भलोल
भाग -32
6 बजे बंसे ने आवाज दी तो जगा। बाहर अंधेरा हो गया था। सर्दियों में अंधेरा जल्दी हो जाता है। बंसे ने कहा, “चल, कंपनीबाग चलते हैं। धर्मू भी तैयार हो रहा है।”
“यार, अंधेरा ज्यादा नहीं हो गया है?”
बंसे ने जोर से मेरी पीठ पर हाथ मार कर कहा, “तू कौनसा कुड़ी है जो तुझे कोई छेड़ेगा। हाँ, कुड़ियाँ वरगा मुंडा जरूर है।”
कहकर बंसा जोर से हंसा था। पीठ पर हाथ मार कर बात करना बंसे की पुरानी आदत थी। वह हमेशा खुश रहता था। मैं तैयार हुआ और बंसे के साथ जाने से पहले मैंने माँ से कहा, “कंपनीबाग जा रहा हूँ। मेरा खाना ढक कर रख देना। आकर खा लूंगा।”
धर्मू को साथ लेकर जब हम जीटी रोड पर आए तो मैंने दोनों से पूछा, “यार, एक बात बताओ। आज परमा को कालेज जाते देखा। उसकर रंग पीला था और वह सुस्त चल रही थी। ऐसा क्यों था?”
दोनों खूब हँसे थे। धर्मू ने कहा, “तैनू नहीं पता?”
“पता होता तो मैं पूछता नहीं?”
“यार, तू बहुत बड़ा बुद्धराम है। फौज ने तैनू कुछ नहीं सिखाया?” बंसे ने अपने स्टाइल में हाथ मार कर कहा।
धर्म ने कहा, “फौज में लड़ाई की ट्रेनिंग दी जाती है। होम साइंस थोड़ा पढ़ाई जाती है।”
धर्मू ने मुझे सारा समझाया।
बसे ने कहा, “समझे, बुद्धराम!”
“ओह, मैं समझ गया ये ज्ञान की बातें थी। मुझे इतना बड़ा होने पर पता चला था।
धर्मू ने आगे कहा, “शादी से पहले मिलन करना ही नहीं चाहिए। अगर किसी लड़के की लड़की से सेटिंग हो भी जाती है तो दोनों को इस बात का ख्याल रखना चाहिए। लड़के का तो कुछ नहीं बिगड़ता लेकिन लड़की बर्बाद हो जाती है।”
मैं पूरी तरह समझ गया था। हमने कंपनीबाग से टिक्कियाँ खाई और घर लौट आया। खाना खाया और सो गया। मन के भीतर यह विचार दृढ़ था कि मैं परमा के साथ ऐसा कुछ नहीं करूँगा।
दूसरे रोज परमा साथ-साथ चली तो मैं केवल मुस्कुराया था। वह भी मुस्कराई थी। मैंने उसकी आँखों में देखा तो उसने शर्म से आँखें झुका ली। मैंने आगे कुछ नहीं कहा था। वह चुपचाप मेरे साथ चलती रही। मैं कालेज की तरफ मुड़ा और वह अपने कालेज की ओर चली गई। फिर कभी इस विषय पर मेरी बात नहीं हुई। वह या मैं भी इस बात का खयाल रखते थे कि चलते-चलते हमारे शरीर का कोई अंग ‘टच’ न हो।
कोतवाली आती तो हम दोनों अपने-अपने रास्ते चल देते थे। परमा के मन में मेरे प्रति क्या भाव थे, मैं नहीं जान पाया था पर मेरे मन में क्या भाव थे वे इन पंक्तियों में निहित हैं:-
“तू क्या है मेरे लिए, मैं क्या बताऊँ तुझे बिन तेरे यह जिंदगी, बेवजह लगे मुझे।”
मन के भीतर यह डर बना रहा कि कच्ची उम्र का यह प्यार हवा न हो जाए। छुट्टी खत्म होते-होते मुझे लगने लगा था कि वह केवल अपनी सुरक्षा के लिए मेरे साथ चलती है। मैंने उसे बताया कि अगले सोमवार को मैं चला जाऊँगा।
“अच्छा, फिर आपकी पढ़ाई कैसे चलेगी?”
मैंने देखा, उसके चेहरे पर कोई भाव नहीं थे। लगा, यह प्यार भी
एकतरफा है। मैंने ही उसे मन में बसा लिया था। मैंने कहा, “कोरसपोंडेंस से मेरी पढ़ाई चलती रहेगी। मैं उसके लिए कालेज को फीस देता रहूँगा।”
“यह तो बहुत अच्छी बात है। मैं आपके साथ चलती थी तो खुद को सुरक्षित महसूस करती थी। अब अकेले ही पाथी ग्राउंड से जाना पड़ेगा।”
“क्यों? आप कोतवाली के रास्ते से जाया करना। रौनक रहती है।”
वह कुछ नहीं बोली थी। चुपचाप मेरे साथ चलती रही। कोतवाली से हम अलग हुए। दूसरे रोज से वह मेरे साथ नहीं थी। छत पर मिली तो उसने बताया, “हुसैनपुरा से मेरी एक सहेली है, मैं उसके साथ चली गई थी।” मैं कुछ नहीं बोला था। बोल भी क्या सकता था। मेरी समझ में आ गया था, यह प्यार-व्यार कुछ नहीं था। मेरे मन की भटकन थी। जीवन के इस पड़ाव पर उदासी और सूनापन था। उसने अपने मतलब के लिए मुझे यूज़ किया था।
कोई रिश्ता सही नहीं है। माँ, बहन, भाई सब ‘यूज़’ ही तो कर रहे थे। जानता हूँ, जब तक पैसा देता रहूँगा, रिश्ता बना रहेगा। नहीं तो, तू कौन और मैं कौन? इस सत्य को मैंने पहचान लिया था। मैं मन से भावहीन और कोरा हो गया था।
मन के इस बिखराव और उदासीनता के साथ मेरी छुट्टी खत्म होने पर मैं चण्डीगढ़ जाने के लिए स्टेशन पर आ गया था। चमन ने मुझे छोड़ दिया था। बाऊजी के बीमार होने पर भी मुझे स्टेशन छोड़ने आने लगे तो मैंने मना कर दिया था। माँ ने मुझे लंच पैक करके दे दिया था।
मैंने शाम को 4 बजे चण्डीगढ़ पहुँच जाना था। वहाँ से मुझे ट्रांजिट की गाड़ी मिल जानी थी। मैं निश्चिंत होकर अपनी बर्थ पर लेट गया। गाड़ी लेट नहीं थी। 4 बजे ट्रेन चडीगढ़ पहुँची। मैंने कुली से सामान उठवाया और उसने ट्रांजिट कैंप जाने वाली गाड़ी में रख दिया। ड्राइवर ने थोड़ी देर इंतजार किया फिर चल दिया। दो जवान और थे। मैं नायक था, ड्राइवर ने मुझे आगे बैठने के लिए कहा।
पाँच बजे हम ट्रांजिट कैंप पहुँच गए। लीव-सर्टिफिकेट ड्राइवर को दे दिए थे। कैंप खाली था। संडे को सभी एयरलिफ्ट हो गए थे। टेंट खाली थे। मैंने एक टेंट में अपना बिस्तर लगा दिया। चाय का टाइम था। बोला गया, ‘सब चाय पी लें।’ मैंने अपना मग निकाला और चाय पीने मेस में चला गया। चाय बड़े हॉट-केस में रखी थी। 5-6 जवान उससे लेकर पी रहे थे। मैंने भी चाय ली और पीने लगा। चाय बहुत स्वाद बनाई गई थी। नफरी कम थी शायद इसलिए।
शाम 7 बजे कहा गया, “आज ‘मीट-डे’ है। एक पेग फ्री रम मिलेगी।”
रम का पेग तो मैं ले लेता था लेकिन मीट नहीं खाता था। मैंने रम का पेग लिया। नमकीन का पैकट एक रुपए में मिल रहा था। नमकीन ली और एक तरफ बैठ कर पीने लगा। फरवरी के महीने में भी काफी सर्दी थी। तेज ठंडी हवा चल रही थी। मैंने जल्दी से रम खत्म की और डिनर के लिए मेस में आ गया। जो मीट नहीं खाते थे, उनके लिए अंडाकढ़ी बनी थी।
मैं डिनर लेकर बैठ कर खाने लगा। उसी समय बताया गया कि 8.30 बजे रोलकॉल है। सुबह की फ्लाइट के बारे बताया जाएगा।
सुबह 6 बजे की फ्लाइट में मेरा नाम था।
कुल 20 जवान थे। हमें ट्रांजिट की गाड़ी से एयरपोर्ट पहुँचा दिया गया था। ठीक 6 बजे एयरफोर्स पैसेंजर प्लेन ए. एन. 12 चण्डीगढ़ से लेह के लिए उड़ा। 7 बज कर 10 मिनट पर लेह एयरपोर्ट पर उतरा। बाहर माइनस 4 डिग्री तापमान था। हमें कैंप बलकलावा और कोटपारका पहनने के लिए कहा गया और अन्य गर्म कपड़े पहनने को कहा गया।
मेरे पास कैप-बलकलावा और कोटपारका नहीं था। मेरे पास कैप-कंफर्ट और ओवर-कोट था। जर्सी के ऊपर पहन लिया। प्लेन से निकले तो सर्दी का एक जबरदस्त झोंका आया। सामने लेह ट्रांजिट कैंप की गाड़ी खड़ी थी। उसमें जल्दी से बैठे लेकिन तब तक सभी जवानों की सर्दी से कंपकपी छूट चुकी थी।
उसी हालत में हम ट्रांजिट कैंप पहुंचे। उतरते ही हमें कहा गया, “सामान बैरकों में रखें और ब्रेकफास्ट करें।”
हमारे लीव-सर्टिफिकेट ले लिए गए और बताया कि शनिवार तक ‘फारवर्ड एरिया’ में गाड़ियाँ जाएँगी। मैंने कैंप की एक बैरक में चारपाई पर सामान रखा और मग-प्लेट निकाल कर मेस में गया। प्लेट में 4 पूरी मिली। छिलके वाले आलू की सब्जी थी। चाय तेज गर्म मिली। ब्रेकफास्ट करके शरीर में गर्मी आ गई। मैंने मग-प्लेट साफ किया और बैरक में आ गया। खाली चारपाई पर अपना बिस्तर लगा दिया। आज मंगलवार है। शनिवार तक मुझे यहीं रहना पड़ेगा।
मैंने मामू जी के लड़के लेफ्टिनेंट दीपक साहब से बात करने की सोची। मैं ट्रांजिट कैंप के मेन ऑफिस में गया और इजाजत लेकर वर्कशॉप में फोन किया। वर्कशॉप की एक्सचेंज ने दीपक साहब को लाइन ट्रांसफर की। उनके हैलो कहने पर मैंने कहा, “जयहिन्द सर, मैं नायक नरेंद्र कुमार बोल रहा हूँ, लेह ट्रांजिट कैंप से”
“कहिए?”
उन्होंने मुझे पहचाना नहीं था। मैं यहाँ हूँगा, उन्हें उम्मीद भी नहीं थी। मैंने कहा, “सर, आपने मुझे पहचाना नहीं है? मैं आपकी बुआ जी का लड़का नरेंद्र कुमार बोल रहा हूँ। आप मुझे मेरे ‘निन्दी’ नाम से जानते हैं।”
वे एक तरह से उछल पड़े थे। कहा, “ओह, निन्दी के बच्चे, तूने पहले क्यों नहीं बताया कि निन्दी बोल रहे हो? नरेंद्र कुमार कई होते है। आवाज से मैंने पहचाना नहीं था। मुझे पिताजी ने बताया था कि तुम आर्मी में चले गए हो। तेरी रैजिमैंट कौनसी है और कहाँ है?”
“सर, मैं किसी रैजिमैंट में नहीं हूँ। आर्मी औरडनेंस कोर का स्टोरकीपर हूँ और दुरबुक की ओ.एम.पी में पोस्ट हूँ।”
“ओह, निन्दी, तेरा और मेरा विभाग एक ही है। मैं भी आर्मी औरडनैंस का अफसर हूँ।” वे थोड़ी देर रुके फिर कहा, “तुम इस समय ट्रांजिट कैंप के मेन ऑफिस से बोल रहे हो?”
“जी सर।”
“तुम वहीं रूको। कैप्टन श्रीनिवास ओ.सी. ट्रांजिट कैंप मेरे बहुत अच्छे दोस्त है। मैं तुम्हे अपनी वर्कशॉप में अटैच कर लूँगा।”
“जी, सर।”
मैं वहीं एक खाली कुर्सी पर बैठ गया था। थोड़ी देर बाद कैप्टन श्रीनिवास साहब आए और मुझे अपने ऑफिस में ले आए। साथ बैठा कर चाय पिलाई। कहा, “मैंने हवलदारमेजर को बुलाया है। आप उनसे एल.आर.सी., मतलब ‘लास्ट राशन ड्रॉन सर्टिफिकेट’ लेकर वर्कशॉप अपने भाई के पास चले जाएँ। लीव-सर्टिफिकेट हमारे पास रहेगा। दुरबुक गाड़ियाँ जाएँगी तो आपको बुला लिया जाएगा।”
“जी, सर, थैंक्स।”
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी