ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -48

48-

” कुछ भी तो नहीं, पहले भी आपसे कहा था, कि वो भावात्मक टूटन के पल थे। उस समय कुछ ग़लत नहीं लगा था। उन पलों का मलाल नहीं। लेकिन अब वो सब दोहराना नहीं चाहती। चलिए, देर हो रही है। ” कहते हुए वह चलने के लिए तैयार हो गई। शिखर के चेहरे पर बुरा मानने के भाव आये, पर उन्होंने कुछ कहा नहीं, और मायूस से चल दिये।

* * * * * * *

अपने कमरे में आकर उसने सबसे पहले उमंग को यह ख़बर दी। तलाक़ की खबर सुनकर वह पलभर को उदास हुआ, फिर फ़्लैट की बात सुनकर बहुत खुश हुआ। आने की बात पर उसने बताया, कि इस बार तो नहीं, परन्तु जैसे ही समय मिलेगा तुरन्त आएगा । इसके बाद उसने थोड़ा घबराते हुए पापा को फोन किया। उन्हें सम्बन्ध विच्छेद की बात बताई, फिर नए फ्लैट के विषय बताकर हवन में आने को कहा। तलाक की बात मालूम पड़ने पर मम्मी को तगड़ा झटका लगा, उन्होंने उससे कोई बात नहीं की। इसके बाद गृहप्रवेश पर बुलाए जाने वाले मेहमानों की लिस्ट तैयार की। मम्मी पापा के अलावा इंडस्ट्री के कुछ गिने चुने लोग ही थे। शिखर के सुझाव के अनुसार उसने तुरन्त मम्मी पापा की फ़्लाइट बुक करवा दी।
दो दिन बहुत व्यस्तता में निकले, उसका सामान फ्लैट पर पहुँच गया। मम्मी पापा भी आ गए। मम्मी उसके साथ सहज नहीं हो पा रही थीं, वह इस बात को भुला नहीं पा रही थीं कि उसने अपनी जिद और मूर्खता की वजह से इतने अच्छे परिवार में नहीं निभा पाई और उनसे नाता तोड़ दिया। पापा काफ़ी सहज हो चुके थे और उसके करियर के विषय में उत्सुकता से प्रश्न कर रहे थे। यह देखकर उसने चैन की साँस ली। हवन के समय मम्मी पापा और शिखर के अलावा बाहर के दस बारह लोग थे। शिखर को उस समय वहाँ उपस्थित देखकर मम्मी को बहुत हैरानी हो रही थी। वह उनकी सज्जनता की क़ायल हो गई थीं।
जितने लोग भी गेट टुगेदर में आये, सबने घर की तारीफ़ की। रोहित और विवेक ने तो हँसते हुए कहा कि अब वह बड़ी स्टार बन गई है, शानदार घर, विदेशी गाड़ी। हँसी मजाक का दौर चल ही रह था कि तभी दीपंकर घोष का फोन आया और उन्होंने उसे बताया कि उनकी नायिका प्रधान फ़िल्म की स्क्रिप्ट तैयार है और वह जल्दी ही उसे स्टोरी सुनाने उसके घर आएंगे। इसके बाद तीन चार माह में शूटिंग शुरू हो जाएगी। उन्हें उसकी इकट्ठी डेट्स चाहिए होंगी, जिससे एक माह में पूरी शूटिंग निबट जाए। इस खुशखबरी ने वहाँ जश्न का माहौल बना दिया। सबको यह विश्वास हो गया कि वह घर उसके लिए बहुत शुभ है, और उसके आने वाले अच्छे दिनों के लिए शुभकामनाएं दी गईं । शिखर भी प्रसन्न दिख रहे थे। बस रोहित पर दृष्टि पड़ते ही शिखर का मूड खराब हो गया था। उन्हें शूटिंग के वह दृश्य याद आ गया था। पर शीघ्र ही उन्होंने स्वयं को नियंत्रित कर लिया।

* * * * * * * *

उसने मम्मी पापा को अब हमेशा अपने पास ही रहने को बोल दिया था। वह लोग भी उसकी शारिरिक अवस्था देखकर रुक गए थे। आठवाँ माह समाप्त होने वाला था और उसे कभी भी अस्पताल जाना पड़ सकता था। अब उसने अपने काम से छुट्टी ले ली थी। कामवाली बाई शकुंतला भी अपने काम में होशियार थी। उसके बनाए खाने में स्वाद था। उसका स्वभाव भी काफ़ी अच्छा और हँसमुख था। एक दिन दीपंकर ने उसे स्टोरी आईडिया सुनाया तो वह प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाई। वह एक गैंगरेप पीड़िता की कहानी थी, कैसे उस दुर्घटना का उसपर शारिरिक व मानसिक प्रभाव पड़ता है। फिर धीरे धीरे किस प्रकार वह उस ट्रॉमा से बाहर आती है और अपना बिखरा हुआ साहस संजो कर उठ खड़ी होती है और इस प्रकार की परिस्थितियों की शिकार अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरती है। पूरी कहानी नायिका के इर्द गिर्द ही घूमती है। इसमें उर्वशी को अपने अभिनय के विभिन्न आयाम दिखाने का अवसर भी मिलेगा। अब उसकी मार्केट वैल्यू देखते हुए उसे प्रस्तावित राशि से पाँच गुना मेहनताना मिलने वाला था। यह भी तय किया गया, कि फ़िल्म की शूटिंग उसकी डिलीवरी के कुछ समय बाद शुरू होगी।
कुल मिलाकर सब कुछ ठीक होता हुआ सा लग रहा था। माता पिता साथ थे ही , जल्दी ही उमंग भी अवकाश लेकर उसके पास आ गया। उसके आने से वह सभी बेहद खुश हुए, वह भी उसके घर और नए डेवलपमेंट के विषय में जानकर बहुत खुश हुआ। उसे इस बात की बहुत तसल्ली थी कि अन्ततः उसकी बहन सेटल हो रही है। उसे आये हुए दूसरा ही दिन था कि उर्वशी की तबियत काफ़ी खराब हो गई और वे सब उसे लेकर हॉस्पिटल भागे। दोपहर बाद उसने एक स्वस्थ, सुंदर पुत्र को जन्म दिया। उस सुंदर गुलगोथने ने सबका मन मोह लिया। प्रसन्नता के क्षण थे, इस समय उसे शिखर की बहुत याद आयी। अवसर मिलते ही उसने उन्हें इस खुशखबरी का मैसेज कर दिया। नर्सों व वार्डबॉय को खूब इनाम दिये गए। उसने जब अपने शिशु को देखा तो मन में ढेर सारा ममत्व उमड़ पड़ा। वह रुई के फाहे सा नरम, मुलायम, जीता जागता खिलौना इतना प्यारा था कि शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।

* * * * * * * * *

उधर कुछ लोगों ने जब माँ सा को पोता होने की बधाई दी, तो वह हैरान रह गईं। उस दिन के हर समाचारपत्र में यह सूचना प्रकाशित हुई थी, कि प्रसिद्ध अभिनेत्री उर्वशी के घर पुत्र जन्म से खुशी का माहौल। उन्होंने तुरंत शौर्य व शिखर को बुलाया। जब दोनों आ गए तो यह सूचना देते हुए उनसे प्रश्न किया किया कि क्या यह बात वह दोनों जानते थे ? जब शौर्य ने बताया कि वह जानता था तो वह बहुत नाराज़ हुईं। उन्हें उर्वशी, उसके परिवार व अपने बेटे, सभी पर बहुत क्रोध आया कि इतनी बड़ी बात किसी ने उन्हें बताने की जहमत नहीं उठाई। उन सबकी दृष्टि ने उनका कोई मूल्य नहीं है। शिखर इस विषय पर मौन रह गए। उन्होंने कुछ कहना उचित नहीं समझा। माँ सा, उर्वशी के घर फोन करके, उनसे शिकायत करना चाहती थीं, कि उन्हें यह महत्वपूर्ण सूचना क्यों नहीं दी गई।
” उनलोगो की इतनी मजाल, कि इतनी महत्वपूर्ण बात हमें बताने की ज़हमत नहीं उठाई । हम बच्चे की कस्टडी लेने के लिए कोर्ट जाएंगे। उर्वशी के पास कहाँ फ़ुर्सत होगी उसे पालने की। हर थोड़े दिन में तो उसके अफ़ेयर के चर्चे होते रहते हैं। बच्चे को वह क्या संस्कार देगी ? “

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment