53-
” शायद आपको पता हो, कि हमारी राजनीतिक पारी की शुरूआत हो रही है। ऐसे में हमपर कोई दाग लगना गवारा नहीं किया जाएगा। ऐसा करिये आप राणा पैलेस में वापसी का मन बना लीजिये. हम आपदोनों की शादी फिर से करवा देंगे, बस… फिर सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। “
वह मौन रहकर उनके चेहरे के भाव और दिल की गहराई में छुपी हकीकत पढ़ने का प्रयत्न कर रही थी.अब उसे शिखर की हर बात स्वार्थ से भरी लग रही थी. वह उनके आत्मकेंद्रित स्वभाव का परिचय पाकर हतप्रभ और आहत थी. उसने पानी पीने का इरादा त्याग दिया था. अब अचानक उसे शिखर की उपस्थिति अप्रिय लगने लगी थी.
” अब आप कुछ कहेंगी भी या नहीं ?’ अब वह खीझ गए थे.
” आप कब तक अपनी ख्वाहिशों की ताबीर के लिए मेरी बलि देते रहेंगे ?”
” इसमें बलि वाली क्या बात हो गई ? आप कब तक अकेली रहेंगी ? कभी न कभी तो साथी की ज़रूरत महसूस होगी ही। अब हम आपका उस तरह से साथ नहीं दे पाएंगे. इस एक कदम से हम सबकी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।”
” सब कह दिया आपने, या अभी कुछ बाकी है ? “
” हमने आपसे बहुत प्रेम किया है उर्वशी, क्या नहीं किया आपके लिए ? हमेशा आपको हर खुशी देने की कोशिश की। बदले में आपसे क्या मिला हमें ? सिर्फ़ ज़िल्लत “
वह सुनती रही, उसके चेहरे पर क्षोभ के भाव आ गए
” मुझे गलतफहमी हो गई थी, कि आप मुझसे प्रेम करते हैं। “
” डैम इट, आपकी इतनी परवाह करना, प्रेम नहीं तो क्या था ?” वह भड़क गए थे
” प्रेम आपके वश की बात नहीं। आप सफ़ल व्यवसायी हैं, जो अपना हर कदम नफ़ा नुकसान देखकर उठाता है। “
” ओके, यही सही, अब इतना तो कर सकती हैं न, कि इस बात का जिक्र आप आइंदा किसी से न करें। हमारा लोन चुकाने की भी ज़रूरत नहीं, किसी और चीज़ की ज़रूरत हो तो बताइए। हम वह भी पूरी करेंगे। ” अपनी बात समाप्त करके उन्होंने अपनी दृष्टि उसपर गड़ा दी। उर्वशी को महसूस हुआ मानो उन्होंने उसे कसकर तमाचा लगा दिया हो.
” हो गया ?” उसने स्वयं को संयत करते हुए प्रश्न किया।
” हाँ । “
” ओके, डोंट वरी। मेरी जुबान से यह बात कभी नहीं निकलेगी। गुडबाय। ” कहते हुए वह उठकर खड़ी हो गई।
” कुछ मंगवाएं आपके लिए ? “
” नो थैंक्स ” वह चल दी। दरवाजे के पास पहुंचकर उसने पलटकर देखा, कुछ पल उन्हें देखती रही
” आज पहली बार मुझे अपने प्रेम पर शर्मिंदगी हुई है। मेरा समय, समर्पण एवम भावनाएं…. सब जाया हो गईं। ” कहकर वह तेज कदमों से बाहर निकल गई। शिखर के चेहरे का रंग उड़ गया। तभी दरवाजा पुनः खुला, वह दोबारा नज़र आयी
” एक माह के भीतर, अगर मैंने आपका लोन न चुकाया, तो किसी को अपनी शक्ल नहीं दिखाऊँगी। ” कहकर उसने धाड़ से दरवाजा बंद किया और बाहर आकर अपनी गाड़ी में बैठ गई।
धौंकनी सी चलती अपनी साँसों पर काबू पाया, फ़िर पर्स में से मोबाइल निकालकर शिखर का नम्बर ब्लॉक कर दिया। उसके दिलोदिमाग में तूफ़ान आया हुआ था। उसे लगा जैसे उसके दिमाग की नसें फट जाएँगी। बेचैनी से वह पहलू बदलती रही, फिर अपने सेक्रेटरी अवनीश को फ़ोन लगाया
” जी मैम ” उधर से अलसाया सा स्वर गूँजा।
” अवनीश कल का शूट कैंसिल करिये। “
” लेकिन मैम … “
” जस्ट स्टॉप इट ” आवेश से उसकी आवाज़ ऊँची हो गई थी। ” जो कह रही हूँ उसे ध्यान से सुनिये। मैं वेनिस एक दिन बाद जाऊँगी। “
” ब्लैक और व्हाइट, दोनों मिलाकर मेरे पास कितना अमाउंट है ? कितने की ज्वेलरी है ? ” उधर से जो कहा गया, वह सुनकर आगे बोली ” ओके, सारा अमाउंट औऱ ज्वैलरी इकट्ठा करो। इसके अलावा मुझे दस दिन के भीतर दो करोड़ रुपये औऱ चाहिए। बैंक से लोन लो, ब्याज पर उठाओ, या कोई नया असाइनमेंट दिलवाओ। आइटम सॉन्ग…गेस्ट रोल…स्टेज शो…मैं कुछ भी करने को तैयार हूँ…बस किसी भी हालत में मुझे यह रकम चाहिए ” कहते हुए वह रुकी।
” हाँ आधे घण्टे के अंदर मुझे सिगरेट चाहिए, जावेद वाली… “उसने कुछ धीमे स्वर में कहा.
” क्या हुआ मैम ? अच्छा भला आपका करियर चल रहा है। इन चीजों से दूर रहिये। “
” इट्स नन ऑफ योर बिज़नेस, डू इट ” वह चीख पड़ी, उसके सर में दर्द की एक तीखी लहर सी उठती चली गई.
” मैं आपके मम्मी पापा को क्या जवाब दूँगा ? “
” जस्ट शटअप ” वह जोर से चीखी और मोबाइल नीचे पटक दिया। तनाव से उसके सिर में भयंकर दर्द होने लगा था। आवेश, क्षोभ व पीड़ा से वह अत्यंत व्याकुल थी। जी चाह रहा था कि दीवार से सर टकराकर अपनी जान दे दे. या दरिया में कूद जाए. नहीं तो किसी ऊँची बिल्डिंग के सबसे ऊपरी माले से छलांग लगा दे. उसकी पीड़ा बढ़ती जा रही थी.
‘ मुझे सारी दुनिया में एक यही व्यक्ति मिलना था प्रेम करने के लिए! जिसके लिए अपनी हर खुशी का त्याग किया, अपनी आकांक्षाओं का गला घोंटा, अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया, आज वह पूछ रहा है कि मैंने उसके लिए क्या किया ? मैंने आपके लिए अपना जीवन बर्बाद किया है राणा साहब, पर आप यह नहीं समझेंगे. क्योंकि आप मुँह में सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, दुनिया की हर चीज आपको हासिल है. आप मेरी मेहनत, मेरे समर्पण, मेरे स्वाभिमान का मोल नहीं समझेंगे. क्योंकि आपकी दृष्टि में मैं सिर्फ एक खूबसूरत देह हूँ.
* * * * * * *
आज उर्वशी के जीवन का बहुत बड़ा दिन था। उसे सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इंडस्ट्री में आने के दस वर्ष के भीतर वह अपने कदम मजबूती से जमा चुकी थी। उसकी गणना टॉप स्टार एवम भावप्रवण अभिनेत्री के रूप में होने लगी थी। एक के बाद एक कई सफ़ल फिल्में लाइन से देकर वह दर्शकों की चहेती नायिका के रूप में स्थापित हो चुकी थी, जो पूरी फिल्म का बोझ अकेले अपने कंधों पर कुशलता पूर्वक वहन कर सकती थी। खूब यश, धन व प्रसिद्धि उसका वरण कर चुके थे।
शिखर से अंतिम मुलाकात के दस दिन के भीतर अवनीश ने वांछित धन का इंतज़ाम कर दिया और उर्वशी ने अपनी सारी जमापूंजी, व लोन लेकर, शिखर के पास फ्लैट की पूरी धनराशि पहुँचवा दी थी। बाद में वह अवनीश की कृतज्ञ भी हुई थी कि उसने उस दिन उसे ड्रग्स नहीं उपलब्ध करवाया था। उसने अवनीश से अपने व्यवहार के लिए क्षमा भी माँगी। अब वह बेहद हल्का महसूस कर रही थी। अब उस फ़्लैट से भी उसका मन उखड़ गया था। वह शीघ्रातिशीघ्र वहाँ से कहीं और शिफ़्ट कर जाना चाहती थी। इसलिए वह अगले माह एक किराए के फ्लैट में शिफ्ट हो गई.
क्रमशः