सुदर्शन रत्नाकर का उपन्यास ‘ यादों के झरोखे’ भाग -8

8.

जब गाड़ी स्टेशन पर पहुँची तो मैं सो रही थी। सफ़र में पापा तो जल्दी सो गए थे, लेकिन मैं रात देर तक जागती रही और खिड़की से बाहर देखती रही थी। आसमान पर मेरे साथ-साथ चलता चाँद मुझे अपनी मम्मी लग रहा था। मम्मी बेशक मेरे साथ रही थी. मेरे बिना वे रात को घर में अकेली सो भी सकी होंगी या नहीं, जानती हूँ, अपने प्रति वे हमेशा लापरवाह रही हैं। फिर न जाने मैं कब सो गई थी।

पापा की आवाज़ से मैं जागी। गाड़ी से उतरकर हम प्लेटफार्म पर आए। इतना बड़ा प्लेटफार्म, इतने सारे लोग, मैं पहली बार देख रही थी। मम्मी के साथ जब भी नानी के घर जाना होता था, हम बस से जाते थे। उनका घर वैसे ही ज़्यादा दूर नहीं था, कुल चार घण्टे का सफर होता था। रेलगाड़ी में सफर करने का मेरा यह पहला मौका था।

स्टेशन से बाहर आकर ऑटोरिक्शा किया और दस मिनट में ही हम लोग घर पहुँच गए। घर क्या था, एक सुन्दर बँगला था। गेट खोलकर हम अन्दर दाखिल हुए। सामने ही अंकल और आंटी बैठे थे। उनके पास पहुँचकर मैंने उन्हें नमस्ते की। अंकल ने तो मुझे प्यार किया, लेकिन आंटी अन्दर चली गईं। उनको मेरा अचानक आना अच्छा नहीं लगा था, पापा अपने कमरे में सामान रखने चले गए थे। अंकल ने कनु और दिव्यांश

भैया को आवाज़ लगाई और बोले- ‘देखो, कौन आया है?’ अंकल की आवाज़ सुनकर दिव्यांश भैया बाहर आए और बोले- ‘अरे, मुक्ता तुम!’

‘आप मुझे पहचानते हैं?’ मैंने न जाने क्या सोचकर उनसे

पूछ लिया।

“अरे तुम चाचा के साथ आई हो तो ज़रूर मुक्ता ही होगी और मैं क्योंकि यहाँ रहता हूँ तो दिव्यांश भैया ही हूँगा।” कहकर वे हँसने लगे
मुझे भी हँसी आ गई। कितनी अजीब बात थी कि हम जीवन के कई बरस पीछे छोड़कर पहली बार मिल रहे थे।

कनु अभी सो रही थी। दिव्यांश भैया और कनु के नाम मुझे पापा ने रास्ते में बतलाए थे, क्योंकि इन नामों की चर्चा कभी घर में हुई ही नहीं थी। मैं बाथरूम से नहाकर निकली तो आंटी को पापा से कहते सुना-“विमल, तुमने बताया नहीं था कि मुक्ता तुम्हारे साथ आएगी।” पापा कह रहे थे- “मुझे क्या मालूम था, पता होता तो क्या कहकर नहीं जाता। नीरा कहने लगी कि या तो इसे स्कूल के बच्चों के साथ पिकनिक पर भेज दो या अपने साथ ले जाओ। “और तुम उसके कहने इसे इसे अपने साथ ले आए।” आँटी ने कड़क कर पूछा।

“और क्या करता” – पापा का मासूम सा उत्तर था।

“मना नहीं कर सकते थे?” आंटी ने और ज़्यादा गुस्से में कहा।

शायद मुझे देखकर यह वार्तालाप यहीं समाप्त हो गया। मैं देख रही थी कि यही पापा मम्मी के सामने शेर बने रहते हैं और यहाँ आंटी के सामने भीगी बिल्ली बने हुए हैं। पता नहीं पापा आंटी से इतना क्यों डरते थे। आंटी जो कहती, वही करते, उतना ही करते। आंटी के कहने पर ही वे मम्मी को साथ नहीं रखते थे। वरना यह कितना बड़ा घर है। इतना बड़ा ड्राइंग रूम, लॉबी, बड़ी-सी रसोई और सबके लिए अलग-अलग कमरे। हमारा घर तो इसके सामने बिलकुल बौना लगता है। बस घर ही है, क्योंकि हम दो प्राणी उसमें रहते हैं, रहते हैं या कहिए कि दिन काटते हैं और शायद यह काटने वाली बात ही ज़्यादा सही है। सुख-सुविधा के नाम पर सब कुछ नगण्य, एक पुराना पलंग, दो कुर्सियाँ, बस। एक घर के लिए आवश्यक वस्तुओं का भी अभाव, साधारण कपड़ों में लिपटी मम्मी, सदैव अभाव-ग्रस्त जीवन बिताने के लिए मज़बूर। और एक यह आंटी-कितना अन्तर है दोनों में। घर में काम करते समय भी सजी-सँवरी रहती हैं, घर में जैसे ऐश्वर्य का ही निवास हो, रंगीन, टीवी., फ्रिज, वी.सी.आर, ए.सी., टेलीफोन… सभी कुछ। हम माँ-बेटी तो इन वस्तुओं की केवल कल्पना ही कर सकते हैं, कभी प्रत्यक्ष देखा तक नहीं। फिर भला पापा इन सभी सुख-सुविधाओं के बीच रहते हुए हमारे पास क्यों आएँगे, क्यों रहेंगे। उस समय तक मेरी सोच बस यहीं तक सीमित थी।

कनु दस बजे उठी। मैं उस समय नाश्ता ले रही थी। उसने मेरी ओर न देखते हुए आंटी को संबोधित किया- “मम्मा! यह कौन है?”

“तुम्हारे चाचा की लड़की, मुक्ता।” आंटी ने संक्षिप्त या उत्तर दिया। “ओ, तो यह मुक्ता है।” कनु ने एक विशेष अदा से कहा।

“हैलो, कनु”। मैंने उसका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना चाहा। परन्तु उसने मेरी ओर देखा तक नहीं। उसके व्यवहार से मुझे लगा कि यहाँ

हर कोई मुझे एक व्यर्थ सा बोझ समझने में लगा है, किसी को मेरी पहचान तक नहीं, किसी को मेरी आवश्यकता नहीं, किसी को मेरे आने की खुशी नहीं। पापा तो पापा, कनु और आंटी भी मुझसे खफा हैं, आखिर क्यों?

पापा तो सुबह से ही दिखे तक नहीं, पता नहीं कब चले गए। मैंने ही बात करने के उद्देश्य से फिर पूछा- “कैसी हो कनु!”

“देख नहीं रही हो कैसी हूँ।”

“कनु?” यह अंकल की आवाज़ थी- तुम्हें बात करने की भी तमीज़ नहीं है, कैसे बात की जाती है, यह भी समझाना होगा।” अंकल ने गुस्से में कहा।

‘किस-किस को समझाओगे? अब तो एक और आ गई है समझने के लिए, इसे भी कुछ समझाओ।” आंटी ने ऐंठते हुए कहा।

मेरा मुँह कड़वाहट से भर गया। जी तो चाहा कि नाश्ता वहीं छोड़ दूँ, लेकिन ऐसा कर नहीं पाई, करती भी तो उसी समय सुनने को मिल जाता- गँवार, माँ ने यही सिखाया होगा। पर तेरा भी क्या दोष, तेरी माँ को भी कुछ आता हो तब न, मैं मन ही मन सोच रही थी कि मेरी माँ ने तो मुझे बहुत कुछ सिखा दिया था। मैं देखना चाहती थी कि आंटी की शिक्षा और संस्कारों का कनु पर कैसा प्रभाव है, जिसे यह भी पता नहीं कि घर में पहली बार आए मेहमान से कैसे बात की जाती है। उसका इस तरह अपमान नहीं किया जाता। लेकिन मैं अपमानित होकर भी चुप रही, वैसे भी चुप रहने के अतिरिक्त मैं कर भी क्या सकती थी। मुझे इस बात की तसल्ली थी कि अंकल और दिव्यांश भैया का व्यवहार मेरे प्रति सहानुभूतिपूर्ण था।

क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर

WhatsApp Image 2026-07-20 at 09.57.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment