सुदर्शन रत्नाकर का उपन्यास ‘ यादों के झरोखे’ भाग -11

11.

अगले दिन से काम शुरू हो गया। मेरी छुट्टियाँ थीं ही, एक माली का प्रबंध भी अंकल ने कर दिया, उसकी देख-रेख में हम सब भी साथ काम करते। अंकल तो सुबह-सुबह थोड़ी देर के लिए आते थे, बाकी दिन भर मैं और माली ही काम करते। एक सप्ताह में ही आँगन का नक्शा बदल गया। दीवार के साथ सामने की ओर अशोक और दाईं ओर अमलतास तथा गुलमोहन के पेड़ लगा दिए गए। छोटा-सा लॉन और इसमें घास लगा दी गई, आस-पास फूलों की क्यारियाँ बना दी गईं, उनमें जो बीज बोए गए थे, वे अंकुरित होने लगे थे। उनमें फूल लगने के लिए थोड़े समय इंतज़ार की आवश्यकता थी।

उन दिनों अंकल जब भी आते और हमारे साथ काम कराते तो बहुत अच्छा लगता था। सोचती, पापा भी हमारे साथ ऐसे ही रहते और काम करते तो कितना अच्छा लगता। वैसे पापा हैं, इसलिए उनकी याद आती थी, लेकिन मैं उनके लिए छटपटाती नहीं थी। वे एक-दो महीने में जब भी आते, मैं उनके साथ पहले जैसा व्यवहार नहीं करती थी, उनके आते ही मेरी उछल-कूद समाप्त हो जाती, जो कुछ पूछते उसका संक्षिप्त-सा उत्तर देकर चुप हो जाती, किसी भी चीज़ के लिए ज़िद्द करना मैंने छोड़ दिया था। जबसे मैं अंकल के घर या कहूँ कि पापा के घर से लौटी थी, पापा स्वयं ही मुझसे कटे-कटे से रहते थे। ऊपर से मैं चाहे कितनी भी गंभीर दिखने की कोशिश करती थी, लेकिन मेरा बालमन तो मचलता ही था अपने पापा का प्यार पाने के लिए। मैं कितना भी संतुलित रहने का प्रयास करती, अपनी भावनाओं पर अंकुश लगाती लेकिन नियंत्रण न हो पाता और भावनाएँ पहाड़ी झरने की तरह फूट-फूटकर बाहर आतीं।

कितने यातनापूर्ण दिन थे वे। धीरे-धीरे दमित भावनाओं ने कुंठा का रूप लेना आरंभ कर दिया था। हर बार पापा के आने के बाद ऐसा लगता कि वे मुझे अब प्यार करेंगे, अब प्यार करेंगे, मेरे साथ हँसकर बात करेंगे, बाज़ार से ढ़ेर सारी चीजें लाएँगे, लेकिन ऐसा कुछ न होता। वे हर बार आते और उसी तरह लौट जाते। लेकिन मैं हर बार उनके आने की प्रतीक्षा करती।

नरेन अंकल का साथ तो था, लेकिन तब तक उनसे आत्मीयता नहीं हो पाई थी। उनसे परिचय भी तो कितनी कठिन परिस्थितियों में हुआ था।

पापा को गए अभी पन्द्रह ही दिन तो हुए थे कि मम्मी को एक दिन बुखार हो गया। घर में क्रोसीन की गोलियाँ रखी थीं, खा लेती थीं। जब-जब दवा लेतीं, बुखार उतर जाता लेकिन थोड़ी देर बाद फिर हो जाता। दो दिन तक ऐसे ही चलता रहा। मुझे नहीं बताया था उन्होंने। तीसरे दिन रात को उन्हें तेज़ बुखार हो गया था। उनका गला प्यास के मारे सूख रहा था। मैं उनके साथ ही गहरी नींद में सो रही थी। मुझे उनका कराहना भी नहीं सुनाई दिया। उनसे स्वयं उठा नहीं गया तो मुझे झिंझोड़ कर उठाया। मैं हड़बड़ा कर उठी, पूछा- “क्या बात है मम्मी।” उन्होंने कराहते हुए पानी माँगा। मैंने लाइट जलाकर पानी दिया, उन्हें छूकर देखा तो उनका शरीर तवे की तरह तप रहा था। मैं घबरा गई- ‘इतना तेज़ बुखार।’ रात के समय मैं क्या कर सकती थी, मुझे तो कुछ भी नहीं मालूम था, पता नहीं कितना बुखार है इन्हें और ऐसे में ठंडे पानी की पुट्टियाँ माथे पर रखी जाती हैं, मैं कुछ भी तो नहीं जानती थी। पानी पीकर मम्मी ने कुछ राहत महसूस की, उन्होंने मुझसे सो जाने के लिए कहा। नींद के कारण मैं यह भी सोचने की स्थिति में नहीं थी कि उन्हें उस समय कितना कष्ट हो रहा था। थोड़ी देर तक तो मैं उनके सिरहाने बैठ कर उनका सिर दबाती रही, लेकिन जल्दी ही मुझे नींद ने फिर घेर लिया।
सुबह जब मैं जागी तो देखा मम्मी बिस्तर पर नहीं थीं। मुझे एकदम याद आया कि रात को तो उन्हें बुखार था, फिर वे अचानक कहाँ गईं। बिस्तर से उठकर जैसे ही मैं बाहर आई तो देखा कि वे बाथरूम के बाहर ज़मीन पर पड़ी हैं, मैं भागकर उनके पास गई और उन्हें पुकारा, लेकिन वे बोली नहीं। उन्हें हाथ पकड़कर उठाया तो फिर गिर गईं। मैं घबराकर रोने लगी और रोते-रोते सड़क पर आ गई। कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करूँ, बस रोती ही जा रही थी। तभी नरेन अंकल हमारे घर के सामने से निकले, मुझे रोता हुआ देखकर पूछने लगे क्या बात है बेटी, रो क्यों रही हो?”

“अंकल, मेरी मम्मी…।” मुझसे कुछ बोला ही नहीं गया।

“क्या हुआ मम्मी को बेटे!” अंकल ने पुचकारते हुए पूछा।

“वह बेहोश पड़ी हैं।”

“चलो, मैं चलकर देखता हूँ।”

वह मेरे साथ हो लिए। जब तक हम भीतर पहुँचे, मम्मी को थोड़ा होश आ गया था। अपनी स्थिति का ख्याल करके और किसी अजनबी को यों सामने देखकर वे अचकचा गईं। अंकल और मैंने सहारा देकर उन्हें उठाया और ऊपर ले आए। बिस्तर पर लेटते ही मम्मी ने फिर आँखें बंद कर लीं। शायद बुखार तेज़ हो रहा था। अंकल ने मुझसे कहा- “तुम अपनी मम्मी के पास बैठों मैं अभी डॉक्टर को लेकर आता हूँ।”

नरेन अंकल को वापस आने में आधा घण्टा लग गया, उतनी देर मैं मम्मी के पास बैठकर प्रतीक्षा करने लगी। कभी बाहर देखती और कभी मम्मी को। उफ! कितनी कठिन घड़ियाँ थीं। मम्मी ऐसे तो पहले कभी भी बीमार नहीं पड़ी थीं। थोड़ी बहुत तकलीफ़ तो वे यों ही सह लेती थीं, सहना तो उन्होंने जन्म से ही सीख था, लेकिन इतनी सहिष्णुता भी किस काम की जो अपने अधिकार से भी वंचित रखे। मेरे नन्हें मन को पापा का स्मरण हो आया, मैं फिर रोने लगी। तभी नरेन अंकल डाक्टर को लेकर आ गए थे। डॉक्टर ने मम्मी की जांच की, दवा लिखकर दी और कुछेक टेस्ट कराने के लिए लिखा। अंकल ने डॉक्टर पे पूछा- डॉक्टर साहब कुछ खतरे की बात तो नहीं है। ‘अभी कुछ नहीं कह सकता, इंजेक्शन लगा दिया है, थोड़ी देर में बुखार कम हो जाएगा। माथे पर पानी की पट्टियाँ रखिए। बाकी टेस्ट की रिपोर्ट आने पर कुछ निश्चयपूर्वक कहा जा सकेगा कि बुखार आने का क्या कारण है। इन्हें कमज़ोरी भी बहुत है। समय पर दवा खिलाने और सुपाच्य खाना देने का ध्यान रखना होगा। मैं शाम को एक बार फिर आकर देख जाऊँगा। बीच में कोई समस्या आए तो मुझे फोन पर सूचित करें।” यह कहकर डॉक्टर साहब चले गए।

क्रमशः

सुदर्शन रत्नाकर

WhatsApp Image 2026-07-20 at 09.57.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment