कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -12
।
उर्वशी ने रात को ही पूरी तैयारी कर ली थी, अब सुबह 3 बजे टैक्सी आनी थी तो नींद किसे आती… फिर भी घड़ी में सवा दो बजे का अलार्म लगाकर लेट गई। नींद की झपकी लगी भी लेकिन 2 बजे ही नींद फिर खुल गई। लिहाजा उर्वशी ने उठकर फ्रेश-अप होकर अपने लिए चाय रख दी अब तक अलार्म ट्रिन-ट्रिन बजकर उसे मुँह चिढ़ा रहा था।
उर्वशी ने दौड़कर अलार्म बंद किया और इत्मीनान से चाय का कप लेकर उस आधी रात में आसमान के तारों को देखती रही… “सप्त ऋषि तारामंडल ठीक ऊपर ही था, ध्रुव तारा स्थिर अविचल उत्तर दिशा में दीप्तिमान था। और शीतल चन्द्र आधा ही सही मगर पूर्ण आकाश पर अपनी आभा से एकछत्र राज्य कर रहा था।”
तभी टैक्सी के हॉर्न की आवाज़ आई।
उर्वशी ने चाय का कप धोकर, जल्दी अपना सामान बाहर निकाला और ताला लगाकर उस टैक्सी में बैठ गई।
शिमला से बाहर निकलते ही खिड़की से बाहर देखते ही सारा दृश्य घुप्प अंधेरे की वजह से भयावह लग रहा था, समझ ही न आ रहा था कि सड़क के बगल में 10 फुट गहरा है या 500 फुट.. जहाँ पानी चमकता वहाँ की गहराई से अंदाजा लगा सकते थे कि बहुत ही खतरनाक सड़क से रास्ता तय करना है।
इस भयंकर सन्नाटे को दूर करने उर्वशी ने ड्राइवर से गीत लगाने को कहा… ड्राइवर तो उर्वशी का परिचित ही था इसलिए उसने बिना कहे ही उर्वशी की पसन्द को समझते हुये जगजीत सिंह की ग़ज़ल लगा दी।
“तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो क्या गम है जिसको छुपा रहे हो
आँखों में नमी, हँसी लबों पर क्या हाल है क्या दिखा रहे हो क्या गम है जिसको…
बन जायेंगे ज़हर पीते पीते ये अश्क जो पिए जा रहे हो क्या गम है जिसको…
जिन ज़ख्मों को वक़्त भर चला है तुम क्यों उन्हें छेड़े जा रहे हो क्या गम है जिसको…
रेखाओं का खेल है मुक़द्दर रेखाओं से मात खा रहे हो क्या गम है जिसको…
पहली ग़ज़ल सुनते सुनते ही उर्वशी नींद के आगोश में खो जाती है।
जब नींद खुलती है तो दृश्य बिल्कुल ही अलग था, ऊँची ऊँची पहाड़ियों पर कोमल सूर्य की लालिमा पड़ने से बहुत ही मोहक दृश्य लग रहा था, चीड़ और देवदार के वृक्षों की सघनता कम होने लगी थी.. कार चंडीगढ़ पहुँचने को ही थी।
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये