लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -6

दर्द न जाने कोई भाग -6
गणेश उत्सव शुरू हो चुका था। गाँव में सजावट हो चुकी थी। लाउडस्पीकर पर कभी गणेश आरती, कभी भजन, कभी लोक गीत, कभी फिल्मी गानों की तर्ज पर भजन, कभी शाम को होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी, कभी खाने-पीने वालों का प्रचार, कभी किसी डांस कम्पनी, नाटक कम्पनी का प्रचार तो कभी गुम हुए बच्चे की जानकारी रह-रहकर ऐसी आवाज़ें आने लगी थीं। देबू ने डांस की खूब तैयारी कर ली थी। दो दिन बाद स्कूल के बच्चों वाले कार्यक्रम में उसका भी डांस था। इस बार उसने सबसे अलग डांस तैयार किया था। ‘चांदनी’ फिल्म के एक गाने ‘मैं ससुराल नहीं जाऊँगी, डोली रख दो कहारों…’ पर वह डांस करने वाला था। उस गाने को पूरी तरह से नाटक की तरह प्रस्तुत करना था। दो लोग कहारों की एक्टिंग करने वाले थे। एक डोली भी मँगवाई गयी थी। देबू को फिल्म में दिखाई गयी श्रीदेवी की तरह सजना था। उसकी ड्रेस की पूरी व्यवस्था रश्मि दीदी ने की थी। देबू बहुत खुश था। उसे पहली बार सार्वजनिक रूप से इतने सारे लोगों के बीच अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिल रहा था। यह सोच कर ही उसका अंग-अंग पुलकित होने लगताथा।  सारे शरीर में कंपन होने लगता और पैर खुद-ब-खुद थिरकने लगते थे। ऐसे में उसे इस बात की चिन्ता नहीं होती थी कि उसका भाई उसे पीटेगा, न इस बात को सोचता था कि लोग उसे ‘छक्का’ या ‘हिजड़ा’ पुकारेंगे, उसे तो बस ताबड़तोड़ डांस करने की धुन सवार थी। उससे भी अधिक उसे इस बात की खुशी थी कि वह अपनी मनपसंद वेशभूषा में खुद को सजा-सँवरा देखेगा। ऐसी ड्रेस में उसे खुद पर ही प्यार आता था।
रंग-बिरंगी रोशनी और शोर-शराबे के बीच डांस के लिए देबू का नाम पुकारा गया। इतने बड़े स्टेज पर पर्दे तो थे नहीं इसलिए स्टेज पर सीधे पहुँचना था। नाम पुकारते ही गाना बजा और देबू ने नाचना शुरू कर दिया। जितना जोश स्कूल के फंक्शन में था उससे कहीं ज्यादा जोश, अभ्यास और फुर्ती के साथ देबू की कमर, बाहें, कदम और कूल्हे मटक रहे थे। भीड़ तालियाँ बजा रही थी। लोगों मुँह से निकले ‘वाह-वाह, बहुत खूब’ जैसे शब्द शोर में मिलकर उसी में विलीन रहे थे।दूध में पानी मिलाने पर वह दूध का ही रंग ले लेता है वैसे ही ये प्रशंसात्मक शब्द शोर का रूप लग रहे थे। फिर भी स्टेज के आगे उछलते लोगों को देखकर देबू को एहसास हो गया था कि उसका डांस सब लोग पसन्द कर रहे हैं। लोगों के उछलने, तालियाँ व सीटियाँ बजाने और नोट उछालने से देबू का उत्साह बढ़ गया था। ऐसा लग रहा था कि उसे किसी का भी डर नहीं था। उसके फुर्तीले और आकर्षक डांस को देखकर ऐसा लगता था कि वह आज अपने डांस से दुनिया हिला देना चाहता था। देबू इस बात से पूरी तरह अनजान था कि नारी परिधान उसके तन पर पड़ते ही उसके भीतर अँगड़ाई लेती बालिका एकाएक सक्रिय हो गयी थी और वह अपनी सुधबुध खो बैठा था।
डांस खत्म हुआ और लोगों की सीटियाँ, तालियाँ और शोरगुल के साथ देबू स्टेज से उतर आया। स्टेज से उतरते ही उसके स्कूल की साथी लड़कियों और रश्मि दीदी ने उसे अपनी बाहों में भर लिया। देबू भी बहुत खुश था। स्टेज से उतरने के बाद जब वह अपनी सहेलियों के साथ बैठा था उसने देखा कि थोड़ी दूर बैठा एक लड़का लगातार उसे देख रहा था। देबू ने उस ओर से अपनी दृष्टि हटा ली लेकिन जब जब उसकी नज़र उस ओर उठती तो वह लड़का मुस्कुरा देता। देबू को पहले तो बहुत अजीब लगा लेकिन बाद में उस लड़के का देखना देबू को अच्छा लगने लगा था।
 रात भी बहुत हो गयी थी। हालांकि मेले की वजह से पता ही नहीं चल रहा था कि कितना समय हो गया है लेकिन डांस की थकावट के साथ-साथ उसे भूख भी लग रही थी। जब उसके स्कूल की सारी प्रस्तुतियाँ हो गयीं तो वह सबके साथ घर की ओर चल पड़ा। घर लौटते समय वह लड़का भी उन लोगों के साथ-साथ चल रहा था। हल्की-फुल्की बातों में देबू को पता चल गया कि उसका नाम राजकुमार है और वह स्कूल के प्रिंसिपल साहब का भतीजा है। राजकुमार को यह देखकर आश्चर्य हुआ कि देबू ने एक लड़का होते हुए भी लड़कियों जैसा बेहतरीन डांस किया था। जब तक देबू अपने घर पहुँचा उसकी और राजकुमार की दोस्ती हो चुकी थी।
परीक्षाएँ आने वाली थीं और देबू की पढ़ाई नहीं हो पा रही थी। स्कूल की छुट्टी करना सही नहीं था और स्कूल जाने पर सीनियर लड़के उसेछेड़ते हैं, उसे ‘हिजड़ा’ और ‘छक्का’ बुलाते हैं। उसे उनपर गुस्सा तो बहुत आता था लेकिन शरीर से दुर्बल होने के कारण वह चाहकर भी उनका विरोध नहीं कर पाता था क्योंकि ऐसा करने पर वे लड़के उसे मारते-पीटते ही नहीं बल्कि गंदी हरकतें भी करते। देबू नीची नज़र किए चुपचाप उनके तंज बर्दाश्त करता रहता लेकिन मन-ही-मन सोचता कि एक दिन मैं इन सबको जवाब जरूर दूँगा। उस दिन वह स्कूल जाने के लिए घर से थोड़ी दूर ही गया था कि एक दुकान पर बैठे कुछ लोगों में से एक ने उसकी तरफ इशारा करते हुए कहा, “ये तो वही लौंडा है जो लड़की बनकर नाचा था” उसके चेहरे परहल्की-सी मुस्कुराहट फैलने ही वाली थी कि अगला वाक्य सुनते ही उसके होंठ सिकुड़ गए, “लड़का क्या, मुझे तो मामू लगता…छक्का है साला…तभी तो इतनी लचक है, वरना लौंडों की कमर ऐसे कहाँ लचकती है”देबू यह सुनते हुए रुआँसा हो गया, ‘अभी तक तो स्कूल के सीनियर लड़के ही ताना मारते थेअब तो रास्ते के लोग भी…’ स्कूल तो जाना ही था उसके कदम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे।
लटका हुआ चेहरा लिए धीमी गति से देबू स्कूल पहुँचा। स्कूल के गेट में घुसते ही हमेशा की तरह  सीनियर लड़कों ने ताना मारा, “आ गयी अपनी जानेमन…कभी हमें भी अपना नाच दिखा दे…कितने पैसे लेगी नाचने के…”देबू की आँखों में पानी आ गया। उसे लगा कि उसने गणेश उत्सव में नाचकर बहुत बड़ा गलती कर दी। ये लोग उसके डांस की तारीफ करना तो दूर, उसे परेशान करने में लगे हैं। लड़के अश्लील बातें कर ही रहे थे कि किसी की आवाज़ ने उन्हें डांटा, “बकवास बन्द करो…वर्ना प्रिंसिपल सर के पास ले जाऊँगा…क्यों परेशान कर रहे हो उसे?”देबू ने मुड़कर देखा—राजकुमार पीछे खड़ा था। उसे यह देखकर आश्चर्य हुआ कि राजकुमार ने उसकी ओर से सबको फटकार लगायी थी। राजकुमार की बात का प्रतिवाद करना किसी के वश में नहीं था। सब जानते थे कि वह प्रिंसिपल का भतीजा है और उनका सीनियर है। लड़के चुप हो गये और वहाँ से खिसक गए। राजकुमार ने देबू के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा, “तू चिन्ता मत कर देवेन्द्र, कोई तुझे कुछ कहे तो मुझे बताना, मैं सबको ठीक कर दूँगा।”देबू को उसकी बातें ठीक वैसी ही लगीं जैसे टीवी में हीरो हीरोइनसे कहता है। राजकुमार का हाथ रखते ही देबू के पूरे शरीर में झुरझुरी होने लगी। एक पल को उसे लगा कि उसे राजकुमार के रूप में उसका हीरो मिल गया है लेकिन शीघ्र ही उसने खुद को सँभाल लिया।राजकुमार ने उसे उसके क्लास तक छोड़ा और अपनी क्लास की ओर चला गया।
उस दिन क्या पढ़ाई हुई देबू को नहीं मालूम, उसे तो बस पूरे दिन राजकुमार का ही ख्याल आता रहा। उसके दिमाग में टीवी पर दिखाये जाने वाले गाने चल रहे थे। उसके दिमाग में चल रहा था कि ‘दूर पहाड़ियों पर वह राजकुमार की बाहों में है। दोनों गाना गा रहे हैं। राजकुमार उसे चूमने की कोशिश करता है और वह उसका हाथ छुड़ाकर भाग जाता है। वह नाच-नाच कर अपने हीरो को रिझा रहा है।’ उसकी आँखें बन्द होने लगती हैं और चेहरे पर मुस्कुराहट फैल जाती है कि सिर के पीछे की तरफ एक दम चोट लगती है, वह चौंककर आँखें खोल देता है, और देखता है कि सामने टीचर खड़े हैं जो एक जोरदार चपत जमाने के बाद उसके कान उमेठते हुए कह रहे हैं, “क्यों बे…कौन से ख्यालों में खोया हुआ है? पढ़ने आता है या फिर सोने? बता मैं क्या पढ़ा रहा था?”
देबू को नहीं पता कि टीचर कहाँ पढ़ा रहे थे। उसकी पनीली आँखें नीची हो जाती हैं। टीचर ने कान उमेठते हुए तीन चार झापड़ लगा दिए और पैर पटकते हुए ब्लैक बोर्ड के पास आ गये। कक्षा के सभी बच्चे हँस रहे थे। लड़के उसे देखकर मुँह चिढ़ा रहे थे तो लड़कियों के चेहरे भावशून्य थे। देबू पूरे पीरियड खड़ा रहा। उसके पैर दुखने लगे थे और दूसरी मुसीबत कि भय के कारण पेशाब भी लगने लगी थी। वह किससे कहे, कैसे कहेकि उसे पेशाब करने जाना है? तभी जैसे उसके मन की बात ऊपर वाले ने सुन ली और इंटरवल की घंटी बज गयी। देबू तेजी से बाहर निकला और लड़कियों के टायलेट की तरफ भागा लेकिन वहाँ बहुत सारी लड़कियाँ जमा थीं इस वजह से वह आगे नहीं बढ़ पाया। पेशाब जोर मार रही थी और उसे अब और दबाना मुश्किल था। मन मार कर देबू को खेतों की तरफ जाना पड़ा। वहाँ कुछ लड़के पहले से थे लेकिन आज उसे देखकर कोई कुछ नहीं बोला क्योंकि सुबह राजकुमार ने ऐसा धमकाया था कि देबू को छेड़ने की अब किसी की हिम्मत नहीं पड़ रही थी। पर देबू को सबके सामने पैंट खोलकर मूत्र विसर्जन करने में बहुत शर्म आ रही थी। उसने नीची नजरें किए हुए हीजैसे-तैसे लघुशंका की और तुरन्त वहाँ से भाग खड़ा हुआ। वे लड़के जो अब तक चुपचाप खड़े थे उसे भागता हुआ देखकर बोले, “छक्का साला” और जोर से हँसने लगे।
देबू स्कूल से राजकुमार के साथ ही घर पहुँचा। रास्ते भर वह राजकुमार की पसन्द-नापसन्द, उसके गाँव, घर, परिवार के बारे में पूछता हुआ आया। बातों के बीच-बीच में वह उसके शरीर का स्पर्श भी करता रहता था। राजकुमार के शरीर से स्पर्श होते ही उसके शरीर में अजीब-सी हरकत होती थी जिससे उसे मजा आता था। राजकुमार उसके गली के नुक्कड़ तक छोड़कर आगे बढ़ गया। पहले-पहले प्यार की मस्ती में झूमता हुआ देबू घर में घुसा ही था कि राजेन्द्र ने चीखकर उसे बुलाया, “इधर आ स्साले…क्या गुल खिला रहा है तू आजकल…आज तेरी टांगे तोड़ता हूँ…”देबू एकदम सहम गया। उसके पैर जहाँ के तहाँ रुक गये। उसे लगा कि आज उसका यह राक्षस भाई उसे नहीं छोड़ेगा। वह सोच ही रहा था कि राजेन्द्रदेबू की ओर लपका और उसके बाल पकड़कर घसीटने लगा, “क्यों बे बहुत लौंडिया बनने का शौक चढ़ा है, नाचने का शौक चढ़ा है, तेरी टांगे तोड़ता हूँ” और पास पड़ी लाठी उठाकर राजेन्द्रदेबू को बुरी तरह पीटने लगा। वह बिना देखे ही एक के बाद एक लाठी मारे जा रहा था। पीठ, पेट, टाँगें जहाँ भी लाठी पड़ती हर चोट परदेबू बुरी तरह बिलबिला उठता। बीच-बीच में राजेन्द्र बुरी तरह चीख-चीख कर कहता, “स्साले ने जीना हराम कर रखा है, जहाँ भी जाओ, जहाँ भी बैठो, सब कहते हैं, पूछते हैं“क्या तेरा भाई हिजड़ा है जो लड़की बनकर नाचता है?” कितनी बदनामी हो रही है पूरे गाँव में, क्या जरूरत थी साले को नाचने की…आज इसका नाच निकाल दूँगा”राजेन्द्र बकता जाता और देबू परताबड़तोड़ लाठियाँ बरसाता जाता। मानवेन्द्र जो गली के बाहर ही घूम रहा था, देबू की चीखें सुनकर दौड़कर घर में आया और राजेन्द्र से लाठी छीनने लगा। दोनों में जमकर हाथापाई हुई और अन्ततः गुस्से से भरा राजेन्द्र घर से बाहर चला गया।
आज फिर देबू की जमकर पिटायी हुई थी। अर्द्धमूर्च्छित अवस्था मेंदेबूआँगन में पड़ा था। उसे कुछ होश नहीं था कि वह कहाँ है?मानवेन्द्र ने उसे उठाकर सामने पड़े तख्त पर लिटाया। शोर सुनकर गली के दो-चार लोग भी इकट्ठा हो गए थे। कोई देबू की हालत पर दुख व्यक्त कर रहा था तो कोई राजेन्द्र का पक्ष लेते हुए कहता था, “अरे जब भाई को नहीं पसन्द है तो क्यों नाचता है…क्या जरूरी है लौंडिया बनकर नाचना…अरे ऐसा कैसा शौक?”बगेसरी ने कहा।
“लड़के का ऐसे नाचना, कोई अच्छे लक्षण थोड़े ही हैं, लगता है कि बायला है…”मुंगेरी भी बोल उठा।
“चुप करिए आप सब, एक तो मेरा भाई इतना पिटा है ऊपर से आप लोग कैसी कैसी बातें कर रहे हैं?”मानवेन्द्र ने भाई की कमीज उतारते हुए कहा।
“अरे मनु भइया, इसे समझाओ कि वह लड़कियों वाली हरकतें करना बन्द करे, वरना एक दिन तुम्हें भी घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा…और जब महेन्द्रप्रताप सुनेगा तो फिर तो कहर ही बरसेगा,” गली के नुक्कड़ वाली दुकान से उठकर आए अज्जु चाचा ने अपनी अनुभवी आँखें मटकाते हुए कहा।
“हाँ चाचा, समझाता तो हूँ इसे, पर यह मानता ही कहाँ है? मैं भी सोचता हूँ कि घर में सबसे छोटा है, जैसे-जैसे बड़ा होगा, अपने आप समझ जाएगा…इसमें इसे मारने पीटने की क्या जरूरत है?”
“अब तेरे बड़े भाई का मिजाज ही गरम है तो क्या करे कोई…खैर घर की बात घर में ही सुलझ जाए तो अच्छा, मैं भाभी से कहूँगा कि देबू का ध्यान रखे, वरना लड़का हाथ से निकल जाएगा”
“हाथ से निकल जाएगा…क्यों? कहाँ चला जाएगा यह? और इसे जाने कौन देगा?”
“अरे…वह फूलवती है ना…वही किन्नरों की सरदार…उसे कहीं पता चल गया तो वह पकड़कर ले जाएगी…सच कहता हूँ…कोई नहीं रोक पाएगा उसे। उनकी पूरी फौज है…ऐसे बच्चों को पकड़कर अपने दल में शामिल करना ही उनका काम है…और ऊपर वाला न करे कि किसी बाहर गाँव में बेच दिया तो भगवान ही मालिक है,” इस बार अपनी बात कहने में अज्जु चाचा ने आँखों के साथ गर्दन भी मटकायी।
“नहीं, नहीं, मेरे भाई को कोई नहीं ले जाएगा…मैं इसे समझाऊँगा और जैसे भी होगा इसका डांस भी बन्द करवाऊँगा और इसकी हरकतें भी,” सबके हाथ जोड़ते हुए मनु ने कहा।
मनु के हाथ जोड़ने का मतलब सबकी समझ में आ गया और सब एक-एक करके घर से बाहर निकल गए। अन्त में अज्जु चाचा भी अपनी बात खत्म करते हुए दरवाजे से बाहर निकले, “हाँ मनु इसी में सबकी और बिरादरी की भलाई है…वरना, बहुत बदनामी होगी।”
क्रमशः
लवलेश दत्त
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment