राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -45

भलोल

भाग -45

मुझे कब नींद आई, पता ही नहीं चला। आँख खुली तो राजी चाय लेकर खड़ी थी। घड़ी की ओर देखा तो सुबह के 7 बज चुके थे। राजी की आँखों में रात की मस्ती थी। लगता था, उसकी नींद पूरी नहीं हुई है।

“लगता है तुम्हारी नींद पूरी नहीं हुई है। खुमारी अभी भी आँखों में है।”

“खुमारी के साथ मस्ती भी है। मैं खूब सोई, खुमारी और मस्ती में भी। अब जल्दी उठिए और फ्रेश होकर ऑफिस जाइए,” राजी ने मुझे प्यार से उठाया। मैं उठा, फ्रेश होकर नहाया, नाश्ता किया और वर्दी पहन कर जाने के लिए तैयार हो गया। राजी मेरे पास आई और कहने लगी, “मैंने आपको एक बात बतानी थी।”

“कहो राजी, इतनी झिझक क्यों?”

“नहीं, झिझक नहीं। इस रविवार को मम्मी-पापा, पिंकी और शन्नो आ रहे हैं।”

“यह तो खुशी की बात है। मैं दीपक साहब से गाड़ी लेकर स्टेशन से ले आऊँगा। वैसे भी छुट्टी का दिन है। मुझे ऑफिस तो जाना नहीं है। अच्छा, उस लैटर में लिखा था जो कल मैंने तुम्हें ला कर दिया था।”

“हाँ जी।”

राजी खुश हो गई थी। मैंने प्यार से राजी के गाल थपथपाए और कहा, “उनके आने पर तुम्हें यह समझना होगा कि रात को राजी मेरी बाँहों में हो। मैं अपना प्यार एक दिन के लिए भी खोना नहीं चाहता।”

“यह मैं कर लूँगी।”

“फिर वे खुशी से आएँ।”

मैं ऑफिस के लिए निकल पड़ा। पहले दिन सब-डिपो कमांडर से साइन करवाने के बाद मैं ‘इंस्पेक्शन नोट’ साइन करवाने के लिए स्टेशन बोर्ड के प्रिजाइडिंग अफसर कर्नल सतीश कुमार साहब के पास गया। वे सप्लाई
डिपो के डिप्टी कमांडेंट थे।

“साहब, आप थोड़ी देर बाहर बैठें। मैं आपको बुलाता हूँ।”

“जी सर” कह कर में उनके ऑफिस में आकर बैठ गया था। थोड़ी देर बाद उन्होंने बुलाया, कहा, “मैं ये साइन क्यों करूं? स्टेशन हेडक्वार्टर ने मुझे क्यों डिटेल किया है? बिना आइटमों को देखे, मैं कैसे साइन कर सकता हूँ?”

“सर, स्टेशन हेडक्वार्टर ने आपको क्यों डिटेल किया, यह तो स्टेशन हेडक्वार्टर ही बता सकता है। आपका स्टेशन बोर्ड में नाम था, इसलिए मैं हाजिर हुआ हूँ। आप बिना देखे आइटमें साइन नहीं करना चाहते, कृपया आप समय बताएँ, डिपो में आइटमें देखें और साइन करें। आप बताएँ, सर, डिपो साइन करने कब आ रहे हैं?”

“मैं पहले स्टेशन हेडक्वार्टर से बात करूंगा फिर बताऊँगा। आप अभी जाएँ।”

“जी सर।”

स्टेशन बोर्ड के दूसरे अफसरों ने भी यही कहा। मैंने कर्नल दीपक साहब को वहीं से बताया। उन्होंने कहा, “तुम वहीं रुको, मैं बात करता हूँ।”

थोड़ी देर बाद कर्नल दीपक साहब का फोन आया, “तुम दोबारा कर्नल सतीश कुमार साहब के पास जाओ। वे साइन कर देंगे।”

मैं कर्नल सतीश कुमार साहब के पास गया तो उन्होंने चुपचाप साइन कर दिए। दूसरे अफसरों ने भी साइन कर दिए। अब कर्नल दीपक साहब के साइन बाकी थे। फिर सामान डिपो में शिफ्ट करना बाकी रह जाना था।

दीपक साहब से साइन करवाने गया तो उन्होंने कहा, “आज की तरह मुझे बताना है। सब साइन करेंगे। यह सामान शिफ्ट करवा दो और कल के सामान के ‘इंस्पेक्शन नोट’ ऑफिस से ले जाना।”

“स्कूटर लेने कब जाओगे?”

“सर, 5 बजे के बाद जाऊँगा। मैं सुबह जिला सैनिक बोर्ड से परचेज आर्डर ले आया था। बैंक से ड्राफ्ट भी बनवा लिया था। बस शोरूम जाना है और स्कूटर ले आना है।”

“पर तुम जाओगे कैसे? ऐसा है, 5 बजे के बाद तैयार होकर घर आ जाना। राजी को भी साथ ले आना। सुरिंदर गाड़ी में छोड़ देगा।”

“सर, ठीक है।”
मैंने ऑफिस से इंस्पेक्शन नोट उठाए और एल.पी. शेड में आ गया। 200 इंस्पेक्शन का सामान मजदूरों को डिपो में देने के लिए कहा। वे तुरंत अपने काम में लग गए। मैं नए इंस्पेक्शन नोटों को रजिस्टर में एंट्री करने लगा।

मजदूर कहने लगे, “सर, आप तो आज ही सारा काम निपटा लाए। सूबेदार कर्म सिंह साहब तो कई-कई दिन चक्कर काटते रहते थे।”

“अपना-अपना काम करने का ढंग है, कांति, ” मैंने हेडमजदूर से कहा।

लंच तक सारा सामान डिपो में शिफ्ट कर दिया गया था। मैं लंच में घर आया। खाना खाकर मैंने राजी से शाम को तैयार रहने के लिए कहा, “भाई साहब के घर जाना है।” नए स्कूटर के लिए मैंने फिर भी नहीं बताया था।

“मैंने भी भाभी जी को एक बोतल वाइन और एक बोतल व्हिस्की के लिए कहा है। वे भी ले आएँगे।”

“अच्छा, तो रात की तैयारी अभी से हो रही है?”

“हाँ, अब जाएँ,” मैं आगे बढ़ने लगा तो राजी ने कहा, “अभी कुछ नहीं, आप ऑफिस जाएँ।”

राजी ने एक तरह से मुझे धक्का देकर क्वार्टर से बाहर निकाल दिया था। शाम को ऑफिस का काम निपटाते-निपटाते 5:30 बज गए थे। घर आया तो राजी तैयार बैठी थी। उसने मस्टर्ड रंग का सूट पहन रखा था। वह कोई भी रंग पहनती परी ही लगती थी।

मैं भी जल्दी तैयार हुआ, दोनों जब भाई साहब के घर पहुँचे तो सुरिंद्र गाड़ी लेकर तैयार खड़ा था। भाभी जी ने एक थैला दिया जिसमें 2 बोतलें थीं। राजी ने पूछा, “हम जा कहाँ रहे हैं?”

भाई साहब ने पूछा, “तुमने अभी तक राजी को बताया नहीं?”

“सर, मैं राजी को सरपराइज देना चाहता था।”

“बहुत हो गया सरपराइज। राजी, नया स्कूटर आया है, तुम दोनों उसे लेने जा रहे हो।”

अच्छा, इन्होंने कुछ बताया नहीं। घर चलें, बताती हूँ।”

…

” “बिल्कुल, अच्छी तरह बताना, राजी।” भाई साहब ने ऊंची आवाज में कहा था।
 नए स्कूटर में पेट्रोल डलवा कर मैंने राजी से कहा, “रास्ते से लड्डू लेकर पहले मंदिर जाएँगे फिर क्वार्टर पर जाएँगे।”

