वहां कौन है?(भाग 21)
उदय नींद में ही कुछ कसमसाया और उसकी आँखें खुल गईं। वह बिस्तर पर लेटा हुआ ही सोचने लगा ,’ क्या वह अब मंदिर के करीब है? उस दरवाजे के पीछे सचमुच वही मंदिर तो नहीं!’
उसकी उत्तेजना बढ़ गई। कल का दिन बहुत महत्वपूर्ण हो सकता था। तभी उसे कुछ याद आया…कुमार।
‘ कुमार का जरूर इस सबसे कोई न कोई संबंध तो है और वह गुलाबी चिड़िया भी …अजीब है।….मगर कुछ भूल रहा हूं मै! कुछ …’, और इसके साथ ही वह एक झटके से अपने बिस्तर से उठा और मोबाइल की टॉर्च जलाकर उसने लॉकर में से वह पट्टिका निकाली और नीला कंगन भी।
‘ इसे ही भूल रहा था मैं। क्या इन दोनों का कोई संबंध है!’, उदय उन दोनों पर उकेरी लिपि ध्यान से देखने लगा।
‘ ये दोनों तो अलग लग रही हैं।अब… ?’, उदय सोच में था।
कंगन हाथ में लेकर वह देर तक घुमाता हुआ उसकी नक्काशी देखता रहा। उसके बाद उसने उन दोनों को वापिस रखा और बिस्तर पर आकर सो गया।
सुबह उठते ही उदय मायरा के पास गया।,” गुड मॉर्निंग मायरा!”
” उदी, गुड मॉर्निंग। इतनी सुबह यहां! क्या बात है?”, मायरा ने मुस्कान बिखेरते हुए पूछा। हल्के हरे रंग के शॉर्ट्स पहने हुई मायरा के बाल अभी उठने के कारण कुछ उलझे और बिखरे हुए थे। आंखों में अभी भी नींद की खुमारी भरी हुई थी।
उदय को याद आया , उसने अपने पापा से सुना था कि किसी स्त्री की खूबसूरती की सही परख करनी है तो उसे सोकर उठते हुए देखो। यदि उस समय भी वह सुंदर लग रही है तो यकीन जानों वह बेहद खूबसूरत है।
” तुम अच्छी लग रही हो…सुंदर।”,बेख्याली में उदय के मुँह से निकल गया।
जम्हाई लेती मायरा की हँसी छूट गई। ” तुम यही कहने आए हो क्या यहां?”
” न..नहीं। वो तो बस यूं ही।”, उदय ने दिमाग पर जोर डाला कि वह यहां क्यों आया था और आखिरकार कुछ ही पल में उसे याद आ भी गया।
” थोड़ा बाहर चलो मायरा, कुछ बात करनी है।”, उदय ने बाहर की ओर इशारा किया।
मायरा सर हिलाते हुए उसके साथ गेस्ट हाउस के गार्डन में आ गई। वे टहलते हुए बात करने लगे।
” तुम मौसम , जंगल ,पौधों की बात करने के लिए ही मुझे यहां लाए थे उदी? मैने ब्रश भी नहीं किया अभी तक, मुझे अनकंफर्टेबल लग रहा है…ये बात बाद में भी कर सकते हैं।”, थोड़ी देर बाद ही मायरा बोल पड़ी।
” अरे हाँ, सच कह रही हो।मै ये बातें करने नहीं लाया था।”, उदय सकपका गया तो मायरा ने उसे आँखे तरेर कर देखा और कमर पर हाथ रखकर खड़ी हो गई।
” दरअसल कल रात मुझे नींद नहीं आ रही थी तो मै सोचने लगा कि क्या हम मंदिर के आस पास हैं! फिर मुझे याद आया…नीला कंगन…जो तुम्हें मिला था।”, उदय ने अपने लोअर की जेब से कंगन निकाल कर अपनी हथेली पर रख लिया। मायरा की निगाहें उस कंगन पर जम गईं।
“मुझे लगा था पट्टिका की लिपि और यह लिपि एक जैसी होगी पर यह तो अलग हैं।”, उदय ने कहा तो मायरा ने उसे ऐसे देखा जैसे उसने बहुत बचकानी बात कर दी हो।
” अलग तो होंगी ही, यह मुझे नदी के पास मिला और पट्टिका गुफा की खोह में। जगह ही अलग हैं।”
” पर मै सोच रहा था कि अगर यह सब एक ही कड़ी का हिस्सा है तो लिपि एक होनी चाहिए थी, एक ही टाइम पीरियड की।”, उदय गम्भीर हो गया।
” बात तो सच है पर यह भी तो हो सकता है न कि दोनों का इतिहास ही अलग हो।”, मायरा ने कुछ सोच कर बोला।
” एक काम करो, इस कंगन को अभी तुम अपने पास रखो शायद कुमार की तरह ही तुमको ही इस कंगन का रहस्य पता चल सके।”,कहते हुए उदय ने कंगन मायरा को दे दिया।
” मैं”,मायरा को पुरानी घटनाएं याद आ गई। ” अच्छा ठीक है, कहो तो पहन ही लूं इसे।”,बात पलटते हुए वह खिलखिला दी जबकि वास्तव में वह खुद भी इस कंगन को अपने पास रखना चाहती थी। उसकी लिपि वही पढ़ सकती थी।
” तुम्हारी इच्छा! वैसे तुम्हारी कलाई पर खूबसूरत लगेगा।”, उदय ने कनखियों से उसे फिर निहारा। मायरा को वह पसंद करता था लेकिन आज से पहले उसे मायरा इतनी आकर्षक नहीं लगी थी।
” लो जी, पहन लिया।”, कहते हुए मायरा ने उसे पहन लिया। जैसे ही कंगन उसकी कलाई में पहुँचा, एक ठंडी नीली लहर उसकी उँगलियों से होकर पूरे शरीर में दौड़ गई। एक पल के लिए उसकी साँस थम गई। अगले ही क्षण सब सामान्य था… मानो कुछ हुआ ही न हो।
उदय ने मायरा की कलाई देखी, वह समझ नहीं पाया कि कंगन उसकी कलाई में आकर चमकने लगा या पहले से ही इतना चमकदार था।
” चलो, फिर जंगल भी जाना है।”, कहकर मायरा गेस्ट हाउस के अंदर उदय को खींचती हुई ले गई।
आज वे फिर वहीं जा रहे थे लेकिन वनरक्षक और ड्राइवर ने कोई सवाल नहीं किया। गुलाबी चिड़िया उनके साथ–साथ उड़ रही थी। कुमार और सुक्खी उसे बीच–बीच में पुचकार देते थे।
” अरे ड्राइवर साहब ,शायद आप दूसरे रास्ते पर आ गए हैं।”,तभी प्रभात को कुछ खटका।
” वही रास्ता है। जंगल के सभी रास्ते रटे हुए हैं हमें साहब। “, ड्राइवर ने बस इतना कहा और गाड़ी चलाता रहा।
वे सब चुप हो गए क्योंकि जंगल को वे लोग ज्यादा अच्छी तरह पहचानते थे।
“उदय, यह रास्ता उन चट्टानों की ओर नहीं जाता। मुझे भी ऐसा ही लग रहा है। कहीं कुछ गड़बड़ तो नहीं।”,मायरा ने धीरे से उदय के कान में कहा।
उदय कुछ बोला नहीं। तभी ड्राइवर ने ब्रेक लगाए। ” उतर जाइए, चार बजे यहीं मिलेंगे।”
” प्रभात, यह तो जलाशय वाला रास्ता है न!”, प्रभा ने कहा तो उसने सिर हिला दिया।
वे सभी खामोशी से उतर गए। जीप के जाने के बाद मायरा बोली, ” अजीब लोग हैं, बार – बार कहने पर भी यहां छोड़ दिया। कहीं इनको सब याद तो नहीं।”
” नहीं, याद नहीं है। पर यह रास्ता तो उस लुप्त हुए जलाशय की ओर जा रहा है। कहीं ऐसा तो नहीं ,नियति हमें यहां लाई हो। चलो, देखते हैं।”, कुमार ने कहा।
” पर वो गुफा!”, सुक्खी ने याद दिलाया।
” एक बार यहां चलते हैं फिर गुफा तक भी पहुंच जायेंगे। हमारे उपकरण कब काम आयेंगे।”, उदय ने कहा।
सभी उस रास्ते पर बढ़ने लगे। मन में शंका भी थी कि पता नहीं वह स्थान मिलेगा या नहीं। लेकिन चमत्कार हो गया। सामने वही तीन पेड़ और बीच में जलाशय था।
सभी भाग कर वहां पहुंचे। पहले की तरह ही पेड़ की पत्तियां पानी को बिना छुए एक तरफ गिर रही थीं। अचानक मायरा को लगा जैसे कोई मधुर संगीत बज रहा हो।
” यह कैसी धुन है ?”, तभी प्रभा ने कहा। मायरा को तब समझ आया कि वह अकेली ही इस धुन को नहीं सुन रही बल्कि सभी सुन रहे हैं।
वे सम्मोहित से उसे धुन को सुन रहे थे और धीरे–धीरे सभी पर बेहोशी छा गई , सिवाय… मायरा को छोड़कर।
मायरा का नीला कंगन नीली आभा युक्त होकर चमकने लगा।
मायरा थोड़ी घबराई जरूर पर उसने अपना साहस बनाए रखा क्योंकि उसे पता था कि अब जो भी होने वाला है उसके तार मायरा से ही जुड़े हैं।
उस पल पहली बार बिना नींद में गए या बेहोश हुए मायरा ने पहली बार अपने धड़ को मछली की तरह बदलते हुए देखा।
जलाशय का पानी बिल्कुल स्थिर था फिर भी उसकी सतह पर नीली और गुलाबी आभा स्वयं लहरें बना रही थी।वह धीरे –धीरे जलाशय के पास गई और आहिस्ता से पानी में उतर गई।
Megah
( बोल बोल मछली कितना पानी …इतना पानी। बोल बोल मेघा कितने कमेंट…आह बहुत कम इत्तू से। मायरा बेचारी आपके लिए पानी में उतर गई है ,कुछ तो बोलिए भई चुप्पी खोलिए आप भी)