वहां कौन है? (भाग 44 )
रैवेनोर के घर में रात का आगमन पृथ्वी की रात जैसा नहीं था।
वहाँ आकाश अचानक काला नहीं हुआ, न ही दिन के उजाले के बाद अंधकार ने पूरे संसार को अपने भीतर समेट लिया।बस वातावरण में धीरे-धीरे एक परिवर्तन उतरने लगा।
दूर कहीं से बहुत धीमी स्वर-लहरियाँ उठीं।पहले वे इतनी हल्की थीं कि किसी को लगा, शायद यह हवा की आवाज है। फिर वे थोड़ी स्पष्ट हुईं। कोई गीत नहीं था, कोई वाद्य भी पहचान में नहीं आ रहा था, फिर भी उन स्वरों में ऐसी कोमलता थी कि उन्हें सुनते ही शरीर अपने आप ढीला पड़ने लगा।
उदय ने अपने कंधे पीछे किए और महसूस किया कि दिन भर का तनाव जैसे कहीं उतर गया है।प्रभात ने एक गहरी साँस ली, “अजीब है… नींद आ रही है।”
“मुझे भी,” प्रभा ने कहा।
सुक्खी पहले ही अपने बिस्तर पर आधा लेट चुका था,“तो फिर इसमें अजीब क्या है? दिन भर दूसरी दुनिया घूमते रहो तो रात में नींद तो आएगी ही।”
मायरा मुस्कुरा दी लेकिन वह भी कुछ ही देर बाद महसूस करने लगी कि उसकी आँखों की थकान बढ़ती जा रही है।
उन स्वर-लहरियों में कोई सम्मोहन नहीं था। बल्कि ऐसा लगता था जैसे वे शरीर को यह याद दिला रही हों कि अब उसे विश्राम चाहिए।कमरे की पारदर्शी दीवारों में फैला प्रकाश भी धीरे-धीरे मंद पड़ने लगा।वह पूरी तरह बुझा नहीं।बस इतना रह गया कि कमरे की सीमाएँ दिखाई देती रहें।जैसे पृथ्वी पर रात के कमरे में कोई बहुत धीमी रोशनी छोड़ दी जाए।
स्वर अब और भी धीमे हो गए थे।वे हवा को चीरकर नहीं, बल्कि जैसे शरीर के चारों ओर से गुजरते हुए महसूस होते थे।किसी को लगा जैसे माथे पर ठंडी हथेली रखी हो।किसी को लगा जैसे लंबे समय से थके शरीर को कोई धीरे-धीरे सहला रहा हो।
कुछ ही देर में बातचीत रुक गई।एक-एक करके सभी अपने बिस्तरों पर लेट गए और फिर नींद ने उन्हें अपने आगोश में ले लिया लेकिन नींद में भी उनके मन पूरी तरह खाली नहीं हुए।
उदय ने देखा कि वह किसी बहुत विशाल स्थान पर अकेला खड़ा है।उसके सामने कोई व्यक्ति नहीं था।सिर्फ एक शांत उपस्थिति थी।उसे लगा जैसे उसे किसी से एक सवाल पूछना चाहिए।वह बोला, “क्या तुम सच में हमारी प्रतीक्षा कर रही थीं?”
कोई उत्तर नहीं मिला लेकिन उसके भीतर अचानक एक अजीब-सी शांति उतर आई।वह उसी शांति में सोता रहा।
प्रभात ने स्वयं को एक लंबे मार्ग पर चलते देखा।वह बार-बार पीछे मुड़कर देखता, लेकिन उसके पीछे कोई नहीं थाफिर किसी ने बहुत अपनत्व से उसका नाम पुकारा, “प्रभात…”
वह रुक गया, “कौन?”
दूर से उत्तर आया, “ वही जिससे मिलने के लिए तुम इतनी दूर आए हो।”
प्रभात ने आगे बढ़ना चाहा तभी उसकी आँख खुल गई। कुछ करवट बदल कर वह फिर से सो गया।
प्रभा ने देखा कि वह किसी बगीचे में बैठी है।उसके सामने एक स्त्री फूलों से कुछ बना रही है।प्रभा ने पूछा, “आप कौन हैं?”
स्त्री ने उसकी ओर देखा और मुस्कुरा दी, “ तुम बताओ ,कौन हूं मै? तुम्हें क्या लगता है?”
प्रभा कुछ बोल पाती, उससे पहले सपना टूट गया।
सुक्खी ने देखा कि वह किसी बहुत बड़े दरवाजे के सामने खड़ा है।दरवाजा खुला हुआ था।अंदर से किसी ने कहा,“आ जाओ।”
सुक्खी ने अंदर झाँका, “पहले ये बताओ, तुम ही एलवारा हो?”
अंदर से खिलखिलाकर हँसने की आवाज आई।सुक्खी भी हँसा और उसी हँसी के साथ उसकी नींद और गहरी हो गई।
और मायरा ने देखा कि वह एक विशाल, शांत स्थान में खड़ी है।उसके चारों ओर किसी अनदेखे फूल की सुगंध फैली हुई है।उसे लगा कोई उसके बहुत पास है।उसने पूछा, “क्या मैं तुम्हें पहले से जानती हूँ?”
उत्तर बहुत धीरे आया, “शायद तुम मुझे अभी नहीं पहचानती मगर पहचान जाओगी , सामने देखकर।”मायरा कुछ पूछती, उससे पहले दृश्य धुँधला हो गया।
सुबह उन्हें किसी पक्षी की चहचहाहट ने नहीं जगाया।एक नई ध्वनि कमरे में धीरे-धीरे फैलने लगी।रात की स्वर-लहरियों से बिल्कुल अलग।इसमें एक स्पष्ट लय थी।ऐसा लगता था जैसे कोई अदृश्य व्यवस्था पूरे घर को बता रही हो कि अब विश्राम समाप्त हो चुका है।
सबसे पहले मायरा की आँख खुली।कुछ क्षण तक वह छत देखती रही।फिर उसे याद आया—वह पृथ्वी पर नहीं थी।वह उठकर बैठी। सामने की पारदर्शी दीवारें फिर से प्रकाशित हो रही थीं।इस बार प्रकाश का रंग बदल रहा था।
हल्की सुनहरी किरणें दीवारों के भीतर से फैल रही थीं। उनमें कहीं गुलाबी आभा थी, कहीं सिंदूरी रंग की बहुत हल्की छटा।
ऐसा लगता था जैसे सुबह बाहर नहीं स्वयं घर के भीतर उतर रही हो।
एक-एक करके बाकी सभी भी जाग गए।“सब ठीक से सोए?” रैवेनोर की आवाज आई। वह कमरे के दरवाजे पर खड़ा था।
“हाँ,” प्रभात ने कहा।
“मैंने एक सपना देखा,” प्रभा बोली।
“मैंने भी,” उदय ने कहा।
सुक्खी ने तुरंत कहा,“मैंने भी।”
प्रभा मुस्कुराई , “तुमने क्या देखा?”
“बताऊँगा नहीं क्योंकि तुम लोग फिर हँसोगे।”
मायरा ने सबकी ओर देखा, “क्या तुम लोगों के सपने में भी…”एलवारा थी?”
सबने एक साथ बोला, ” हाँ”
रैवेनोर ने उन्हें ध्यान से देखा।“यह अच्छा है।”
“अच्छा?”, उदय ने चौंककर देखा।
“हाँ। इसका अर्थ है कि उसने तुम्हें उत्तर नहीं दिया। केवल तुम्हारे मन को तुम्हारे अपने प्रश्नों के सामने खड़ा किया। अब चलो कुछ खा लो।”
कुछ देर बाद भोजन परोसा गया।पृथ्वी के भोजन से बिल्कुल अलग होने के बावजूद अब उन्हें उसके स्वाद की आदत पड़ने लगी थी।भोजन समाप्त होते ही रैवेनोर ने कहा,“अब आपको एलवारा के पास चलना है। अनुमति आ गई है।”
रैवेनोर ने अपने वस्त्र के भीतर से एक छोटा-सा पारदर्शी पात्र निकाला। उसमें बहुत छोटे-छोटे तारकाकार चिह्न थे। वे इतने सूक्ष्म आकार में बने थे कि पहली नजर में किसी धातु के चमकीले कण जैसे लगते थे।
रैवेनोर ने पहला तारक उदय के कंधे पर लगाया।वह अपने आप स्थिर हो गया,फिर प्रभात…प्रभा..सुक्खी और अंत में मायरा।
हर तारक लगते ही उसमें क्षण भर के लिए एक महीन प्रकाश चमका और फिर वह शांत हो गया।
“ये क्या है?” सुक्खी ने अपने कंधे को देखते हुए पूछा।
“अनुमति…एलवारा के क्षेत्र में प्रवेश की।”
उदय ने गंभीर होकर पूछा,“क्या वहाँ हमें कोई रोक सकता है?बिना इस अनुमति के?”
“हाँ,यह सुरक्षा-चिह्न है।ताकि वहां रक्षक आपको अंडे जाने दें।” रेवनोर ने बोला।
“इतनी शक्तिशाली चेतना के।लिए भी रक्षक…उसे भी सुरक्षा की आवश्यकता है?”, उदय ने प्रश्न किया।
“शक्ति जितनी बड़ी होती है, उसकी रक्षा उतनी ही आवश्यक होती है।”
मायरा ने पूछा,“क्या कभी ऐसा हुआ है कि वह सुरक्षित नहीं रह पाई?”
रैवेनोर के चेहरे पर मुस्कान गायब हो गई “बहुत पहले…किसी ने एलवारा से उसका एक अंश माँगा था।”
“और उसने दे दिया?”
“हाँ।”
“क्यों?”
“क्योंकि एलवारा किसी की आवश्यकता पर आसानी से विश्वास कर लेती है।”
सुक्खी ने अविश्वास से कहा,“इतनी बड़ी शक्ति और इतनी भोली?”
“वह भोली नहीं है।”रैवेनोर ने उसकी ओर देखा, “वह करुणामयी है। अंतर समझो।”
सुक्खी चुप हो गया।
“जिसने उससे शक्ति माँगी थी,” रैवेनोर ने कहा, “उसने अपनी दुनिया के विनाश की कहानी सुनाई। उसने कहा कि केवल एलवारा का एक छोटा अंश उसके संसार को बचा सकता है औरएलवारा ने दे दिया।”
“फिर उसने क्या किया?”
“उस शक्ति को अपने गलत उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया।” रैवेनोर की आवाज धीमी हो गई।“इतिहास में उस घटना को हम ‘विभाजन-काल’ कहते हैं। एलवारा का जो अंश उससे लिया गया था, वह वापस तो आया… लेकिन उसे वापस लाने की कीमत बहुत बड़ी थी।”
मायरा ने धीरे से पूछा,“क्या एलवारा ने स्वयं उसे रोका?”
“उसका दूसरा स्वरूप तब सामने आया।”
“दूसरा स्वरूप?”
“जिस एलवारा को तुम आज देखोगे, वह उसकी करुणा है।”रैवेनोर ने कुछ क्षण बाद कहा,“लेकिन उसके भीतर एक ऐसा स्वरूप भी है जिसके सामने हमारे सबसे शक्तिशाली रक्षक भी सिर झुका देते हैं।”
“रौद्र?”
“हाँ।”
प्रभात ने कहा,“भोलेपन में वरदान देने वाली और जरूरत पड़ने पर महाकाल बनने वाली।”
रैवेनोर ने उसकी ओर देखा “तुमने तुलना पृथ्वी के अपने देवता से की है?”
“हाँ, शायद कुछ बातें संसार बदलने पर भी नहीं बदलतीं।”
उसने आगे चलने का संकेत किया। वे उस मार्ग पर पहुँचे जिसे उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था।आगे कोई भवन नहीं था।कोई सड़क नहीं केवल एक लंबा सुनहरा प्रकाश-पथ था जो जमीन से कुछ ऊँचाई पर तैरता हुआ दूर तक चला गया था।
रैवेनोर उस पर खड़ा हो गया।बाकी लोग उसके पीछे।जैसे ही वे आगे बढ़े, ऊपर से असंख्य छोटे-छोटे चमकीले कण गिरने लगे।
वे मोतियों जैसे दिखते थेलेकिन प्रत्येक मोती अलग रंग का था।किसी में हरे रंग की चमक थी, किसी में बैंगनी, किसी में सिंदूरी, किसी में सुनहरी।वे उनके कंधों, बालों और हथेलियों पर गिरते और स्पर्श होते ही हल्की चमक छोड़कर गायब हो जाते।
प्रभा ने हाथ आगे किया।एक रंगीन कण उसकी हथेली पर गिरा। वह मुस्कुरा दी।आगे तीन विचित्र आकृतियाँ दिखाई दीं।वे मनुष्यों जैसी नहीं थीं।उनके शरीर अत्यंत लंबे और पतले थे। उनका बाहरी आवरण किसी अजीब धातु जैसा लगता था जो उनके हर क्रिया कलाप के साथ आकार बदलता था।
चेहरे पर आँखें नहीं थीं।माथे के मध्य एक छोटा-सा चमकता चिह्न था जो कभी वृत्त बनता, कभी रेखा।
वे उनके पास आए, एक आकृति ने हाथ उठाया।उसके सामने हवा में महीन वृत्त बना।वृत्त से निकली तरंग सबसे पहले उदय के कंधे तक पहुँची।उसका तारक चमक उठा।
आकृति पीछे हट गई फिर उसने दूसरे सभी लोगों की ओर देखा।
हर व्यक्ति के कंधे पर लगा तारक एक-एक करके चमक उठा।
तीनों रक्षक एक साथ पीछे हट गए।उनके पीछे एक विशाल द्वार प्रकट हुआ।
द्वार दीवार में नहीं था, वह हवा में बना था।उसकी सीमा हर क्षण बदल रही थी।कभी वह पंखुड़ी जैसी लगती, कभी वृत्ताकार, कभी किसी अज्ञात ज्यामितीय आकृति जैसी।
रैवेनोर ने उसके सामने हाथ उठाया।द्वार खुल गया और उसी क्षण एक सुगंध उनके भीतर उतर गई।
वह कमल जैसी थी…लेकिन कमल नहीं।उसमें किसी अज्ञात पुष्प की भीनी मिठास थी, वर्षा के बाद की मिट्टी जैसी ताजगी थी और किसी ऐसी चीज की शांति थी जिसका नाम पृथ्वी की किसी भाषा में नहीं था।
मायरा ने अनायास आँखें बंद कर लीं।उसके भीतर एक गहरी शांति उतर आई।फिर एक स्वर सुनाई दिया…कोमल..
मधुर..और आश्चर्यजनक रूप से आत्मीय।
“आ जाइए।”
सभी की आँखें उस दिशा में उठ गईं।“मैं बहुत देर से आपकी प्रतीक्षा कर रही हूँ।”
वे धीरे-धीरे भीतर बढ़े और फिर…उनके सामने थी,” एलवारा” जिसकी कल्पना उदय ने किसी चेतना के रूप में की थी।जिसे प्रभात ने किसी अदृश्य शक्ति के रूप में सोचा था।
जिसे प्रभा ने फूलों से जुड़ी किसी सुंदर आकृति की तरह कल्पना की थी और जिसके बारे में सुक्खी ने मन ही मन जाने क्या-क्या सोच रखा था।
लेकिन सामने जो था…वह इनमें से कुछ भी नहीं था।वह किसी मनुष्य का शरीर नहीं था…न किसी पक्षी का…न कोई विशाल रत्न…न कोई असाधारण प्रकाश-पुंज।
वह एक अद्भुत, जीवित संरचना थी।
कई परतों में खुलते हुए पुष्प जैसी आकृति जिसके भीतर असंख्य महीन वक्र एक-दूसरे से जुड़े थे। प्रत्येक वक्र स्थिर भी था और गतिमान भी। ऐसा लगता था जैसे कोई फूल खिल भी रहा हो और साँस भी ले रहा हो।उसकी सतह पर रंग बदलते नहीं थे बल्कि रंग उसके भीतर जन्म लेते और फिर धीरे-धीरे विलीन हो जाते थे।
सुनहरा…सिंदूरी…मृदु हरा…बैंगनी…और फिर एक ऐसा रंग जिसे देखकर आँखें उसे पहचान तो रही थीं मगर उसका नाम नहीं बता पा रही थीं।
उसके आसपास कोई तेज चमक नहीं थी फिर भी उसके निकट खड़े होते ही शरीर में एक अद्भुत शीतलता उतर रही थी जैसे बहुत लंबे समय से तपते मन को अचानक किसी शांत जल के पास बैठने का अवसर मिल गया हो। यद्यपि उसकी आँखें नहीं दिख रही थी मगर दृष्टि का आभास हो रहा था कि वह कब कहां किसे देख रही है।
मायरा की आँखें न जाने क्यों नम हो गईं। प्रभात कुछ बोल नहीं पाया। उदय केवल देखता रह गया। प्रभा की साँस थम-सी गई और सुक्खी पहली बार बिल्कुल चुप था।
उन सभी ने किसी मंदिर के दृश्य की कल्पना की थी पर यह सब तो बिल्कुल अलग था…बहुत अलग।
तभी उस अद्भुत पुष्पाकार चेतना के भीतर से वही आत्मीय स्वर निकला, “आप लोग आ गए। स्वागत है। ”
उसके स्वर में ऐसी प्रसन्नता थी जैसे कोई बहुत अपना व्यक्ति वर्षों बाद घर लौटा हो, “मैं आपकी प्रतीक्षा कर रही थी।”
फिर उसकी दृष्टि विशेष रूप से प्रभात और सुक्खी की ओर ठहरी, “और तुम दोनों…”एक हल्की हँसी सुनाई दी, “तुम्हें देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा।”
सुक्खी ने धीरे से प्रभात की ओर देखा।प्रभात ने उसकी ओर।
दोनों की आँखों में एक ही प्रश्न था—एलवारा उन्हें विशेष रूप से क्यों पहचान रही थी?
एलवारा ने जैसे उनके मन का प्रश्न सुन लिया, “घबराइए मत।”
उसकी आवाज फिर वही शांत, स्नेहपूर्ण थी।“आपको यहाँ बुलाने का एक कारण है।”
प्रभात ने आखिर साहस करके पूछा,“कौन-सा कारण?”
एलवारा मुस्कुराई, “उसका उत्तर देने से पहले…”उसकी पुष्पाकार संरचना के भीतर रंगों की एक धीमी लहर उठी।“अगर तुम्हारे मन में कोई प्रश्न है, तो पूछ लो।”
सभी एक-दूसरे की ओर देखने लगे और उस क्षण उन्हें पहली बार लगा, शायद आज उन्हें केवल एलवारा से मिलने का अवसर नहीं मिला है…शायद आज…उनकी अब तक की पूरी यात्रा का सबसे बड़ा रहस्य खुलने वाला है।
कुछ क्षणों तक कोई कुछ नहीं बोला।सामने उपस्थित एलवारा के शांत स्वर ने जैसे उनके भीतर जमा सारे प्रश्नों को एक साथ जगा दिया था। इतने दिनों से वे जिस रहस्य का पीछा करते हुए जंगल, गुफा और उस विचित्र लोक तक पहुँचे थे, उसके केंद्र में अब वे खड़े थे।
और फिर भी उत्तर मिलने के बजाय उनके सामने एक और प्रश्न खड़ा था—कुमार।
मायरा ने सबसे पहले साहस किया “एलवारा… अगर आप सब जानती हैं तो शायद आप यह भी जानती होंगी कि कुमार के साथ क्या हुआ है?”
एलवारा की दृष्टि कुछ क्षणों के लिए मायरा पर ठहरी ,“हाँ।”
केवल एक शब्द मगर उस एक शब्द ने सबको और बेचैन कर दिया।
उदय आगे आया ,“हमें बताया गया कि कुमार एक ही समय में दो स्थानों पर अस्तित्व में रह सकता है। वह हमारे साथ पृथ्वी पर रहता है और इसी लोक में भी उसका एक अस्तित्व है। लेकिन यह बात हमारी समझ से बाहर है। कोई मनुष्य एक ही समय में दो जगह कैसे हो सकता है?”
एलवारा हल्के से मुस्कुराई,“तुम उसे दो स्थानों पर उपस्थित समझ रहे हो। जबकि वास्तविकता यह है कि कुमार दो स्थानों पर विभाजित नहीं है। उसका अस्तित्व दो अवस्थाओं में बँटा हुआ है।”
प्रभात ने तुरंत पूछा, “लेकिन कैसे ?”
एलवारा ने उसकी ओर देखा, “तुम्हारी पृथ्वी पर तुमने क्वांटम जगत के बारे में जितना जाना है, वह अभी बहुत थोड़ा है। तुमने देखा है कि सूक्ष्म कणों की स्थिति केवल एक निश्चित स्थान तक सीमित नहीं होती। किसी कण की संभावित अवस्थाएँ एक साथ मौजूद रह सकती हैं और निरीक्षण के बाद उनमें से एक अवस्था स्पष्ट दिखाई देती है।”
उदय ने धीरे से कहा, “सुपरपोजिशन…”
“हाँ,” एलवारा ने सिर हिलाया, “लेकिन कुमार का मामला उससे बिल्कुल वैसा नहीं है। केवल उसकी तुलना समझाने के लिए की जा सकती है।”
वह कुछ क्षण रुकी, “कुमार का शरीर पृथ्वी पर है। उसकी चेतना का एक भाग वहाँ के समय और परिस्थितियों से जुड़ा है। लेकिन उसके अस्तित्व का दूसरा आयाम इस लोक से जुड़ा हुआ है। दोनों के बीच कोई साधारण दूरी नहीं है जिसे तुम्हारा कोई वाहन पार कर सके।”
“तो फिर दोनों कुमार एक-दूसरे से जुड़े कैसे हैं?” मायरा ने पूछा।
“क्योंकि दोनों अलग कुमार नहीं हैं।”
कमरे में फिर सन्नाटा छा गया।
“एक ही चेतना की दो सक्रिय अवस्थाएँ हैं,” एलवारा ने कहा। “तुम्हारी भाषा में इसे समझाने का सबसे निकट उदाहरण यही होगा कि एक ही सूचना अलग-अलग माध्यमों में एक साथ सक्रिय हो सकती है। माध्यम अलग हैं, पर मूल सूचना एक ही है।”
सुक्खी ने माथा खुजाया, “मतलब… दो मोबाइल में एक ही अकाउंट खुला हो तो?”
प्रभात ने उसकी ओर देखा, “तू मोबाइल क्यों ले आया बीच में, इनको पता होगा क्या मोबाइल के बारे में?”
एलवारा की आँखों में पहली बार हल्की हँसी चमकी, “सुक्खी का उदाहरण पूरी तरह सही नहीं है… मगर समझने के लिए बुरा भी नहीं।”
सुक्खी ने गर्व से गर्दन सीधी कर ली, “देखा! मैं कहता था न कि मेरे दिमाग में भी विज्ञान है।”
प्रभा हँस पड़ी मगर मायरा अभी भी गंभीर थी, “लेकिन वह पृथ्वी पर हमारे साथ क्यों है? अगर उसका मूल संबंध इसी लोक से है तो उसे वहाँ भेजने की आवश्यकता क्या थी?”
इस बार एलवारा की मुस्कान थोड़ी गंभीर हो गई, “यही वह प्रश्न है जिसका उत्तर तुम्हें सबसे अधिक जानना चाहिए।”
वह धीरे-धीरे उनकी ओर देखती हुई बोली “कुमार को पृथ्वी पर छिपाने के लिए नहीं भेजा गया था। उसे वहाँ अनुभव करने के लिए भेजा गया था।”
“क्या?” प्रभात के मुँह से निकला।
“जिस संसार में तुम रहते हो, वहाँ समय केवल घटनाओं को आगे नहीं बढ़ाता। वह चेतना को बदलता भी है। पृथ्वी ने कुमार को वह सब दिया जो इस लोक में संभव नहीं था—संघर्ष, भय, प्रेम, विश्वासघात, मित्रता, जिज्ञासा, असफलता और निर्णय लेने की स्वतंत्रता।”
उदय ध्यान से सुन रहा था, “लेकिन वह तो एक खोजी है। उसे इन सबके लिए क्यों चुना गया?”
एलवारा ने उसकी ओर देखा, “क्योंकि खोजने वाला व्यक्ति केवल उत्तर नहीं ढूँढता। वह प्रश्नों को जीवित रखता है। उसके पास कुछ स्मृतियाँ थीं। कुछ संकेत और कुछ ऐसी संभावनाएँ जिन्हें उसकी चेतना स्वयं पहचानती थी।”
“और अब?” मायरा ने तुरंत पूछा।
एलवारा ने उसकी ओर देखा, “अब दोनों अवस्थाओं के बीच की दूरी कम हो चुकी है।”
मायरा का चेहरा बदल गया, “इसका मतलब?”
“इसका मतलब है कि कुमार अब केवल तुम्हारे साथ पृथ्वी पर रहने वाला खोजी नहीं रहा।”कुछ क्षण रुककर एलवारा ने कहा, “वह अपने दोनों अस्तित्वों को पहचानने की अवस्था में पहुँच चुका है।”
सभी एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे।
उदय ने पूछा, “और अगर वह दोनों को पहचान लेता है तो?”
एलवारा की आँखों में एक क्षण के लिए ऐसी गंभीरता आई कि वातावरण भी बदलता हुआ लगा, “क्योंकि कुछ उत्तर समय से पहले मिल जाएँ तो वे उत्तर नहीं रहते, बाधा बन जाते हैं।”
अब प्रभात ने पूछा, “और वह काम जिसके लिए आपने हमें बुलाया है?”
एलवारा कुछ क्षण मौन रही फिर उसकी दृष्टि सीधे प्रभात और सुक्खी पर जाकर ठहर गई।दोनों एक साथ असहज हो उठे।
“आप दोनों…” एलवारा ने कहा, “तुम्हें शायद अभी तक यह समझ नहीं आया कि तुम्हें यहाँ क्यों बुलाया गया है।”
प्रभात ने पूछा, “हम दोनों को?”
“केवल तुम दोनों को नहीं।”, उसने बाकी सबकी ओर देखा, “तुम सभी आवश्यक हो। लेकिन तुम्हारी भूमिकाएँ अलग-अलग हैं।”
मायरा ने आगे बढ़कर पूछा, “और हमें करना क्या है?”
एलवारा ने तुरंत उत्तर नहीं दिया।उसके आसपास की शांति जैसे और गहरी हो गई।, “तुम्हें एक ऐसी वस्तु खोजनी है जो इस लोक में थी… मगर इस समय इस लोक में दिखाई नहीं देती।”
उदय की भौंहें सिकुड़ गईं, “तो अब वह कहाँ है?”
एलवारा मुस्कुराई, “यही तो तुम्हें खोजनी है।”
एलवारा कुछ क्षण तक मौन रही। फिर उसने अपनी दृष्टि अपने सामने फैले उस शांत विस्तार पर टिकाई।
“तुम्हें एक ऐसी वस्तु खोज
एलवारा कुछ क्षण तक मौन रही। फिर उसने अपनी दृष्टि अपने सामने फैले उस शांत विस्तार पर टिकाई।
“तुम्हें एक ऐसी वस्तु खोजनी है जो इस लोक में है… मगर इस समय इस लोक में दिखाई नहीं देती।”
उदय की भौंहें सिकुड़ गईं, “वह कहाँ है?”
“यही तो तुम्हें खोजना है।”
“क्या वह किसी स्थान पर छिपी है?”
“नहीं।” एलवारा की आवाज़ और धीमी हो गई,“वह समय के भीतर छिपी है।”
प्रभात ने कुछ कहना चाहा, लेकिन तभी उनके चारों ओर का वातावरण धीरे-धीरे बदलने लगा।कोई तेज प्रकाश नहीं हुआ, न कोई चमत्कारिक ध्वनि।
बस ऐसा लगा जैसे उनके सामने का पारदर्शी विस्तार अचानक किसी गहरे जल की तरह स्थिर हो गया हो। उसके भीतर हल्की-हल्की तरंगें उठीं और फिर उन तरंगों के बीच एक दृश्य उभरने लगा।
सभी की आँखें उसी ओर टिक गईं।वह पृथ्वी थी…जंगल..
वही क्षेत्र जहाँ से वे कुछ समय पहले इस लोक में आए थे।
फिर दृश्य और स्पष्ट हुआ ,एक कमरे में कुमार बैठा था।उसके सामने कई उपकरण फैले हुए थे। कुछ नोट्स, कुछ अजीब रेखाचित्र और वे प्रतीक जिन्हें वे पिछले कई दिनों से गुफा और पट्टिका पर देख रहे थे।
मगर कुमार अकेला नहीं था।उसने कमरे के बीचोंबीच एक गोलाकार संरचना बनाई हुई थी। उसके चारों ओर छोटे-छोटे धातु के टुकड़े रखे थे, जिन पर वही दीप्ताक्षर जैसे चिह्न उकेरे हुए थे।
मायरा का चेहरा गंभीर हो गया ,“वह क्या कर रहा है?”
एलवारा ने उत्तर दिया,“जिस काम के लिए मैंने उसे संकेत भेजा था।”
उदय ने तुरंत उसकी ओर देखा, “आपने?”
“हाँ।”
वे फिर से उस दृश्य को देखने लगे। कुमार ने अपनी आँखें बंद कर लीं।उसके सामने रखा एक छोटा-सा उपकरण धीरे-धीरे सक्रिय हुआ। हवा में कोई आकृति नहीं बनी, मगर कमरे के भीतर मौजूद धूल के महीन कण एक निश्चित दिशा में घूमने लगे।
प्रभा ने आश्चर्य से कहा, “यह तो किसी प्रकार का क्षेत्र बना रहा है।”
“क्षेत्र से अधिक,” एलवारा बोली, “यह दिशा खोज रहा है।”
“किसकी?”
एलवारा ने कुछ क्षण बाद कहा, “उस शक्ति की, जिसकी उसे आवश्यकता होगी।”
मायरा ने बेचैनी से पूछा, “किस शक्ति की?”
एलवारा ने उसकी ओर देखा, “जिसके बिना अगला द्वार नहीं खुलेगा।”
दृश्य में कुमार ने अपनी हथेली उस वृत्त के मध्य रख दी।कुछ क्षण तक कुछ नहीं हुआ।फिर उसकी हथेली के नीचे रखे धातु के चिह्नों में बहुत हल्का कंपन होने लगा।
कुमार ने आँखें खोलीं।उसके सामने हवा में कोई दरवाजा नहीं खुला लेकिन उसके चेहरे पर अचानक ऐसा भाव आया जैसे उसने बहुत दूर से किसी चीज़ की उपस्थिति महसूस कर ली हो।
उसने धीरे से एक शब्द कहा।वह शब्द पृथ्वी की किसी भाषा का नहीं था।
सभी चुप हो गए।एलवारा ने उस दृश्य को ध्यान से देखा।
“उसे अभी वहाँ जाना नहीं है,” उसने कहा।
उदय ने तुरंत पूछा, “तो फिर वह क्या कर रहा है?”
“अपने और उस शक्ति के बीच संपर्क स्थापित कर रहा है।”
प्रभात ने कहा, “और अगर वह सफल हो गया?”
एलवारा ने शांति से कहा, “तो तुम्हारी खोज का अगला चरण आरम्भ हो जाएगा।”
उधर कुमार ने फिर अपनी हथेली उस वृत्त पर रखी।इस बार उसके आसपास के उपकरणों में हल्की कंपन उठी और अचानक पूरा दृश्य धुंधला हो कर पूरी तरह विलीन हो गया।
“लेकिन,” एलवारा ने आगे कहा, “अब तुम्हें यह समझना होगा कि तुम्हारी खोज और कुमार की खोज अलग-अलग नहीं हैं।”
सभी सोच में डूब गए। उन्हें समझ आ गया था कि उनके सामने मौजूद रहस्य एक ही रास्ते का नहीं, दो समानांतर रास्तों का है—एक पृथ्वी पर चल रहा है और दूसरा इस लोक मेंऔर दोनों रास्ते धीरे-धीरे एक ही बिंदु की ओर बढ़ रहे थे।
Megha
( सच बताना आप लोगों ने कैसी कल्पना की थी एलवारा की?..अब कुमार की याददाश्त वापस कैसे आएगी भई, हमको तो समझ ही न आ रहा कुछ, आप लोग बता दो न)