अजय कुमार का उपन्यास – ‘बात एक रात की’ – भाग -2

बात एक रात की
****************
भाग दो
**********
सुबह बहुत देर से नींद खुली थी विजया की और
नींद खुलने पर, विजया को एक एक कर के पिछली रात की हर बात याद आने लगी थी।
सब याद आते ही , विजया,चौंक कर, अपनी चादर दूर फेंक कर अपने बिस्तर से तुरंत खड़ी हो गयी थी । कितना अविश्वसनीय था सब कुछ, कल रात का वह घटना क्रम,एक सच था या एक दु: स्वपन। क्या सच में ही हुआ था वह सब।
खुद को विश्वास दिलाने के लिए दौड़ कर पहले बाल्कनी तक गयी थी वह , झांक कर नीचे देखा तो रोज की तरह सब कुछ सामान्य ही लग रहा था , लग रहा था ,जैसे
कल रात कुछ हुआ ही नहीं था। हर दिन की सुबह जैसी ही यह, एक और सुबह थी।
क्या सचमुच उसके साथ जो हो गुजरा था, वो
भ्रम था उसका, या रात जो कुछ भी हुआ वो सच में ही हुआ
था। अंदर आकर देखा तो कमरे में ऐसा कोई भी चिन्ह मौजूद नहीं था ,जो कल रात की बातों की गवाही दे सके ।
तभी बिजली की तरह विजया के दिमाग में एक विचार कौंधा ,किसी से भी पूछने की बजाय उसे सबसे पहले आज का कोई लोकल अख़बार पढ़ना चाहिए । शायद उसमें
ही कुछ ऐसा छपा हो जो कल रात की घटना का कोई क्लू दे सके , माने आसपास चोरी चकारी की कोई घटना, या किसी दूसरी वारदात की ख़बर हो उसमें।  हां, यही ठीक रहेगा। उसे तुरंत याद आया पड़ौस में मिसेज पट नायक के यहां आता है लोकमत । लोकल न्यूज सारी मिल जायेगीं उसमें ।
विजया पहले जल्दी जल्दी तैयार हुई, झटपट अपना नाश्ता किया , और फिर अपनी पड़ौसन मिसेज पटनायक से अख़बार मांग लाई। उसका ख़्याल सही था,मुख पृष्ठ पर ही छपी थी एक ऐसी ख़बर ।
” युवा नेता विजय घाटगे की निर्मम हत्या । हत्यारा चकमा दे कर फरार । आखिरी समाचार मिलने तक उसकी तलाश जोरो शोरों से जारी । “
ख़बर पढ़ कर सन्न रह गयी थी विजया , मतलब जो भगौड़ा रात उसके फ्लैट में जबर्दस्ती घुस आया था , वह एक हत्यारा था, या यह कोई अलग घटना है और कल रात जो उस के साथ हुआ था वो अलग, पर दादर में घटी किसी और घटना का तो कोई भी जिक्र ही नहीं था। विजया उलझन में पड़ गयी थी। किसी से कुछ पूछ भी नहीं सकती थी। विजया को तब याद आया, उस हत्यारे ने कहा था , पिस्तौल है उसके पास , और नीचे वो पुलिस की तेज हलचल। यकीन हो गया विजया को , वह जरूर इस ख़बर वाला ही हत्यारा था । एक तरीका और है। नीचे सोसायटी के गार्ड को जरूर इसके बारे में कुछ पता होगा,चौबीसों घंटे रहता है वो तो वहां। पुलिसवालों ने जरूर उससे पूछा होगा। पूरी माहीती ली होगी उससे । हां , यही ठीक है । स्कूल का समय भी हो रहा है तो उसे अब नीचे जा कर ही दरयाफ्त करनी चाहिए । मगर अपने तरीके से।शक भी न जाए और कुछ पता भी चल जाए।
गोखले रोड़ म्यूनिसपिल इंग्लिश स्कूल में पढ़ाती थी विजया। पूरा नाम था विजया देशपांडे । जिंदगी उसकी भी
कम ज़हर नहीं थी । अभी दो साल पहले ही उसने अपने आई बाबा और भाई को खोया था , पुणे एक्सप्रेस हाई वे पर हुई सड़क दुर्घटना में । अपने तीन बी .एच. के. फ्लैट में वह अब बिल्कुल अकेली रहती थी और अब गयी रात की यह अजीबो गरीब घटना, एक नयी उलझन में फंस गयी थी उसकी मासूम जान।
नीचे गार्ड तो मौजूद था , पर यह रात वाला तो नहीं होगा । विजया को ख्याल आया। उसे पता था , हर रोज सुबह आठ बजे ड्यूटी बदल जाती है गार्ड की, पर जो गार्ड ड्यूटी
पर था , विजया को अच्छे से पहचानता था , कितनी ही बार आते जाते बात हुई थी उससे। तरकीब से पूछना होगा उससे । गार्ड ने उसे देखते ही आंखों ही आंखों में अभिवादन किया था उसका ,और विजया ने भी उसे उसी तरह उत्तर दिया ,और
आगे निकल गयी और फिर जैसे उसे कुछ याद आ गया हो,
ऐसे पलट कर वो उस तक वापस आई ।
” कल रात नींद में मैंने कुछ दौड़ने भागने और चिल्लाने की आवाजें सुनी थी, नींद में मुझे लगा था ऐसा , कुछ हुआ
था क्या ऐसा यहां…?”
” हां ,बाई, कल पुलिस आई थी , महेश ने बताया था मुझे ,वही था कल रात ड्यूटी पर ,वो एक नेता की हत्या हुई है न , उसी सिलसिले में आसपास की हर सोसायटी में तपास
की जा रही है, पर उन्हें अब तक शायद कुछ पता नहीं चला
है। यहां और कुछ नहीं हुआ था ,वो आए भी और चले भी गये ।
फिक्र करने की जरूरत नहीं ,महेश ,आप जानती हैं ,कितना चौकस रहता है  अपनी ड्यूटी पर । पूराफौजी है ,कोई भी नहीं आया था यहां, पुलिस पूरी पूछताछ कर के लौट गयी। आप बेखौफ जाइये, अब चिंता जैसी कोई बात नहीं है …। “
“किसी और ने भी पूछा क्या यही, जो मैं पूछ रही
हूं आपसे….। “
” हां ,पूछा था न बाई ,कल रात को आवाजें तो बहुतों ने सुनी , पर कोई भी नीचे नहीं उतरा , आज मगर सब पूछ रहे हैं ,पर डरने जैसी कोई भी बात नहीं है ।”
विजया ने मुश्किल से अपने भीतर के भाव को अपने चेहरे पर आने से रोका,वह कल सचमुच एक हत्यारे की चंगुल में पड़ गयी थी…मगर वो उसके फ्लैट में आया ही कैसे..जरूर खिड़की के रास्ते से.. किचन की विन्डो से..वही खुली पड़ी थी रात को..जरूर ड्रेन पाइप के सहारे चढ़ कर आया होगा..मगर पांचवी फ्लोर तक। आसान नहीं था ऐसा कर पाना, पर यह तो उसने भी महसूस कर लिया था कितनी मजबूत काठी का था वो हत्यारा,आसानी से ऊपर तो चढ़ ही सकता था, मगर वो यहीं क्यूं आया था,शायद संयोगवश, विजया मगर किसी भी निश्चय पर नहीं पहुंच पा रही थी, अपनी ही सोच में गुम वो स्कूल तक पहुंच गयी थी,पर उसके जेहन में हर सवाल अनु
त्तरित ही रहा था।
*******************
( शेष आगे )

अजय कुमार

WhatsApp Image 2026-07-19 at 17.37.20 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment