मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -45

वहाँ कौन है? ( भाग 45)

उधर , कुमार जो कि अब वहां वेल्कार था, ने अपनी हथेली उस धातु के वृत्त के बीचोंबीच रखी और आँखें बंद कर लीं।

कमरे में सब कुछ शांत था लेकिन उस शांति के भीतर एक ऐसी सूक्ष्म कंपन थी जिसे केवल वही अनुभव कर पा रहा था। कभी लगता जैसे कोई बहुत दूर से उसे पुकार रहा है और अगले ही क्षण वह अनुभूति इतनी मंद हो जाती कि उसे लगता, शायद वह उसका भ्रम था।

“मैं यहाँ हूँ।”,उसने अपनी भाषा में कहा मगर कुछ नहीं हुआ।
वेल्कार ने आँखें खोल दीं।

“तुमने ही मुझसे संपर्क किया था। अब उत्तर क्यों नहीं दे रही?”

इस बार उसके सामने रखे तीन छोटे धातु-पट्ट अचानक बहुत हल्के से काँपे।वेल्कार का ध्यान उनकी ओर गया फिर उसके भीतर एक आवाज सुनाई दी, “मैं तुम्हारे सामने नहीं हूँ फिर भी तुम मुझे सुन पा रहे हो।”

वेल्कार ने चारों ओर देखा, “तुम कौन हो?”

कुछ क्षण मौन रहा, “मुझे सेराथ कहो।”

“सेराथ…”, नाम उसके होंठों से निकलते ही वृत्त के भीतर एक महीन प्रकाश-रेखा उभरी। वह किसी आकृति का निर्माण नहीं कर रही थी बल्कि जैसे किसी अदृश्य संरचना की सीमा निर्धारित कर रही हो।

फिर आवाज आई,“अब बताओ वेल्कार… तुम केवल हमारे संकेत को समझना चाहते हो या उसके अर्थ तक जाना चाहते हो।”

कुमार यानि वेल्कार कुछ क्षण चुप रहा। वह उस बात का अर्थ समझने का प्रयास कर रहा था। वह सामान्य बात तो नहीं हो सकती थी , तो क्या यह कोई पहेली थी …जिसका अर्थ उसे सुलझाना था! ‘ अर्थ, हाँ यही तो महत्वपूर्ण है!’ यह सोचते ही वेल्कार ने दृढ़ स्वर में कहा, “मुझे अर्थ चाहिए।”

उसके ऐसा बोलते ही अचानक उसके चारों ओर रखे उपकरणों की सूक्ष्म स्क्रीनें एक साथ सक्रिय हो गईं। उनके भीतर बने आँकड़े तेजी से बदलने लगे।

वेल्कार ने घबराकर उन्हें देखा, “यह क्या हो रहा है?”

“तुम्हारा मस्तिष्क उस क्षेत्र के साथ सामंजस्य स्थापित कर रहा है।”, आवाज पुनः आई।

“किस क्षेत्र के साथ ?”

“उस क्षेत्र के जिसे तुम्हारी भाषा में अभी कोई नाम नहीं मिला।”

वेल्कार की आँखों में चमक आ गई, “क्या इस संपर्क के बाद ,तुम मुझे कोई शक्ति देने वाली हो?”

“शक्ति दी नहीं जाती। उसे ग्रहण करने की क्षमता अर्जित करनी पड़ती है।”

उसके सामने अचानक असंख्य छोटे-छोटे प्रकाश-बिंदु उभर आए।वे स्थिर नहीं थे। वे लगातार अपनी दिशा बदल रहे थे फिर कुछ क्षणों के लिए एक विशेष आकृति बनाते और अगले ही पल बिखर जाते।

“मुझे इनमें से क्या करना है?”, वेल्कार कुछ समझ नहीं पा रहा था।

“कुछ नहीं।”

“कुछ नहीं?”

“हाँ, पहली परीक्षा यही है कि तुम बिना छुए किसी ऐसी चीज को अपने भीतर स्वीकार कर सको जिसे तुम्हारी बुद्धि अभी समझती नहीं।”

वेल्कार ने गहरी साँस ली। उसकी समझ में कुछ नहीं आ रहा था इसलिए उसने अब स्वयं को उस आवाज के निर्देशानुसार कार्य करने के लिए तैयार कर लिया और शांत हो कर देखने लगा।एक प्रकाश-बिंदु धीरे-धीरे उसकी ओर आने लगा।वह उसके हाथ के बिल्कुल सामने आकर ठहर गया।

वेल्कार का हाथ अनायास आगे बढ़ा।

“अभी कहा था न कि छूना नहीं है…उसे पकड़ो मत।”

उसने बात मानकर हाथ रोक लिया।प्रकाश-बिंदु कुछ क्षण वहीं रहा और फिर स्वयं उसकी हथेली की ओर बढ़ा।जैसे ही वह उसकी त्वचा को छूकर भीतर समाया, वेल्कार का पूरा शरीर एक क्षण के लिए तन गया।

उसकी साँस रुक-सी गई।उसे लगा जैसे उसके शरीर के भीतर से कोई तेज तरंग गुजर गई हो। उसके आसपास रखे उपकरणों की स्क्रीनें एक साथ चमक उठीं।

वेल्कार ने आँखें बंद कर लीं और उसका शरीर स्वाभाविक प्रतिक्रिया करते हुए कसमसाने लगा , “मैं..मै इसे महसूस कर सकता हूँ…”

“प्रतिरोध मत करो।”

यह सुनते ही उसने धीरे-धीरे शरीर को ढीला छोड़ दिया।कंपन कम होने लगी फिर अचानक एक विचित्र शांति उतर आई।कुमार ने अपनी हथेली देखी।वहाँ कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।

लेकिन अब उसे आसपास के उपकरणों को छुए बिना ही उनकी ऊर्जा में होने वाले छोटे-छोटे परिवर्तन महसूस हो रहे थे।एक उपकरण में हल्की अस्थिरता थी, दूसरे में नियमित कंपन और तीसरे से निकलती तरंग एक निश्चित दिशा की ओर जा रही थी।

वेल्कार ने आश्चर्य से कहा, “मैं इन्हें देख नहीं रहा… फिर भी महसूस कर पा रहा हूँ।”

“यही तुम्हारी आवश्यकता थी।”

“लेकिन मुझे यह शक्ति क्यों चाहिए?क्या करूंगा मै इसका”

उत्तर कुछ देर बाद आया, “क्योंकि आगे एक ऐसा मार्ग आएगा जिसे आँखें नहीं देख पाएँगी। वहाँ केवल वही पहुँच सकेगा जो उसके अस्तित्व को महसूस कर सके।”

वेल्कार ने पूछा, “ और क्या तुम बता सकती हो वह मार्ग कहाँ है?”

“नहीं, उसे तुम्हें स्वयं पहचानना होगा।”

उसके सामने फिर वही प्रकाश-बिंदु उभरा।इस बार वह एक छोटे-से चिन्ह में बदल गया।कुमार उसे देखते ही ठिठक गया।

“यह चिन्ह… मैंने इसे पहले भी कहीं देखा है।”

“देखा है तुमने और आगे भी देखोगे।”

चिन्ह में एक बहुत सूक्ष्म परिवर्तन हुआ। उसकी एक रेखा पहले से अलग जुड़ गई।

कुमार ने उसे ध्यान से देखा, “ अब इसका क्या अर्थ है ?”

“जब यह पूर्ण रूप में दिखाई दे, उसका अनुसरण करना।”

“और वह मुझे कहाँ ले जाएगा?”

मगर वेल्कार की बात का कोई उत्तर नहीं आया। कुछ क्षण की प्रतीक्षा के बाद उसने पुकारा,“सेराथ?”

अब भी कोई उत्तर नहीं आया। प्रकाश धीरे-धीरे विलीन हो गया।
कमरे में फिर वही शांति लौट आई।कुमार कुछ देर तक स्थिर बैठा रहा।

उसने हथेली बंद की।उसे कोई वस्तु नहीं मिली थी लेकिन उसके भीतर एक नई संवेदना जन्म ले चुकी थी।अब वह उन सूक्ष्म ऊर्जा-परिवर्तनों को महसूस कर सकता था जिन्हें सामान्य इंद्रियाँ पहचान नहीं सकती थीं।

उसने आँखें बंद कीं।दूर कहीं से एक हल्की तरंग उसकी चेतना तक पहुँची।एक दिशा…एक निश्चित दिशा।

वेल्कार ने आँखें खोलीं और मुस्कुराया, “मुझे रास्ता मिल गया।”

वहां एलवारा के सामने खड़े मायरा, उदय, प्रभा, प्रभात और सुक्खी अब भी कुमार को लेकर चिंतित थे।

मायरा ने पूछा,“क्या वह ठीक है?”

एलवारा ने शांत स्वर में कहा, “अभी तक।”

“अभी तक?” उदय ने तुरंत पूछा।

“जिस मार्ग पर वह है, वहाँ उसे स्वयं निर्णय लेने होंगे।”

प्रभात ने पूछा, “और हमें क्या करना है? यह भी बता दीजिए।”

एलवारा ने अपनी हथेली आगे की।हवा में एक सूक्ष्म आकृति बनी और धीरे-धीरे पाँच छोटे पारदर्शी टुकड़ों में विभाजित हो गई।एक-एक करके वे उनके सभी के सामने आकर ठहर गए।

“इन्हें अपने पास रखो।”

सुक्खी ने अपना टुकड़ा उठाकर देखा,“ये है क्या?”

“अन्वेष-चिह्न।”

“नाम तो बड़ा वैज्ञानिक है। काम क्या करता है?”, सुक्खी उसे उलट पुलट कर देख रहा था

एलवारा मुस्कुराई, “जो आँखें नहीं देख सकतीं, उसका संकेत देता है।”

उदय ने तुरंत पूछा, “किस तरह का संकेत?”

“छिपी संरचनाएँ, दबे हुए ऊर्जा-पथ, पुराने मार्ग… और कभी-कभी ऐसी वस्तुएँ जिन्हें देखकर भी तुम पहचान नहीं पाओगे कि उनका महत्व क्या है।”

प्रभा ने अपने चिह्न को ध्यान से देखा,“हमें किस चीज की तलाश करनी है?”

एलवारा ने कुछ क्षण उसे देखा,“एक पुराने संकेत के स्रोत की।जब तुम उसे देखोगे, तब पहचान जाओगे।”

सुक्खी ने प्रभात की ओर देखा,“यानी फिर वही पहेली!”
प्रभात हँस पड़ा।

एलवारा शायद उसकी बात पूरी तरह न समझ सकी लेकिन उसके चेहरे की मुस्कान देखकर वह भी मुस्कुरा दी।

फिर उसने गंभीर होकर कहा, “याद रखना, तुम जिस वस्तु को खोजोगे, उसका महत्व तुम्हें तुरंत समझ नहीं आएगा। उस वस्तु की पहले जाँच करना। तुम्हें जो दिखाई देगा, उसे उसी रूप में सत्य मत मान लेना। द्युतिलोक की बहुत-सी चीजें अपनी वास्तविक प्रकृति छिपाकर रहती हैं।”

इसके बाद एलवारा ने हाथ उठाया,“अब जाओ।”

वे सभी उसे प्रणाम करके मुड़ गए।कुछ कदम आगे बढ़कर प्रभा ने पीछे देखा।

एलवारा वहीं थी..शांत…अचल लेकिन उसकी आँखों में,या शायद उसकी आँखों के स्थान पर फैले उस शांत प्रकाश में…एक चिंता भी थी ।

एलवारा के स्थान से बाहर आते ही रैवनोर ने उन सभी को रोका, ” आप लोगों को एलवारा ने कार्य सौंप दिया है। मेरा काम आप लोगों को यहां तक लाना था। अब आप लोग अपने अभियान के लिए आगे बढ़ें। मेरी आवश्यकता हो तो बस मुझे याद कर लेना।”

इतना कहकर रेवनोर दूसरी प्रकाश पट्टिका पर खड़ा होकर तेजी से मुड़ गया।

” अरे …मगर, मगर हम कहां से शुरुआत करें। इस जगह के बारे में कुछ भी तो नहीं पता हमें।”, मायरा ने उसे आवाज देते हुए रोकने की कोशिश की मगर तब तक वह जा चुका था।

उन सभी ने हताशा से एक दूसरे को देखा। “अब हम क्या करें?”, प्रभा ने कहा पर किसी के पास इसका उत्तर नहीं था।

तभी सुक्खी ने अपने अन्वेष-चिह्न को हथेली पर घुमाया, “मुझे तो अभी भी समझ नहीं आया कि यह करेगा क्या।”

प्रभा ने कहा,”चलो इस्तेमाल करके देखते हैं।”

“पर करना कैसे है ?”

“यही तो पता लगाना है।”, उदय ने बोला।

सुक्खी ने मुँह बनाया, “अच्छा, हवा में तीर मारने हैं बस। उछाल दूं क्या इसे हवा में?”

प्रभात हँस पड़ा।उदय ने सबको चुप कराते हुए कहा, “हमें अब अपने आसपास की हर जगह और वस्तु को जांचते हुए चलना चाहिए ”

वे आगे बढ़े।कुछ दूर जाने पर उदय के हाथ में रखा अन्वेष-चिह्न हल्का काँपा।वह रुक गया, “रुको।”

सब उसके पास आ गए,“इसने प्रतिक्रिया दी है।”

प्रभात ने अपना चिह्न उसके पास लाया।उसमें भी हल्का कंपन शुरू हो गया। प्रभा ने तीसरा चिह्न रखा।उसमें कंपन कुछ अधिक था।

सुक्खी ने अपना चिह्न जेब से निकाला, “मेरा भी!”

“मगर इसके काँपने का अर्थ क्या है?”, प्रभात ने माथे पर बल डाले।

तभी उनके ऊपर से गुलाबी चिड़िया तेजी से उड़ती हुई आई।वह कुछ चक्कर काटकर सीधे आगे चली गई फिर अचानक वापस मुड़ी।वह उनके सामने हवा में स्थिर हुई और एक तीखी लेकिन मधुर आवाज निकाली।

सुक्खी ने उसकी ओर उंगली उठाई, “ये कह रही है—इधर आओ।”

प्रभात ने कहा, “तुम्हें उसकी भाषा कब से समझ आने लगी?”

“जब से मुझे पता चला है कि इसका नाम लैविरा है।”

सभी हँस पड़े।चिड़िया आगे उड़ गई। वे उसके पीछे चल पड़े।
वह उन्हें एक विचित्र संरचना के पास ले गई। दूर से वह किसी सजावटी स्तंभ जैसी लग रही थी लेकिन पास जाकर उसके चारों ओर अन्वेष-चिह्न फिर से काँपने लगे।

उदय ने उपकरण निकाला।स्क्रीन पर संरचना की सतह के पीछे कई परतें दिखाई दीं।“यहाँ कुछ है।”

प्रभात ने स्क्रीन देखी।“खाली स्थान?”

प्रभा ने पूछा, “अंदर जाने का रास्ता?”

“अभी नहीं दिख रहा।”

सुक्खी नीचे बैठ गया।उसने जमीन पर हाथ रखा, “रुको।”

सबने उसकी ओर देखा।“यहाँ नीचे की ओर कंपन आ रहा है।”

उदय ने तुरंत उपकरण जमीन के पास किया।कुछ सेकंड बाद स्क्रीन पर एक पतली रेखा उभरी।उसी समय गुलाबी चिड़िया नीचे उतरकर जमीन पर बैठ गई। उसने अपनी चोंच से मिट्टी जैसी दिखाई देने वाली सतह के प्रकाश को दो बार छुआ।

टक। टक। …फिर वह पीछे हट गई।प्रभा ने टॉर्च की रोशनी उस जगह पर डाली।वहाँ एक बहुत महीन रेखा थी।

“यह प्राकृतिक दरार नहीं है।”,प्रभात घुटनों के बल बैठ गया।
उसने अपनी उँगली उस रेखा के ऊपर घुमाई।“यह किसी ढक्कन जैसी संरचना है।”

तभी चिड़िया ने अपने पंख फैलाए और उसी दरार के ऊपर से उड़ गई।उसके पंखों से निकली हल्की चमक जमीन पर बने उस सूक्ष्म चिह्न पर पड़ी।अन्वेष-चिह्न एक साथ चमक उठे।इस बार उनमें से किसी दिशा का संकेत नहीं निकला बल्कि जमीन के नीचे छिपी संरचना का पूरा आकार कुछ क्षण के लिए उनके उपकरणों पर उभर आया।

प्रभात की साँस थम गई,“यह कोई कमरा नहीं है।”

उदय ने स्क्रीन की ओर झुककर देखा,“तो?”

“यह… किसी तरह का मार्ग है।”, प्रभात ने सभी को देखा,” और मुझे लगता है कि अब हमें इस मार्ग का द्वार खोलकर यहीं से आगे बढ़ना है।”

तभी चिड़िया सुक्खी के कंधे पर बैठ गई और उसने उसकी गर्दन के पास अपनी चोंच से हल्की-सी टक की।

सुक्खी उछल पड़ा, “ओए! धीरे! बात करने का मतलब काटना नहीं होता।लैविरा तू हम जैसी बन जा अगर तुझे मुझसे बात करनी है तो!”

सबकी हँसी गूँज उठी।

लेकिन उसी क्षण, बहुत दूर, द्युतिलोक के दूसरे छोर पर वेल्कार ने अचानक आँखें खोल दीं।उसकी हथेली में वही सूक्ष्म गर्माहट फिर लौट आई थी।इस बार उसके सामने कोई प्रकाश-बिंदु नहीं था केवल एक दिशा का अनुभव था।

उसे लगा जैसे किसी अदृश्य धागे ने उसके भीतर से निकलकर किसी बहुत दूर स्थित वस्तु से स्वयं को जोड़ लिया हो।

सेराथ की आवाज उसके भीतर आई, “तुम्हारी शक्ति ने पहला संकेत पहचान लिया है।”

वेल्कार ने पूछा, “और अब?”

“अब तुम उसे खोजोगे और क्या!”

वेल्कार हल्का-सा मुस्कुराया, “तुम हमेशा इतनी पहेलियों में क्यों बोलती हो?कभी साफ– साफ बता भी दिया करो कुछ”

कुछ क्षण बाद उत्तर आया,“क्योंकि कुछ उत्तर जान लेने से पहले समझने पड़ते हैं।”

वेल्कार ने सामने देखा और मुस्कुरा दिया। उसकी आँखों में अब उलझन कम और दृढ़ता अधिक थी।वह उस दिशा में चल पड़ा जहाँ उसे वह अदृश्य संकेत महसूस हो रहा था।

उधर दूसरी ओर, उदय की टीम उस छिपे हुए मार्ग के सामने खड़ी थी।उनके हाथों में एलवारा के अन्वेष-चिह्न थे।सुक्खी के कंधे पर गुलाबी चिड़िया बैठी थी और जमीन के नीचे—कुछ ऐसा था जिसकी खोज के लिए शायद वे स्वयं यहाँ नहीं आए थे।

उन्हें यहाँ भेजा गया था लेकिन क्यों? इसका उत्तर अभी द्युतिलोक ने अपने भीतर छिपा रखा था।
Megha

( कुछ तो कहो, कुछ भी तो कहो क्योंकि मुझे नहीं पता कि यह आपको कैसा लग रहा है? बोर तो नहीं हो रहे न?)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment