लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -12

दर्द न जाने कोई
भाग -12
अर्द्धवार्षिक परीक्षाएँ हो चुकी थीं। टीचर कक्षा में सबके अंक बता रहे थे। देवेन्द्र का मन विचलित हो रहा था। मेहनत कितनी भी की जाए लेकिन परिणाम मिलने से पहले घबराहट होना स्वाभाविक होता है। होगा। देवेन्द्र ने भी बहुत मेहनत की थी। वह रात-रात भर पढ़ता था क्योंकि उसकी माँ ने कहा था कि खूब पढ़ेगा तभी तो तुझे नौकरी मिलेगी। वह खूब पढ़ना चाहता था जिससे उसे नौकरी मिले और वह अपनी माँ को मजदूरी करने से रोक सके। उसकी आँखों के आगे बाजार में फड़ लगाए बैठी माँ का वह चेहरा आ गया जब वह लोगों को बुला-बुलाकर सब्जियाँ और फल खरीदने का आग्रह करती है। देवेन्द्र की आँखों में पानी आ गया कि अचानक टीचर की आवाज़ से देवेन्द्र ने स्वयं को संयत किया और खड़ा होकर बोला, “यस सर।”
“अरे तुमने तो कमाल कर दिया, इस बार तुम पूरी कक्षा में तीसरे स्थान पर आए हो…बहुत अच्छा रिज़ल्ट है…ऐसे ही पढ़ाई करोगे तो फर्स्ट भी आओगे…वैरी गुड, कीप इट अप” कहकर टीचर ने रिज़ल्ट उसे थमाते हुए उसकी पीठ ठोंकी। देवेन्द्र को तो विश्वास ही नहीं हो रहा था। अच्छे अंकों की उम्मीद तो उसे थी लेकिन कक्षा में तीसरे नंबर पर आने की उसे आशा नहीं थी। कक्षा के सभी विद्यार्थी उसके लिए ताली बजा रहे थे। देवेन्द्र ने एक नजर पूरी कक्षा में घुमायी और देखा कि जो लोग उस पर हँसते थे, उल्टी-सीधी बातें करते थे वही उसके लिए तालियाँ बजा रहे थे। देवेन्द्र को समझते देर न लगी कि केवल पढ़ाई से ही वह अपने लिए सम्मान और प्यार प्राप्त कर सकता है। देवेन्द्र का सिर ऊँचा होने लगा। किशोर मन में हजारों सपने बनते बिगड़ते रहते हैं। इस छोटी-सी सफलता ने देवेन्द्र को एक पल में ढ़ेरों सपने दिखा डाले। एक सपना तो ऐसा था कि जिसने उसे अपने ही स्कूल का प्रिंसिपल बना दिया। मन-ही-मन वह स्वयं से बातें करने लगा, ‘मैं खूब पढ़-लिखकर जब इसी स्कूल का प्रिसिंपल बनूँगा तो वे लोग, जो आज मुझ पर हँसते हैं, मेरे आगे हाथ बाँधे खड़े रहेंगे। वाह कितना मज़ा आएगा, मैं जब चाहूँ अपने ऑफिस में बुलाकर किसी को भी डाँट सकूँगा, मार सकूँगा, या फिर उनके मातापिता को बुलाकर उनकी शिकायत कर सकूँगा…अरे मैं तो स्कूल से भी निकाल सकूँगा।’
“क्यों बे छक्के…किसकी नकल मार ली?”
आकाश में उड़ता देवेन्द्र का मन धड़ाम से धरती पर आ गिरा। जैसे एक जोरदार चाँटा किसी ने उसके गाल पर मारा हो। देवेन्द्र ने इधर-उधर देखा। टीचर कक्षा से जा चुके थे। दो-तीन लड़के उसे घेरे हुए खड़े थे एक ने उसकी कॉलर पकड़ रखी थी और दूसरा आँखें निकालकर उससे बातें कर रहा था जबकि तीसरा पिछली बैंच पर बैठा धीरे-धीरे उसके पीछे सहला रहा था। देवेन्द्र ने पीछे बैठे लड़के के हाथ को झटका और बैंच पर बैठ गया जिससे उसका कॉलर उस लड़के के हाथ से छूट गया पर हल्का-सा उधड़ भी गया। वह लड़का हँसता हुआ बोला, “अबे…गरमी दिखाता है…बाहर मिलना सारी गरमी निकाल दूँगा” यह कहकर तीनों ने उसके सिर पर चपत मारी और कक्षा से बाहर निकल गए। देवेन्द्र के कोमल सपनों पर मानो किसी ने फिर प्रहार कर दिया था। मन पर पड़ी चोट से उसकी आँखें छलछला गयीं। आहत मन से उसने सोचा, ‘ऐसा मेरे साथ ही क्यों होता है…इतनी मेहनत के बाद भी लोगों को लगता है कि मैंने नकल की है’ फिर अगले ही पल उसके मन में आया, ‘शायद इसलिए क्योंकि मैं लड़का होकर लड़कियों जैसी हरकतें करता हूँ इसलिए ये लोग मेरी इज्जत नहीं करते हैं। अब मैं ऐसी कोई हरकत नहीं करूँगा…सिर्फ और सिर्फ पढ़ाई करूँगा।’ देवेन्द्र ने आँखें पोंछीं और अगले ही पल बाईं तरफ वाली बैंच पर चला गया, जहाँ उसकी कक्षा की लड़कियाँ अपना टिफिन खोले खाना खा रही थीं और उसे बुला रही थीं।
घर में जब उसने अपना रिज़ल्ट बताया तो सबने उसे बहुत प्यार किया। और तो और जो भाई उसे हर समय मारता-पीटता था, वह भी उससे बहुत प्यार से पेश आया। वह भी इसलिए कि देवेन्द्र ने अपनी कक्षा में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। उसे इस बात पर पूरा विश्वास हो गया था कि यदि वह इसी प्रकार पढ़ाई करके परीक्षाओं में अच्छे अंक लाता रहेगा तो कोई उसे नहीं मारेगा और न ही उसे हिजड़ा कहकर मजाक बनाएगा। उसकी समझ में अच्छी तरह आ रहा था कि ‘यदि उसे समाज में इज्जत और अपनापन चाहिए तो केवल और केवल पढ़ाई करके ही उसे मिल सकता है। खूब पढ़ाई करने के बाद जब उसे अच्छी नौकरी मिल जाएगी तो हो सकता है वह जैसे चाहे वैसे रहे। हो सकता है वह लड़की बनकर…नहीं…नहीं…नहीं…’ इतना सोचते ही जैसे उसके ख्यालों की रेल में कोई झटका लगा और वह एकाएक रुक गयी। उसके मन में फिर आया कि ‘मुझे ऐसा नहीं सोचना है मैं तो लड़का हूँ…मुझे लड़कियों की तरह नहीं रहना है।’ यह केवल उसके ख्यालों की बारिश थी जो बिन मौसम बरसात की तरह उसे कुछ पलों के लिए भिगो गयी थी।
देवेन्द्र बहुत खुश था क्योंकि उसके कारण घर में बहुत दिनों के बाद खुशी का वातावरण था। माँ की अन्तर्मन की खुशी उसके चेहरे से झलक रही थी। वह माँ से चिपका बैठा था कि राकेश ने आवाज़ लगाई, “अरे देवेन्द्र…बहुत बहुत बधाई…सुना है तू क्लास में थर्ड आया है।”
राकेश की आवाज़ सुनकर देवेन्द्र दौड़कर आँगन में आया और उसके गले से लगते हुए बोला, “हाँ…थैंक्स यार।”
“देखा, ऐसे ही पढ़ाई करेगा तो फर्स्ट भी आएगा…चल नहर तक चलते हैं,” राकेश ने कहा और उसे लेकर बाहर घूमने चला गया। दोनों एक-दूसरे के गले में हाथ डाले गाँव के उत्तरी दिशा में बहने वाली नहर की ओर बढ़ने लगे। राकेश के स्पर्श से देवेन्द्र के रोंगटे खड़े हो रहे थे। उसके मन में आया कि कस कर राकेश से लिपट जाए और उससे कह दे कि वह उससे बहुत प्यार करता है लेकिन राकेश को यह सब पसन्द नहीं था। इससे पहले भी उसने कोशिश की थी और राकेश ने उसे झिड़क दिया था। ‘पर हो सकता है आज राकेश मान जाए’ यह सोचकर उसने राकेश को कनखियों से देखा—राकेश सामने देखते हुए चल रहा था। वह उसे पढ़ाई करने तथा वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी करने की सीख दे रहा था जिसमें देवेन्द्र बिल्कुल रुचि नहीं ले रहा था। उसके मन में तो ‘मैंने प्यार किया’ फिल्म की भाग्यश्री और सलमान की प्रेम कहानी चल रही थी। वह खुद को ‘भाग्यश्री’ और राकेश को ‘सलमान’ समझ रहा था। इन्हीं विचारों में खोया वह बार-बार राकेश का हाथ पकड़कर अपना सिर बहुत प्यार से उसके कंधे पर रख लेता लेकिन राकेश कंधा उचकाकर उसका सिर हटा देता और “सीधे चल यार” कहकर उसके कोमल दिल को ठेस लगा देता। कुछ ही देर में दोनों नहर पर पहुँच गये। देवेन्द्र अक्सर राकेश के साथ यहाँ आकर बैठा करता था। हमेशा की तरह उस दिन भी दोनों नहर के पानी में पैर डालकर बैठ गये। देवेन्द्र ने राकेश के कंधे पर अपना सिर झुकाया लेकिन राकेश ने तुरन्त कंधा उचकाकर उसका सिर हटाते हुए कहा, “सीधे बैठ यार…क्या हर समय बेतुकी हरकतें करता रहता है।” देवेन्द्र के मन का सुमन कुम्हलाने लगा। आँखों में अभी-अभी जो नशा उस पर चढ़ रहा था, वह पानी बनकर आँखों में तैर गया। देवेन्द्र खामोशी से नज़रें झुकाए और थूक के साथ अपने दुख का घूँट निगलते हुए नहर के पानी में अपने पैर हिलाने लगा।
क्रमशः
लवलेश दत्त
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment