अविनाश स आठल्ये का उपन्यास ‘कारगिल एक प्रेम कथा ‘ भाग -13

कारगिल एक प्रेम कथा

भाग -13

उर्वशी ने घड़ी देखी तो 6 बज चुके थे, वह रेल्वे स्टेशन पहुँचने की जल्दबाजी में थी। 20 मिनट में ही टैक्सी स्टेशन पहुँच गई।

ट्रेन आने में अभी 10 मिनट ही थे, उर्वशी ट्रेन के डिब्बे की पोजीशन के स्थान पर खड़ी हो गई।

उसकी सीट डिब्बे की सबसे पिछली सीट थी, बिल्कुल दरवाजे से लगकर… टिकिट निरीक्षक के टिकट चेक करते ही केटरिंग वालों की सर्विस शुरू हो गई… चाय बिस्किट, फिर इडली सांभर वड़ा का नाश्ता। उर्वशी को बहुत ही नींद आ रही थी मगर एक तो दरवाजे की सीट, ऊपर से यह केटरिंग वालों का रुक-रुककर बार-बार आना उसका सोना ही मुश्किल कर रहा था।

नाश्ता खत्म करते ही जल्द ही उर्वशी को नींद लगने लगी। झपकी लगते-लगते ही उसने देखा कि अम्बाला केंट स्टेशन आ चुका था, आधा स्टेशन आर्मी वालों से भरा हुआ था। उसने देखा कि पीछे वाला कोच पूर्णतया आर्मी के लिए ही आरक्षित था। ट्रेन पुनः चल पड़ी और उर्वशी नींद के आगोश में समाने लगी।

“तू मेरी ज़िन्दगी है

तू मेरी हर खुशी है

तू ही प्यार, तू ही चाहत

तू ही आशिकी है

तू मेरी ज़िन्दगी है…

पहली मोहब्बत का एहसास है तू बुझके जो बुझ ना पाई, वो प्यास है तू तू ही मेरी पहली ख्वाहिश, तू ही आखिरी है तू मेरी ज़िन्दगी है…

हर ज़ख्म दिल का तुझे, दिल से दुआ दे खुशियाँ तुझे, गम सारे मुझको खुदा दे तुझको भुला ना पाया, मेरी बेबसी है तू मेरी ज़िन्दगी है…”

उर्वशी को लगा कि वह नींद के आगोश में कोई सपना देख रही जिसमें उसे उसका मनपसंद का गीत सुनाई दे रहा था। मगर नहीं.. यह आवाज़ तो उसके ठीक पीछे से ही आ रही थी, आर्मी के लिए आरक्षित कोच से। हूबहू वही आवाज़.. उर्वशी सम्मोहित सी अपना सारा सामान छोड़कर उस आवाज़ की दिशा में जाने लगी।

स्लाइडिंग दरवाजा खोल कर देखा तो पूरा कोच आर्मी वालों से भरा हुआ था। उस युवक की पीठ उर्वशी की तरफ़ थी और सभी साथी जवान टेबल कुर्सी आदि बजा-बजा कर उसका जोश बढ़ा रहे थे।

अपने आरक्षित कोच में किसी महिला को आते देख सभी जवान कुर्सी टेबल बजाना छोड़कर उर्वशी की तरफ़ देखने लगे।

उन सभी जवानों के अचानक रुककर उस युवक के पीछे की तरफ़ देखने से वह युवक भी सहमकर पीछे मुड़कर उर्वशी को देखता है.. तो देखता ही रह जाता है।

उसके मुँह से हड़बड़ाहट में शब्द निकलते हैं.. अरे! तुम……. सॉरी आप??
तुम तो … ओह्ह सॉरी आप तो… वंदना भाभी की बहन हो न … यहाँ कैसे? पलभर पहले जोश से इतना सुरीला गाने वाला नौजवान एक लड़की को सामने देखकर जिस तरह से हकलाने लग गया.. देखकर उर्वशी को भी हँसी

छूट गई। ओह! तो आप आर्मी में हैं…?

उर्वशी ने यदि उस युवक की आवाज़ न सुनी होती और उसके द्वारा पहचानी न गई होती तो शायद वह युवक को उसकी इस आर्मी की यूनिफार्म में उसे देखकर कभी भी न पहचान पाती।

उस विवाह के परिधान और हावभाव से बिल्कुल अलग यह युवक एक चुस्त दुरुस्त “आकर्षक व्यकित्व” नज़र आ रहा था।

क्रमशः
अविनाश स आठल्ये

WhatsApp Image 2026-07-20 at 16.05.34 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment