वहाँ कौन है? (भाग 18)
“यह आवाज़…”, सभी के सिर एक साथ आवाज़ की दिशा में घूमे और अगले ही क्षण वे अपनी-अपनी जगह स्तब्ध रह गए।
गुफा के प्रवेश द्वार पर वनरक्षक और ड्राइवर खड़े मुस्कुरा रहे थे।
“तो आखिर मिल ही गई तुम्हें यह गुफा।” वनरक्षक ने ताली बजाते हुए कहा। “गुड जॉब… हमारा काम भी आसान हो गया।”
“आप लोग… यहाँ कैसे?” उदय के मुँह से अनायास निकला।
ड्राइवर मुस्कुराया। उसने दो उँगलियों को चलाते हुए इशारा किया।, “जैसे आप आए… वैसे ही आपके पीछे-पीछे।”
उदय ने संयत स्वर में कहा, “दरअसल, खोज पूरी हो जाती तो हम स्वयं वन विभाग को इसकी सूचना देने वाले थे। अभी तो हमें भी नहीं पता कि यहाँ क्या है।”
“क्यों बताना था?” ड्राइवर ने जेब में हाथ डालते हुए पूछा।
मायरा बोली, “अगर किसी संरक्षित वन क्षेत्र में कोई संभावित पुरातात्विक संरचना या ऐतिहासिक अवशेष मिलता है तो उसकी सूचना संबंधित विभागों को देना आवश्यक होता है। बिना अनुमति खुदाई करना कानूनन अपराध माना जा सकता है।”
वनरक्षक के चेहरे की मुस्कान धीरे-धीरे सिमट गई।, “किसी को कुछ बताने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।”
उसने बंदूक कंधे से उतारकर सीधे उनकी ओर तान दी।, “हम भी बरसों से इस जंगल के उस कथित खजाने की कहानी सुनते आए हैं। आज समझ में आ गया कि सही जगह यही है।”
“खजाना?” प्रभात हड़बड़ा गया।
“हाँ… वरना कोई टीम लगातार दो दिन एक ही इलाके में क्यों लौटेगी?”
मायरा ने समझाने की कोशिश की।,”आप गलत समझ रहे हैं। हम लोग किसी खजाने…”
“बस!”, वनरक्षक गरजा।
“अब कहानी बंद। जल्दी खोजो, जो भी यहाँ छिपा है, निकालो।”
ड्राइवर भी रिवॉल्वर निकालकर दूसरी दिशा में खड़ा हो गया।, “और अगर किसी ने चालाकी दिखाई…” उसने हल्की मुस्कान के साथ कहा, “…तो यह गुफा ही तुम लोगों की आख़िरी मंज़िल होगी।”
टीम के पास कोई विकल्प नहीं था।उदय ने सबकी ओर देखा। उसकी आँखों में एक ही संदेश था, ” घबराना मत!”
वे अलग-अलग दिशाओं में निरीक्षण करने लगे।
गुफा के भीतर अजीब-सी नमी थी। चट्टानों से लगातार पानी टपक रहा था। कहीं रास्ता सँकरा था तो कहीं अचानक चौड़ा हो जाता। उनकी हेडलैम्प की रोशनी अँधेरे को चीरने की कोशिश करती लेकिन कुछ ही मीटर बाद वह जैसे निगल ली जाती।
मायरा धीरे-धीरे चलते हुए एक कोने तक पहुँची।वहाँ चट्टान की दरार से पानी की अत्यंत पतली धारा रिस रही थी।बूँदें नीचे एक छोटे-से प्राकृतिक कुंड में गिर रही थीं।
उस निर्मल जल को देखते ही उसके मन में उसी रहस्यमयी जलाशय की स्मृति जाग उठी।कुछ क्षण वह संकोच करती रही।फिर उसने धीरे से उँगलियाँ पानी में डुबो दीं।कुछ भी नहीं हुआ।
पानी बिल्कुल सामान्य था…शीतल, पारदर्शी और शांत।उसने राहत की साँस ली। “क्या हर जल एक जैसा दिखने पर भी एक जैसा होता है?”, यह प्रश्न उसके मन में उठ खड़ा हुआ।
दूसरी ओर प्रभात की हेडलैम्प की रोशनी ज़मीन से ऊपर उठती हुई चूने की विचित्र संरचनाओं पर पड़ी।”सर… इधर आइए।”
सभी उधर देखने लगे।।ज़मीन से ऊपर उठे पत्थर ऐसे दिखाई दे रहे थे मानो किसी ने अनेक छोटे-छोटे स्तंभ तराश दिए हों।
“ये तो स्टैलेग्माइट्स हैं।” उदय ने कहा। प्रभात को लग रहा था जैसे उन पर हल्की-सी हरी चमक लहराई हो।उसने यह बात उदय से कही, “सर… ये चमक रहे हैं!”
सुक्खी तुरंत अपने बैग से अल्ट्रावायलेट (यूवी) टॉर्च निकाल लाया।जैसे ही उसने प्रकाश डाला, कुछ संरचनाओं पर हल्की हरी फ्लोरेसेंस उभर आई।
“घबराने की बात नहीं।” उदय ने समझाया।
“कुछ कैल्साइट और दूसरे खनिजों में फ्लोरेसेंस होना सामान्य बात है। शायद यही कारण है।”, सभी ने गहरी साँस ली।
कम से कम इस रहस्य का वैज्ञानिक उत्तर मिल गया था।
उधर सुक्खी और कुमार गुफा की दूसरी ओर दीवारों और पत्थरों का निरीक्षण कर रहे थे।अचानक दोनों रुक गए।एक बड़े पत्थर पर वही धूसर-सफेद नाग कुंडली मारे बैठा था।उसकी आँखें सीधे कुमार पर टिकी थीं।
कुछ क्षणों के लिए कुमार को लगा मानो नाग की सुनहरी आँखों में कोई प्रकाश लहराया हो।अगले ही पल उसे ऐसा महसूस हुआ जैसे वही चमक उसकी अपनी आँखों तक पहुँच गई हो।उसने पलकों को झपकाया।सब कुछ फिर सामान्य था।
“हट… हट…”, सुक्खी ने लंबी लकड़ी उठाकर नाग को हटाने की कोशिश की।
लेकिन बिना कोई आक्रामकता दिखाए नाग स्वयं धीरे-धीरे रेंगता हुआ अँधेरे में विलीन हो गया।
दोनों सावधानी से उस स्थान तक पहुँचे जहाँ वह बैठा था।पत्थर के पीछे एक छोटी-सी खोह थी।
कुमार ने टॉर्च भीतर डाली।अंदर किसी धातु जैसी वस्तु चाँदी की तरह चमक रही थी।
सुक्खी ने फुसफुसाकर पूछा, “क्या है यह?”
कुमार भी धीमे स्वर में बोला,”कुछ… तो है।”
“ओह थैंक्यू!”, सुक्खी ने आँखें घुमाईं।, “तू नहीं बताता तो मुझे पता ही नहीं चलता।”
इतने तनाव में भी दोनों की हँसी छूटते-छूटते रह गई।तभी पीछे से ड्राइवर गरजा, “क्या हो रहा है वहाँ?”
सुक्खी बिना पलटे बोला, “नारियल का पेड़ उगाने की कोशिश कर रहे हैं… तू भी आ जा।”
वाक्य मुँह से निकलते ही उसे अपनी स्थिति का एहसास हो गया।
उसकी मुस्कान तुरंत गायब हो गई।ड्राइवर कुछ कदम उनकी ओर बढ़ा, “चुपचाप काम करो!”,कहकर वह वही रुक गया जहां प्रभा कुछ खोज रही थी।
कुमार ने टॉर्च फिर उसी खोह के भीतर डाली…और इस बार दोनों की साँसें एक साथ रुक गईं।अंदर चमकती हुई वस्तु केवल कोई धातु नहीं थी…वह किसी प्राचीन वस्तु का एक हिस्सा प्रतीत हो रही थी।
Megha
( ओहो,क्या मिला इनको? क्या यही है उस खजाने की झलक जिसकी कहानियां उस क्षेत्र में फैली हुई थीं? क्या वनरक्षक उदय और उसकी टीम को आसानी से जाने देंगे? जानने लिए ढेर सारे कमेंट कीजिए।)