ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -47

47-

” मेरा घर ? यह तो बहुत कीमती होगा। “
” ज्यादा नहीं। “
” कैसे नहीं, प्राइम लोकेशन पर फर्निश्ड फ्लैट “
” इसकी फ़िक्र आपको नहीं करनी है। “
” आप फ़िर वही बात करने लगे, मैं यहाँ नहीं रहूँगी। ” उसके चेहरे पर अप्रिय भाव या गए थे।
” पहले आप शांति से यहाँ बैठिये ” उन्होंने उसे सोफ़े पर बैठाते हुए कहा। ” यह तो तय है न कि आप शौर्य के पास वापस नहीं लौटेंगी। “
” नहीं ।”
” ये डिवोर्स पेपर्स हैं, पहले तो आप इन पर साइन कीजिये। ” कहते हुए उन्होंने कुछ पेपर्स उसके सामने रख दिये, फिर हाथ में पैन थमा दिया। उसने पलभर को उनके चेहरे की ओर देखा फिर पेपर्स ध्यान से देखने लगी। जहाँ जहाँ वह कहते गए, साइन करती गई। जब सभी जगह साइन हो गए तो शिखर ने उन पेपर्स को एक एनवेलप में डाल लिया।
” अब आप उस रिश्ते से आज़ाद हो गई हैं। “
” ओके “
” उर्वशी, आपने शौर्य से यह क्यों कहा कि आपके जीवन में कोई और आ चुका है ? आपने यह भी बता दिया कि वह आपके होने वाले बच्चे के पिता नहीं। “
” हाँ, लेकिन यह तो नहीं बताया कि मेरे जीवन में आने वाला व्यक्ति कौन है। “
” पर क्या यह कहना इतना ज़रूरी था ?”
” मैं उन्हें धोखा नहीं देना चाहती थी और वह बेकार ही वह अपने पिता बनने की खुशी में मुझपर बार बार वापसी का दबाव डालते। “
” आपको यह सब नहीं कहना चाहिए था। ” कहते हुए वह रुके। उनके चेहरे के भावों से लग रहा था कि उन्हें यह बात बहुत नागवार लगी है। ” ख़ैर अब हम आते हैं इस फ्लैट की बात पर। बस आप समझ लीजिए कि एलिमनी में यह फ्लैट आपको दिया गया है। “
” मुझे कुछ नहीं चाहिए, पैसा इकट्ठा कर रही हूँ। गुंजाइश होते ही सबसे पहले घर लूँगी। “
” कब तक ?”
” जब तक पर्याप्त पैसा नहीं कमा लेती। “
” उसमें आपको कई साल लग जाएंगे। “
” कोई बात नहीं। मुझे बहुत जल्दी नहीं है। “
” आप अपने बच्चे को किसी कबूतरखाने जैसी जगह पर जन्म देंगी ?” उन्होंने थोड़ी नाराज़गी से कहा।
उर्वशी को उनके शब्द ‘ अपने बच्चे ‘ कहकर पुकारना आहत कर गया। उसकी आँखें नम होने लगीं। परन्तु उसने तुरंत अपनी भावनाओं पर नियंत्रण कर लिया।
” उसके जन्म से पहले मैं, कोई वन बी एच के का फ्लैट किराए पर ले लूँगी। “
” आप गलत बात पर भी इतना अड़ियल रुख़ कैसे अपना लेती हैं ? किसी की सुनती क्यों नहीं ?” उनको अब क्रोध आने लगा था।
” जो बात मेरे सिद्धांत के ख़िलाफ़ हो उसे कैसे मान लूँ ? “
” आपके लिए आपके सिद्धांत ही सब कुछ हैं, हम या हमारी बात का कोई महत्व नहीं ?”
” इमोशनल ब्लेकमेलिंग मत करिए।व्यक्ति या प्रेम अपनी जगह है औऱ सिद्धांत अपनी जगह। “
” चलिए मान ली आपकी बात , इस घर को तोहफ़ा नहीं, लोन समझकर ले लीजिए। जब आपके पास पैसा आ जाए तो दे दीजियेगा। ठीक ?” उन्होंने हथियार डाल दिये।
” पर इतने बड़े घर की क्या ज़रूरत थी ? वन बीएचके भी ठीक था। “
” थ्री बीएचके इसलिए कि एक आपका रूम, एक अपने मम्मी पापा के लिए रखिये। तीसरा कोई गेस्ट आ जाए तो उसके लिए। बड़ा कहाँ है। हम आपकी गाड़ी भी ले आये हैं , विद ड्राइवर। “
” दिस इज़ टू मच। ” वह उठ खड़ी हुई।
” वह गाड़ी आपके जन्मदिन का तोहफ़ा था। हम दिए हुए तोहफ़े वापस नहीं लेते। ” उसे बैठाते हुए उन्होंने कहा। ” पहले पूरी बात सुन लीजिए फ़िर प्रतिक्रिया दीजिये। “
” अभी और क्या बाकी है ?”
जवाब में उन्होंने कहा कि वह आज या कल से उस फ्लैट में रहने आ जाए। अपने मम्मी पापा को भी अपने साथ रहने के लिए बुला ले। बाई का इंतजाम कर दिया है, ड्राइवर है। आराम से रहे, अपना और अपने बच्चे का ख़्याल रखे। यह सब सुनकर वह तनाव में आ गई कि इतना लोन वह कैसे अदा करेगी ? वह काफ़ी देर उसे समझाते रहे, औऱ मुश्किल से वह सब स्वीकार करने के लिए उसे मनाया।
” आपकी इतनी मुश्किलें आसान कर दीं, कम से कम एक हग तो दे दीजिए। ” उन्होंने कहा तो वह उनके गले लग गई।
” बस खुश रहिये और एक हैल्दी बेबी को जन्म दीजिये। “
” मुझ पर कितना लोन हो गया ?”
” बता देंगे, अभी तो बस खुश रहिये।”
” मुझे अभी बताइये “
” बहुत ज्यादा नहीं ” कहते हुए उन्होंने कीमत बता दी।
” इतना ” आश्चर्य से उसकी ऑंखें फ़ैल गईं. “ इतना मैं चुकाउंगी कैसे ?” उसकी आँखें फ़ैल गईं।
” चुका लेंगी, हम पाँच लाख या उससे ज्यादा की मासिक किस्तें बाँध लेंगे, ओके ? “
” इतना आपको दे दूँगी, तो मेरे पास क्या बचेगा ? ड्राइवर, बाई, हेयर ड्रेसर, ट्रेनर, सेक्रेटरी की सैलरी, मैं खाऊँगी क्या ?” वह तनाव में आ गई।
” आपका महीने का राशन हम भेज दिया करेंगे। ” वह मुस्कुराए।
” मुझे नहीं चाहिए कुछ भी। “
” वो तो लेना पड़ेगा बेबी।”
” फ़िक्र मत करिए, किस्तें आप साल भर बाद देना शुरू कीजिए, तब तक आपकी इनकम भी बढ़ जाएगी।
” अगर नहीं चुका पाई तो ?”
” तो जैसे सरकार ने किसानों का कर्ज माफ़ कर दिया है, वैसे ही हम आपका कर्ज़ माफ़ कर देंगे।” वह उसकी परेशानी का मजा लेते रहे।
” नहीं चाहिए माफ़ी, मैं कर्ज चुकाउंगी, बेशक इसके लिए दो तीन जन्म लेने पड़ें “
” प्लीज़ , अगले जन्मों में आप यह काम मत करियेगा। “
” मैं टाटा या अम्बानी के घर जन्म लूँगी।” वह रूठती हुई सी बोली.
” आमीन, एक काम करते हैं, दो दिन बाद घर में हवन और एक छोटा सा गेट टुगेदर रखते हैं। आप उमंग और मम्मी पापा को भी बुला लीजिये। इंडस्ट्री के कुछ खास करीबी और ऐसे लोग जिनकी आपको ज़रूरत पड़ सकती है।”
” आप तो ज़िबह करने की पूरी तैयारी करके आये हैं इस बार। “
” माई डार्लिंग ” उन्होंने मुस्कुराते हुए उसे आलिंगन में लिया और चुम्बनों की बौछार कर दी। वह आहिस्ता से पीछे हट गई। उन्होंने प्रश्नवाचक दृष्टि से उसे देखा
” अब नहीं, नैवर । “
” हम बहुत समय से आपको देख रहे हैं, आप काफ़ी बदल गई हैं। उस समय तो आपने कोई ऐतराज़ नहीं किया था, लेकिन अब आप हर बार रोक देती हैं। ऐसा क्या हो गया उर्वशी ?”
” कुछ भी तो नहीं, पहले भी आपसे कहा था, कि वो भावात्मक टूटन के पल थे। उस समय कुछ ग़लत नहीं लगा था। उन पलों का मलाल नहीं। लेकिन अब वो सब दोहराना नहीं चाहती। चलिए, देर हो रही है। ” कहते हुए वह चलने के लिए तैयार हो गई। शिखर के चेहरे पर बुरा मानने के भाव आये, पर उन्होंने कुछ कहा नहीं, और मायूस से चल दिये।

* * * * * * *

अपने कमरे में आकर उसने सबसे पहले उमंग को यह ख़बर दी। तलाक़ की खबर सुनकर वह पलभर को उदास हुआ, फिर फ़्लैट की बात सुनकर बहुत खुश हुआ।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment