कहानी एक रात की भाग 21
लेकिन विद्या के मन में बेचैनी थी। जहाँ राजवीर उसके आने की प्रतीक्षा करता था। अब वो उसे पढता हुआ मिलता या फिर सोया हुआ।
राजवीर बारह वर्ष का हो गया था। पढ़ाई में अच्छा था। अनुज उसकी पढ़ाई में किसी तरह की कमी नहीं रखते थे। उसकी सुविधा की हर चीज़ हर गज़ट उसके पास होता, जब कभी विद्या मना करती तो अनुज वही कहते ” विद्या जो तुम निक्की के लिए करती हो उसके आगे ये कुछ नहीं…..
“लेकिन मै तो….
” जानता हूं बड़ी होती लड़कियों को माँ की सबसे ज्यादा ज़रूरत होती है। उनके शरीर के बदलाव और उनकी वजह समझानी पडती है और ये काम माँ ही कर सकती है। जो तुम बखूबी कर रही हो। मेरी बेटी की बहुत अच्छी परवरिश कर रही हो तुम….समझ लो वही कर्जा उतार रहा हूं…. मै निक्की को वो सब नहीं बता पाता। उसकी तकलीफ़ दर्द देती है मुझे। लेकिन बिद्या तुमने अच्छे से संभाला उसे। वो डरी सहमी सी रहने वाली बच्ची में आत्म विश्वास लौटने लगा है। थैंक्यू सो मच….. और हाँ राजवीर को भेजो तो ज़रा….कहकर अनुज अख़बार पढ़ने लगे।
“अंकल बुलाया आपने…
” बेटा ये लैपटॉप है…… तुम्हे अब आगे पढ़ाई में ज़रूरत पड़ेगी….अनुज ने लैपटॉप देते हुए कहा।
“अंकल ये मै…… कैसे…. माँ गुस्सा करेंगी। अंकल वैसे भी बहुत महँगा होगा….
” वीर, तुम्हे महंगे सस्ते से क्या लेना। तुम अपने लक्ष्य पर ध्यान दो,…. और रही बात माँ की उनको मै समझा दूंगा।
इस तरह अनुज और विद्या की सांझी समझ से दोनों बच्चे बड़े होने लगे।नताशा पढ़ने में बहुत अच्छी नहीं थी। अनुज जानते थे और समझते भी थे।
वीर का दिमाग़ बहुत तेज़ था। वो हर बार स्कूल में फर्स्ट आता। विद्या और अनुज दोनों को हर बार उस पर गर्व होता। नताशा का भाई भी अब घर आ गया था। और यही रहकर पढ़ाई कर रहा था। रोहन को ज़रा अच्छा ना लगता जब उसके पापा वीर को कुछ नई चीज़ दिलाते। रोहन को विद्या पसंद थी लेकिन वीर पसंद नहीं था। वो अक्सर उसे नीचा दिखाता। कभी वीर कुछ कहना चाहता तो विद्या उसे रोक देती।समय की अच्छी बात होती है उसका गुज़र जाना।
राजवीर का बारहवी का रिजल्ट आया था। उसने एक बार फिर जिले में स्थान प्राप्त किया था। लेकिन राजवीर के लिए इस बार का सरप्राइज बहुत बड़ा था, जिसे देखकर सब चौंक गए।
” देखो ये तुम्हारे लिए…..
“अंकल, ये…. ये तो बाइक की चाबी है…… राजवीर ने आश्चर्य से खुली आँखों से देखते हुए कहा
” हाँ बाइक ही है, चलो एक ड्राइव लेकर आओ….
” नही, वीर ये नहीं ले सकता, वीर चाबी वापिस करो….
” विद्या, वीर और मेरे बीच तुम क्यों आ रही हो, बच्चों को उड़ने दो, उन्हें पँख हमें ही देने है…….. अनुज ने कहा।
” उधार के पंखो की उड़ान ज्यादा ऊँची नहीं होती। और इन पंखो के सहारे उड़ा व्यक्ति कब ज़मीन पर आ जाता है उसे पता भी नहीं चलता। ये बाइक हमें नहीं चाहिए…. विद्या ने चाबी वापिस करते हुए कहा।
” विद्या, ये कोई फालतू खर्चा नहीं जरूरत है आजकल बच्चों की…….
” आपने जरुरी और ज़रूरत कहकर बहुत कुछ किया है अब और नहीं….. अब वीर जो करेगा खुद से करेगा।
” अच्छा ये आखिरी गिफ्ट है मेरी ओर से, मना मत करो, फिर ऐसा कुछ नहीं दूंगा…. और तुम हाई स्पीड नहीं करोगे….. हमेंशा हेलमेट लगाओगे। सभी पेपर अपटूडेट रखोगे….. अनुज ने नकली डांट डांटते हुए कहा।
” ठीक है अंकल…. वीर अनुज का इशारा समझ मुस्कुरा रहा था।
रोहन को ये सब अच्छा ना लगा।वो इसी जुगत में रहता कि कुछ ऐसा हो कि वीर का नुकसान हो जाए।
वीर का एडमिशन बहुत अच्छे कॉलेज में हुआ था। अब उसे हैदराबाद जाना था। लेकिन अभी उसके जाने में दो महीने थे। कहते है बहुत ज्यादा मीठा जहर के समान होता है। रोहन वीर को हराना चाहता था, उसे अपने पिता की नजरों में गिराना चाहता था। रोहन हॉस्टल में रह चुका था….. वो बहुत से ऐसे काम कर चुका था जिसके बारे में अनुज को कुछ नहीं पता था। घर में सभी के लिए रोहन बहुत अच्छा बच्चा था।
उसने वीर से दोस्ती की। उसे बाइक सिखाई…… बल्कि रफ़्तार से चलानी सिखाई। धीरे धीरे वो वीर को अपनी बातों में फ़साने लगा। रोहन वीर से चार साल बड़ा था। रोहन धीरे धीरे वीर का ध्यान भटकाने लगा। वीर के लिए रोहन की बात बहुत मायने रखती थी।
महीना भर होने आया। अब वीर विद्या से खाने के लिए डिमांड नहीं करता। उसका अधिकतर समय रोहन के साथ बीतता। विद्या को शुरू में सब ठीक लगा…. लेकिन धीरे धीरे वीर का बदला व्यवहार विद्या को अखरने लगा। वीर देर से लौटता। विद्या कुछ कहती तो गुस्सा करने लगता।विद्या समझ रही थी कि कुछ था उसके मन में, कुछ अलग सा….. लेकिन क्या? विद्या ने सोच लिया अब वो खोजकर ही रहेगी…..
” फिर क्या हुआ? विद्या कितनी समझदार है मिस्टर स्मार्ट….. बच्चो पर निगाह रखना कितना जरुरी है, ये वो समझती थी….. देखो 1 बज गया…..मोहिनी ने घड़ी की ओर इशारा करते हुए कहा।
” फिर घड़ी….. तुम्हारी प्रॉब्लम क्या है?
” तुम…… जस्ट किडिंग मिस्टर एंग्री…. बोलो फिर क्या हुआ……
फिर…
“हाँ….
क्या हुआ होगा फिर?
क्या विद्या को राजवीर में आए बदलाव के बारे में पता चला?
” क्या करेगी विद्या अब?
जानने के लिए पढ़िए अगला भाग
