कहानी एक रात की
भाग… 9
सरिता विद्या को अपने साथ अपने कमरे में ले आई। अपनी अलमारी से निकालकर एक सूट दिया। गुलाबी रंग के सूट पर नीले फूल बने थे। गले और बाहों पर कढ़ाई हो रखी थी। कुल मिलाकर सुन्दर लग रहा था सूट।लेकिन विद्या तटस्थ थी। उसके चेहरे पर कोई भाव नहीं थे। लग रहा थे कोई इसे जाने दे तो वो फिरसे अपनी जान दे दे। आंसू आँखों की कोरों का बाँध तोड़कर बार बार बाहर आ जाते। उसका काजल रोते रोते गालो पर अपनी जगह बना चुका था। विद्या बार बार अपनी ऊँगली चटका रही थी। उसकी धड़कने बढ़ रही थी, इसी कारण उसे पसीना आ रहा था।साइकिलॉजी में इसे फिज़ेटी कहा जाता है। एक ऐसी अवस्था जब आप अधिक नर्वस होते है, डिप्रेशन आपकी ओर कदम बढ़ा चुका होता है। विद्या उसी फेज में थी।सरिता ने उसे बाथरूम में जाकर, नहाकर कपडे बदलने को कहा। विद्या बिना किसी भाव के उठ गई। कुछ देर बाद जब वो नहाकर बाहर निकली तो उसे देखकर सभी आश्चर्य से भर गए।
” तुम तो बहुत सुन्दर हो बिटिया। एकदम रुई जैसी…. माँजी ने कहा।
” हाँ विद्या, माँ सही कह रही है, बहुत प्यारी हो तुम… आओ बैठो हमारे पास.. कहकर सरिता ने उसे हाथ पकड़कर अपने पास बैठा लिया। सरिता स्वेटर बुन रही थी….. पीले रंग का छोटा सा स्वेटर। माँ ऊन के गोले बना रही थी। दोनों बाहर बरामदे में बैठी थी। अनिमेष अंदर था कुछ काम कर रहा था लेकिन उसे खिड़की में से बाहर का सब
साफ़ दिखाई दे रहा था। बाहर बहुत सारे पौधे लगे थे। कुछ फूल वाले कुछ सब्जी की बेले। एक पौधा गमले में मुरझाया हुआ था…. मानो निष्पराण हो चुका हो। शायद उसे मिट्टी से निकालकर उस गमले में लगाया था। मिट्टी भी सूखी थी। अभी ज़मीन की नमी उस तक पहुंच नहीं रही थी। विद्या की निगाहेँ उसी को देख रही थी। सरिता समझ रही थी। उसने उस गमले में कुछ मिट्टी डाली थोड़ी सी खाद डाली एक डंडी सहारे के लिए लगाई और थोड़ा पानी डाला। अब सरिता विद्या के पास आ गई।
” बिद्या कल देखना, ये पौधा इसी गमले की मिट्टी में जड़ पकड़ लेगा।और फिर से मुस्कुराने लगेगा। समय तो इसे भी चाहिए। जानती हो हम औरते भी ऐसी ही होती है। ज़रा सी मिट्टी और रिश्तो की नमी मिली नहीं कि पनप जाती है। मै नहीं जानती तुम्हारे साथ क्या हुआ, क्यों हुआ? बस अंदाजा लगा सकती हूं, लेकिन जीवन में सब कुछ परिज्यूम नहीं किया जाता। यदि तुम अपनी परेशानी बताओगी नहीं तो हम मदद कैसे करेंगे? भैया जी बहुत अच्छे दिल के है।तभी तुम्हे साथ ले आए लेकिन ज़माने को तो तुम भी समझती हो ना, उन्हें सब समझाना होता है, तुम बताओ क्या हुआ तुम्हारे साथ?कुछ तो बोलो विद्या…सरिता ने विद्या के मन में झाँकते हुए कहा।
” बिटिया, यहाँ हम दोनों के अलावा कोई नहीं, चाहो तो तुम बता सकती हो, कोई तो हल निकलेगा ही….. माँजी ने कहा।
सरिता और माँजी की बातों से विद्या को बल मिला। वो भी समझ रही थी कि सामने वाले भले लोग है, अनजान होकर भी मदद करना चाहते है। बस विद्या साहस जुटा रही थी…… धीरे धीरे साहस जुटा कर विद्या ने बोलना शुरू किया। वो कुछ कहती और फिर रुक जाती, फिर बोलती फिर रुक जाती…… कभी आंसुओ से गला रुंध जाता तो आँखे देखना बंद कर देती।सरिता के हाथो का स्पर्श विद्या को हिम्मत दे रहा था। माँजी की आँखों में आंसू थे। सरिता नम आँखों से अपने आंसुओ को रोक रही थी। और उस दिन वाली घटना ने तो सरिता की आँखों से भी आंसू बाहर करा दिए। विद्या की,।। गर्दन के पास लगी खरोचे और निशान इसके दर्द को बयान करने के लिए काफ़ी थे।विद्या के लिए ये दर्द इतना बड़ा था कि सब कहने के बाद विद्या बिलख बिलख कर रोने लगी।
” मुझे नहीं पता जीजी, जीवन मरा की बचा… क्या हुआ उसका, मै तो इतना जानू मैंने जो किया अपने अपने सम्मान के लिए किया। भगवान करें जीवन को कुछ ना हुआ हो, उसके बच्चे है जीजी,……. कहकर वो फिर रोने लगी।
“बिद्या चुप हो जाओ, तुम्हारे रोने से कुछ नहीं होने वाला…. तुमने जानबूझकर कुछ नहीं किया ना, आंसू पूछो। सब सही होगा….. पता करने की कोशिश करते है। और एक बात विद्या…. क्या तुम्हे उससे प्रेम था, जिससे तुम्हारा विवाह हुआ था?
” ना जानूँ हूं जीजी, प्रेम का तो ना पता, बस लगाव था। मै चाहूँ थी, कि वो सही हो जावे, पहले सही थे जीजी, किसी दुर्घके कारण दिमाग़ का संतुलन ख़राब हो गया…. विद्या ने दुप्पटा सही करते हुए कहा।
“विद्या, तीन कप चाय बना लाओ, और हाँ भैया जी अन्दर ही है उनसे भी पूछ लेना, चाय के बहुत शौक़ीन है वो, रसोई पता है ना, सरिता ने कहा।
” हाँ जीजी, पता है…… कहकर विद्या रसोई की ओर मुड़ गई।
सरिता ने अपनी सास की आँखों में झाँकने की कोशिश की।
पारुल अग्रवाल मित्तल
Agarwalmittalparul@gmail.com