बात किये खाना भी नहीं खाता और मैं ऐसे कैसे इतनी लापरवाह हो सकती हूँ। ख़ुद को कोसते हुए उसने फोन देखा तो चंदर की बहुत सारी मैसेंजर कॉल देख पहली बार थोड़ी भयभीत हुई। जहाँ अथाह प्रेम होता है, वहाँ डर भी तो होता है ! डर नाराजगी का, न मना पाने का और … और खो देने का I प्रेम में खो देने का डर कितना विचलित कर देता है यह तो वही समझ सकता है जो प्रेम में होता है I
‘कहाँ थी तुम ? तुम जानती हो न मेरी बात नहीं होती तुमसे तो मैं पागल हो जाता हूँ। हर बार बोलता हूँ, पर तुम्हें कोई फ़र्क़ ही नहीं पड़ता है, एक मैसेज तक नहीं होता तुमसे।’ चंदर की आवाज़ से चंदों समझ गई कि वह कितना परेशान है। उसने दिन भर के काम, ऑफिस की किच-किच, दिल्ली का ट्रैफिक, मन की बेचैनी सब गिन कर बता दिए थे। इन सबके बीच अगर वह नहीं भूला था तो चंदों को, उसके एहसास को। प्रेम ऐसा ही तो होता है, किसी की ग़ैर मौजूदगी में भी उसको महसूस करता है।
चंदों मौन थी, पर आँखें निर्झर बह रही थीं।
‘क्या हुआ तुम्हें ? बताओ ? अब बोलो भी, अच्छा बाबा माफ़ कर दो। मुझे ऐसे गुस्सा नहीं करना चाहिए था तुम पर।’ चंदर के कानों में कोई सिसकी आकर ठहर गई तो चंदर शांत हो गया। सारा गुस्सा कोई मौन नदी अपने साथ बहा ले गयी।
‘बोलो चंद्रिका, क्या हुआ? चुप मत रहो, मैं नहीं जी सकता तुम्हारे बिना।’ बोलते हुए चंदर की परेशान होने लगा ।
‘मैं ठीक हूँ, आप मन भारी न करें। माफ़ कर दें, आपका गुस्सा करना जायज़ है।’
‘नहीं, मैं तुम्हारी ख़ुशियों का कारण होना चाहता हूँ, फिर मैं तुम्हें कैसे रुला सकता हूँ। मुझे तुम्हारे दिन की व्यस्तता जाननी चाहिए थी, पर मैं तो..।’ बोलते हुए चंदर चुप हो गया। चंदों की आँखों के आगे रणधीर का ख़ून से लथपथ शरीर ठहर गया। जो आँसू उसने सारा दिन आँखों में कैद कर रखे थे, वे रिहा होने लगे। दुखी मन वहीं रोना चाहता है, जहाँ कोई उसको सहला दे।
‘मेरे सामने तुम्हारा रोना इस बात का संकेत है कि तुम बहुत बड़े भरोसे के साथ मेरी ओर बढ़ रही हो। औरत कभी भी हर किसी के सामने कमज़ोर नहीं पड़ती, कमज़ोर से कमज़ोर औरत भी सबके सामने ख़ुद को एक चट्टान की तरह मज़बूत दिखाती है।
जहाँ प्रेम भरोसा हो जाता है व मज़बूत से मज़बूत औरत भी मन की पीड़ा के साथ मोम की तरह पिघलती हुई, उसके सामने कमज़ोर पड़ जाती है I शुक्रिया मुझे इस भरोसे के काबिल समझने के लिए चंद्रिका I’
चंदर के बहुत पूछने पर चंदों ने सिसकते हुए सुबह की सारी घटना चंदर बताई । रणधीर को साँस कैसे दी, सबसे मुश्किल था ये बताना । पूरी बात सुनकर चंदर हँसने लगा।
‘मैंने कोई जोक नहीं सुनाया है आपको।’ आवाज़ में गुस्सा था।
‘जानता हूँ, पर मेरी चंद्रिका एक डॉक्टर भी है, यह मुझे पता नहीं था और ऐसी डॉक्टर जो मरीज़ का इलाज़ कर के रोती है।’ हँसी थी कि रुक नहीं रही। कभी-कभी हँसी को भी पता नहीं होता कि कितना हँसना है और कितना नहीं। चंदर की हँसी सुन चंदों के चेहरे पर भी हँसी खिलने लगी, पर वह अपनी हँसी को छिपाकर चंदर से हँसने की वजह जानना चाहती है।
‘इंसानियत के नाते तुमने अपना फ़र्ज़ निभाया है। तुम्हारी जगह कोई डॉक्टर होती तो वो भी यही करती। इसमें आत्मग्लानि क्यों? मैं तो बहुत ख़ुश हूँ यह जानकर कि मेरी चंद्रिका सबसे पहले एक अच्छी इंसान है।’
‘हम्म्म्म।’
‘उम्म्म्म, माफ़ कर दो मुझे, बिना कुछ जाने तुम पर गुस्सा किया।’ चंदर के उम्म्म्म में दुनियाभर का स्नेह था, जो आज भी चंदों को महका गया। कुछ देर के लिए सब शांत हो गया, जैसे वक़्त इस उम्म्म्म में ही ठहर गया हो।
‘मुझे अपना मोबाइल नंबर सेंड करो।’ शांत हो चुकी दोनों की आपसी बातचीत को आगे बढ़ाते हुए चंदर ने कहा। चंदर ने आज हक़ से उससे उसका फ़ोन नंबर माँगा था और चंदों को उसका हक़ जताना अच्छा लगा । आज से पहले चंदर ने जब भी उससे कुछ पूछा था तो उसमें निवेदन होता था। ज़िंदगी के इस मोड़ पर उसने सदा यही चाहा कि कोई हो जो पूरे हक़ के साथ उससे बात करे। वो हक़ चंदर की आवाज़ में, उसके सवालों में, उसके गुस्से में, उसके प्यार में उसने महसूस किया। उसने अपना मोबाइल नंबर दे दिया। चंदर ने सोचा भी नहीं था कि एक बार कहने पर ही चंदों नंबर दे देगी।
‘मुझे मिलना है, अब और इंतज़ार नहीं होता मुझसे।’
‘पर अभी…?’ चंदों ने अपने मन के भाव छिपाते हुए कहा। प्रेम जब अपनी चरम सीमा पर होता है, तो मिलन आवश्यक हो जाता है। मिलन की चाहत चंदों के भीतर भी पल रही है, पर अपनी इस चाहत को वह छिपा कर रखना चाहती है। एक डर भी था क्या मिलने के बाद भी रिश्ते में यही गर्माहट बनी रहेगी या …. ? मन में या का प्रश्नचिन्ह आते ही चंदों मिलने के विचार से भागने लगती पर आज चंदर ने उसे राजी कर लिया तो उसने भी प्रेम में बहते हुए एक तारीख़ निश्चित कर बता दी I
‘अभी नहीं तो कुछ दिन बाद ! वेलेंटाइन डे पर ?’
‘सोच कर बताती हूँ।’
‘तुम मिलना नहीं चाहती मुझसे ?’
‘पता नहीं।’ इस पता नहीं में समाज का डर, हया, शर्म और सबसे ज़्यादा तो प्रेम छिपा है, जिसको चंदर समझ रहा है।
‘पता कर लें, पड़ोसियों से पूछ लें चंद्रिका जी, चंदर नाम का मरीज़ है और उसे साँस की दिक्कत है, उसका इलाज़ करना है।’ चंदर की चुहलबाज़ी चंदों को गुदगुदाने लगी।
दोनों ने वेलेंटाइन डे पर मिलने का तय किया। कहाँ आना है, ये सब शाम की बातचीत पर तय करने को कहा गया। जो बात सुबह से चंदों को खाये जा रही थी, चंदर से बात करते हुए वह सब भूल गयी।
चंदर मैसेंजर कॉल से मुक्त हो चुका था। अब सामान्य कॉल पर बात शुरू हुई।
दिन के मानसिक तनाव में थकी हुई चंदों ने सारी थकावट चंदर के कल्पनाओं के कंधों पर उतार दी। अभी भी बहुत कुछ है बताने को, पर वह बता नहीं पाई। मन में इतनी तसल्ली ज़रूर है कि चंदर सब सुनेगा और समझेगा भी।
बात करते हुए उसकी आँखें बोझिल होने लगीं। चंदर समझ गया कि चंदों को नींद आ रही है, पर वह सोना नहीं चाहती, जबकि आज चंदर उसे बार-बार सोने के लिए बोल रहा है। कुछ देर में चंदों के उंघने की आवाज़ चंदर के कानों में गूँजने लगी। हल्की मुस्कुराहट के साथ वह समझ गया कि वह सो गई है। मानसिक पीड़ा के बाद जो मानसिक आराम मिलता है और उस आराम में जो नींद आती है। शायद इसी नींद को स्वर्ग का सुख कहते होंगे।
चंदर ने कुछ देर फ़ोन कान पर लगाए रखा। महसूस करना चाहता है चंदों की नींद को, बिलकुल ऐसे जैसे एक माँ अपने नवजात की धड़कनों को महसूस करती है।
कुछ देर के बाद चंदर ने फोन रख दिया और सोने की कोशिश करने लगा, पर नींद उन आँखों को नहीं आती, जिन आँखों में किसी सपने ने जन्म लिया हो।
रह-रह कर उसके मन में वेलेंटाइन डे का दिन अंगड़ाई ले रहा है। करवटें बदलने के बाद जब नींद नहीं आई, तो चंदों की तस्वीरें देखते हुए ख़याल आया कि उसके नंबर को ट्रूकॉलर में देखा जाए।
जैसे ही नंबर को ट्रूकॉलर में देखा तो स्टेट जम्मू-कश्मीर थी। जम्मू-कश्मीर पढ़ते ही चंदर की बेचैनियों को आराम मिल गया। वह ख़ुद को जम्मू में महसूस करने लगा। एक अजीब-सी ख़ुमारी है, शायद प्यार ऐसा ही होता है। प्रेमी या प्रेमिका के शहर का नाम भी रूह को रोमांचित कर देता है। चंदर की आँखों के सामने कल्पनाओं के कई दृश्य आने लगे और मन पंख लगाकर चंदों के गाँव पहुँच गया I कितनी बार कल्पना का सहारा लेकर उसने चंदों का चेहरा बनाया था और अब वही चेहरा धीरे – धीरे हक़ीक़त में ढलने लगा I महानगरों में घूमने वाले चंदर के लिए किसी गाँव में चंदों के लिए जाना एक खूबसूरत सपना है I चंदर को वो सब क़िस्से किताबी लगते जो वह चंदों से सुनता I कभी उसके किस्सों का अहम किरदार हो जाता तो कभी कल्पनाओं में डूब जाता I आख़िर समाज के ढांचे में पलने वाला जीवन चंदर ने देखा ही कहाँ था I अनाथालय में पलने वाला युवक जिसने अपने लिए समाज की आँखों में दया तो देखी थी पर उस दया को स्थान नहीं मिला था I चंदों में उसकी वो हर कमी पूरी हुई थी जिसके लिए वह उम्र भर तरसता रहा था, चंदों के होने से ही उसने जाना है कि वह जीवन को नए सिरे से गढ़ सकता है I
इस प्रेम यात्रा में चंदर का दृष्टिकोण बदल रहा है I यह अहसास वाकई चंदर के लिए लाजवाब है कि कोई है जो बिना शर्त उसके साथ जुड़ गया है I चंदों के प्रेम ने ही उसे अपने अतीत की छाया से बाहर निकलने और एक सुखद भविष्य की ओर बढ़ने के साहस दिया था।
क्रमशः
नीना अंदोत्रा