राघवेंद्र सैनी का उपन्यास भलोल भाग -25

भलोल

भाग -25

1965 की लड़ाई और पढ़ाई

7 सितंबर 1965, रात के ठीक 11 बजे हमारे तोपखाने ने अपनी तोपों के मुँह खोल दिए थे। पूरा पश्चिम लाल हो गया था। उसी समय आदेश आया कि एडवांस वर्कशॉप डिटैचमेंट जाएगी। मैं पंजाब से और अमल दत्ता बंगाल से, दोनों ही निडर थे। एडवांस वर्कशॉप में अपनी-अपनी स्टोर-गाड़ी लेकर गए। मेरी गाड़ी राजू चला रहा था, दत्ता की सिपाही सुरिंदर चला रहा था, एक पंजाबी लड़का।

जैसे ही हमने रामगढ़ से पाकिस्तान में एंट्री की हमें डिस्परस करने को कहा गया। हमें पाकिस्तानियों के खुदे-खुदाए मोर्चे मिले। मैं और टूलस्टोर के इंचार्ज हवलदार हरिदयाल सिंह जी दोनों एक ही मोर्चे में खड़े थे। उसी समय हमारी मेन वर्कशॉप भी एंटर हो रही थी। डोगरा रेजिमेंट के जवान मेन यूनिट को डिस्परस के लिए गाइड कर रहे थे।

रेजिमेंट के दो जवानों ने हमें पहले से मोर्चे में देखा तो हम पर राइफलें तान दीं। हमें पाकिस्तानी समझा था। हमने हाथ ऊपर कर लिए थे। हमारे हथियार हमारे कंधे पर थे। हरिदयाल सिंह जी ने कहा, “हम आर्ड वर्कशॉप से हैं।”

वे मानने के लिए तैयार नहीं हुए, कहा, “आर्ड वर्कशॉप तो अभी ‘इन’ हो रही है। आप वर्कशॉप के कैसे हो सकते हैं?”

“हम एडवांस वर्कशॉप डिटैचमेंट में आए थे। आपको यकीन नहीं तो आप अपने अधिकारियों के पास ले चलें या वर्कशॉप के अधिकारियों के पास ले जाएँ। आप हमारे आई-कार्ड देख लें।”

दोनों जवान नहीं माने। कहा, “लड़ाई चल रही है। हमारे पास इतना टाइम नहीं है कि आपकी दोनों में से कोई भी बात पूरी कर सकें।”

जवानों ने अपनी राइफलें चार्ज मैगजीन कर ली यानी एक गोली चैंबर में डाल कर उंगली फायर करने के लिए टिंगर पर रख दी थी। फायर के लिए तैयार थे, तभी हमारी यूनिट के कारपेंटर गाड़ी से उतरे। उसने तुरंत स्थिति को भाँपा और कहा, “अरे अरे यह क्या कर रहे हो? ये दोनों हमारी यूनिट के बाबू हैं।”

तब वे पीछे हटे नहीं तो उस रोज हम शहीद हो जाते।

सुबह-सुबह एयर अटैक होते हैं। लड़ाई का यही नियम है। सुबह के समय जब जवान जंगल-पानी जाने में व्यस्त होते हैं तब एयर अटैक किए जाते हैं। एयर अटैक के बाद सभी आस-पास के खेतों में जंगल-पानी में चले गए। पानी की व्यवस्था बिल्कुल नहीं थी। हमारे पास घिसी करने के अलावा कोई चारा नहीं था। मेरे स्टोर में तरल-सोप आता था। मैंने उसे हाथ पर मला और वाटर टैंक से बूंद-बूंद आ रहे पानी से धो लिए। कई तो यह भी न कर सके।

22 दिन यह लड़ाई चली। हमारा डिव सियालकोट के पास ‘अल्लड़’ स्टेशन तक पहुँच गया था। सियालकोट से डेरा बाबा नानक तक की रेल और सड़क की सप्लाई रोक दी गई थी। पाकिस्तान की मिलिट्री यूनिटें खत्म हो चुकी थी। उनका प्रतिरोध न के बराबर था। सियालकोट सेक्टर के 150 गाँव खंडहर बन चुके थे।

हमारी वर्कशॉप को सियालकोट सेक्टर के बहुत बड़े गाँव ‘महाराजके’ के सामने बड़े मैदान में जगह मिली थी। हम 6 महीने वहीं रहे। इस बीच ताशकंद समझौते की खबर आई। इसके साथ ही श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के मरने की भी खबर आई। पूरा देश शोक में डूब गया था। सेना को उम्मीद थी कि वे पाकिस्तान के जीते हुए इलाकों को तब छोड़गे जब पी.ओ.के. खाली करवा लेंगे।

सेना हमेशा आदेशों का पालन करती है। मार्च 1966 के अंत में पाकिस्तान छोड़ने के आदेश आए। हमें पंजाब के पटियाला में लोकेशन मिली। राजेन्द्रा अस्पताल निकलते ही बायीं ओर मुड़ने पर अंग्रेजों के समय की बड़ी-बड़ी फौजी बैरकें हैं, वहीं वर्कशॉप के जवानों को रहने की जगह मिली। थोड़ा और आगे जाने पर वर्कशॉप को वर्किंग प्लेस मिला।

लड़ाई में हर समय के मृत्यु के ताण्डव से और उसके अदृश्य भय से जो तनाव सभी के चेहरों पर रहता था, उससे प्रायः सभी मुक्ति पा चुके थे। सभी को आठ-आठ, नौ-नौ महीने हो गए थे छुट्टी गए। सभी चाहते थे वे छुट्टी जाएँ, अपने बाल-बच्चों से मिलें। ऊपर से आदेश भी ऐसे थे, सभी जल्दी से छुट्टी काटें और वर्कशॉप का काम भी न रुके। फिर भी सारा स्टोर व्यवस्थित करने में पूरा एक महीना लग गया था। तब कहीं जाकर पहली छुट्टी-पार्टी गई थी।

उस छुट्टी पार्टी में मेरा नाम नहीं था। मैं अविवाहित था। मैंने माँ-बाऊजी को लिख दिया था। मैं ठीक हूँ, छुट्टी मिलने पर आऊँगा। उन्हें पैसा चाहिए होता था, वह मिल रहा था।

मैं स्वयं में खोने लगा था। लड़ाई से सब ठीक-ठाक लौट आए थे, केवल ई.एम.ई. के हवलदार स्टोरकीपर हरिदयाल सिंह जी के। हवलदार जी टूल स्टोर डील करते थे। लड़ाई जोरों पर थी। तोप के गोलों से तो बचे हुए थे लेकिन हवाई-हमलों से नहीं बच पाते थे। आदेश ऐसा था कि हवाई हमलों के दौरान कोई मूवमेंट नहीं होगी, सभी मोर्चों में रहेंगे, हमला खत्म होने के बाद वर्किंग प्लेस पर जाएँगे।

मुझे याद है, वह 20 सितंबर, 1965 का दिन था। मैं नाश्ता करके अभी स्टोर-गाड़ी में लौटा ही था कि हवाई हमला हुआ था। हम सब तो अपने मोर्चों में पहुँच गए परंतु जाने कैसे हवलदार हरिदयाल सिंह जी को मोर्चे तक पहुँचने में देर हो गई थी। ऊपर से गन का बर्स्ट आया और वे औंधे मुँह गिर गए थे, उन्होंने चूं भी नहीं की थी। हिले भी नहीं थे। हमारे देखते-देखते वे शहीद हो गए थे। हम कुछ भी नहीं कर पाए थे।

हमला समाप्त होते ही हम उनकी ओर भागे थे। प्राण-पखेरू उड़ चुके थे। गोलियाँ उनके शरीर से इस तरह निकल गई थीं जैसे कपड़े की सिलाई उधड़ गई हो। एक गोली आँख के पार हो गई थी। कुछ क्षणों में ही उनका चेहरा विकृत होकर भयानक हो गया था। ओ.सी. साहब और अन्य अधिकारी भी आए। ओ.सी. साहब के आदेश से उनके शव को चादर से ढक दिया गया। एम्बूलेंस बुलवा कर शव को पीछे अस्पताल में भेज दिया गया था जिससे घरवालों के आने तक उन्हें सुरक्षित रखा जा सके। बाद में हम सब अपने कार्य में व्यस्त हो गए थे जैसे कुछ हुआ ही न हो।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment