लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -8

दर्द न जाने कोई
भाग -8
मन में राजकुमार का चेहरा, उसके साथ बीतने वाले समय में क्या क्या होगा, इन सब बातों की  कल्पना करते हुए कब कदम घर से बाहर निकल गए और कब वह प्रिंसिपल सर के घर सामने पहुँच गया,उसे पता ही नहीं चला। प्रिंसिपल का घर देखकर एकाएक घबराहट की लहर मन में उठी और दिल धक् हो गया। वैसे भी सामान्यतः प्रिंसिपल के घर जाने की हिम्मत बच्चों में नहीं होती, पर देबू के लिए यह अच्छी बात थी कि खुद प्रिंसिपल के भतीजे ने उसे बुलाया था। दरवाजे पर खड़ा हुआ वह इधर-उधर देख ही रहा था कि अन्दर से राजकुमार ने आवाज़ दी, “आजा…अन्दर आजा देवेन्द्र।”
राजकुमार की आवाज़ से देबू एकदम चौंक गया। उसके कदम धीरे-धीरे घर की गैलरी में बढ़ने लगे। बायीं तरफ एक बैठकनुमा कमरा था जिसके आधा दरवाजा पर्दे से ढँका था।देबू ने कनखियों से देखा—अन्दर प्रिंसिपलसर बैठे हुए कुछ काम कर रह थे। सामने बरांडे में एक कुर्सी पर राजकुमार बैठा था। उसके सामने थोड़ी दूरी पर चटाई बिछी थी जिसपर दो-तीन बच्चे बैठे हुए पढ़ाई कर रहे थे।
“आ बैठ…यहीं बैठ जा,” राजकुमार ने कहा।
चप्पलें उतार कर देबू वहीं बच्चों के पास बैठ गया।
“बता…सबसे पहले किसका होमवर्क करना है?”
“मैथ्स का…,”देबू ने धीरे से कहा।
“किताब और कॉपी लेकर इधर आ और बता क्या है?”
देबू के शरीर में कंपन हो रहा था, हल्की-हल्की सी गुदगुदी भी शुरू हो गयी थी। उसने गणित की कापी-किताब निकाली और हाथ बढ़ाकर राजकुमार को पकड़ाने लगा।
“अरे बेवकूफ…इधर आ ना…वहाँ से कैसे समझेगा?”
देबू के शरीर में गुदगुदी बढ़ गयी। राजकुमार के पास जाते हुए उसके साथ ऐसा ही होता था। वह धीरे से उठा और राजकुमार के पास जाकर खड़ा हो गया। राजकुमार ने सामने पड़ी एक छोटी-सी मेज आगे खींचकर कॉपी-किताब रखी तथा देबू से बोला, “कौन-सी एक्सरसाइज़ चल रही है?”
“…”देबू के मुँह से बोल नहीं फूटे, वह तो खड़ा-खड़ा रोमांचित हो रहा था।
“अरे बोल ना…बोलता क्यों नहीं?” राजकुमार की आँखें उसकी ओर उठ गयीं।
देबू ने किताब उठा ली और उसके पन्ने पलटने लगा
“तुझे यह भी नहीं पता कि कौन सी एक्सरजाइज है…जो पन्ने पलट रहा है…निरा बुद्धू है तू।”
“य…यह…वाली…,” अब तक देबूउस अभ्यास के पृष्ठ तक पहुँच चुका था। उसने किताब खोलकर राजकुमार के आगे रख दी और होमवर्क में मिले प्रश्नों की ओर इशारा कर दिया। राजकुमार ने प्रश्न देखते हुए कहा, “अरे यह तो बहुत आसान हैं…तुझे इसके पहले के सारे प्रश्न आते हैं?”
“न…नहीं…,”देबू ने गर्दन झुकाते हुए धीरे से कहा।
“तभी तो…अगर तुझे पहले के प्रश्न आते तो यह भी कर लेता…चल कोई बात नहीं, मैं तुझे शुरू से समझाता हूँ, बैठ यहाँ,” कहकर राजकुमार ने उसका हाथ पकड़कर उसे अपने पास ही बैठा लिया।
राजकुमार के स्पर्श ने देबू के शरीर में झुरझुरी पैदा कर दी। एक अजीब-सा नशा उस पर चढ़ने लगा। वह कभी सवाल समझाते राजकुमार के हाथों को कापी पर चलते देखता, कभी उसके चेहरे को, कभी हिलते हुए होंठों को, कभी उसके बालों को तो कभी उसके सीने पर देखता। वह तो अपनी कल्पनाओंमें बसे राजकुमार के साथ खुद को नाचते-गाते हुए देख रहा था। देबू राजकुमार को अपलक निहार रहा था जैसे कि उस पर कोई सम्मोहन शक्ति काम कर रही हो।
“समझ आया…,” एकाएक राजकुमार की आवाज ने देबू को स्वप्नलोक से बाहर निकाला।
“ह…हम्म,”देबू ने घबराकर कहा।
“तो ले…ये दो प्रश्न कर,” राजकुमार ने कॉपी किताब उसके हाथों में पकड़ा दी और वह वापस अपनी जगह बैठ गया।
राजकुमार ने जो कुछ समझाया था, देबू की समझ में नहीं आया, क्योंकि राजकुमार के पास जाते ही उसे अपने मन पर नियंत्रण नहीं रहता। न चाहते हुए भी उसका मन कल्पनाओं के पंख लगाकर राजकुमार के साथ उड़कर किसी दूसरे ही लोक में पहुँच जाता है, जहाँ कभी दूर तक फैले हरे-हरे मैदान, कभी बर्फ़ से ढँकी पहाड़ियाँ और फूलों से भरी वादियाँ, कभी समुद्र का किनारा तो कभी किसी झील में नाव पर, राजकुमार की बाहों में झूलते हुए, वे सारे दृश्यउसकी कल्पनाओं में साकार हो उठते हैं जो वह अक्सर टीवी पर देखा करता है।
राजकुमार के पूछने पर उसने झूठ ही ‘हाँ’ कह दिया, अब वह अपना सिर पीट रहा था क्योंकि वह सवाल उसे हल ही नहीं होरहे थे। राजकुमार ने देखा कि देबू बहुत देर से सवालों को लिए बैठाहै, कभी किताब के पन्ने पलटता है तो कभी कापी के, उसे महसूस हुआ कि उसकी समझ में कुछ नहीं आया। उसने फिर देबू को टोका, “क्या हुआ…सवाल नहीं हुए अभी तक…लगता है तेरा मन पढ़ाई करने का नहीं है।”
‘हाँ…आपने सही कहा मेरे हुजूर,’ देबू के मन ने कहा लेकिन अगले ही पल वह सँभल गया, “व…वो…ये…” उसके मुँह से शब्द नहीं निकल रहे थे।राजकुमार ने उसे फिर अपने पास बुलाया और एकबार फिर सवाल समझाते हुए उससे कहा, “तू तो बहुत कमजोर है…तू रोज़ आया कर तभी तेरी पढ़ाई कुछ ठीक-ठाक हो पाएगी…और हाँ कल से तू इन बच्चों के साथ मत आना इनके बाद में आना शाम को छह बजे…अब घर जा और इन्हीं सवालों को घर पर करना।” कहकर राजकुमार कुर्सी से उठ गया। देबू ने भी अपना बस्ता समेटा और घर की ओर चल दिया। मन-ही-मन वह बहुत खुश था कि अब राजकुमार रोज़ देखने का और छूने का ही नहीं बल्कि बातें करने का मौका भी मिलेगा।
देबू की पढ़ाई चल रही थी। पिछले बीस दिनों से वह गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान सभी विषय एक-एक कर पढ़ रहा था। जिससे प्रेम हो, उसके साथ कोई भी काम करने का आनन्द ही अलग होता है क्योंकि सारे कामों में प्रेम का रस जो घुलने लगता है फिर चाहे पढ़ाई जैसा ऊबाऊ काम ही क्यों न हो। प्रेम का रस घुलते ही देबू को पढ़ाई में भी रस आने लगा था। पर यह बात सच थी कि पढ़ाई से कहीं ज्यादा कच्ची उम्र के प्यार का रस उसके अंग-अंग में घुल रहा था तभी तो बिना बिना किसी नागा के वह रोज़ राजकुमार से पढ़ने जाने लगा।
उस दिन देबू कोचिंग जाने को तैयार हो ही रहा था कि बहन ने कहा, “लगता है आज बारिश होगी, आज मत जा।”
“अरे, स्कूल में टेस्ट चल रहे हैं, मुझे जाना होगा,”
“अगर तेज बारिश आई तो…?”
“वहीं रुक जाऊँगा…और सुबह आ जाऊँगा…वैसे भी कल इतवार है, स्कूल तो जाना नहीं है।”
“जाना जरूरी है क्या?”
“हाँ…बहुत जरूरी है,” कहते हुएदेबू घर से बाहर निकल गया।
आसमान में बादल छा रहे थे। ठंडी हवा शरीर को तरंगित कर रही थी। बादल गरजने की आवाज़ से पता चल रहा था कि आसपास कहीं बारिश हो रही है। देबू अपने प्रेमी की छवि मन में बसाए रोज़ की तरह आगे बढ़ता जा रहा था। राजकुमार से पढ़ने में उसे दोहरा मज़ा आ रहा था—एकतो रोज उसके स्पर्श और उसके साथ पढ़ाई की इच्छा पूरी होती थी और दूसरा, प्रिंसिपल सर भी उसे बहुत अच्छी तरह से जान गये थे। अब उसे उनसे डर भी नहीं लगता था। टीवी पर देखे गानों की कल्पना में खोया देबू प्रिंसिपल सर के घर पहुँचा ही था कि बारिश होने लगी।
“अरे…बारिश में भी तू आ गया,” राजकुमार ने उसे देखते ही कहा।
“जब घर से चला तो बारिश नहीं हो रही थी…अभी हुई है,”देबू राजकुमार से अब बेझिझक बोलने लगा था।
“अच्छा…ठीक है लेकिन अगर बारिश होती रही तो वापस कैसे जाएगा?”
“यहीं रुक जाऊँगा, सुबह चला जाऊँगा,” कहकर उसने नज़रें नीची कर लीं।
“ओहो…पूरी प्लानिंग करके आया है,” राजकुमार ने हँसते हुए कहा।
जब तक देबू की पढ़ाई खत्म हुई, बारिश बहुत तेज़ होने लगी थी। जोर-जोर से बिजली कड़कती और बादल गरजतेथे। लगता था कि कोई बहुत बड़े-बड़े पत्थरों को टकरा-टकराकर तोड़ रहा है। देबू बस्ते को सीने से लगाए बारिश रुकने का इंतजार कर रहा था। वह छह बजे का आया हुआ था और अब रात के नौ बज चुके थे। बारिश थी कि रुकने का नाम ही नहीं ले रही थी।
“तुझे नींद आ रही है, चल ऊपर मेरे कमरे में जाकर सो जा…बारिश जल्दी नहीं रुकेगी, सुबह घर चले जाना,” कुर्सी पर बैठे देबू को ऊँघते हुए देखकर राजकुमार ने कहा।
देबू सकपका गया, ‘हाय…मैं इनके कमरे में’उसने सोचा और बोला, “नहीं मैं चला जाऊँगा…थोड़ी धीमी हो जाए।” ऊपरी दिखावे के लिए उसने प्रतिरोध किया लेकिन मन-ही-मन वह चाहता था कि अगर मौका मिला है तो राजकुमार के साथ रुक जाऊँ। आखिर घर से भी तो वह यही कहकर आया था और यहाँ आते ही उसने राजकुमार से भी यही कहा था। फिर भी औपचारिकता के लिए उसने मना किया।
“अरे, जब तू आया था तब तो कह रहा था कि बारिश होगी तो यहीं रुक जाऊँगा, तो अब क्या हुआ?” राजकुमार ने आश्चर्य से पूछा।
“क…कुछ नहीं, बारिश रुक जाएगी तो चला जाऊँगा,”देबू एक साँस में कह गया।
“बारिश नहीं रुकने वाली, जा ऊपर कमरे में जाकर आराम से सो जा…सुबह चले जाना,” प्रिंसिपल सर ने भी अपने कमरे से कहा।
प्रिंसिपल सर के कहने के बाद देबू को मना करना सही नहीं लगा। वह अपना बस्ता लेकर ऊपर जाने के लिए सीढ़ियों की ओर चल दिया। कमरे में दो चारपाइयाँ पड़ी थीं। एक ओर एक मेज और कुर्सी पड़ी थी। वहीं एक खिड़की थी जिससे ठंडी हवा के झोंके के साथ बारिश की हल्की-सी बौछार आ रही थी। देबू संकोचवश  एक खाट पर बैठ गया। वैसे भी एकाएक किसी के घर रात में रुकने पर थोड़ी हिचकिचाहट तो लगती ही है, और फिर वह केवल उसके प्रेमी राजकुमार का ही घर नहीं बल्कि उसके स्कूल के प्रिंसिपल का घर भी था। लेकिन देबू की आँखों में भरी नींद उसकी हिचकिचाहट पर भारी पड़ रही थी। उसने अपना बस्ता वहीं खाट पर रखा और लेट गया। लेटते ही उसे नींद आ गयी।
आधी रात के लगभग देबू की नींद खुल गयी। उसने महसूस किया कि उसके शरीर पर कुछ रेंग रहा है। वह हड़बड़ाकर उठने को हुआ लेकिन तभी उसे लगा कि उसके पैरों पर किसी के पैर हैं और जो रेंग रहा था वह कुछ और नहीं किसी का हाथ है। कमरे में घुप्प अंधेरा था, बत्ती बुझी हुई थी लेकिन शरीर की गंध से देबू को पता चल गया कि यह कोई और नहीं बल्कि राजकुमार ही है लेकिन उसे अचानक क्या हो गया है? वह ऐसे उसके शरीर को क्यों सहला रहा है? उसने उठने की कोशिश की लेकिन हाथ और पैर के दबाव से राजकुमार ने उसे उठने नहीं दिया। देबू की धड़कने बढ़ गयीं, उसे घबराहट होने लगी, उसकी साँसे तेज चलने लगीं। उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि उसके साथ यह क्या हो रहा है? वह राजकुमार के चंगुल से छूटने की असफल चेष्टा करता रहा। बाहर मूसलाधार बारिश में बादलों की रगड़ से उत्पन्न बिजली कड़क रही थी और अंदर देबू के कोमल शरीर से रगड़ता राजकुमार का जिस्म देबू के मन को सैकड़ों चिंगारियों से बुरी तरह दाग रहा था।दर्द से छटपटाता असहाय देबू समझ नहीं पा रहा था कि ‘जिसे वह इतना प्यार करता था। वह इतनी गंदी हरकत उसके साथ करेगा। वह तो अधिक-से-अधिक समय तक उसका सामीप्य पाने के लिए उसके साथ रुकना चाहता था लेकिन उसने तो…।’ वह अपने नाखूनों से नोंचकर उससे अलग होने का असफल प्रयास करता रहा लेकिन राजकुमार कीसख्त पकड़ बढ़ती जा रही थी। उस पर देबू के कोमल नाखूनों का कोई प्रभाव नहीं पड़ा रहा था। लगभग पाँच मिनट के बाद राजकुमार की पकड़ ढीली पड़ते हीदेबू ने उठने की कोशिश की लेकिन दर्द के कारण उससे उठा नहीं जा रहा था। वह हैरान था कि राजकुमार को अचानक ऐसा क्या हो गया। तन और मन से आहत देबू खुद को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि उसके साथ हुआ। उसे रुलाई फूट पड़ी। उसका जी मचलाने लगा और वह उस घड़ी को कोसने लगा जब उसने वहाँ रुकने का फैसला लिया था। निढ़ाल पड़े राजकुमार से उसे चिढ़ होने लगी। उसके मन में आया कि पास रखी मेज उठाकर राजकुमार के सिर पर दे मारे पर असहनीय पीड़ा और दुर्दशा ने देबू को शक्तिहीन कर दिया था। ऊपर से यह भी भय था कि वह किसी से क्या कहेगा। जब किसी को पता चलेगा तो… न केवल उसकी ही बदनामी होगी बल्कि राजकुमार, प्रिंसिपल सर और घरवाले सबके सब उसके पीछे पड़ जाएँगे। अपनी असहाय स्थिति से देबू बिना रोए नहीं रह पाया। वह जैसे-तैसे खाट से उठा और अपने शरीर पर चारों तरफ से चादर लपेट कर कमरे के एक कोने में बैठा सुबह होने की प्रतीक्षा करने लगा।
इस घटना के बाद देबू राजकुमार से नहीं बोला। वह उसे सामने से आता देखता तो दूसरे रास्ते पर चला जाता। घर वाले पूछते कि ‘पढ़ने क्यों नहीं जाता’ तो कभी तो बहाना बना देता या कभी चुपचाप घर से निकलकर उस नदी के किनारे चला जाता जहाँ वह अक्सर अकेले में बैठा करता था। राजकुमार ने कई बार उससे बात करने और उसे मनाने की कोशिश की लेकिन उस रात की घटना के बाद उसके मन में राजकुमार के प्रति प्रेम शेष नहीं बचा था। राजकुमार की प्रेमी वाली छवि देबू के मन से धीरे-धीरे धूमिल होने लगी थी।
क्रमशः
लवलेश दत्त
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment