उस पार
भाग -1
एक दूसरे का हाथ थामे दौड़ते हुए जैसे ही हमने सुरंग के मुहाने से छलांग लगाई हमारे शरीर हवा में परवाज़ करने लगे। कुछ ही पल हवा में तैरने के बाद धड़ाम की तेज आवाज के साथ पहाड़ की पथरीली चट्टानों की पगडंडी पर गिरे। गिरते की उस पथरीली पगडंडी पर तेजी से नीचे की ओर फिसलने लगे। हमारे होश गुम हो चुके थे। फिसलते -फिसलते पहाड़ की तलहटी में आकर रुके। पता नहीं कितनी देर तक वहीं पड़े रहे। कुछ समय बाद हमें थोड़ा होश आया तो दिन छिप चुका था पर अभी थोड़ी रोशनी थी। मैंने देखा विनोद मेरे पास गड्ड -मड्ड होकर पड़ा था। मैंने दो – तीन बार आवाज दी तो उसने मेरी ओर अनजानी निगाहों से देखा मानो मुझे पहचान न रहा हो। हमारे कपड़े कई जगह से फट चुके थे पर पीठ पर पिट्ठू बैग के कारण ज्यादा चोट नहीं लगी थी। छोटी -मोटी खरोंचे ही थी।
हमने खड़े होकर कपड़े झाड़े और पैदल वहां से रवाना हुए। घबराहट और गिरने के कारण हमारे हवास एक तरह से गुम हो चुके थे। अर्द्ध तंद्रा में तलहटी का थोड़ा सा चक्कर लगाया ही था कि एक छोटी सी बस्ती दिखाई दी। बस्ती में प्रवेश करते ही एक ढाबेनुमा दुकान के आगे रखी बेंच पर निढाल होकर बैठ गए और चाय का कहा। दुकानदार से पूछा – “ये कौनसी जगह है?”
” बाबूजी ये हर्षनाथ है। इसी पहाड़ी पर हर्षनाथ का प्राचीन मंदिर है। सीकर जिले में पड़ता है। “
सुनते ही विनोद की मारे हैरत के आंखे फट गई। मतलब हम गोपालपुरा पहाड़ी से सुरंगों के रास्ते चलते हुए 100 किलोमीटर
दूर आ गए। हर्षनाथ का नाम हम पहले सुन चुके थे।अब तक हम तंद्रा में थे। दुकान वाले ने हमें चाय के कप थमा दिए। चाय पीते ही मस्तिष्क थोड़ा सक्रिय हुआ तो पूर्व की घटनाएं एक -एक कर फिल्म रील की तरह स्मृति पटल पर चलने लगी। स्मृतियों की धुंध धीरे धीरे छंटने लगी और … … …!
क्रमशः
अनिल पुरोहित