32-
” मम्मी, अगर आपको मेरा यहाँ आना बुरा लग रहा है तो फिक्र मत करिए, सारी उम्र आप पर बोझ बनकर नहीं रहूँगी। जल्दी अपना कोई इंतजाम कर लूँगी। “
” पागल हो गई हो क्या ? गाय को कभी अपने सींग भारी नहीं होते। ये तुम्हारा घर है, पूरे अधिकार से रहो। ” पापा ने उसे गले से लगा लिया। मम्मी खामोश रह गईं।
रात में उमंग का फोन आया, तो उसे मम्मी पापा ने सब कुछ बता दिया था। वह बहुत क्रोध में था और कह रहा था कि शौर्य पर केस किया जाए।
” कोई ज़रूरत नहीं भैया, मुझे उस परिवार से अब कुछ नहीं चाहिए। हम उन पर कीचड़ उछालेंगे तो दाग हमारे दामन पर भी आयेंगे। “
” मतलब तू चाहती है कि हम खामोश बैठे रहें ? कुछ भी न करें ? उसने तेरा जीवन खराब किया है। उसे ऐसे कैसे छोड़ दें ?”
” मैं बस शांति चाहती हूँ भैया। शिखर जी मेरे फ़ेवर में सब कुछ करने को तैयार हैं, पर मुझे उनसे कुछ नहीं चाहिए। “
” तू मूर्ख है, इमोशनल फूल “
” आप फिक्र मत करिए, अपने एक्सपेंसेज़ के लिए मैं कुछ कर लूँगी, कोई जॉब या … “
” शटअप, शर्म नहीं आती ऐसी बातें करते हुए। तेरे दो दो भाई ज़िंदा हैं अभी। हम सब तेरे साथ हैं। तुझे फिक्र करने की कोई ज़रूरत नहीं।” उमंग ने बीच में ही उसकी बात काट दी ।
” अब सारा मामला आप सबके सामने है। बस इतनी प्रार्थना है कि इस विषय को बार बार न उठाया जाए । मैं शांति से रहना चाहती हूँ। न हम उन लोगों से कोई बात करेंगे और न ही आपस में डिसकस करेंगे।” उसकी बात सुनकर पलभर के लिए उमंग सोच में पड़ गया।
” सुन, एक काम कर, मैं तेरी टिकट करवा देता हूँ, तू मेरे पास लखनऊ आ जा। यहीं थियेटर कर लेना और किसी प्रोफेशनल कोर्स में एडमिशन ले लेना। ” उमंग ने उसके सम्मुख यह प्रस्ताव रखा, जो उसे पसन्द आया।
यह प्रस्ताव सभी ने पसन्द किया। अगले दिन उमंग ने उसका टिकट बुक करवा दिया और सप्ताह भर बाद वह लखनऊ चल दी।
* * * * *
लखनऊ स्टेशन पर गाड़ी रुकी तो उमंग उसे खड़ा हुआ दिखाई दिया। साथ में एक और युवक भी था, जिसका परिचय उसने नीलकांत त्रिपाठी के रूप में दिया। उसके ही घर के एक हिस्से में उमंग किराए पर रहता था। नीलकांत एक मल्टीनेशनल कम्पनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। उन दोनों की काफी अच्छी दोस्ती थी । इसलिए उर्वशी के आने की बात सुनकर, वह भी अपनी गाड़ी लेकर उसे लेने आ गया था। स्वभाव से वह काफी हँसमुख था। घर पहुँचने तक के पूरे रास्ते हँसी मजाक करता और रियर व्यू मिरर से उर्वशी को देखता आया। जब भी उसकी दृष्टि शीशे पर पड़ी, नील उसे ही देख रहा था। उसे देखता पाकर वह झट से दूसरी ओर देखने लगता।
घर पहुँचकर उसने देखा कि उस घर के ऊपरी हिस्से में एक कमरा ,रसोई और बाथरूम उमंग के पास था। वहाँ उसकी ज़रूरत भर का सामान था। रसोई में इंडक्शन व कुछ बर्तन ही थे। उमंग का खाना पीना होटल में ही हो जाता था तो रसोई के विशेष सामान की उसे आवश्यकता नहीं पड़ती थी। अब उर्वशी के आ जाने के कारण थोड़ा सामान लेना ज़रूरी हो गया था। शाम को वे तीनों बाजार चले गए, उन्होंने एक फोल्डिंग, कुछ बर्तन व राशन का सामान खरीदा। खरीदारी के बाद वह लोग एक फ़िल्म देखने चले गए। रात का भोजन रेस्तरां में ही किया। इन सभी स्थानों पर नीलकांत उनके साथ लगातार बना रहा था। उर्वशी को वह युवक अच्छा लगा था।
यहाँ आने के बाद उसने सारा सामान व्यवस्थित किया और दैनिक कार्य समाप्त होने के पश्चात दोनों भाई बहन सोच विचार में पड़ गए, की अब उसे क्या करना चाहिए। स्नातकोत्तर हो चुका था, सोचने लगी कि रिसर्च कर ले। एक बार यह विचार भी आया कि मुंबई चली जाए और वहाँ के रंगमंच में अपनी पहचान बनाए, पर उसके लिए काफी समय चाहिए। मुम्बई में लम्बा संघर्ष करना पड़ेगा। वहाँ रहने के लिए पैसा भी ठीकठाक चाहिए। उमंग इस विचार से सहमत था। उसने उर्वशी से कह दिया कि वह पैसों की चिंता बिल्कुल न करे, वह उसका दायित्व उठा लेगा, पर उर्वशी को यह विचार बिल्कुल पसंद नहीं आया। अब वह विवाहिता है, घर वालों ने विवाह करके अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी। अब अगर वहाँ उसका तालमेल नहीं बैठ पाया तो उनका क्या कुसूर ? अब वह अपना बोझ उनपर नहीं डाल सकती। वह किसी से मदद लेना नहीं चाहती। नौकरी मिलना इतना आसान नहीं, जब तक कि कोई व्यवसायिक पाठ्यक्रम न किया हो। फिर प्राइवेट जॉब का अर्थ है, पूरा दिन नौकरी में खपा देना। उसके पास इतना समय ही कहाँ रहेगा कि वह अपने उस शौक को समय दे पाए। उसे कुछ और सोचना पड़ेगा।
अक्सर उसके मस्तिष्क में मुंबई प्रवास के समय शिखर के साथ बिताए लम्हे याद आते तो वह बेचैन हो उठती, फिर बहुत मुश्किल से स्वयं पर नियंत्रण करती। इस रिश्ते का कोई भविष्य नहीं है। उसने गलत जगह प्रेम किया है, इस रिश्ते से उसे बदनामी के सिवा कुछ भी हासिल नहीं होगा। एक स्त्री होकर, वह दूसरी स्त्री का हक़ नहीं मार सकती। ऐश्वर्या भाभी का घर नहीं तोड़ सकती। बेशक उन दोनों के बीच कितनी भी दूरियाँ क्यों न हों, लेकिन शिखर पर उसका कोई अधिकार नहीं। जितना पा लिया, वही बहुत है। उसने निर्णय लिया कि अब वह उनसे दूरी बनाकर रखेगी, इसी में सबकी भलाई है।
उसने अपनी सखियों से शौर्य को छोड़कर आने की बात की, तो उन्होंने सुझाव दिया कि वह शिखर से कहकर अपने लिए एक निश्चित रकम बंधवा ले, जिससे गुज़ारा हो सके और फिर निश्चिंत होकर कला साधना करे। अपना ही अधिकार लेने में संकोच कैसा ? पर उसे यह सुझाव बिल्कुल पसंद नहीं आया। उनसे वह कुछ भी स्वीकार नहीं कर सकती। यद्यपि कभी कभी शिखर के फोन आ जाते थे। वह सदैव उसकी आवश्यकताओं को लेकर प्रश्न करते। वह चिंतित थे कि वह उनसे कुछ स्वीकार नहीं करती। भाई से भी उसे कुछ लेने में संकोच होने लगा था। हमेशा यही लगता कि अब उसका अधिकार समाप्त हो गया। हर कोई कह रहा था कि वह मूर्खता कर रही है, पर यह उसने अपने मान अपमान का प्रश्न बना लिया था। उसे शौर्य के शब्द अब भी ख़ंजर की तरह चुभ रहे थे। उन बातों को याद करके वह तिलमिला उठती
क्रमशः