वहाँ कौन है? — भाग 46
कुमार या इस लोक में जिसे सब वेल्कार के नाम से जानते थे—कुछ देर तक उसी स्थान पर खड़ा रहा। उसका दिशाबोध उसके मस्तिष्क में उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहा था। तभी उसे वह चिन्ह याद आया सेराथ ने कहा था कि जब यह पूर्ण रूप में दिखाई दे, उसका अनुसरण करना।
उसने उस चिन्ह को जैसे ही याद किया ,वह उसके सामने आ गया।
” क्या मेरा दिशाबोध मुझे जिस मार्ग पर बढ़ने के लिए कह रहा है, मुझे वहीं जाना है?”, वेल्कार ने पूछा और दिशा की ओर इंगित करते हुए एक कदम बढ़ाया।
चिन्ह पूर्ण हो गया और आगे बढ़ने लगा। वेल्कार सही दिशा में बढ़ रहा था।
यह रास्ता किसी दीवार या अन्य रुकावट से विभक्त नहीं हो रहा था। रुपहले प्रकाश की एक संकरी सी पट्टी थी जिस पर वह बढ़ता जा रहा था।
उधर उस अजीब से स्तंभ के नीचे बनी महीन दरार के पास बने सूक्ष्म चिन्ह से चमकती रोशनी देखकर सभी समझ गए थे कि अब मार्ग तक जाने का रास्ता यहीं से हैं।
उन्होंने अज्ञात भावना के वशीभूत होकर अपने अन्वेश चिन्ह उस चिन्ह के ऊपर रख दिए और तभी धीमी गड़गड़ाहट के साथ वह दरार खुल गई। सुक्खी ने नीचे झांका ,” नीचे सीढ़ियां हैं।”
सभी सीढ़ियां उतरते हुए बैंगनी प्रकाश से बने मार्ग पर आ गाए।उदय, प्रभा, प्रभात, सुक्खी, मायरा और लेविरा बहुत सावधानी से आगे बढ़ रहे थे।
लेविरा कुछ आगे उड़ रही थी। कभी वह मुड़कर देखती कि सब उसके साथ हैं या नहीं और फिर उसी सहजता से आगे बढ़ जाती।
कुछ दूर जाने के बाद उसने एक ऐसे स्थान पर कदम रोका जहाँ धरातल पर कोई विशेष चीज दिखाई नहीं दे रही थी।
“लगता है, यहीं से हमें अलग दिशा लेनी होगी।”, उदय ने आसपास देखा।
“लेकिन यहाँ तो कुछ है ही नहीं।”, प्रभा ने कहा।
लेविरा अपने पक्षी रूप को त्याग कर मुस्कुराई“आप लोगों की यही समस्या है। आप जो दिखाई देता है, उसी को खोजते हैं।”
सुक्खी ने तुरंत कहा, “और आप लोग जो नहीं दिखाई देता, उसी के पीछे भेजते रहते हो।”
“अपने अन्वेष चिन्ह यहां रखो न ताकि समझ आए कि आगे क्या करना है?”, लेविरा फिर मुस्कुराई।
” अरे हाँ, यह तो ध्यान ही नहीं रहा।”, सुक्खी ने कहा और अपने अन्वेष चिन्ह धरातल पर रख दिया। उसकी देखा देखी सभी ने ऐसा ही किया।
अचानक जैसे किसी पारदर्शी परदे के पीछे छिपी हुई दूसरी तस्वीर सामने आ गई हो।एक वृत्त….उस वृत्त के भीतर चार छोटे चिह्न और सबसे नीचे एक ऐसा चिन्ह जो उन्हें पहले कभी दिखाई नहीं दिया था।
उदय तुरंत गंभीर हो गया,“यही है?”
लेविरा ने सिर हिलाया, “एलवारा ने जो तुम्हें दिया है, वह केवल कोई पहचान-चिह्न नहीं है। यह खोजने की विधि है।”
प्रभा ने ध्यान से उस आकृति को देखा, “लेकिन हमें इसे लेकर करना क्या है?”
लेविरा ने कहा, “जहाँ भी यह चिन्ह एक साथ मिलकर पूर्ण हो जाएं , वहाँ रुकना। उसके आसपास की वस्तुओं को देखना। और सबसे महत्वपूर्ण…”वह कुछ पल रुकी।“जो चीज सबसे साधारण दिखाई दे, उसे सबसे पहले देखना।”
सुक्खी ने माथा खुजलाया,“ये भी कोई तरीका हुआ?मतलब असली चीज हमारे सामने होगी और हम उसे इसलिए छोड़ देंगे क्योंकि वह बहुत साधारण है?”
“संभव है।”
“और अगर हम उसे पहचान ही न पाए तो?”
लेविरा ने मुस्कुराकर कहा, “इसलिए तो तुम्हें भेजा गया है।”
सुक्खी कुछ पल उसे देखता रहा,“मुझे लगता है यह हमारी तारीफ थी।”
प्रभात ने उसके कंधे पर हाथ रखा,“तू इसे तारीफ ही समझ।”
सब हँस पड़े, लेविरा भी।
लेकिन उदय की निगाह अब भी उस चिन्ह पर टिकी थी।
उसने अपने बैग से वह उपकरण निकाला जिसमें वे द्युतिलोक के विभिन्न संकेतों को रिकॉर्ड कर रहे थे।
“अगर यह कोई ऊर्जा-चिह्न है तो इसकी आवृत्ति बाकी संरचनाओं से अलग होगी।”
लेविरा ने सिर हिलाया,“जाँचो।”
उदय ने उपकरण सक्रिय किया।स्क्रीन पर कुछ क्षण तक अस्थिर रेखाएँ आती रहीं।फिर एक बिंदु पर रेखाएँ अचानक स्थिर हो गईं।
प्रभा उसके पास आ गई, “क्या मिला सर?”
“यह सामान्य ऊर्जा नहीं है।”, उदय ने स्क्रीन को फिर देखा।“यह किसी वस्तु से नहीं… किसी निशान से प्रतिक्रिया ले रहा है।”
प्रभात की आँखें चमक उठीं,“मतलब?”
उदय ने सामने देखा, “मतलब हम सही दिशा में हैं।”
वहीं, वेल्कार इस समय उनसे बहुत दूर दूसरे मार्ग पर निकल चुका था।आसपास की ऊँची संरचनाएँ पीछे छूट गई थीं।अब उसके सामने एक खुला क्षेत्र था।वहाँ कोई भवन नहीं था।
कोई व्यक्ति नहीं।
सिर्फ दूर तक फैली हुई एक अजीब-सी धात्विक भूमि, जिसके बीच-बीच में छोटे-छोटे उभार थे।वेल्कार अचानक रुक गया।
उसके भीतर वही कंपन फिर उठा।इस बार पहले से अधिक स्पष्ट।
उसने सामने देखा, कुछ भी नहीं था।वह आगे बढ़ा और एक स्थान पर घुटनों के बल बैठ गया।उसने धरातल को हाथ से छुआ।
क्षणभर बाद उसके सामने की मिट्टी जैसी दिखने वाली परत में महीन दरार उभरी।वेल्कार की साँस थम गई।दरार फैलती गई और उसके भीतर से एक बहुत छोटी-सी वस्तु बाहर आ गई।
वह न धातु थी, न पत्थर। आकार में वह किसी छोटे बीज जैसी थी लेकिन उसकी सतह पर असंख्य सूक्ष्म रेखाएँ थीं।
वेल्कार ने उसे उठाया।जैसे ही वह वस्तु उसकी हथेली पर आई, उसके भीतर एक तीव्र कंपन दौड़ा।उसकी आँखों के सामने एक क्षण के लिए एक विशाल अंधकार उभरा।अंधकार के बीच कुछ था, कुछ ऐसा जिसे वह पहचान नहीं पाया फिर दृश्य गायब हो गया।
वेल्कार ने मुट्ठी बंद कर ली, “यही है…”।उसने धीरे से कहा।
लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसने क्या पा लिया है और यही उसे सबसे अधिक विचलित कर रहा था।
सेराथ ने उसे जिस शक्ति की दिशा दी थी, वह मिल चुकी थी।लेकिन उस शक्ति का उपयोग कैसे करना है—यह अभी भी उसके सामने एक बंद प्रश्न था।
उसने वस्तु को अपने वस्त्र के भीतर सुरक्षित रखा और वापस मुड़ने लगा। प्रकाश की महीन रेखा उसे खींचती हुई वापिस ले जा रही थी।
उधर उदय की टीम उस स्थान तक पहुँच चुकी थी जहाँ उपकरण लगातार प्रतिक्रिया दे रहा था।सामने एक साधारण-सी दीवार थी।इतनी साधारण कि यदि लेविरा ने संकेत न दिया होता तो वे शायद उसके पास से गुजर जाते।
उदय ने दीवार को ध्यान से देखा।“ वे चिन्ह कहाँ है?”
लेविरा ने कहा, “देखो नहीं। खोजो।”
उदय ने कुछ क्षण सोचा फिर उसने अपने उपकरण की संवेदनशीलता बढ़ा दी।स्क्रीन पर दीवार की पूरी सतह का मानचित्र बनने लगा।
पहले कुछ नहीं मिला फिर दीवार के ठीक बीच में एक बहुत हल्का विक्षेप दिखाई दिया।
प्रभा आगे बढ़ी, “यहाँ।”
उदय ने हाथ रखा।पत्थर ठंडा था मगर उसके नीचे से बहुत हल्का कंपन महसूस हो रहा था।
सुक्खी ने तुरंत कहा, “मतलब अंदर कुछ है?”
उदय ने सिर हिलाया, “हो सकता है।”
प्रभात ने दीवार के चारों ओर देखा, “दरवाज़ा तो कहीं नहीं है।”
लेविरा ने कहा, “क्योंकि इसे दरवाज़े की तरह बनाया ही नहीं गया।”
सभी उसकी ओर देखने लगे, “तो फिर?”
“यह एक छिपा हुआ अभिलेख-कक्ष हो सकता है।”
उदय की आँखों में उत्सुकता आ गई, “अभिलेख?”
“हाँ। लेकिन याद रखना—तुम्हें जो मिलेगा, उसे तुरंत खोलने या छूने की कोशिश मत करना।”
प्रभा ने मुस्कुराकर कहा, “एलवारा की वही बात?”
“हाँ।,जो दिखाई दे, उसे सत्य मत मानना।”, लेविरा ने उसकी ओर देखा। “और जो छिपा हो, उसे भी सत्य मत मानना।”
उदय ने प्रभात और सुक्खी की ओर देखा, “चलो। दीवार को नुकसान पहुँचाए बिना इसकी पूरी संरचना रिकॉर्ड करनी है।”
सुक्खी ने बैग खोला मगर वे आगे कुछ करते उसके पहले ही दीवार के भीतर से एक बहुत धीमी ध्वनि आई—टक।
सब चुप हो गए। वृत्त में दिखे चिन्ह का पहला भाग स्वतः प्रकाशित हो चुका था, फिर दूसरा, फिर तीसरा और अंत में सभी चिन्ह चमक उठे
दीवार नहीं खुली लेकिन ऐसा लगा जैसे उसके भीतर कहीं कोई व्यवस्था जाग चुकी थी।
लेविरा ने कहा,“अब तुम्हारी खोज शुरू हुई है।”
Megha
( क्या मिलेगा अब यहां ,सोचिए सोचिए)