35
रात का तीसरा पहर था।
वैशाली सोई नहीं थी — वह कभी सच में सोती भी नहीं थी।
दीपों की लौ बुझ चुकी थी, पर राजप्रासाद के भीतर एक कक्ष में अब भी हल्की पीली रोशनी काँप रही थी… जैसे कोई मन काँप रहा हो।
वह आम्रपाली का कक्ष था।
चाँदनी झरोखे से भीतर आ रही थी और संगमरमर के फर्श पर दूधिया परत बिछा रही थी। उसी उजाले में आम्रपाली बैठी थी — नृत्य के भारी आभूषण उतारकर, बस एक हल्की रेशमी साड़ी में, खुली केशराशि पीठ पर बिखरी हुई।
पर आज वह सुंदर नहीं लग रही थी…
आज वह थकी हुई लग रही थी।
अजीब बात थी —
दिन भर जिसने राजाओं, श्रेष्ठियों और गणमान्यों को अपने एक संकेत पर झुका दिया…
रात में वही स्त्री स्वयं से हारती दिख रही थी।
उसके सामने एक छोटा दर्पण रखा था।
वह उसे देख रही थी… पर अपने चेहरे को नहीं।
जैसे वह किसी और को खोज रही हो।
धीरे से उसने दर्पण उठा लिया।
“तू कौन है…?” उसने फुसफुसाया।
स्वर में कोई अभिमान नहीं था।
बस थकान थी।
कुछ क्षण बाद वह हँसी — पर वह हँसी नहीं थी… वह कटाक्ष था।
“नगरवधू… वैशाली की शान… जनपद की अभिमान…
या… एक स्त्री…?”
आखिरी शब्द कहते-कहते उसका गला भर आया।
वह अचानक उठ खड़ी हुई।
तेज कदमों से कक्ष में चलने लगी।
उसके पायल की हल्की झंकार अब भी सुनाई दे रही थी — जैसे कोई याद पीछा कर रही हो।
और तभी…
उसकी दृष्टि एक कोने पर पड़ी।
वहाँ एक छोटा सा लकड़ी का संदूक रखा था — पुराना… साधारण…
उसके वैभवपूर्ण कक्ष में बिल्कुल असंगत।
वह कुछ क्षण उसे देखती रही।
फिर धीरे-धीरे उसके पास गई।
उसके हाथ काँप रहे थे।
संदूक खोला।
भीतर कुछ नहीं था… बस एक सूखी आम की टहनी… और एक छोटी मिट्टी की गुड़िया।
बस इतना।
और उसी क्षण…
जैसे समय पीछे मुड़ गया।
उसकी आँखों के सामने फिर वही दृश्य जीवित हो उठा —
छोटी आम्रपाली…
नंगे पाँव…
धूल में दौड़ती हुई…
आम्रवन की हवा में हँसी घुली हुई थी।
वह पेड़ों के बीच भाग रही थी — पीछे-पीछे एक वृद्ध माली हाँफते हुए दौड़ रहा था।
“अरे रुक जा छोरी… गिर जाएगी!”
वह मुड़ी… और खिलखिला पड़ी।
“मैं आम की बेटी हूँ… मुझे कौन गिरा सकता है?”
माली हँस पड़ा था।
“हाँ… तू आम की बेटी है… इसीलिए तेरा नाम आम्रपाली रखा है।”
उसने गर्व से सिर उठाया था।
तब उसे नहीं पता था —
यह नाम एक दिन उसका बंधन बन जाएगा।
स्मृति अचानक टूट गई।
आम्रपाली ने झटके से आँखें खोलीं।
वर्तमान फिर सामने था।
उसने टहनी को कसकर पकड़ लिया।
“कितना सरल था सब…” उसने धीमे से कहा।
उसके होंठ काँपे।
“किसने छीना मुझसे वह जीवन…?”
और तभी…
जैसे भीतर से एक उत्तर आया —
“किसी ने नहीं…
वैशाली ने नहीं…
समाज ने नहीं…”
वह उत्तर उसकी अपनी आवाज़ था।
“मैंने…
मैंने ही खो दिया।”
वह अचानक बैठ गई।
दोनों हाथों से चेहरा ढक लिया।
आँसू पहली बार बह निकले।
नगरवधू रो रही थी।
पर इस कक्ष में कोई देखने वाला नहीं था।
और शायद… पहली बार वह चाहती भी नहीं थी कि कोई देखे।
कुछ देर बाद वह धीरे-धीरे शांत हुई।
उसने टहनी वापस संदूक में रखी।
फिर अचानक उसकी दृष्टि झरोखे के बाहर गई।
रात बहुत गहरी थी।
पर दूर… नगरद्वार की दिशा में… मशालें जल रही थीं।
अजीब बात थी।
इस समय वहाँ कोई गतिविधि नहीं होती।
उसने ध्यान से देखा।
मशालें स्थिर नहीं थीं।
वे आगे बढ़ रही थीं।
जैसे कोई जुलूस आ रहा हो।
उसका मन अनायास विचलित हो उठा।
“इस समय… कौन…?”
वह झरोखे तक चली आई।
दूर से धुँधली-सी आवाजें भी सुनाई देने लगीं।
लोगों की भीड़…
और एक स्वर…
जो बाकी सब से अलग था।
गंभीर… शांत…
पर भीतर तक उतर जाने वाला।
वह चौंकी।
उसने पहले भी ऐसा स्वर नहीं सुना था।
न उसमें लालसा थी…
न प्रशंसा…
न विनती…
बस स्थिरता।
और वही स्थिरता… उसके भीतर हलचल पैदा कर रही थी।
उसका हृदय अचानक तेजी से धड़कने लगा।
अजीब था —
राजाओं के आगमन पर भी वह इतनी बेचैन नहीं होती थी।
पर आज…
उसके भीतर जैसे कोई अनजाना भय उठ रहा था।
या शायद…
भय नहीं…
पूर्वाभास।
वह कुछ देर तक उस दिशा में देखती रही।
फिर अचानक उसने दासी को बुलाया।
“जाकर देखो… नगरद्वार पर क्या हो रहा है।”
दासी चली गई।
आम्रपाली वहीं खड़ी रही।
समय जैसे थम गया था।
उसकी उंगलियाँ अनजाने में पायल के मोतियों से खेल रही थीं।
मन में अजीब-सी बेचैनी थी।
जैसे जीवन किसी मोड़ पर खड़ा हो।
कुछ देर बाद दासी लौटी।
उसका चेहरा उत्साह से चमक रहा था।
“देवी… एक महान संन्यासी वैशाली आए हैं… पूरा नगर उनके स्वागत में उमड़ पड़ा है।”
आम्रपाली ने अनमने स्वर में पूछा —
“संन्यासी…?”
“हाँ देवी… लोग उन्हें ‘तथागत’ कह रहे हैं… कहते हैं… वे राजाओं से भी बड़े हैं… पर कुछ भी अपना नहीं रखते।”
आम्रपाली के हाथ अचानक रुक गए।
उसने धीरे से पूछा —
“नाम… क्या है उनका…?”
दासी ने श्रद्धा से सिर झुका लिया।
“गौतम… बुद्ध…”
नाम सुनते ही…
आम्रपाली जैसे पत्थर बन गई।
उसके भीतर कुछ टूट गया।
या शायद…कुछ जाग गया।
वह लंबे समय तक कुछ बोल नहीं पाई।
बस झरोखे से बाहर देखती रही।
दूर मशालें अब और स्पष्ट दिख रही थीं।
भीड़ के बीच… एक शांत आकृति आगे बढ़ रही थी।
और उस क्षण…
आम्रपाली के मन में एक विचित्र विचार कौंधा —
“क्या कोई ऐसा भी हो सकता है… जो मुझे देखे…
पर मुझे चाहे नहीं…?”
उसने पहली बार अपने जीवन में यह प्रश्न सोचा था।
और वही प्रश्न…
उसकी दुनिया बदलने वाला था।
रात की हवा अचानक ठंडी हो गई।
आम्रपाली ने धीरे से आँखें बंद कर लीं।
उसके होंठों पर एक अनजानी फुसफुसाहट उभरी —
“क्या…
वह मुझे मुक्त कर पाएगा…?”
और यहीं…उसकी कहानी एक नए मोड़ पर आकर ठहर गई।
क्योंकि —वह अभी नहीं जानती थी…कि अगली सुबह…
वह स्वयं उस संन्यासी के सामने खड़ी होने वाली है।
और उस एक भेंट के बाद…
वैशाली की नगरवधू…सदा के लिए बदल जाएगी।
अब सवाल है कि क्या आम्रपाली सच में बुद्ध से मिलने जाएगी?
और यदि जाएगी… तो क्या वह नगरवधू रह पाएगी… या उसका जीवन पूरी तरह बदल जाएगा?
मनोरमाजैन पाखी