अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -14

उस पार

भाग -14

बर्फीले पहाड़ों को पार कर काफी देर बाद मैं एक सुनसान घाटी में पहुंच गया। आकाश में पूरा चांद खिला हुआ था। सफेद बादलों के टुकड़े इधर -उधर उड़ रहे थे। चारों ओर निस्तब्धता छाई हुई थी। हवा की सांय – सांय हो रही थी और एक अबूझ खिन्नताभरी उदासी वातावरण में छाई हुई थी। धूल – धूसरित उस अभिशप्त सी घाटी में वीराना फैला हुआ था। जिस जगह मैं खड़ा था वहां एक पहाड़ी नदी जिसकी धारा काफी तेज थी और वो वक्राकार घूमती हुई घाटी में कहीं गुम हो गई थी। नदी के किनारे – किनारे मैं आगे बढ़ने लगा। अब मुझे मेरे पांव जमीन पर महसूस हो रहे थे। कहीं कहीं मेरे पांव बर्फ में घंसते महसूस हो रहे थे।

अभी थोड़ी ही दूर गया था कि एक लंबी -चौड़ी काठी का काला भुजंग व्यक्ति मिला जिसने मस्तक पर काला टीका लगा रखा था। उसका सिर मुंडा हुआ था और दाढ़ी मूंछ सफाचट थी। वेशभूषा से वह कापालिक संप्रदाय का लग रहा था। उस संन्यासी को देखकर मुझे संदेह हुआ कि कहीं मैं कापालिकों के क्षेत्र में तो नहीं पहुंच गया हूं। ये सोचते ही मेरे सारे शरीर में एक झुरझुरी सी दौड़ गई। एक अनजाना भय सा लगने लगा।

वह संन्यासी उस निशा में एक बनैले भैंसे को रगड़ – रगड़ कर नदी में नहला रहा था। निश्चित ही उस भैंसे की बलि देने वाला था वो कापालिक। मैं जब उस संन्यासी के पास पहुंचा तो उसने मुझे घूर कर इस तरह देखा मानों भैंसे की नहीं, मेरी बलि देना चाहता हो। उसकी सुर्ख आंखे देखकर भय की एक तेज लहर मेरे पूरे शरीर में फैल गई।

मैं उसके पास गया और अपना परिचय देते हुए यात्रा की सारी कथा बता दी और आने का उद्देश्य उस संन्यासी को बताया।

संन्यासी का नाम था असीमानंद कापालिक। नदी के किनारे थोड़ी ही दूर उसका मठ था। तब तक संन्यासी भैंसे को नहला चुका था। मेरी बात पूरी होते ही उसने मुझे अपने पीछे आने का इशारा किया।

चंद्रमा की रोशनी में मुझे पूरा क्षेत्र बर्फ से ढका नज़र आ रहा था। मैंने उत्सुकतावश असीमानंद से पूछ बैठा – ” ये कौनसा क्षेत्र है ? यहां तो दूर – दूर तक किसी बस्ती का नामोनिशान नज़र नहीं आता।”

“ये एक सिद्ध क्षेत्र है जहां विभिन्न मठों और आश्रमों में साधु – संत, तपस्वी, तांत्रिक – मांत्रिक, अघोरी, कापालिक आदि अपनी साधनाओं में लगे हैं। सुना है ये क्षेत्र शांग्रीला घाटी के अंतर्गत आता है। तुम तो पढ़े लिखे हो तो जानते होंगे कि हम जिस दुनिया में रहते हैं वो दुनिया चार आयाम से बनी है। लंबाई, चौड़ाई, गहराई और चौथा आयाम है समय। वैसे मुख्य रूप से दस आयाम होते हैं। हमारे धर्म ग्रंथों में ब्रह्मांड के चौंसठ आयाम बताए गए हैं।”

कहकर असीमानंद एक पल के लिए रुका फिर पुनः बोला – ” चर्म चक्षुओं से तीन ही आयाम देखे जा सकते हैं। शांग्रीला घाटी को ज्ञानगंज और सिद्धाश्रम भी कहते हैं। साधारण मनुष्य को ये नजर नहीं आयेगी भले ही बर्फ के इस रेगिस्तान में जीवन खपा दे। बिना गुरु की आज्ञा के यहां कोई प्रवेश नहीं पा सकता। कोई आ भी जाए तो सिवाय बर्फीले रेगिस्तान के अलावा कुछ भी नज़र नहीं आयेगा। यहां समय ठहर जाता है। यहां सिद्ध पुरुष, योगी आदि हजारों लाखों वर्षों से साधना कर रहे हैं। ये यहां भी रहते हैं और देश के विभिन्न अंचलों में जाते- रहते हैं। इनके बारे में दूसरे कुछ नहीं जानते। मैंने ऐसा सुना है ये पूरा एक नगर जैसा बसा हुआ है जिसमें साधना के लिए हजारों छोटे बड़े कक्ष बने हुए हैं। यहां रहने वालों में गृहस्थी भी हैं जोयहां साधना में रत हैं,मुझे भी इसमें प्रवेश का या देखने का सौभाग्य नहीं मिला है और मिलना भी संभव नहीं लग रहा।”

मुझे याद आया जब काशी में गुरुदेव ने इसी स्थान शांग्रीला घाटी में मिलने का कहा था। मैं असीमानंद के पीछे – पीछे उसके मठ में चला गया। बाहर से मठ का दरवाजा छोटा सा था जो चट्टानों से घिरा हुआ था, पर अंदर प्रवेश करते ही मेरी आंखे चौंधिया गई। अंदर से किसी जीर्ण शीर्ण महल के समान विशाल और भव्य मठ था जो अपनी प्राचीनता और भव्यता की कहानी कह रहा था।

मुझे चकित देख असीमानंद के होठों पर एक मुस्कान खेल गई और बोला – ” आप काशी के कालिकानंद अवधूत के शिष्य है न ? … और उन्होंने ही आपको भेजा है न?”

सिर हिलाकर ‘ हां ‘ कहा मैंने। मेरे हां कहते की वो पुनः मुस्कुराया और बोला – ” कालिकानंद इस मठ में रह चुके हैं और यहां रहकर अनेक साधनाएं – सिद्धियां की हैं। “

उसका जवाब सुनकर एकबारगी चकित रह गया मैं, पर प्रसन्नता भी हुई कि ऐसे महान साधक की साधना स्थली को देखने और समझने का सौभाग्य मिल रहा है। हो सकता है इसके पीछे गुरुदेव की प्रेरणा रही हो। कुछ कह नहीं सकता, खैर…!

मठ के अंदर अनेक कक्ष बने हुए थे। रात आधी से ज्यादा ढल चुकी थी। चांद पहाड़ों के पीछे छिप गया था। वातावरण में गहरी नीरवता छाई हुई थी। चांद की मद्धम रोशनी में धूल- धूसरित और ध्वस्त कापालिक मठ अपनी सैकड़ों वर्षों की कहानी कहता प्रतीत हो रहा था। भयंकर तामसिक साधना का प्रतीक ये कापालिक मठ आज भी अपनी बांकी भंगिमा के साथ सिर ऊंचा किए खड़ा था।

मठ के चारों ओर घने स्याह वृक्षों का एक जाल सा बुना था जो आकाश में एक दूसरे से गुंथे हुए लग रहे थे। पेड़ों के पास चट्टानों से एक छोटा झरना बह रहा था जिसके नीचे पानी एकत्र होकर एक पोखर का रूप ले चुका था। मैं इस मठ के अप्रतिम सौंदर्य में खो सा गया।

असीमानंद ने मुझसे मुखातिब होकर हाथ के इशारे से कहा – ” यही है मठ !” कहकर वो एक टूटी- फूटी सीढ़ियों से चढ़ने लगा। मैं उसका अनुसरण करने लगा और अंदाजे से टूटी – फूटी सीढियां चढ़ने लगा। गर्मियों के दिनों में चमकती चांदनी रात में घिरे राजस्थान के अपने उस कस्बे की याद आ गई जब रात को आंख -मिचौनी का खेल खेलते थे। मेरे घर के पास किसी सेठ की पुरानी और बंद विशाल हवेली थी जिसका मुख्य दरवाजा गलकर झूल गया था। मेरे मुहल्ले के सभी बच्चे वहां खेलते थे। सीढियां चढ़ते वक्त मुझे लगा अभी कोई पीछे से आकर मेरी आंखें बंद कर देगा। सोचते -सोचते कब सीढियां चढ़कर पहली मंजिल के बरामदे में पहुंच गया , पता ही नही चला।

इस मंजिल पर थोड़ी -थोड़ी दूरी पर बुर्ज बने हुए थे। धूल और मिट्टी से सने बुर्जों पर हाथ फिराता मैं आगे बढ़ा चला जा रहा था। मैं सोचने लगा कि किमखाब का कोई कीमती लबादा पहने और पैरों में चंदन की खड़ाऊ पहने लकदक जटाजूट संन्यासी आयेगा और अतीत के जीर्ण – शीर्ण स्याह पन्नो को उघाड़ कर रख देगा। परंतु आया कोई नहीं।

अंधेरे उजाले में डूबे हुए दालानों, बरामदों, गलियारों और बारादरियों को एक के बाद एक पार करते हुए मैं असीमानंद के साथ सीढ़ियां उतरकर एक बड़े आंगन में पहुंचा। वहां पहुंचते ही जो कुछ मैंने देखा , मेरी रगों में बहता लहू बर्फ की मानिंद ठंडा हो गया और भय की एक तेज़ लहर पूरे शरीर मे दौड़ गई। मेरे चेहरे पर आतंक की छाया दृष्टिगोचर होने लगी।

आंगन के ठीक बीच में एक पत्थर का बड़ा सा खूंटा गड़ा हुआ था। निश्चय ही ये बलि के लिए था। खूंटे पर न जाने कब का खून लगा हुआ था जो अब सूखकर काला पड़ चुका था। आंगन के दूसरी तरफ एक जीर्ण शीर्ण मंदिर था जिसका दरवाजा उस समय बंद था।

अचानक मुझे असीमानंद की आवाज सुनाई पड़ी। उसने कहा – “मंदिर में पंचमुंडी आसन पर कपाल काली की एक अति प्राचीन भयंकर मूर्ति स्थापित है जो पूर्णतः सिद्ध है। ” – असीमानंद मुझसे मुखातिब होते हुए एक क्षण के लिए रुका फिर पुनः बोला, ” एक समय था जब हर अमावस्या को यहां नर बलि दी जाती थी पर अब केवल अमावस्या को पशुबलि ही होती है, अर्धरात्रि को महानिशा की बेला में।

” क्या नरबलि अब बंद हो गई है ?” सहज भाव से पूछा मैंने।

मेरा प्रश्न सुनकर असीमानंद का चेहरा विवर्ण हो गया और बोला – ” क्या करेंगे जानकर? ” इतना कहकर वह मंदिर का द्वार खोलने के लिए आगे बढ़ गया।

मैं समझ गया कि जरूर इसमें कोई न कोई गहरा राज है इसलिए असीमानंद मुझे बताना नहीं चाहता। ये कहते हुए उसका चेहरा विवर्ण और गंभीर हो गया।

आंगन से होता हुआ मैं मंदिर के सामने स्थित बलि के खूंटे के पास चला गया। बलि के खूंटे के पास खड़ा मैं सोच रहा था कि साधना के नाम पर न जाने कितने लोगों की बलि दी गई होगी यहां। कितने लोगों के गर्म खून से रंजित हुआ होगा ये आंगन ! कितने मनुष्यों का आर्तनाद गूंजा होगा इस विचित्र और रहस्यमयी वातावरण में। ये सब सोचते – सोचते न जाने कब मेरी दृष्टि घूम गई मंदिर की ओर।

उस समय मंदिर में जल रहा चौमुखा दीप अपना मद्धिम प्रकाश फैला रहा था। भीतर काली की खड्ग लिए एक विशाल प्रतिमा थी, जो काले पत्थर की बनी थी । शव पर आरूढ़ विशालकाय प्रतिमा अट्टहास लगाती प्रतीत हो रही थी। उस प्रतिमा की आंखों में आंखे डालते ही मेरे पूरे शरीर में एक झुरझुरी सी दौड़ गई। मैंने मारे भय के अपनी आंखे दूसरी ओर घुमा ली। मैंने अपने भीतर साहस को बटोरा और पुनः प्रतिमा की ओर निहारा। चतुर्भुजा काली की प्रतिमा एकदम सजीव लग रही थी। मानो मुझे अपनी ओर बुला रही हो। इस बार आंखों में प्रेम और वात्सल्य की झलक साफ दृष्टिगोचर हो रही थी। मैं सम्मोहित सा अपलक उस भव्य मूर्ति की ओर निहारता रहा। मेरे कदम रुक गए थे वहां।

अचानक संन्यासी का स्वर मेरे कानों में पड़ा, ” रुक क्यों गए आप, आइए! ” एक क्षण के लिए वो रुका , फिर बोला, ” जिस साधक ने इस मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की थी, उसने सर्वप्रथम अपने हाथों से अपनी बलि देकर अपना प्राणोत्सर्ग किया था यहां। उसके ही शोणित से प्लावित हुई थी ये प्रतिमा प्रथम बार !”

मुझे ये सुनकर अचरज हुआ। जिज्ञासा वश पूछ बैठा , ” कौन था वो महासाधक?”

” चंडेश्वर कापालिक।”

नाम सुनते ही चौंक पड़ा मैं। चंडेश्वर कापालिक का नाम मैंने सुन रखा था। एक साधु ने इनके बारे में मुझे बताया था। कोई दो सौ साल पहले हुए थे ये। ये बहुत बड़े तंत्र साधक थे। अनेक तरह की सिद्धियां प्राप्त थीं उन्हें। आकाशचारी और परकाया प्रवेश के सिद्धहस्त थे वे। बहुत पहले तंत्र शास्त्र के अध्ययन के समय एक प्राचीन पुस्तक हाथ लगी थी मेरे। उस पुस्तक में चंडेश्वर कापालिक के बारे में लिखा था कि वे कालजयी थे। कितना विचित्र संयोग था कि जिस महापुरुष के अलौकिक चमत्कारों और सिद्धियों के बारे में मैंने पढ़ा था, आज उसी के रहस्यमय आश्रम को देखने और जानने का अवसर मिल जायेगा और उसी के द्वारा स्थापित काली की मूर्ति के दर्शन हो जायेंगे। ये कभी सपने में भी न सोचा था।

क्रमशः

अनिल पुरोहित

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment