अनिता रश्मि का उपन्यास ‘गुलमोहर के नीचे ‘ भाग -11

पुरस्कृत उपन्यास
गुलमोहर के नीचे

की अगली कड़ी

11

बस से उतरते ही वह बुरी तरह थका हुआ महसूस करने लगी। आठ घंटे का बस का सफर उसे हमेशा थका दिया करता।
लॉन में पैर रखते ही मम्मी दिखलाई पड़ी। बरामदा धुलवा रही थीं दीपू से। उसे देख भौहें चढ़ा लीं।
“कह कर गई थी, दो दिन में लौट आऊँगी, एक सप्ताह बिता आई।”
“मासी माँ को पैरालीटिक अटैक…।”
उन्होंने पूरा सुने बिना झिड़का,
“कपड़े वगैरह खरीदने बाकी हैं अभी। समझना चाहिए तुम्हें। पापा परेशान हो रहे थे।”
इच्छा हुई कहे, “भागकर तो गई नहीं थी कि परेशान होते।”
पर कभी भी मुँह पर जवाब नहीं दिया था।
“अब सब कुछ फटाफट कर लूँगी। बताइए मम्मी, क्या-क्या करना है?”
वह हाथ-मुँह धोकर, चौका में चली गई।
“महाराजिन! आज से खाना मैं पकाऊँगी। कभी पापा को अपने हाथ का बनाकर नहीं खिला पाई।”
वह थकावट भूल गई।
“दिवा, वहाँ से भगौना लेकर आओ। बेसन घोलो। हम दोनों मिलकर पकौड़े तलेंगे। पापा का मनपसंद नाश्ता आज उनके ऑफिस से आने के पहले टेबल पर पड़ा होगा।”
“दीदी, तुम्हें क्या हो गया है। बीमार हो क्या? तुम और कढ़ाई-कलछुल?” दिवा हँस दी।
महाराजिन चुप नहीं रह सकी,
“सब लइकिन के जाइ बखत ऐसे ही मोह उपजेला।”
वह मीठी मुस्कान के साथ महाराजिन को देखने लगी। उसके बाद भाग-दौड़ में कुछ सोचने, समझने, चिढ़ने-झींकने, किसी बात का मौका न मिला।
“मम्मी! ये साड़ियाँ देख लीजिए, आपकी हैं। यह पायल दिवा की।”
एक दिन बाजार से लौटते ही मम्मी के सामने बरामदे में जा पहुँची। उसने जेब खर्च से कुछ बचा रखे थे।
“अपनी साथ हमलोगों की चीजें लाने की क्या जरूरत थी, समझ नहीं पाती मैं।”
भुनभुनाई मम्मी। दिवा साथ लौटी थी पर दूसरे कमरे में थी।
“आपलोगों के लिए कभी कुछ खरीदा नहीं।”
“तुम्हारे पापा अभी खर्च से कितने परेशान हैं, तुम्हें पता है? यह नाटक बंद करो।
“नाटक?” चौंक पड़ी नीलिमा।
“जानेवाले को तो इतनी रूखाई की भेंट मत दो।”
वह वह न सकी। पर उसकी चोटिल भावना को सँभलने के लिए समय चाहिए था।
मम्मी सारी चीजें समेटकर, अंदर चल दी। दिवा ने कमरे में ही सुन लिया था। उसने बाहर आकर हौले से नीलिमा के हाथों को छुआ। एक शर्मीदगी दिवा के चेहरे पर।
“दीदी ! बुरा मत मानना, प्लीज दीदी।”
आँखों-आँखों से दिवा को मनाकर वह कमरे की ओर बढ़ गई। उसका उत्साह मर गया था।

हल्दी पड़ चुकी थी। मण्डपाच्छादन के बाद कुछ लोग खाने पर बैठे थे। औरतें ढोलक, झाँझ लेकर सुरीली आवाज में गा रही थीं,

क्या सजी है आज बन्नी
देख दिल मेरा फँसा,
माथे तेरे टीका सोभे
टैरा पे लड़ियाँ लाल हैं
…
बुआ की आवाज भारी थी। बीच-बीच में बेसुरी यह आवाज नीलिमा को मुस्कुराने पर विवश कर देती।
“पारुल दी! आ गईं आप? दीदी, कब से आपका इंतजार कर रही हैं।
“क्या करें दिवा! माँ को छोड़कर आ नहीं पाई।”
पारुल कारण बताती आगे बढ़ी। नीलिमा दौड़कर गले लगना चाहती थीं। लेकिन बैठी रही अगल-बगल बुआ-चाची, मौसी के बीच फँसी। उस वक्त उसको सब उबटन लगा रही थीं। नीलिमा के कान बाहर की आहट में ही लगे रहे।
पारुल ने उसके पास आते ही मुस्कुराकर देखा। नीलिमा कनखियों में हँस दी।
हजार तरह के रस्मो-रिवाज में उलझी नीलिमा बुरी तरह थकने लगी। पारुल के साथ एकांत मिलते ही बोली,
“धत! पापा को कहूँगी, दिवा की शादी में इतनी ताम-झाम न करें। बस फटाफट बारात बुलवाइए, ब्याह रचवाइए और विदाई।”
“क्यों भला? पी के पास जाने की बहुत जल्दी है?”
“क्या है ये सब? दुल्हन को अभी उबटन लगाने के लिए बुलाया जा रहा है, अभी बरी-तिलौरी पारने के लिए। कभी कल्याणी-पूजा, तो कभी घृतदारी, कभी इमली घोंटान, कभी वटवृक्ष की पूजा…ये सब क्या है? दुल्हन को थका डालने का इंतजाम मात्र न?”
“भाषण देने की तेरी आदत गई नहीं नीली।”
“भाषण नहीं है यह। भला बाँस में घी डालकर घृतढारी-पूजन का औचित्य क्या? वटवृक्ष की पूजा वधू द्वारा करवाने के पीछे क्या मंसा कि आजीवन वधू वटवृक्ष की पूजा-अर्चना ही करती रहे। वट-वृक्ष मानी वर की अर्चना। मुझसे पतिदेव की पूजा नहीं हो पाएगी।”
“बड़ का पूजा मतलब गाछ-बिरिछ का पूजा। एतना चीज भगवान हमको दिए तो हम सब केवल लाभ नहीं उठाएँ बल्कि उन सबका कीमत समझें। उनको पूजें।”
दूर की दादी ने बात काटकर समझाने की कोशिश की।
बरी डालने के लिए जब उसे आँगन में बुलाया गया, बरियों के बीच नजर से बचाने के लिए सूखी लाल मिर्च खोंस दी गई, वह चिढ़ उठी,
“यह सब मुझसे नहीं होगा।”
“ऐ नीली! चुप कर।”
मौसी थीं।
“सब रस्म जरूरी है नीली।”
“भगवान ने बताया था? पंडितों का बनाया हुआ है न?”
“ऐई! चुप-चुप बुचिया!” बड़ी चाची बरजीं,
“बुचिया, हर रसम के पीछे खूबे सोचा-भाला कारन होता है।”
“मेरे विचार में तो स्त्रियों को उलझाए रखने का प्रयास है, बस। या कोल्हू का बैल बनी औरतों के लिए मनोरंजन का साधन।”
इमली घोंटनेवाली रस्म भी उसकी समझ में नहीं आई।
पीछे टोकरी में, जिसे इधर दौरा कहा जाता है, मम्मी बैठी, आगे वह दूसरी टोकरी में। आम के पल्लव दाँतों से कुतरकर, पानी मुँह में डालकर, मम्मी के हाथ में कुल्ला करना था। वह बिदक गई ।
“हर बात में मीन-मेख नहीं निकाला करते नीली। यह सब विधि-विधान तोड़े नहीं जा सकते।”
मम्मी ने डपटा। बुआ ने भी आँखें दिखलाईं।
“लड़की बिरादरी वालों के सामने इतने नखरे कर रही है, थू-थू होगी कितनी।”
मम्मी धीरे से बुदबुदाई।
‘ठीक है, अभी सता लो। कुछ नहीं कहूँगी। मगर दिवा के विवाह में मैं बड़ी बहन रहूँगी। किसी की एक न चलने दूँगी। कुछ नियमों को तर्क की कसौटी पर भी परखना चाहिए। पुरातन और अद्यतन में संतुलन जरूरी है।’
“मम्मी भी गाँववाली बुआ, चाची के साथ…।” उसने पारुल से कहा।

विदाई का वक्त। पापा की आँखों से ढुलकते आँसुओं को पहली बार देख रही थी। दिवा रो-रोकर हैरान। मम्मी इतनी बिजी कि उन्हें रोने की फुर्सत नहीं थी। रस्मों-रिवाज, हंगामें में पारुल से अधिक देर बात भी न कर सकी थी वह। पारूल अलग आँखें सुजाए बैठी थी।
नीलिमा की बोलती बड़ी-बड़ी आँखों में नींद की खुमारी के साथ-साथ बिछुड़ने का गम था। बिछुड़ने के गम के साथ-साथ नई जिंदगी की शुरुआत के लिए आगवानी का भाव था।
गाड़ी पर बैठते ही उसकी दबी सिसकी निकल पड़ी, लाख दबाना चाहा।
“अलविदा, मेरे शहर अलविदा! पापा अलविदा! अलविदा प्रियजन!”

WhatsApp Image 2026-06-22 at 12.07.12 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment