राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -46

भलोल

भाग – 46

जैसे-जैसे मेरी तरक्की के रास्ते बनते गए, मेरा परिवार बिखरता गया। कंपनी ऑफिस में फार्म देने आया तो माँ का लैटर मिला। लिखा था, “विकेश और उसकी बीवी में बिल्कुल नहीं बनती है। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होता रहता है। मुन्नी आई थी, वह भी आग लगाकर चली गई थी। मैंने इस बार मुन्नी को साफ कह दिया था, “यहाँ आना होता है तो चुपचाप आया करो और सेवा करवा कर चली जाया करो। हमारे बीच बोलने की जरूरत नहीं है। गुस्सा हो कर चली गई थी।

पति-पत्नी के झगड़े में किसी को नहीं पड़ना चाहिए। मैंने विकेश को भी समझाया था कि अगर वह टिफिन में चम्मच देना भूल जाती है तो तुम एक चम्मच अपने ऑफिस में रख लो लेकिन बीवी भी नहीं मानती थी। रोज यही गलती करती थी। फिर जब उसके मायके से उनके खेतों की सब्जी या फल आते थे तो विकेश उसके मायके वालों को गालियाँ देता था। तो भी झगड़े होते थे। मैंने विकेश को भी कहा कि तुम उनके मायके वालों को गालियाँ मत दिया करो। अब सुदेश, विकेश की बीवी ने एक और गलती की। दो बेटे पहले ही थे। तीसरा फिर ठहर गया था। उसके मायके में एक फंक्शन था। विकेश ने सुदेश को समझा कर भेजा था कि उसे तीसरा बच्चा नहीं चाहिए इसलिए फंक्शन खत्म होते ही आ जाना लेकिन वह तब वापिस आई जब अबोर्शन नहीं हो सकता था। वह अपने माँ-बाप के प्रभाव में आ गई थी कि क्या हुआ, हमारे 3-3, 4-4 बच्चे हैं, तुम्हारे एक और हो जाएगा तो क्या हुआ?

जब वह वापिस आई तो विकेश उसे रखने को तैयार नहीं थे। वह अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। मैं उसके ऐसा करने के पहले ही अमृतसर भाई के पास आ गई थी। अब मैं कहीं की नहीं रही।”

मैंने माँ को लिख दिया था, “मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता। मैंने आपको बहुत समझाया था लेकिन आपने बेटी, दामाद और विकेश भाई की मानी। आपके पास सब कुछ था। गाँव में आप वापिस चली जाएँ। वह मकान बाऊजी ने बनवाया हुआ है। उसमें रहने का आपका अधिकार है। किसी को अगर तकलीफ है तो वह अपना इंतजाम कर लेगा। आप जमीन से जो दाना-पानी आता है उससे गुजारा करें। आप के 5 बेटे हैं। आप किसी के पास भी जाकर रह सकती हैं।”

मैंने राजी को सब बताया तो राजी ने पूछा, “आपने ठीक लिखा है लेकिन मम्मी जी का आपको लिखने का क्या मतलब था?”

“मैं माँ की बातों को अच्छी तरह समझता हूँ। वे चाहती होगी कि उनके ऐसा लिखने से शायद मैं उन्हें अपने पास बुला लूँगा।”

“हाँ, यही मतलब हो सकता है।”

“मैं ऐसी बेवकूफी करने वाला नहीं हूँ। जानती हो, इसी माँ ने तुम्हें क्या बदुआ दी थी? मैं उस बद्दुआ को दोहराना नहीं चाहता।”

हमने डिनर किया और सो गए। सुबह रोज के मुताबिक 7 बजे, राजी चाय लेकर आई। आज संडे था और मुझे मम्मी-पापा, शन्नो और पिंकी को स्टेशन से लेकर आना था। समय पर कर्नल साहब ने मुझे गाड़ी दे दी थी। मैं उन्हें स्टेशन से ले आया था।

क्वार्टर देख कर सभी बहुत खुश हुए। राजी कह रही थी, “हमें तो इससे बड़ा तीन कमरों का क्वार्टर अथराइज है। मैं नहीं जाती। क्या करना है इतना बड़ा क्वार्टर? रहने वाले तो हम दो ही हैं।”

पापा जी घूम कर सारा क्वार्टर देख आए थे, “पुत्तर, तुमने क्वार्टर बहुत अच्छा रखा है।”

“क्वार्टर है ही अच्छा बना हुआ। मैंने सिर्फ इसे साफ रखा है।”

“यह फर्नीचर भी सरकारी है?”

“हाँ, पापाजी, सब। यहाँ तक कि बिजली के बल्ब भी सरकारी हैं। अगर खराब हो जाएँ तो तुरंत रिप्लेस हो जाते हैं।” “तुम्हारी किस्मत अच्छी है। सब सुख मिले हैं।”
बातें खत्म ही नहीं हो रही थीं। बातें करते-करते रात हो गई। मम्मी-पापा रात का खाना खाकर जल्दी सो गए। उन्हें 8 बजे खाना दे दिया गया था। हमने यानी मैंने, राजी, पिंकी और शन्नो ने रात 9 बजे खाना खाया।

मैं पहले नहाकर पलंग पर आ कर लेट गया था। पिंकी और शन्नो हमारे साथ वाले पलंग पर थी। राजी बाद में नहा कर आई। उसने बरामदे की लाइट बुझा कर वाशरूम की लाइट जला दी थी। रात को अगर कोई वाशरूम जाए तो दिक्कत न हो। बरामदे की लाइट बुझाने का एक कारण और था। वह जली रहती तो कमरे में पूरी रोशनी रहती। अब रोशनी न के बराबर थी। यह बात मम्मी-पापा को भी बता दी थी।

जैसा कि पहले से निश्चित था कि रात को राजी मेरी बाँहों में होगी। वह चुपचाप आई और मेरे कंबल में लेट गई। मैं उसका इंतजार ही कर रहा था। फिर हम प्यार में ऐसे डूबे कि सुबह तक होश में नहीं रहे।

सुबह राजी मेरी बाँहों से कब निकली, पता नहीं चला। 7 बजे जब वह चाय लेकर हाजिर हुई तो उसका चेहरा खिला हुआ था। चेहरे पर खुशी की मुस्कराहट थी। साथ का पलंग खाली था। मैंने पूछा, “रात को अच्छा लगा?” कहने लगी, “मैं कई स्वर्गों में घूम आई थी।”

“ये दोनों कहाँ गईं?”

“एक नहा रही है और दूसरी पापा जी के कमरे में है। दोनों फारिग होंगी तो आपके लिए वाशरूम खाली होगा। मम्मी-पापा तो पहले ही नहा चुके थे। सबको चाय दे दी, केवल आप रह गए थे।”

“तुमने चाय पी ली?”

“हाँ जी, मैंने मम्मी-पापा जी के साथ ही पी ली थी। उनका साथ कौन देता?”

“यह अच्छा किया। जब तक वे यहाँ हैं, उनका साथ दो।”

“आप अब तैयार हो जाओ। मैं आपके लिए नाश्ता बनाती हूँ। हम सब बाद में खाते रहेंगे।
मैं फ्रेश होकर निकला। वर्दी पहनी। राजी तब तक नाश्ता लगा चुकी थी। मैं नाश्ता करने लगा।

धीरे-धीरे चलकर पापाजी मेरे पास आए, कहा, “आपकी वर्दी बहुत अच्छी लगती है।”

पिंकी, शन्नो ने भी यही बात दोहराई। मैंने उनका धन्यवाद किया और ऑफिस के लिए निकल पड़ा। मैं एल.पी. ऑफिस से ‘इंस्पेक्शन नोट’ लेकर निकल ही रहा था कि कर्नल दीपक साहब का संदेश मिला। वे मुझे बुला रहे थे। मैंने उनके ऑफिस के आगे खडे होकर ‘मे आई कम इन सर’ कहा।

उन्होंने तुरंत मुझे अंदर बुला लिया, “निंदी, तुम्हारी ‘इंवेंट्री कंट्रोल अफसर’ की एप्लीकेशन कमांड हेडक्वार्टर पहुँच गई है। उन्होंने आज ही इंटरव्यू के लिए बुलाया है। फिर जनरल साहब एक हफ्ते के लिए टूर पर चले जाएँगे। कमांडेंट साहब, मेरी जनरल साहब और ब्रिगेडियर सुरिंदर सिंह साहब से बात हो गई है। वे केवल तुम्हें देखना चाहते हैं। तुम ऐसा करो, मेरी कार ले जाओ। अभी ड्राइवर गाड़ी लेकर आ रहा है। ये ‘इंस्पेक्शन नोट’ एल.पी. ऑफिस में वापिस दे दो। हेडलेबर को बोल दो कि अगर सामान आए तो वह रख ले। अभी किसी को कुछ नहीं बताना। तुम्हारी वर्दी ठीक है। वहाँ जाकर ब्रिगेडियर सुरिंदर सिंह साहब को रिपोर्ट करना।”

“जी सर, मैं अभी सारे काम करके आता हूँ।”

थोड़ी देर बाद सारे काम निपटा कर वापिस आया। गाड़ी तैयार थी। मैं बैठा और चल दिया। कमांड हेडक्वार्टर में एक बजे पहुँचा। ब्रिगेडियर सुरिंदर सिंह साहब को रिपोर्ट किया। उन्होंने तुरंत जनरल साहब को बताया। मुझे अंदर बुला लिया। मैंने स्मार्ट सैल्यूट किया।

जनरल साहब ने कहा, “गुड, मैंने ‘स्ट्रोंगली रिक्मेंड’ कर दिया है। अभी ‘कवरिंग लैटर’ बना कर रिकार्ड और आर्मी हेडक्वार्टर भेज दो। एक कॉपी साहब को ‘बाइहैंड’ दे दो ‘अंडर माई सिग्नेचर’। “

“सर, मैं अभी करवाता हूँ।” ब्रिगेडियर साहब ने कहा।

मैंने थैंक्स सर, कहा। स्मार्ट सैल्यूट करके बाहर आ गया। कवरिंग लैटर और सबकी फोटो कापी लेने में आधा घंटा लग गया।

सारे ‘डाकूमेंटस’ लेने के बाद मैंने कर्नल दीपक साहब को बताया, “सर, सारा काम हो गया है। मैं सारे ‘डॉकुमेंटस’ लेकर वापिस आ रहा हूँ ।”
उन्होंने मुझे बधाई दी. कहा, “रास्ते में किसी अच्छे होटल में खाना खा लेना। ड्राइवर को भी खिला देना। मैंने राजी को बता दिया था कि वह लंच पर तुम्हारा इंतजार न करे, आज तुम्हारा लंच बाहर है।”

हमने हल्दीराम में शानदार खाना खाया। यूनिट में पहुँचते-पहुँचते शाम के 5 बज गए। सारे ‘डाकूमेंटस’ कर्नल दीपक साहब को दे दिए। उन्होने हेडक्लर्क को देने की बजाय अपनी पर्सनल फाइल में रख लिए। महत्वपूर्ण पेपर्स थे, वे शायद किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते थे।

“निंदी, अब तुम्हें एस.एस.बी. की तैयारी में लगना है। मैं कमांडेंट साहब से बात करता हूँ कि कैसे करना होगा?,”

“सर।”

होगी।” “कुछ देर के लिए एस.एन. दास गुप्ता कालेज में क्लासें अटैंड करनी

“कोई बात नहीं, सर, स्कूटर तो मेरे पास है ही, कर लूँगा।”

“और तो कुछ नहीं, तैयारी अच्छी हो जाएगी। अब तुम घर जाओ। राजी भी इंतजार कर रही होगी। अभी सब कुछ सीक्रेट रखना। स्कूटर है?”

“हाँ, सर, एल.पी. शेड के पास पार्क है।”

“आज पिक्चर है। सबको लेकर आना। मैं एक्स्ट्रा कुर्सियाँ लगवा दूँगा।”

“थैंक्स, सर।”

मैंने सैल्यूट किया और बाहर आ गया। क्वार्टर पर पहुँचा तो शाम की चाय की तैयारी हो रही थी। साथ में पकौड़े बन रहे थे।”

राजी ने कहा। “आ गए आप? मुँह-हाथ धो लीजिए फिर इकट्ठे चाय पीते हैं,”

मैंने वर्दी उतारी, हाथ-मुँह धोया और कुर्ता-पाजामा पहनकर सबके पास आकर बैठ गया।

“जीजू, आज आप कहाँ गए थे?” पिंकी ने पूछा।

“सेना में कई ऐसे मिशन होते हैं जिनके बारे बताना संभव नहीं होता। टॉप सीक्रेट होते हैं,” मैंने कहा।

“मत पूछो, पिंकी, यह ऑफिस की बात कभी डिस्कस नहीं करते।” राजी ने कहा।

“राजी, आज पिक्चर है, ‘जंगली’ शम्मी कपूर और सायरा बानू की। कर्नल साहब ने बोला है कि सबको लेकर आना। वे एक्सट्रा कुर्सियाँ लगवा देंगे।”

समय पर सब तैयार हो गए। रात को 10 बजे हम पिक्चर देखकर लौटे। खाना खाया और सभी अपने-अपने बिस्तर पर लेट गए। राजी जब मेरी बाँहों में आई

तो रात के 12 बज चुके थे। पिंकी और शन्नो के खराटे सुनाई दे रहे थे। राजी ने आलिंगन करते हुए कहा, “कल की तरह आराम से प्यार करना।”

उसने मेरी तरफ पीठ कर ली।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment