गुलमोहर के नीचे
भाग 8
नीलिमा ने हॉस्टल में कदम रखा तो सहेलियाँ भी उत्सुक हुईं।
“हम रविवार को कम-से-कम लोकल गार्जियन के घर जाने को छटपटा उठती हैं। यह घर से वापस आ गई।” “नीलिमा की बात नीलिमा ही जाने।”
“इसकी सौतेली माँ है। पूछती होगी तब ना।”
अटकलें जवाँ।
“अरी नटभुटकी! तुम्हारी तरह रोनेवाली हूँ क्या, जो माँ के अंक से अलग होते ही चालू। पढ़ने के लिए आ गई जल्दी। तुम्हारा क्या?”
सहज होने की भरपूर कोशिश में वह।
“पारुल नजर न आई, कहीं गई है?”
“शॉपिंग के लिए गई है, आती ही होगी।” उसकी रूममेंट ने बताया।
नीलिमा पारुल के कमरे में जा बैठी। अपने कमरे में तो विश्वास की याद आती है। दराज में फोटो जो पड़ा है उसका।
“अरे तू कब आई नीली?”
“जब तू नहीं आई थी।”
“दिवा ने क्यों बुलाया था? क्या हुआ?”
“जो नहीं होना चाहिए था।”
पारुल मुड़कर उसके सामने पैकेट्स हाथ में लिये-लिये बैठ गई।
“तूने अपने और विश्वास के बारे में दिवा को बता दिया न? अब तो…।”
“…चुप कर। ओह!”
“अरे, क्या हुआ है। इतना कम कब से बोलने लगी तू? पहले मैं पूछती थी खाना खाया? तो सारी हिस्ट्री-ज्योग्राफी बताने लगती थी। आज जवाब भी सही नहीं मिल रहा है।”
“चल पारुली, गुलमोहर के नीचे। वहाँ सुकून मिलता है।”
“क्यों?” एक अर्थपूर्ण मुस्कान कुंकुम की तरह पारुल के होठों पर बिखर गई।
गुलमोहर के नीचे बस विश्वास की बातें हुआ करती थीं। दोनों घंटों उसकी चर्चा में लीन रहती थीं। विश्वास. बस विश्वास।
“अभी जब पता चलेगा, यह कुंकुम सर्पदंश बन तुम्हारे होंठों को काला कर देगा पारुल।”
वह सन्नाटे से बाहर आने की कोशिश में।
“छोड़, यहीं बैठ।”
थोड़ी देर चुप्पी!
“गुलमोहर के नीचे फिर कभी।”
उसने सब बता दिया। पारुल पैकेट्स को हाथ में थामे बैठी थी, बैठी ही रह गई।
“पारुल! सब कुछ कितनी जल्दी, और कितनी आसानी से खत्म हो जाता है ना। चलो संतोष है, भ्रम की अवधि ज्यादा देर नहीं रही।”
पारुल उसके चेहरे की ओर नहीं देखना चाहती थी। देखा भी नहीं ।
अगर देखती, एक तटस्थता के सिवा कुछ नहीं मिलता। उसके अंदर अपनी माँ की दृढ़ता कूट-कूटकर भरी थी।
नीलिमा उठती हुई बोली,
“चल रे, एक अध्याय तो खत्म हुआ। उसके गम में सारी जिंदगी दांव पर नहीं लगाई जा सकती।”
पता नहीं, नीलिमा खुद को समझा रही थी, या दोस्त को।
“कल से नई शरारतों का नया सिलसिला शुरू करना है।”
नीलिमा को पारुल बस अपलक देखती जा रही थी।
परीक्षाएँ चल रही थीं। अब दोनों की शैतानियाँ कम थीं। सब पढ़ रही थीं। बस पढ़ रही थीं। एक-दो दिन का गैप मिलने पर पढ़ाई में ढील पड़ जाती। भावुक लड़कियाँ विदाई की कल्पना में डूब जातीं। चार सालों का साथ भूलना आसान न था।
अब सब बिछड़ जाएँगी। समय की आँधी उन्हें कहाँ ले उड़ेगी, किसी को नहीं पता। आँसू छलक जाते कई लड़कियों के। नीलिमा बस खंभे का सहारा लेकर उन्हें रोते देखती रहती। और समय होता, हो-हल्ला कर उन्हें रोने न देती।
उसे किसी का रोना अच्छा ही नहीं लगता था। लेकिन अंतिम बेला में, उनसे रुलाई का सुख छीनना नहीं चाहती थी।
परीक्षा खत्म होते ही एक दिन के लिए सब की सब रुक गईं।
“आज की रात जश्न की रात होगी। अपनी-अपनी कारस्तानियों से हॉस्टल के प्रांगण को गूंजा देना है।”
सबने प्लान कर लिया था।
मद्रासी वेश में शालिनी, पैंट-शर्ट में विदिशा, घुँघरू बाँधे निशा, सबकी बखिया उधेड़ती नीलिमा, अपने बंगाल के लोकगीत, रवीन्द्र संगीत गाती पारुल, बाउल की मधुर ध्वनि छेड़ती दिव्या…सारी-की-सारी भूल गईं, यह रात आखिरी रात है।
“यह रात फिर न आएगी।”
कहा निशा गोडबोले ने और महराष्ट्रीयन साड़ी में अपना रंग जमा दिया।
वार्डन से मिली छूट का पूरा फायदा उठाया उन सबने।
एक क्षण को भी रेकार्ड प्लेयर चुप न हुआ। और न ही विविध नृत्य, सवांग, चुटकुलों का, खान-पान का दौर खत्म हुआ। शाम को ही दरबान से तरह-तरह की खाने की चटपटी चीजें मँगाकर रख ली गई थीं।
सवेरे से ही सबका जाना शुरू हो गया। रोने का दौर चलता हर बार। उसी दिन सबने जाना, नीलिमा किस माटी की बनी है। न रोना उसकी जिद थी, आदत नहीं।
शाम तक हॉस्टल में वीरानी छा गई। नीलिमा पारुल को जिद कर रोक बैठी,
“बस, आज भर। कल चली जाना। चल, आज गुलमोहर के नीचे बैठें। उसके रंग में डूबे।”
शाम का धुँधलका लाल होने लगा था। न जाने किसकी आगवानी में। पारुल ने चौंककर सर उठाया। उसकी आँखों में स्पष्ट प्रश्न था,
“वहाँ अब क्यों नीलिमा?”
अनकहे ही वह प्रश्न नीलिमा के कानों में गूंज उठा।
पारुल ने सुना, नीलिमा कह रही थी,
“सारे रिश्ते सूख जाएँ, रंगहीन हो जाएँ लेकिन रंगीन गुलमोहर तो खिलता रहेगा। फिर उसकी मोहकता का आनंद क्यों न लिया जाए।”
वह शांत, पारुल भयभीत कि उसके दिमाग पर तो असर नहीं हो गया है।
“पारुली! आाज हम सिर्फ गुलमोहर की खातिर उसके नीचे बैठेंगे। चाहती हूँ, सारे फूल मुझ पर झरें।”
दोनों चुपचाप अँधेरा होने तक बैठी रही। गुलमोहर के लाल फूल जितने भी झरे, उसे संतुष्ट कर गए।
वह खोई थी। पारुल ने टोकना उचित नहीं समझा। फिर भी समझ गई, नीलिमा फूल की तरह झर गए संबंध पर नहीं सोच रही है। अन्यथा उसके मुख पर फूलों की लालिमा दृष्टिगोचर नहीं होती ।
“आगे क्या सोचा है नीली ?”
“प्यार तो नहीं ही ढूँढेगी तेरी फ्रेंड।”
“मेरा मतलब नौकरी से था।”
“नौकरी भी नहीं। मैं नहीं चाहती सिर्फ बोरियत मिटाने के लिए सर्विस करूँ और एक जरूरतमंद लड़के का हक मारूँ। तुम्हें… तुम्हें तो करना ही पड़ेगा पारुल! यू आर नीडी।”