अनिता रश्मि का उपन्यास ‘गुलमोहर के नीचे ‘ भाग -4

4

आज ही नीलिमा अपने पापा के पास से हॉस्टल लौटी थी। स्टेशन पर पापा, दिवा और विश्वास साथ थे। विश्वास उसे उसके हॉस्टल तक छोड़ने आया था। दिवा और पापा ट्रेन पर चढ़ाकर, वापस चल दिए थे। वहीं स्टेशन पर ही दिवा को विश्वास से शर्मा-शर्माकर बात करते, और दबी हँसी-हँसते देखकर वह कुछ सोचने लगी थी।
सबेरे उठी तो ओस की बूँदों को देर तक खिड़की से बाहर पत्तों पर बिछी देखती रही थी। तब भी नहीं सोच सकती थी वह, विश्वास ऐसा निकलेगा।
सुबह मन बड़ा हल्का था। असमंजस की स्थिति से उभर चुकी थी नीलिमा। निर्णय के बाद की शांति और आँखों में निश्चिन्तता दिखलाई पड़ रही थी।
“आज से पढ़ाई चालू करनी है पारुल! नहीं तो लुढ़कना निश्चित। कितने दिन घूमने-फिरने, गपियाने में बीत गए।”
घर से दिवा हमेशा समय पर ही पत्र लिखा करती। अभी उसके पत्र की आशा थी नहीं। वहाँ से लौटे अभी बारह ही दिन हुए थे कि दिवा का खत मिला। सबके साथ नीलिमा का पत्राचार आम बात, बेबात भी हुआ करता। थोड़ी शॉपिग को निकली थी। नीलिमा हॉस्टल में अभी-अभी लौटी थी। दिवा ने लिखा था,

स्नेहिल नीली दीदी,
बहुत प्यार!

मम्मी-पापा ठीक हैं। तुम भी ठीक होगी। तुम्हारे जाने के बाद विश्वास आए थे। उनसे बहुत सारी बातें हुईं। तुम्हारी भी नहीं कहूँगी, तुम्हारी ही हुईं। वे गाँव जा रहे हैं। मम्मी ने उन्हें कुछ तीखी बात कह दी थी। वे बताएँगे ही। मैं समझती हूँ, मम्मी की बातों का बुरा नहीं मानोगी।
मैं कुशलपूर्वक रहते हुए तुम्हारी कुशलता चाहती हूँ।
– दिवा तुम्हारी

दिवा के आते ही, उसका बोलना शुरू करते ही, माँ मम्मी बन गई थी। अनायास नीलिमा भी मम्मी संबोधित करने लगी थी।
“लिखती है, बुरा नहीं मानोगी। अब मम्मी की बातों का क्या अच्छा और क्या बुरा मानना।”
उसने पारुल को भी बताया।

इंजीनियर विश्वास उसकी दूर की भाभी का भाई था। पतला-लंबोतरा चेहरा, बड़ी काली आँखें, निश्छल मुस्कान, मिलिट्री कट बाल और गंभीर आवाज। ऊपर से जहीन दिमाग।
उन दिनों दोंनो बी. ए. में थीं। नीलिमा बेहद शरारती। लेक्चर के बीच कभी उसको चिकोटी काटती, कभी उसकी चुटिया खींचती, कभी तोते की आवाज निकालती। बावजूद उससे लेक्चरर्स खुश रहा करतीं। खुश रखने का गुर आता था उसे।
वह अपनी फिलॉसफी पारूल को बताती,
“पढ़ भले कम, दिखला ज्यादा। देख न, मैं जी भरकर बदमाशियाँ करती हूँ’, अधिक पढ़ती भी नहीं। तुम सब की तरह अपना भेजा खत्म नहीं करती। बस, दो-चार पूछे जाने वाले प्रश्न रटकर सुना देती हूँ। दीदी ने प्रश्नों का गोला दागा कि मेरा हाथ ऊपर।”
नीलिमा शरारत से अपनी भूरी खूबसूरत आँखों को गोल-गोल घुमाती। भौहें नचाती।
“मैं जो फटाफट जवाब देती हूँ न, बस सारी खासियत इसी में है। तुमलोग सोचती होगी, पूरा कोर्स ही भरा है दिमाग में मेरे।”
“नहीं। अच्छी तरह जानती हूँ, गोबर भरा है।”
पारुल टोककर ब्रेक लगाना चाहती।
“अरे मेरा भाव देख। और एक तुमलोग हो, पूरी किताब चाटकर भी गाली खाती हो।”
“पूरी किताब…। वो देखो, वो चली नागिन-सी चाल।”
मिसेज भल्ला बड़ी इतराकर चला करती थीं उसे नजर आ गईं। वे सीढ़ियों की ओर बढ़ रही थीं।
“और वे काले-कजरारे नैना।”
इसी तरह के दो-चार बेढब नाम लेक्चरर्स के लिए रख छोड़े थे उसने। उसकी शरारतें, प्रॉक्सी मारने का विभिन्न स्टाइल, मसलन, कभी “यस प्लीज!”, कभी “यस मैडम!”, कभी “प्रेजेन्ट प्लीज!” और सब में आवाज की रवानी अलग-अलग।
कोई-कोई लेक्चर भाँप जातीं। फिर भी मुस्कुराकर माफ कर दिया करतीं। सदा से टॉपर रही नीलिमा के प्रति सबका स्नेह था।
उस दिन भी ढेर सारी शरारतें कर, वह क्लास ओवर होने पर दूसरे क्लास रूम में सीट लूटने को दौड़ी थी कि,
“सुनिए, मिस नीलिमा लाल?”
“कौन नीलिमा लाल? मैं नहीं जानती।”
उसे ज्यादा हड़बड़ी थी, उसकी सीट छीन ली जाती न। वह हमेशा आगे की सीट पर ही जमना चाहती। पीछे उसका मन ही नहीं लगता है। पीछे की सीट पर रहे, तो निश्चित फेल होगी। पीछे गप्प ही मारेगी, वह जानती है। जब भी एक क्लास ओवर होता, लड़कियाँ हड़बड़ाकर भागा करतीं। उनमें सीट लूटने की होड़ मची रहती।
वह नौजवान ठगा-सा खड़ा, दौड़ती-कूदती यौवनोन्मुख लड़की की ओर देखता रह गया। फिर अपने आप हँसी खेल गई होंठों पर।
“कॉलेज जीवन भी न…।”
पीछे से आ रही पारुल को रोका उसने।
“फोर्थ इयर की नीलिमा लाल को बुला दे सकती हैं?”
पारुल को पता है, नीलिमा ने जगह रखी ही होगी। वह रुक गई।
“हाँ, कहिए।”
“आप ही हैं क्या?”
“नहीं! लेकिन मैं इतना जानती हूँ, आपकी शक्ल का कोई भी उसका परिचित नहीं है।”
“मुझे नीलिमा जी के पापा ने भेजा है। वो नटराज होटल में ठहरे हैं। आप यदि जानती हों तो उन्हें बुलवा दीजिए। या यह चिठ्ठी दे दीजिए, उनके पापा ने दी है।
“ठीक है, दीजिए चिठ्ठी।”
सहजता से उसने चिट्ठी ले ली।
“आपने चिट्ठी तो दे दी, पर अगर मैं उसे जानती न होऊँ और पत्र न दूँ तो?”
“मैं उन्हें नहीं पहचानता। अगर आप ही नीलिमा हैं, मैं क्या कर सकता हूँ।”
पारुल को हड़बड़ी। फिर भी ठिठकी।
“उनके पापा नामक जज के सामने ही फैसला हो सकता है।”
पारुल निरूत्तर। नीलिमा को बुलाने दौड़ पड़ी। वह गेट के पास ऑफिस के बाहर खड़ा रहा।
उसके बाद नीलिमा मिली, और खूब मिली। अपनी माताश्री की जुड़ी भवों के बावजूद। हवा के परों पर दिन उड़ रहे थे। ऐसे में वह विश्वास से कब प्यार कर बैठी, पता ही नहीं चला।
दो-तीन साल यूँ ही निकल गए। सपनों में डूबे हुए।
एक बार पापा की इजाजत लेकर पारुल, दिवा के साथ बंबई गई। दूसरे दिन वहीं कार्यरत विश्वास भी मिलने आया। तब उसका ट्रांसफर बंबई के उपनगर कल्याण में हो गया था।
छुट्टी लेकर उसने खूब शौक से उन्हें लोकल ट्रेन की सैर कराई। महाबालेश्वर, शिर्डी, स्थानीय हैंगिग गार्डेन, विनायक मंदिर आदि तीनों साथ में घूमें। दिवा को उसके सब काम, निर्णय में हाँ में हाँ मिलाते देखकर चौंकी नीलिमा। लेकिन ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
वे स्वप्नों के परों पर खूब ऊँचे उड़ने, उड़कर आकाश छू लेने के दिन थे। विश्वास पुख्ता, ‘विश्वास पक्षी की तरह उड़ान में उसके साथ है।’
आजकल विश्वास बिहार के एक ही बगलगीर शहर में ही आ गया था।
‘अब दिवा के स्वप्न मात्र दिवास्वप्न न रह जाएँ।’
सोचकर उसने अपने यौवन की दहलीज पर पैर रख चुकी बहन के लिए विश्वास का हाथ खुद ही माँगने का फैसला कर लिया। लेकिन दिवा की पढ़ाई पूरी हो जाने के बाद। नीलिमा को अपनी फिक्र नहीं।

*****

WhatsApp Image 2026-06-22 at 12.07.12 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment