सरोरुह
भाग -15
प्रेम में भी सवाल कई
जीवन में जब कोई घटना घटती है तो जीवन उसी घटना के इर्द-गिर्द मंडराता रहता है। जैसे जीवन उस एक घटना में ही खप जाने के लिए था। घटनाओं पर हम सब ठहर जाते हैं और वक़्त बिना इंतज़ार किए निकलता जाता है।
चंदों ने महसूस कर रही है कि जानकी अपने शोक़ से उबरना तो चाहती है पर कोई कोशिश नहीं कर पा रही है, आख़िर शोक की पकड़ होती भी तो मजबूत है जिससे पीछा छुड़ाने के लिए कोशिशों में जान फूकनी पड़ती है । वहीं केशो दास के मन में घर के बढ़े हुए खर्चे की फ़िक्र रहने लगी। आमदनी के नाम पर मंगला और घर के साथ दो खेत हैं, जो कभी बड़े जैलदार ने दिए थे। पर कहीं उनके बेटे…। सौ विचार उनके मन में उठते। इतना तो वे समझते ही हैं कि जानकी के हित में चंदों का खड़ा होना विराट और सम्राट को चुभ गया है, अब वे उनके लिए किसी दुश्मन से कम नहीं।
इस कशमकश के बीच भी जीवन अपनी रफ़्तार से ही चलता रहता है। शाम अपने समय पर ही ढल गई, ठंड अपनी चाल से बढ़ने लगी। खाना खाकर सब अपने- अपने बिस्तर में दुबक गए। बच्चे सो चुके हैं और चंदों एक काग़ज़ात के रूप में एक भरोसा जानकी को सौंपने की तैयारी कर रही है।
जानकी हैरान होकर उन काग़ज़ात को देखती रही, सुनती रही एक-एक बात जो उसके पिता ने उसके लिए कही थी। आँखों से सैलाब फूट पड़ा। ‘मैं क्या करूंगी इस महंगी ज़मीन का। इसके कारण ही तो उनकी जान चली गई I’ जानकी ने चेहरे को हथेलियों से साफ़ करते हुए कहा।
‘जो नियति का लिखा था, वही हुआ है इसलिए जमीन को या खुद दोष मत दो I बाकी जो तुम्हें ठीक लगे।’
‘नहीं चंदो, मैं यह ज़मीन नहीं बेचूंगी।’ जानकी की आँखों के सामने अपने पिता का चेहरा आ गया, जो पुश्तैनी ज़मीन के बिकने पर परेशान हो जाते थे ।
‘जो भी तुम्हें ठीक लगे, तुम वही करना, पर मेरी एक बात मान लो।’ चंदों की आवाज़ में अनुरोध था।
‘एक नहीं, सब मानूंगी। तुम मेरे साथ उस समय खड़ी हुई हो जब मेरे अपनों ने मुझसे दूरी बना ली।’
‘तुम अपनी पढ़ाई को फिर से शुरू करो, जो भी करना चाहती हो वो करो। मैं चाहती हूँ कि अबकी बार जो तुम उठो तो तुम्हारे कद के आगे सब बौने हो जाएं।’ उसने जानकी की आँखों में आँखें गड़ाते हुए कहा।
‘मैं पूरी कोशिश करूंगी तुम्हारी बातों पर खरी उतरने की पर चंदो… इस घर की माली…स्थिति…।’ चंदों जानकी की अधूरी बात को समझ गई। इस बात की तसल्ली भी हुई कि वह सब समझती है। हालात समझना भी उस समय बहुत बड़ा सहयोग होता है, जब हालात असहनीय होते हैं।
‘तुम चिंता मत करो। तुम यह सोचो कि तुम्हें क्या करना है, कहाँ से शुरू करना है बाकी हम सब मिलजुल कर देख लेंगे।’ चंदों ने हाथ में पकड़े फोन को देखते हुए कहा जो बार-बार बीप कर रहा था। चंदर के मैसेज आ रहे थे। बहुत दिनों से दोनों में ढंग से बात ही नहीं हो सकी थी।
‘जस्ट वेट।’ उसने जल्दी से मैसेज सेंड कर दिया। वह कुछ देर जानकी के पास बैठना रहना चाहती है। जानती है कि इस वक़्त जानकी को उसकी ज़रूरत है, बहुत ज़रूरत है।
‘तुमने अपनी पढ़ाई कैसे जारी रखी, वो भी ऐसे हालात में।’ जानकी ने कमरे में रखी हुई किताबें देखते हुए कहा।
‘मुश्किल तो था पर नामुमकिन नहीं और यह सब तुम्हारे बाऊ जी और मेरे बाऊजी के कारण ही हो पाया है । सोचो तुम्हारे बाऊ जी मेरे लिए अगर इतना कर सकते हैं तो वह तुम्हारे लिए क्या कर सकते थे।’
जानकी को कुछ समझ नहीं आया कि वह क्या कहे। पिता का ज़िक्र आते ही वह भावुक हो जाती है, पर इस पल वो ख़ुशी भी महसूस कर रही है, उसकी सहेली ने संघर्ष भरे जीवन में अपनी काबलियत को पहचाना और अपनी पढ़ाई पूरी की । बस इस एक लम्हे ने उसकी दुनिया बदल दी, उसे लगा कि उसके पंख निकल आए है, पूरा आसमान उसके लिए है, वह भी पढ़ सकती है, कुछ बन सकती है। चंदों ने उसकी पलकों पर जैसे एक सपना धर दिया और वो उस सपने के साथ सो गई। एक राहतभरी नींद। इतने दिनों बाद।
चंदो भी अपने सपनों की दुनिया में चली आई। आज उसने चंदर को अपनी पढ़ाई और अतीत को छोड़कर सब सच बता दिया। चंदर ने जैलदार जी को कभी देखा नहीं था, पर उनके देहांत की खबर ने उसे भी दुखी कर दिया। शायद उतना ही दुखी, जितनी दुखी चंदों थी। कुछ दुख दो अजनबी लोगों के तब साझा हो जाते हैं, जब वक़्त का कुछ हिस्सा दो लोगों में साझा होता जाता है। इस साझे दुख के साथ दोनों कुछ देर चुप रहे फिर चंदों ने ही पूछा, ‘अब भी मिलना चाहते हो मुझसे।’
‘हाँ… मैं मिलना चाहता हूँ। अब ऐसा क्या हो गया जो मिलने का ख़याल छोड़ दूं ?’
‘किसी के घर पर काम करने वाली अनपढ़ लड़की से क्यों मिलना चाहते हैं ?’
‘काम सिर्फ़ काम होता है और मैं तुम्हें कामकाजी कहूँगा, बिलकुल वैसे ही जैसे मैं किसी के अधीन काम करता हूँ, फिर चाहे वो किसी की कंपनी है या किसी का घर और रही बात तुम्हारे अनपढ़ होने की तो इतनी भी अनपढ़ नहीं हो I जीवन की अच्छी समझ है तुम्हें … कोई तो बात है I’
‘क्या बात है ?’
‘कुछ तो है, बहुत खास हो तुम, हमेशा दूसरों के बारे में सोचने वाली, अपनी सहेली को पढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हो, मैं बस चाहता हूँ कि तुम भी पढ़ लो यार…। और ना भी पढ़ोगी, तो भी तुम मेरे लिए बेस्ट हो।’
‘सोच लें अच्छी तरह से, रास्ते आसान नहीं हैं। आपकी दिल्ली की लड़कियों के आगे यह देशी लड़की फिट नहीं बैठेगी।’ चंदो ने सिगरेट जलाते हुए कहा।
‘मैंने तो सोच लिया है। अब मिलना है, देखना है अपने मज़बूत चाँद को।’
‘हम्म, देखते हैं। कब तक एक देहाती लड़की आपको चाँद लगती है।’ चंदो ने मुस्कुराते हुए कहा।
‘हमने तो तय कर लिया है कि जल्दी से उसे दिल्ली ले आयेंगे जो ख़ुद को देहाती कहती है।’
‘आज मैं ज़्यादा बात नहीं कर पाऊंगी।’ चंदर को समझने में देर ना लगी कि वह थकी हुई है। मानसिक पीड़ा देह श्रम से अधिक थका देती है। उसे अनुमान है कि किस पीड़ा से वह गुज़र रही है। प्यार लुटाते हुए चंदर ने रोज़ की तरह उम्म्म कह कर चुम्बन का संकेत दिया और गुड नाइट बोल दिया। चंदों आज सोना चाहती है और चंदर उसे सोचना…।
प्रेम में भी सवाल जन्म ले लेते हैं। इस समय चंदर के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या चंद्रिका सच में अनपढ़ है? ख़ुद ही ख़ुद को जवाब देता, तो क्या हुआ… वह मेहनती है और मैं उसे पढ़ा लूंगा। वह सच में पढ़ना चाहती होगी, कुछ करना चाहती होगी, मैं उसके सपने पूरे करूंगा।
एक सवाल यह भी, क्या वह एक बच्चे की माँ है? जवाब- तो क्या हुआ मैं भी तो किसी का बच्चा था, पर मेरी माँ ने किसी मज़बूरी में मुझे अकेले छोड़ दिया। चंद्रिका एक ज़िम्मेदार और मेहनती माँ है, इसलिए मुझे अब उसके साथ ही रहना है।
चंदर एक मज़बूत निर्णय के साथ आगे बढ़ना चाहता है। मिलने के दिन नज़दीक आ रहे हैं, यह सोचकर चंदर रोमांचित है। इतने समय में वह इतना तो समझ चुका है कि चंद्रिका ने अपने जीवन में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं, इसलिए वह उसके लिए कुछ स्पेशल करना चाहता है, पर समझ नहीं पा रहा कि ऐसा क्या करे कि चंद्रिका के जीवन के फफोलों पर नीम-सी ठंडक रख दे। मिलने के सपने देखते हुए चंदर सो गया।
वहीं केशो दास चाहकर भी न सो पा रहा है । याद आते रहे वो दिन, जब वे जैलदार जी के घर में रहते थे। कितनी चहल-पहल होती थी उस घर में, बड़े जैलदार जी हर नए काम पर निर्णय करने से पहले एक बार केशो दास से सलाह मशवरा ज़रूर करते थे। ज़माने के भेद से दूर जैलदार जी के साथ आख़िर उनका बचपन भी तो बीता था I याद आया गाँव का तालाब जिसमें अक्सर दोनों साथ गाँव के बाकी बच्चों के साथ घंटों मस्ती करते थे I उस जमाने में बच्चों के यही कुछ साधन होते थे मनोरंजन के I उन दिनों तालाब पानी से भरा रहता, जिसमें सफ़ेद गुलाबी कमल खिले रहते थे I बचपन की गलियों से गुजरते हुए जब जैलदार और केशोदास किशोर अवस्था में पहुंचे तो दोनों का साथ और गहरा हो गया I केशो दास अपनी पीढ़ी की परम्परा को निभाता हुआ वफ़ादारी की मिसाल बन गया I जैलदार जी को इश्क़ था गाँव से, गाँव के लोगों से और गाँव के तालाब से जिसका पानी उनके बचपन का गवाह था I बचपन को जिन्दा रखने के लिए ही तो वह तालाब की साफ़ – सफ़ाई पर विशेष ध्यान देते थे, और अक्सर खिले फूलों को देखकर कह देते ‘सरोरूह’ और जब अनपढ़ केशो दास सरोरूह का अर्थ पूछता तो जैलदार जी हँसते हुए कहते ‘सरोवर की रूह जैसे इस पिछड़े गाँव की रूह हम सब हैं वैसे ही यह फूल इस तालाब की I’ केशो दास कभी समझ ही नहीं पाया था कि जैलदार जी कमल के फूलों को सरोरूह ही क्यों कहते थे पर आधी रात को तालाब देखने की हूक केशो दास को बेचैन कर गयी और याद आ गया जैलदार जी का विनम्र, हितैषी चेहरा जो उनके बाप-दादाओं से बिलकुल अलग था । केशो दास ने उनके पिता को भी देखा था जिनका ज़माने भर में रौब था। किसी की मजाल नहीं थी उनके सामने सिर उठाकर बात करने की। जैलदार जी ने वो सहुलियत दी सबको, कि सब अपना दुख दर्द उनसे साझा करते। अब वे नहीं रहे, क्या सच में नहीं रहे! केशो दास को विश्वास नहीं हो रहा कि वे अब नहीं रहे, जबकि सब कुछ आँखों से होते हुए देखा। जब कड़वे सच से जुड़ी मीठी यादें इर्द-गिर्द मंडराने लगे, तो उस सच को मन स्वीकार नहीं कर पाता। यादों को समेटकर केशोदास मुंह अँधेरे तालाब के किनारे आकर बैठ गया I सच वक़्त ने कितना कुछ बदल दिया हैं I अब तालाब में पहले जैसा पानी नहीं है पानी के नाम पर कीचड़ ज्यादा है पर फूल संघर्ष करते हुए कीचड़ में भी खिल रहे हैं जिन्हें देखकर केशोदास के मुंह से निकल गया ‘सरोरूह खिलेंगे आख़िर रूह अपने सरोवर को छोड़कर कहाँ जायेगी ?’ गहरी साँस लेते हुए केशो दास उठा और घर की ओर चल पड़ा I
चंदों सुबह से व्यस्त है। जानकी उसके बचपन की सहेली है, पर उसके जीवन के तौर-तरीके बहुत अलग रहे हैं, उसके तकिए से लेकर खाने की प्लेट तक ख़ास होती थी। जानकी की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए उसने नई चादर और नए तकिए के साथ पलंग सजाया। कमरा पहले ही साफ़ सुथरा था, पर अब उसने सब कुछ जानकी के मुताबिक कर दिया। नए कप, नए बर्तन भी लगे हाथ चंदो ने निकाल लिए। अपनी सहेली की आवभगत में वह कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है । जानकी ने उसके मन को पढ़ लिया और उसे अपने पास बिठाते हुए कहा, ‘इतने ताम-झाम करने की क्या ज़रूरत है ?’
‘जिस माहौल की तुम्हें आदत है, इस घर को उसी माहौल के अनुसार ढालने की कोशिश कर रही हूँ।’
‘ज़रूरत नहीं है, मैं हर माहौल के अनुसार ढल सकती हूँ यह भी तो तुम जानती हो।’ जानकी की बात पर चंदों ने हल्की मुस्कान के साथ सिगरेट जला ली।
‘तू कब छोड़ेगी इस धुएं को?’ जानकी ने नाक सिकोड़ते हुए कहा।
‘जब सब धुआं हो जाए तो धुएं को ही अपना लेना चाहिए। रास्ते आसान हो जाते हैं।’ होंठों को गोलकर धुएं के गोलों को आत्मविश्वास के साथ उड़ाते हुए कहा।
जानकी उसे देखती रही। इस चंदो को तो वह जानती ही नहीं थी। वह तो एक देहाती चंदो से ही मिली थी अब तक।
चंदो अपना काम समेटती रही और जानकी उसकी मोटी-मोटी किताबों को उठाकर देखने लगी, चंदो को समझने की कोशिश करने लगी।
‘यह सब तुम पढ़ती हो ? अगर तुम मोटी – मोटी किताबें पढ़ती हो मतलब तुम्हारे पास ज्ञान भी विशेष होगा और जिस चंदों को मैं जानती हूँ तुम वो नहीं हो I’ क़िताब के पन्ने पलटते हुए जानकी ने कहा ।
‘कितना ज्ञान है मेरे पास यह तो पता नहीं, क्योंकि जब तक समंदर में नहीं उतरूंगी, तब तक कैसे पता चलेगा कि तैरना जानती हूँ या नहीं !’
चंदो और जानकी अपनी बातें करती रहीं, इस बीच बाहर दरवाज़े पर दस्तक हुई। केशो दास बड़बड़ाते हुए दरवाज़े की ओर गए, देखा तो सामने एक जाना-पहचाना-सा चेहरा दिखा।
‘गुलाल!’ कुछ समय ध्यान से देखने के बाद केशो दास ने दबी ज़ुबान से कहा। वक़्त ने अपने निशान ख़ूबसूरत देह पर अंकित कर दिए थे। ये वही गुलाल थी, जिसकी ख़ूबसूरती का हर कोई दीवाना था। एक शख़्स के साथ गया वक़्त लौट आया। केशो दास ने ग़ौर से देखा, बाल पक गए है उसके, पर चुस्ती आज भी अनबदली है। वही लचक वही ठसक और वही अपनापन आज भी है गुलाल में।
‘गुलाल ही हूँ… शुक्र है पहचाना तो।’ बोलते हुए गुलाल दरवाज़े के दूसरे पट को खोलते हुए भीतर दाख़िल हो गई। उसके लिए यह घर अपरिचित नहीं है। चंदों के बचपन में अमूमन इस घर में उसका आना-जाना लगा रहता था। जैसे ही चंदों समझदार हुई तो गुलाल का आना कम होते-होते बंद ही हो गया। कुछ ज़िम्मेदारियां ने गुलाल को दबा लिया और समाज के कुछ सवालों ने भी चदों से उसे दूर कर दिया I वो सवाल जिनका प्रभाव गुलाल नहीं चाहती थी चंदों पर पड़े ।
दोनों की बाचतीत की आवाज़ सुन चंदों भी बाहर आई, तो गुलाल को देखकर उसके साथ ख़ुशी से लिपट गई। जैसे गुलाल के आने से उसका बचपन लौट आया हो। चंदों ने अपनी माँ की मौत के बाद जिस औरत का ज्यादा सानि्नध्य पाया था वह गुलाल ही तो थी। गुलाल भी अपनी ममता दोनों हाथों से उस पर लुटाती थी। गुलाल के जाने के बाद चंदों उसके आने का इंतज़ार करती और जिस दिन वह आती वो दिन उसके लिए किसी उत्सव से कम नहीं होता था।
पुरानी मीठी यादों के साथ जीवन के कड़वे अनुभव भी साझा किए केशो दास और चंदों ने। गुलाल ने नाराज़गी जताते हुए कहा, ‘इतना कुछ हो गया और मुझे ख़बर तक नहीं दी किसी ने।’
‘माँ को ख़बर देनी कब पड़ती है, माँ को तो ख़बर हो जाती है और देखो आपको भी ख़बर हुई और आपने आज का सूरज निकलने से पहले बेटी की ख़बर ले ली।’
‘कैसे ना लेती ख़बर, तेरी माँ तुझे मेरे सुपुर्द कर गई थी। अब तेरी ख़बर ना लूंगी तो उसे क्या मुँह दिखाऊंगी।’ गुलाल ने चंदों के सिर पर प्यार से हाथ फेरा और जानकी को भी अपने पास बुला उसे सांत्वना देने लगी फिर बोली, ‘पूरे इलाके में ख़बर है जैलदार के घर की। सुन कर रहा ना गया मुझसे।’
सुख-दुख की बातें होती रहीं। आज किसी को कोई ज़ल्दबाज़ी नहीं थी काम करने की। कोई दिन बिना रफ़्तार के होता है, पर फिर भी अपने काम समय पर निपटा लेता है।
जानकी अपने बच्चों को संभालने में लग गई और चंदो गुलाल से बातें करती रही। गुलाल ने एक छोटी-सी पोटली उसके हाथ में देते हुए कहा, ‘चंदो यह मेरी कुछ जमा पूंजी है, इसे मैंने तेरे लिए ही संभालकर रखा था। पहले इस घर पर जैलदार जी का हाथ था तो किसी को कोई चिंता नहीं थी, पर अब तुम्हारा बोझ भी बढ़ गया है और जैलदार जी भी नहीं रहे…।’
‘इसे आप अपने पास रखो, मुझे जब ज़रूरत होगी तब आपसे मांग लूंगी पर गुलाल माँ आप एक वादा करें आप अब मुझे छोड़कर नहीं जायेंगी। इसी घर में, मेरे साथ रहेंगी।’
‘पर चंदो..।’
‘मुझे बहुत ज़रूरत है आपकी। आप मुझे इस समय अकेला नहीं छोड़ सकती।’ चंदों ने गुलाल को टोकते हुए कहा।
‘पर मैं करूंगी क्या यहाँ पर ? खामखां भीड़ इकट्ठा हो जायेगी घर में।’
‘भीड़ नहीं, मुझे बहुत बड़ा सहारा मिलेगा, तीनों बच्चे आपके हवाले और यह घर भी और आपकी बेटी अब काम ढूंढ़ेगी।’ चंदों बोलते हुए गुलाल की गोद में सिर रखकर लेट गई। गुलाल जानती है कि वह महात्वाकांक्षी है। उसने अपनी ज़िम्मेदारियों को निभाने के लिए ज़रूर कुछ न कुछ सोच रखा होगा।
बाहर के दरवाज़े की आहट से चंदों उठकर बैठ गई। गुलाल ने बाहर जाकर देखा रणधीर था। गुलाल उसे खाट पर बैठने के लिए बोलकर भीतर चली आई। चंदों के पास आकर बताया कि रणधीर आया है बाहर।
रणधीर के एक्सीडेंट के बाद दोनों पहली बार आमने-सामने थे। पहली बार चंदों उसे देखकर असहज नहीं हुई। पहली बार रणधीर की आँखों में चंद्रिका को पाने की जगह सम्मान दिखा। दोनों के बीच का समीकरण अब पूरी तरह से बदल गया शायद ! !
चंदों अंदर से कुर्सी लेकर आई और खाट के सामने रख दी। रणधीर को उस पर बैठने के लिए बोल खुद खाट पर बैठ गई। दोनों मौन रहे कुछ देर। दोनों समझ नहीं पा रहे कि बात कहाँ से शुरू करें। रणधीर ने ही पहल की, ‘शुक्रिया कहने आया हूँ तुम्हें, अगर उस दिन तुम ना होती तो शायद आज मैं…।’
‘मैंने कुछ नहीं किया, जैसा भगवान को मंज़ूर था वैसा ही हुआ। मैं तो बस एक जरिया थी…।’ चंदों ने बहुत शालीनता से जवाब दिया ।
रणधीर को ऐसे जवाब की उम्मीद न थी, पर उसकी सहजता को देखकर, महसूस करके जैसे उसके दिल का बोझ उतर गया…।
जानकी अपने कमरे की खिड़की से उन दोनों को बातें करते हुए देखती रही। एकाएक बातचीत में अपना नाम सुनकर चौंक गई। रणधीर कह रहा था, ‘दरअसल मैं तुम्हें कहने आया था कि अगर मैं तुम्हारे या जानकी के किसी काम आ सकूं तो तुम बिना संकोच के कह सकती हो। प्लीज़, मुझे ग़लत मत समझना, मैं सच में तुम्हारी मदद करना चाहता हूँ।’
‘मदद तो चाहिए।’ चंदों से इस ज़वाब की उम्मीद तो रणधीर को ज़रा भी नहीं थी। मदद चाहिए, सुनकर उसे अच्छा लगा।
चंदों ने जानकी के लिए रणधीर से मदद के लिए बेनती की । उसने जानकी के ससुराल की पूरी वारदात रणधीर को सुनाई, जिसके लिए वह पुलिस में शिकायत करना चाहती है। मौक़े पर जो थानेदार था, रणधीर के उसके साथ अच्छे संबंध है, यह बात वो जानती है। दूसरी मदद जानकी की किताबों और कोचिंग के लिए मांगी। रिश्ते उस समय ज़्यादा मजबूत हो जाते हैं, जब हम किसी की ग़लतियों को माफ़ करके इज़्ज़त देने लग जाते हैं। और जब किसी रिश्ते में मान-सम्मान ज़्यादा बढ़ जाता है, तो उस रिश्ते में प्रेम-प्यार के लिए जगह बचती ही नहीं है ।
रणधीर भी कुछ ऐसा ही महसूस कर रहा है। जाते-जाते एक बार उसने फिर चंदों से पूछा, ‘जानकी मान गई है पुलिस में शिक़ायत करने के लिए?’
‘बात तो हुई थी मेरी… कुछ समय चाहिए अभी उसे।’
‘उसके बिना तो हम शिकायत नहीं कर सकते।’
‘जानती हूँ। मैं उसकी मर्जी के बिना कुछ चाहती भी नहीं हूँ। उसके ससुराल वालों को भी कोई नुकसान नहीं पहुँचाना चाहती, बस मियां मेहताब सिंह से एक सवाल करना है… पूछना है उनसे कि क्या उसके भाई की विधवा का उस घर में कोई हक़ नहीं था ! !’ बोलते हुए चंदों की आँखों के डोरे कुछ ज़्यादा लाल हो गए ।
रणधीर उसके भाव को समझ पा रहा है, ‘मैं दिल से पूरी कोशिश करूंगा कि जैसा तुम चाहती हो, वैसा ही हो। मैं तुम्हारी उम्मीद को टूटने नहीं दूंगा…।’ चंदों को दिलासा देकर वह चला गया। चंदों उसे जाते हुए देखती रही और सोचती रही, ‘जो रणधीर मुझे फूटी आँख नहीं सुहाता था, आज मुझे उस पर इतना भरोसा कैसे हो गया! !’ दरअसल किसी पर भरोसा हमें तब होता है, जब हम पहले ख़ुद पर भरोसा करना सीख जाते हैं I चंदों के बढ़ते हुए मनोबल के कई कारण थे और चंदर उन सब में विशेष था और इसी विशेष कारण से अब चंदों हालात के अनुसार चलना सीख गयी थी और इस समय हालात की मांग थी एक सहयोग और वो सहयोग उसे रणधीर में दिखा, जिसे उसने कहने में संकोच को दरकिनार करते हुए रणधीर से कह दिया I
गुलाल चंदों के पास आकर दाल बीनने लगी। घर की ज़िम्मेदारी लेना हर किसी के वश की बात नहीं होती। गुलाल बेहद सुलझी हुई महिला है, बेशक उसके शरीर की बनावट सामान्य औरतों से कुछ अलग है और इसी असमानता के कारण वह समाज में तिरस्कृत होती रही, पर चंदों को उसमें वह भेद कभी नज़र नहीं आया, उसे वह हमेशा अपनी बेहद प्यारी औरत लगी, ममता से भरी हुई। जब भी वह गुलाल के साथ होती, तो सुने-सुनाए किस्सों को फिर से सुनने की ज़िद करती।
‘गुलाल माँ, आपका और माँ का बचपन एक साथ बीता है ना, कुछ बताओ ना अपने और माँ के बारे में ?’ गुलाल ने प्यार से हल्की सी चपत उसके सिर पर लगाई और सुनाने लगी, ‘हम दोनों की जोड़ी बिलकुल ऐसे ही थी जैसे बचपन में तुम्हारी और जानकी की थी। वही खिले हुए रंग, वही हँसता हुआ बचपन और वही गुड्डे-गुड़ियाँ, वही राजा-रानी के देश और सपने देखती छोटी-छोटी आँखें।’ बचपन याद करते हुए गुलाल के चेहरे के साथ आँखें भी मुस्कुराने लगतीं I
‘जब माँ की शादी हुई तब आपकी शादी..?’ चंदों कुछ और पूछना चाहती थी, पर ज़ुबान अक्सर धोखा दे जाती है। बातों में इतना खो जाना भी कभी-कभी सामने वाले को तकलीफ़ दे सकता है और वह जानती है कि उसकी इस बात से गुलाल को तकलीफ़ हुई है। देह विकसित हो ना हो पर एक स्त्री का विकसित मन, हृदय तो था गुलाल के पास। बात संभालने की कोशिश करते हुए चंदो बोली, ‘माफ़ी चाहती हूँ माँ, पता नहीं चला मैं,..कैसे…।’
‘अरे, कोई बात नहीं, हो जाता है कभी-कभी।’ गुलाल ने उतनी ही सहजता से बात को अनदेखा किया, जितनी सहजता से एक माँ अपने बच्चे की हर ग़लती को कर देती है। वह जानती है कि चंदों बातों में खोई हुई थी, इसलिए अचानक से उसके मुँह से निकल गया।
चंदो बचपन से ही अपने आस-पड़ोस वालों से गुलाल के अलग-अलग नाम सुनती आ रही थी, पर इस विषय पर उसने कभी भी गुलाल से खुलकर बात नहीं की थी। बचपन में हिजड़ा, खुसरा, छक्का जैसे शब्द उसे समझ नहीं आते थे, पर समय के साथ वह इन नामों के साथ मिलने वाले दर्द को भी समझ गई है।
गुज़रे वक़्त को याद करना अपने ज़ख्मों को हरे करने जैसा होता है। शादी का नाम आते ही गुलाल के ज़ख्मों पर जो काली चमड़ी की पपड़ी जमी हुई थी, वह उतर गई। नहीं, उतरी नहीं, बल्कि छिल गई और अब दर्द पहले से कहीं ज़्यादा होने लगा।
बचपन, गुड्डे-गुड़िया सब पीछे रह गए और वह किशोरावस्था में पहुँच गई। जब एक लड़की शरीर से मानसिक रूप से विकसित होती है और वह सामान्य औरतों में शामिल हो जाती है, पर गुलाल के साथ ऐसा नहीं हुआ। उसकी प्रिय सहेली की शादी तय हो गई, लेकिन उसकी नहीं हुई। उसके घर में उसकी शारीरिक बनावट पर नज़र रखी जाने लगी। उसकी नज़र में जो सामान्य था, वो दूसरों की नज़र में चिंता का विषय बन गया और एक दिन ऐसा आया जिस दिन मनोज्ञा गुलाल का नाम किन्नर होने में जोड़ दिया गया। यह एक प्रताड़ना थी जो गुलाल को बिना किसी गुनाह के मिली थी। देह तो उसे उसी कुदरत ने दी थी, जिस कुदरत ने उसे रूप दिया था। रूपसी यौवन के भीतर कुछ चीजें अधूरी थीं, जिनको पूरा कर पाना उसके अपने हाथ में नहीं था। सब उसको हेय की दृष्टि से देखने लगे थे। कितने नाम मिल गए थे गुलाल को। हर नाम एक बाण की तरह चुभता था उसे। पास के गाँव में किन्नरों का ठिकाना था जो एक दिन गुलाल को अपने साथ ले गया। उसका अपना घर उसके लिए बेगाना हो गया। एक माँ थी, जिसकी आँखों से दर्द आंसू बनकर बहा था बाकी परिवार के लोगों ने उससे मुँह फेर लिया था।
हर सफ़र की अपनी एक कहानी होती है, कुछ फूल होते हैं, कुछ कांटें होते हैं। गुलाल के इस सफ़र में कांटें ज़्यादा थे। हिजड़ों के लिपे–पुते चेहरे शुरुआत में उसे कितने डरावने लगते थे और इन चेहरों से डर कर वह जब भी भागी तो लुट कर ही लौटी। दिन के उजाले में जिन नज़रों ने हिकारत से देखा रात के अंधेरे में उन्होंने भोगा भी। ऐसे में धीरे-धीरे उन्हीं लिपे-पुते चेहरों को अपना परिवार समझ उसने नाच-गाना, ताली पिटना और सजना-संवरना सब सीख लिया। जल्दी ही वह अपनी कला में निपुण हो अपनी मंडली की प्रमुख बन गई और आस-पास के क्षेत्र में उसकी ख़ूबसूरती की चर्चा होने लगी।
केशो दास की शादी पर जब गुलाल अपनी मंडली के साथ बधाई लेने आई थी, तो दुल्हन उसके गाँव से है, जानकर वह बहुत ख़ुश हुई थी। जहाँ बचपन बीता होता है वहाँ की एक-एक चीज़ हमेशा खास लगती है, जिन गलियों में बचपन बीता हो, उन गलियों का ज़िक्र करने वाला भी साक्षात देव लगता है। जब दुल्हन को आशीष देने के लिए दुल्हन के पास गई गुलाल, तो वो उसके बचपन की सहेली रुक्मिणी निकली, जिसके साथ मिलकर वह भी सपने देखती थी। उसके बाद गुलाल का इस घर में आना जाना लगा रहा। रुक्मिणी की असमय मृत्यु होने के बाद उसने हमेशा कोशिश की चंदों को भरपूर प्यार देने की। गुलाल ने आधा-अधूरा गुज़रा वक़्त याद करते हुए चंदों के सामने रख दिया, पलकें भीग गईं…। चंदों ने गुलाल के दोनों हाथ कसकर अपने हाथों में बंद कर लिए ताकि छिले हुए ज़ख्मों का दर्द कुछ कम हो सके पर दर्द तो दर्द है छिलने पर होगा ही I
गुजरा वक़्त वो वक़्त होता है जो बीत जाने के बाद भी बीतता नहीं है I कभी आंसू बनकर तो कभी आह बनकर आज में शामिल हो ही जाता है मांस से नाख़ून पीछा कैसे छुड़ा सकता है और अगर कभी कोशिश की भी जाये तो लहू बहेगा और दर्द पहले से ज्यादा सिसकियाँ लेगा I गुलाल का दर्द भी थोडा आँखों से टपका तो थोडा आह बनकर बिखरा और कुछ जो न आँखों से बहा, न आह बना वह सांसों में अटक गया I सुख संभालने से भी नहीं संभलते हैं और दुःख अपनी वफ़ादारी निभाते हुए लाख दूर करने पर भी साथ चिपके रहते हैं I उफ्फ्फ़… यह अतीत के काले दुःख जिनके अंधेरों को कोई सूरज नहीं चीर सकता I
नीना अंदोत्रा
क्रमशः