स्कूटर पर बैठ कर राजी ने ऐसी हरकत की जिसकी मुझे तो क्या, किसी को भी उम्मीद नहीं थी। उसने मुझे जोर से आलिंगन किया। उसे यह भी परवाह नहीं रही कि उसे कई आँखें देख रही हैं। अगर हम वहाँ से जल्दी निकल न जाते तो तमाशा हो जाना था।

लड्डू लेकर हम यूनिट मंदिर पहुँचे। वहाँ पंडित जी ने बहुत शानदार पूजा की। क्वार्टर पर आए तो मैं नहा कर पलंग पर बैठ गया था। राजी नहा कर किचन में चली गई थी। डिनर किया और सो गए।

सुबह 7 बजे मेरी नींद खुली तो राजी चाय लेकर खड़ी थी। वह नहा कर आई थी लेकिन मैक्सी उसने रात वाली ही पहनी थी। वह बहुत खिली हुई थी। लगा, भगवान ने सारी जवानी, सारी मस्ती और सारी खूबसूरती राजी को दे दी है हालांकि सुंदरता में मैं भी कम नहीं था पर राजी के सामने मेरी सुंदरता फीकी थी।

मैं उसे देखता ही रहा तो राजी ने कहा, “लो, चाय पीओ। ठंडी हो जाएगी। मैं तो आपके पास ही रहूँगी। जीवन-भर देखना ही तो है।”

उसकी आवाज सुनकर मैं होश में आया। उसके हाथ से कप लेकर मैं चाय पीने लगा। चाय पीकर मैं फ्रेश होकर नहाया, नाश्ता किया और वर्दी पहन कर अपने ऑफिस आ गया।। ऑफिस से इंस्पेक्शन नोट लेकर स्टेशन बोर्ड के साइन करवाने निकला। मैं 2 घंटे में ही सबके साइन करवा कर लौट आया। कर्नल दीपक साहब के साइन करवा कर सारा सामान डिपो में शिफ्ट करवा दिया। मेरा तेजी से काम करने का लाभ यह हुआ कि हर रोज सामान शिफ्ट होने लगा। डीलरों के बिल जल्दी क्लियर होने लगे थे। मेरे काम से डीलर बहुत खुश थे। इसी कारण सारी मैनेजमेंट खुश थी।

सभी डीलर दीपक भाई साहब को कहने लगे थे कि आपका भाई बहुत शानदार काम कर रहा है। मेरा प्लस प्वांएट यह था कि मेरे पास स्कूटर था। सूबेदार कर्म सिंह साहब साइकिल पर भागते रहते थे।

शाम को कर्नल दीपक साहब ने मुझे बुलाया, कहा, “हमारे विभाग ने इन्वेंट्री कंट्रोल अफसरों की वकेंसी निकाली है। कमांडेंट साहब ने लिखा है कि आप जरूर अप्लाई करें। यह फार्म है, इसे भर दो। हम इसे तुरंत भेज देंगे।
कमांड हेडक्वार्टर से क्लियर भी करवा दिया जाएगा। फिर सर्विस सलेक्शन बोर्ड की इंटरव्यू रह जाएगी। उसकी तैयारी के लिए समय रहेगा। कल तक और भी कोई अप्लाई करना चाहेगा तो पता चल जाएगा।”

“थैंक्यू सर, यह तो जबरदस्त खुशखबरी है। आपके सहयोग से सब काम हो जाएगा,” मैंने कहा।

“अभी राजी को मत बताना।”

मैं कर्नल दीपक साहब के ऑफिस से एल.पी. शेड में गया और आराम से फार्म भरा। कर्नल दीपक साहब को दिखाया। उन्होंने कहा, “हेडक्लर्क साहब को दे दो। वे निर्धारित प्रणाली द्वारा इसे सब-एरिया हेडक्वार्टर और कमांड हेडक्वार्टर को भेज देंगे।”

|

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment