26-
सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें पाँच छः जोड़ी विभिन्न प्रकार की ड्रेसेज, दो जोड़ी रात में पहनने के वस्त्र, अंतर्वस्त्रों के जोड़े, दो जोड़ी फुटवियर, पर्स, एक छोटी सी वैनिटी किट, जिसमें ज़रूरत का सभी सामान था, और भी छोटी मोटी सभी वस्तुएं, जिनकी उसे आवश्यकता पड़ सकती थी। वह हैरान रह गई, एक एक चीज़ का कितना ख्याल था उन्हें। काश उनके स्वभाव का थोड़ा अंश उनके भाई में भी होता। ऐश्वर्या जैसी दम्भी स्त्री के साथ वह बरसों से निभा रहे थे। मजाल है जो कभी उसे कुछ कहा हो, या कोई रोक टोक की हो। न कोई झगड़ा न शिकायत। हर एक की सुख सुविधा का ख्याल रखना उनका स्वभाव था। घर को एक सूत्र में बांध के रखना, उनका ही करिश्मा था। उन्होंने सब कुछ इतने ढंग से व्यवस्थित कर रखा था, कि परिवार संगठित भी था और हर एक को पूरी स्वतंत्रता भी थी। हर क्षण उनकी निगाह सभी पर थी, किसको किस समय, किस वस्तु की आवश्यकता है, कब ढील देनी है और कब दबाव बनाना है, कि व्यक्ति प्राप्त स्वतंत्रता का गलत इस्तेमाल न कर सके, उन्हें अच्छी तरह पता था।
वह सिर्फ शौर्य के मामले में चूके थे, इसकी वजह थी, उस पर उनका विश्वास, कि वह परिपक्व हो चुका है, और अब उसका दाम्पत्य जीवन भी पटरी पर आ गया है। उन्होंने कल्पना ही न कि थी कि वह इस प्रकार एक कुटिल लड़की के जाल में फंसकर अपनी खुशियों में आग लगा लेगा। उन्हें लगा था कि अब वह उससे दूर हो चुका है, तो ग्रेसी की खोज खबर लेनी बन्द कर दी थी। जिसका अब उन्हें अफसोस हो रहा था, पर अब पछताने से कोई फायदा नहीं था। वह जान गए थे कि बात जितनी बिगड़ गई है अब उसके सँवरने की कोई आशा नहीं। काश यह सब न हुआ होता !
* * * * * * * *
कुछ समय बाद कमरे में फ़ल, कुकीज़ , चॉकलेट्स आ गईं। उसने ठंडी साँस छोड़ी। इन्हें भी शासन करने की आदत है, कोई इनका हुक्म न माने, यह बर्दाश्त नहीं। शाम को फिर बिना ऑर्डर के कॉफी और कटलेट्स आ गए। थोड़ी देर में फिर कुलकर्णी आया
” मैम , आप बीच या कहीं और जाना चाहेंगी ?”
” नहीं ।”
” शॉपिंग, मॉल या मूवी ?”
” नहीं, मुझे कहीं नहीं जाना ।”
” वैसे अक्सा बीच बहुत खूबसूरत है ।”
” नहीं ।”
” ओके ” वह चला गया।
उफ़, उसने सोचा, मालिक तो मालिक, उनका स्टाफ़ भी जबर्दस्ती पर आमादा है। फिर उसने टीवी पर नज़रें गड़ा दीं। एक चैनल पर ‘ द हॉलोमैन ‘ फ़िल्म आ रही थी. वह उसे देखने लगी। तनाव के कारण बार बार उसका ध्यान भटक जा रहा था और फिर उसे मस्तिष्क पर जोर डालना पड़ता, कि फ़िल्म में क्या चल रहा है। फ़िल्म कब समाप्त हुई उसे पता ही न चला। फोन के बजने से उसकी तन्द्रा भंग हुई। शिखर का ही फोन था।
” उर्वशी, आप हमारे सुइट में आइए ”
” आपका सुइट ?”
” बाहर आइए, कुलकर्णी आपको ले आएगा ”
उन्होंने फोन बंद कर दिया। उसने समय देखा, तो रात के साढ़े आठ बज गये थे। एक बार उसने दर्पण देखा, फिर नाइटी उतारकर एक खूबसूरत मिडी पहन ली। बाहर आयी तो कुलकर्णी की दृष्टि उस पर पड़ी , उसकी आँखो में प्रशंसा भाव आया और फिर निग़ाह फेरकर वह चल दिया।
” आइए मैम। ” उसने विनम्रता से कहा। वह उसके पीछे चल दी। थोड़ा आगे जाकर वह रुक गया और दरवाजा खोलकर उसे अंदर जाने का इंगित किया। अंदर गई तो देखा एक सोफ़े पर शिखर बैठे हैं और टेबल पर भोजन लगा हुआ है। उनका चेहरा कुम्हलाया हुआ लग रहा था और थकान के चिन्ह थे। उसे देखा तो मुग्ध भाव से देखते रह गए
” ब्यूटीफुल, आपके पहनने से इस ड्रेस की खूबसूरती बढ़ गई। ” उनकी प्रशंसा से वह लजा गई।
” मुझे अच्छा नहीं लगा ” कुछ रुककर वह बोली।
” किस बात का ?” वह चौंक गए।
” जो आपने इतना कुछ मेरे लिए भिजवाया।” वह रुकी । ” मैंने कहा था न, कि उन चीजों की ज़रूरत थी। ”
वह कुछ देर सोचती रही, फिर उसने अपने गले में पहनी चेन जो वह कई वर्षों से पहने रहती थी, उतारकर उनकी ओर बढ़ा दी। उन्होंने प्रश्नवाचक दृष्टि से उसे देखा
” मेरे पास इस समय सिर्फ यही है, जो मैं उस सामान के बदले दे सकती हूँ। ” उसने दृढ़ता से कहा।
” उफ़, इतना तो मत गिराइए, हम आपसे यह लेंगे ? आज इस मुकाम पर आप, हमारी वजह से ही खड़ी हैं। इतना हक़ तो है हमें । ” उन्होंने तड़पकर कहा और उसके हाथ से चेन लेकर वापस उसके गले में डाल दी।
” दोबारा यह बात न उठे। ” वह कुछ नाराज़गी से बोले, फिर कुछ रुककर शांत स्वर में कहा ” चलिए, अब भोजन करिये। दिन भर आपने कुछ नहीं खाया न ?”
” कितना कुछ तो आपने भिजवा दिया था। ”
” इस तरह आप अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। ” उन्होंने अधिकार भरे स्वर में कहा
” मुझे भूख नहीं थी । ”
” क्या किया दिन भर ? हमारे विचार से सोई भी नहीं हो पिछले दो दिन से ?”
” क्या करती, कुछ था ही नहीं करने को ”
” जिम चली जातीं, स्पा ले लेतीं, स्विमिंग कर लेतीं। कहीं घूम फिर आतीं। हमने बहुत कोशिश की , पर जल्दी आ ही नहीं पाये। ” उन्होंने एक प्लेट में थोड़ा भोजन परोसकर उसकी ओर बढ़ा दिया।
” मुझे भूख नहीं, इतना सारा नहीं खा पाऊँगी। ”
” आप इसे इतना सारा कह रही हैं ? खाइए चुपचाप, हमारा ऑर्डर है। ” उन्होंने स्नेह भरी झिड़की दी। उसने चुपचाप भोजन को गले से उतारना शुरू किया।
” आपने क्या विचार किया ? अब आप क्या करेंगी ?” बात आगे बढ़ाई।
” सब कुछ नए सिरे से शुरू करना होगा ”
” कहाँ रहेंगी ? दिल्ली या आगरा ?”
” कुछ दिन तो आगरा ही रहूँगी , फिर दिमाग स्थिर होने पर दिल्ली जाऊँगी। कोई जॉब देखनी पड़ेगी। सारी जिंदगी माँ -बाप या भाई पर तो बोझ बनकर नहीं रह सकती। ”
” एक प्रपोज़ल दें आपको ? ” उन्होंने सवाल किया तो उसने सवालिया नज़रों से उन्हें देखा। ”
” थोड़े दिन मम्मी पापा के पास रह आइए। चेंज हो जाएगा। उसके बाद वापस आ जाइये। शौर्य से नाराज़ हैं, कोई बात नहीं, हम ये नहीं कहेंगें की उन्हें माफ़ कर दीजिये। राणा पैलेस में ही हम आपको एक बिल्कुल सेपरेट पोर्शन दे देंगे। आराम से रहिये, किसी का कोई दखल नहीं होगा। ”
” बिल्कुल नहीं। ” वह आवेश में आ गई।
” ओके ओके, कूल डाउन । ऐसा करिये ऐज़ ए ट्रेनी हमारी कम्पनी जॉइन कर लीजिये। थोड़े दिन बिज़नेस समझिए , फिर आपको वहाँ किसी अच्छे पद पर अपॉइंट कर दिया जाएगा । कम्पनी की तरफ से आपको फर्निश्ड फ्लैट और गाड़ी मिल जाएगी। ”
” प्लीज़ डोंट माइंड , लेकिन राणा फैमिली से अब कुछ भी स्वीकार करना मैं अपना अपमान समझती हूँ। ” उसका स्वर कठोर हो गया था।
क्रमशः