अविनाश स आठल्ये का उपन्यास ‘ कारगिल एक प्रेम कथा’ भाग -1

कारगिल_एक_प्रेमकथा

भाग -1

उस विवाह मंडप में गुलाबी लहंगा चोली पहनी शोख चंचल “उर्वशी” सभी के आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी… आखिर हो भी क्यों न, अव्वल तो वह दुल्हन की छोटी बहन थी, दूसरा वह दिखने में इतनी सुंदर थी कि जो कोई उसे देखता तो बस देखता ही रह जाता… लगभग साढे पांच फीट का कद, गोरा वर्ण, बड़ी बड़ी काली आँखें, कमर तक फैले खुले बाल, सुडौल शरीर…. उसकी सुंदरता बरबस ही किसी का भी मन मोह सकती थी।

उर्वशी ने महसूस किया कि एक जोड़ी आँखें बड़ी देर से उसका पीछा कर रही हैं.. जिससे वह असहज हो रही थी। गाँव में लड़कियों की परिस्थिति ही कुछ ऐसी होती है कि वह उस अपलक देखने वाले युवक की तरफ़ आँख उठाकर भी नहीं देख सकती थी। गाँव में इस तरह नज़र भर के देख लेना भी वहाँ के लोगों को “किस्से कहानियां बुनने” के लिए एक “मसाला” मिल जाता है।

अपने प्राकृतिक सुंदरता एवम दुर्लभ जड़ी-बूटियों के लिए मशहूर मध्यप्रदेश के हिल स्टेशन “पंचमढ़ी” के नज़दीक ही उस “झिरपा” गाँव में यूँ भी शादी का
कोई इंतजाम हो या न हो, बाराती और घराती के अलावा पूरा गाँव तो उस विवाह में शिरकत करेगा ही…. ऐसा अघोषित सा दस्तूर था उस गाँव का, परन्तु अगर विवाह ग्राम प्रधान के यहाँ ही हो तब तो सभी का अधिकार ही था उस विवाह के जश्न में शामिल होने का।

ग्राम प्रधान महेश्वर तिवारी की बड़ी बेटी वंदना का विवाह गुड़गांव के पंकज गौतम से हो रहा था, पंकज गौतम गुड़गांव में ही सॉफ्टवेयर कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था, उनका परिवार मध्यप्रदेश के भोपाल के पास ही रहता था। उन्होंने किसी सजातीय ब्राह्मण विवाह संस्था के माध्यम से महेश्वर तिवारी से दूरभाष के माध्यम से सम्पर्क करके मिलने का प्रोग्राम बनाया। वंदना देखने में बहुत ही सुंदर थी, वह पंचमढ़ी में ही किसी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थी।

उस छोटे से गाँव में लगभग 100 एकड़ से अधिक जमीन के जमींदार महेश्वर तिवारी की हैसियत उस गाँव में किसी राजा से कम न थी, वंदना एवं उर्वशी उनकी दो ही बेटियाँ थी।

बड़ी वंदना और उससे 2 वर्ष छोटी उर्वशी जो कि शिमला में किसी नामी फलों के जूस की कम्पनी में “प्रोडक्शन हेड” थी। तिवारी जी की पत्नी का जल्द देहाँत हो गया था, इसलिए उन्होंने ही अपनी बेटियों को बेटे की तरह ही पाला पोसा था। दोनों बेटियाँ गाँव में रहने के बावजूद भी उच्च शिक्षित एवम सर्वगुण संपन्न थी, दोनों ही देखने में इतनी सुंदर थी कि दोनों में से कौन ज़्यादा सुंदर है, यह बता पाना कठिन था।

उस संकीर्ण मानसिकता वाले गाँव में प्रारंभिक शिक्षा होने के बाद भी दोनों ही कन्याएं आधुनिकता एवम् संस्कृति का मिला जुला संगम थीं और अब तो दोनों ही आत्मनिर्भर भी थीं।
पिताजी ने उन दोनों को ही अपनी पसन्द का वर चुनने की आजादी दी थी शर्त बस इतनी थी कि लड़का अपने पैरों पर खड़ा हो एवम सजातीय हो। बहुत अभिमान था तिवारी जी को अपनी दोनों बेटियों पर…

शादी के मंगल गीत गाये जा रहे थे, गाँव की महिलाएं ढोलकी की ताल पर थिरक रही थीं, कुछ महिलाएं स्वयं ढोलकी बजाकर उनका उत्साह वर्धन कर रही थीं..

क्रमशः

अविनाश स आठल्ये

WhatsApp Image 2026-07-20 at 16.05.34 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment