यादों के झरोखे
1
बॉलकनी में खड़ी उगते सूर्य को देख रही हूँ… अपनी लालिमा से सारी सृष्टि को आलोकित करता सूर्य कितना मनमोहक लग रहा हैं पेड़ों से छन कर आती उसकी कोमल किरणें उनकी पत्तियों को अनुरंजित कर रही हैं। फूलों की पंखुड़ियों पर पड़ी ओस की बूँदें कितनी भली लग रही हैं। ये बूँदें दृष्टि को तो भा सकती हैं, लेकिन तृष्णा नहीं बुझा सकतीं। सोचती हूँ। मम्मी ओस की बूँदें ही पीती रहीं, इसलिए तृषित ही रहीं।
“मुक्ता!” पापा की आवाज़ सुनाई देती है। मैं अनसुनी कर देती हूँ। पापा दुबारा बुलाते हैं- “मुक्ता!”
‘आई’ कहकर भी मैं फिर वहीं खड़ी रहती हूँ। मैं उस मनोरम छटा का आनन्द थोड़ी देर और लेना चाहती हूँ। सूर्य और फैल गया है और उसकी किरणें मुझ पर भी पड़ रही हैं। थोड़ी राहत मिलती है। पेड़ों पर चहचहाती चिड़ियाँ उड़कर आने लगी हैं। मैं भी अन्दर आ जाती हूँ।
पापा खिड़की की ओर मुँह किए कुर्सी पर बैठे हैं, मैं दरवाज़े पर पहुँच कर उन्हें पुकारती हूँ। वे चुप रहते हैं। मैं पास जाकर कहती हूँ-“क्या बात है पापा, आपने मुझे बुलाया था!” में उनके सामने जाकर खड़ी हो जाती हूँ।
पापा सिगरेट बुझाते हुए कहते हैं- “तुम कब वापस जा रही हो मुक्ता।” वे मेरी ओर बिना देखे फिर कहते हैं- “मुक्ता, तुम कब वापस जा रही हो।” मुझसे आँखें न मिलाते हुए वे खिड़की की ओर देख रहे हैं।
“अभी कुछ पता नहीं, सोचती हूँ कल तक लौट जाऊँ।”
“आज तुम अपनी मम्मी का सामान सम्भाल लो, मैं भी दो-तीन दिन तक वापस जाना चाहता हूँ। वहाँ भी काम है।” कहते हुए उनका चेहरा सपाट, भावनाहीन रहता है, जैसे सदा रहता है। उनके चेहरे पर कोई भाव नहीं उभरता। मैं उनसे कहना चाहती हूँ कि पापा बिजनेस तो आपने बहुत किया है, बहुत कमाया है। लेकिन किसके लिए! जीवन में मम्मी के नाम पर बिताए ये चार दिन भी आपको भारी पड़ रहे हैं। पर मैं कुछ कह नहीं पाती। कहने की बात ही कहाँ रह गई है, और फिर इस समय कुछ भी कहना तो अपने जख्मों को कुरेदना है, पापा को तो कोई अन्तर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कभी किसी की बात को संजीदगी से समझा ही कब है। सारा जीवन अपने चारों ओर औरों के नाम का, जो आवरण ओढ़े हुए जीते रहे हैं, उनमें मेरा और मम्मी का नाम कहीं नहीं आता। आता भी है तो इतना छोटा कि हमने-अपने आपको औरों के मुकाबले बौना ही अनुभव किया है।
पापा अब भी निरपेक्ष भाव से सिगरेट के कश लेते हुए खिड़की के बाहर देख रहे हैं। मैं अपनी भावनाओं को नियंत्रित करते हुए कहती हूँ-“मैं आज सब चीजें सम्भाल लूँगी।”
“कीमती सामान अपने साथ लेती जाना, बाकी बचा हुआ मैं वहाँ नौकरों में बाँट दूँगा। मैं मकान भी बेच देना चाहता हूँ।” पापा एक ही साँस में यह सब कह जाते हैं।
“मकान बेचने की क्या आवश्यकता है। आप अपने घर में कभी भी रह सकते हैं। फिर मम्मी इसमें बरसों रही हैं। उनकी स्मृतियाँ भी इससे जुड़ी हुई हैं। मैं भी तो आकर रह सकती हूँ यहाँ।” मैंने पापा को कहा।
“मैं कहता हूँ, इतनी भावुक मत बनो, तुम जानती हो मुझे यहाँ नहीं रहना है और तुम भी यहाँ आकर क्या करोगी, फिर इसकी देखभाल कौन करेगा।” पापा ने कहा।
मैं कहना चाहती हूँ… नरेन अंकल हैं न यहाँ, पर चुप रह जाती हूँ, प्रकटतः कुछ नहीं कहती। मैं यह सोचकर कि पापा ने मेरे बारे में कुछ नहीं सोचा, अन्दर ही अन्दर घुटने लगती हूँ। यकायक मैं सँभलती हूँ और कहती हूँ… “ठीक है, मैं आज ही सारा सामान सम्भाल लूँगी। हो सकता मैं कल ही लौट आऊँ।”
“तुम एक-दो रोज़ और रुक जाती तो अच्छा होता।” यह कहते हुए पापा की आवाज़ कुछ अटक-सी जाती है।
मैं उनका मन रखने के लिए कहती हूँ- “कोई विशेष काम तो है नहीं यहाँ मेरे लिए, फिर आप भी लौट जाना चाहते हैं, अकेले यहाँ रहना मेरे लिए बेमायने होगा।”
“मैं यहाँ हूँ न अभी, तुम भी साथ रह पाती तो…” पापा ने फिर कुछ स्पष्ट बोलने का प्रयत्न किया, “मैं ऐसा मन से चाहता हूँ, शायद यह मेरी इच्छा है।”
पापा के इस आग्रह के पीछे क्या मंशा है, मैं नहीं जानती। लेकिन ऐसा आग्रह उन्होंने पहली बार किया है। काश! उन्होंने ऐसा पहले कभी कहा होता। मेरा बचपन ऐसा सुनने के लिए मचलता रहता था।
लंच के समय पापा कुछ नहीं बोले। चुपचाप खाना खाते रहे। मैं उन्हें एकटक देखती रही। हम दोनों खाना खाकर टेबल पर से उठ गए।
क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर