सुदर्शन रत्नाकर का उपन्यास ‘ यादों के झरोखे’ भाग -12

12.

मैं हत्प्रभ खड़ी यह सब देख-सुन रही थी। मन में यही सोच रही थी कि अब क्या होगा। तभी अंकल डॉक्टर साहब को विदा करके लौट आए। मुझे असहाय देखकर वे सांत्वना देते हुए बोले- “बेटी, तुम चिंता मत करो, मैं हूँ न, सब देख लूँगा।” मुझे कुछ कहने का अवसर दिए बिना काम में जुट गए। खुद पानी में तौलिया भिगोकर मम्मी के माथे पर रखने लगे। दस मिनट के बाद ही कुछ इंजेक्शन के असर से और कुछ माथे पर पट्टियाँ रखे जाने से मम्मी का बुखार उतर गया और उन्होंने आँखें खोल लीं। नरेन अंकल को अपने पास यों देखकर वे घबरा गईं। मैंने कहा- “मम्मी, अंकल ही डॉक्टर को बुलाकर लाए थे। आप बेहोश हो गईं थीं न।”

मम्मी ने उठने का प्रयास किया, अंकल कहने लगे “आप लेटी रहिए, मैं अभी आता हूँ।” मेरी ओर देखकर बोले- “बेटा, इतना ख्याल रखना, मैं गया और आया।” अंकल तेज़ी से बाहर निकल गए।

थोड़ी ही देर में वे दूध और ब्रेड लेकर आ गए और मम्मी के मना करने पर भी उन्होंने दूध गरम करके दिया और ब्रेड भी। वे दवाएँ भी ले आए थे। दोपहर तक बुखार तो उतर गया था लेकिन कमज़ोरी के कारण वे टेस्ट कराने के लिए असमर्थ थीं। इसलिए अंकल घर पर एक सहायक को बुलाकर ले आए थे। मैंने अंकल को मम्मी से कहते सुना “आप बिलकुल चिंता न करें। थोड़ा इन्फेक्शन है। ये दवाएँ लेने से बुखार उतर जाएगा और इन्फेक्शन भी खत्म हो जाएगा। लेकिन आपको अपने प्रति इतनी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। कल आपकी बेटी का रोते-रोते बुरा हाल था। इसके पापा यहाँ नहीं हैं क्या?”
“नहीं, वे बाहर रहते हैं।”
“ओह, आई सी लेकिन आप बिलकुल चिन्ता मत कीजिए। मैं आपके पड़ोस में ही रहता हूँ। मैं देखता रहूँगा। बच्ची को परेशान मत होने दीजिए। आप बेफिक्र होकर आराम कीजिए।”

मम्मी के बिलकुल स्वस्थ होने तक अंकल रोज़ आते रहे। बस यहीं से शुरू होता है मेरे और मम्मी के जीवन का नया अध्याय।

अजनबी होते हुए भी नरेन अंकल अपनों की तरह घर आए थे और पूरे एक सप्ताह तक मम्मी की और मेरी देखभाल करते रहे थे। लेकिन कितनी विचित्र बात थी कि हममें से किसी ने भी एक-दूसरे का पूरा परिचय भी नहीं प्राप्त किया था।

अब मम्मी कुछ अच्छा अनुभव कर रही थीं। वह खाना बनाने के लिए रसोई में चली गईं। तभी नरेन अंकल ने प्रवेश किया। वे इतने दिन से कुछ-न-कुछ बनाकर लाते रहे थे। पता नहीं स्वयं बनाते थे या किसी से बनवाकर लाते थे। लेकिन इस ओर न मैंने ध्यान दिया था और न ही मम्मी ने यह जानने की कोशिश की। हम पूरे अधिकार से उनकी सेवाएँ ले रहे थे और वह भी एक-दूसरे को पूरी तरह जाने बिना। सोचती हूँ. आज के युग में भी ऐसे चरित्र मौजूद हैं तो विश्वास नहीं होता, लेकिन नरेन अंकल तो अविश्वसनीय नहीं हैं वे तो साक्षातु हमारे सामने हैं। अंकल ने मम्मी को रसोई में देखकर डाँटते हुए कहा- “आप अभी पूरी तरह ठीक भी नहीं हुई और रसोई में पहुँच गई। उन्होंने उनका हाथ पकड़कर किचिंन के बाहर करते हुए डिब्बा थमा दिया और कहने लगे-“मैं खाना ले आया हूँ न।” मम्मी उन्हें अपलक देखती रह गईं और उनकी आँखों में आँसू आ गए। शायद नरेन अंकल के इतने स्नेहिल अधिकार और आत्मीयता के कारण, जिससे वे सदैव वंचित रही थीं।

उन्हें रोता देखकर नरेन अंकल को अपनी कही हुई बात का अफसोस होने लगा और कहने लगे “मेरी इस अनाधिकार चेष्टा के लिए क्षमा करें। मेरा अभिप्राय आपका दिल दुखाने का बिल्कुल नहीं था। वास्तव में बीमारी के बाद आपको रसोई में काम करते देखकर मुझे थोड़ा दुख हुआ।

‘नहीं, ऐसी बात नहीं है। अब मैं ठीक हूँ। फिर, हमने आपको पहले ही कितना कष्ट दिया है। हम आपका यह उपकार भुला नहीं पाएँगे।”
मम्मी ने सहज भाव से कहा।

“कौन किस पर उपकार करता है, सबके अपने अपने स्वार्थ होते हैं। उस दिन जब मैंने मुक्ता को रोते देखा तो मन में कुछ चुभा, मैं सह नहीं पाया। फिर दुःख-सुख में पड़ोसी ही तो सबसे पहले एक-दूसरे के काम आते हैं।” अंकल ने कहा।

हमारा घर मोहल्ले के कोने में एक ओर को पड़ता है। दाएँ-बाएँ कोई विशेष मकान नहीं बने हुए हैं। जो मकान बने हुए हैं भी, वे दूर पड़ते हैं। हमारे घर में कमरे कम और खाली जगह अधिक है। कुछ तो मम्मी को घर के काम-काज से कहीं आने-जाने की फुरसत ही नहीं मिलती, दूसरे, आसपास कोई मकान न होने के कारण भी हम सबसे कटे हुए से रहते हैं। नरेन अंकल भी पहले हमें नहीं जानते थे। मैं तो कभी-कभी बच्चों के साथ खेलने के लिए उन दूर के मकानों में चली भी जाती थी, लेकिन हमने उन्हें पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने बाद में मम्मी को अपने बारे में बताया था।

WhatsApp Image 2026-07-20 at 09.57.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment